रायपुर, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े कांकेर जिला के ग्राम गढ़पिछवाड़ी के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित विभाग स्तरीय विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं प्रोजेक्ट का अवलोकन किया तथा उनके उत्कृष्ट कलात्मक मॉडल की सराहना की।
रायपुर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1094.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 18 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2282.0 मिमी और बेमेतरा जिले में सबसे कम 570.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा जिले में 588.1 मिमी, सूरजपुर में 1082.7 मिमी, बलरामपुर में 1626.4 मिमी, जशपुर में 935.5 मिमी, कोरिया में 1065.7 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1053.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बहुत आगे की सोचकर बैठक हो रही है. इसमें कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. बहुत से कार्य विभाजन हुए हैं, सामाजिक कार्यों का विभाजन हुआ है, इन सब पर चर्चा होगी. इसके अलावा आगे के कार्यों की तैयारियों पर भी बात होगी.
भिलाई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रायपुर (दुर्ग) – विशाखापट्टनम वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस को रायपुर स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था। 20 सितंबर से इसका नियमित परिचालन होगा।
बलौदाबाजार। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को आज फिर राहत नहीं मिली. न्यायिक रिमांड कोर्ट ने फिर 30 सितंबर तक न्यायिक रिमांड बढ़ा दी है. बता दें कि बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस ने 17 अगस्त को देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था. आज रिमांड खत्म होने पर फिर सीजेएम कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने 30 सितंबर तक उनकी रिमांड बढ़ा दी है. बता दें कि गुरु बाबा घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी में सतनाम समाज के आस्था के केंद्र अमर गुफा में स्थित महकोनी मंदिर परिसर में आसामाजिक तत्वों ने जमकर तांडव मचाया था। जैतखाम में तोड़फोड़ की घटना से आक्रोशित समाज के लोगों ने सीबीआई जांच की मांग की थी. इस मामले में पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है. वहीं राज्य सरकार ने पहले ही जैतखंभ तोड़फोड़ की घटना की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए थे. इस घटना को लेकर बलौदाबाजार में हिंसक प्रदर्शन हुआ था. इस मामले में विधायक देवेंद्र यादव समेत सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अब तक विधायक यादव की 5 बार न्यायिक रिमांड बढ़ाई जा चुकी है।
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, रक्तदान मानव सेवा का एक माध्यम है। रक्तदान से न केवल जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह समाज में आपसी सहयोग और सद्भावना को भी बढ़ावा देता है। यह एक ऐसा कार्य है जिससे हर स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर योगदान दे सकता है। बृजमोहन अग्रवाल ने रक्तदाताओं का आभार जताया और 47वीं बार रक्तदान देने वाली शैलेंद्री परगनिया का अभिनंदन किया। शिविर का आयोजन भाजयुमो जिलाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने किया था।
जगदलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिव मंदिर वार्ड में रहने वाला युवक विगत 2 दिन से लापता था। ग्राम मेटावाड़ा में गुमशुदा युवक का मोटरसाइकिल व मोबाइल बरामद किया गया, जिसके बाद फोन नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया गया, 2 दिन से लगातार पुलिस व एसडीआरएफ की टीम शव को खोजने में लगी हुई थी, जहाँ सोमवार की शाम को युवक का शव बरामद किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी शिवानंद सिंह ने बताया कि शिवमंदिर वार्ड में रहने वाले धीरज पांडेय (43 वर्ष) कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था, जिसके बाद 2 दिन पहले घर से परिजनों को बिना बताए निकल गए। परिजनों ने युवक की लगातार खोजबीन की। युवक का पता नहीं चलने पर कोतवाली थाना में शिकायत दी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात मोटरसाइकिल व एक फोन मेटावाड़ा के पास पाया गया, जिसके बाद पुलिस की टीम मेटावाड़ा नदी के पास पहुंची। आशंका जताई गई कि युवक नदी में कूद गया होगा। पुलिस ने नगर सेना सेनानी संतोष मार्बल को मामले की जानकारी दी। जहां एसडीआरएफ की टीम युवक की खोजबीन कर रही है। दो दिन बाद पुलिस को युवक का शव मेटावाड़ा से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं बताया जा रहा है कि मृतक के 2 बच्चे भी हैं। पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पीएम करवाने के बाद परिजनों को सौंपने की बात कही है। इसके अलावा युवक के द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का पता भी लगाने परिजनों से पूछताछ करेगी।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर प्रदेश के मेहनतकश श्रमिकों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशभर में श्रमिकों को 5 रूपए में भरपेट भोजन मिल सके इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में अन्नपूर्णा दाल-भात केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल की योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षा योजना प्रारंभ करने की घोषणा भी किया। इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिक के बच्चों को श्रेष्ठ निजी आवासीय विद्यालय में निःशुल्क अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में ये घोषणाएं की।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में राज्य के सभी जिलों में अन्नपूर्णा दाल-भात केन्द्र और पंजीकृत श्रमिक परिवारों के बच्चों को श्रेष्ठ आवासीय विद्यालय में निःशुल्क अध्ययन की सुविधा देने के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता योजना शुरू करने की घोषणा की। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने इस मौके पर श्रमिकों को विश्वकर्मा दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए 57 हजार से अधिक पंजीकृत परिवारों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 49.43 करोड़ रूपए की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से उनके खाते में अंतरित की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में श्रमवीरों को शाल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने श्रम विभाग द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल बुक ‘क्रेडल्स ऑफ होप’ का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने की। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रमिकों के हित में श्रम विभाग द्वारा शुरू किए गए श्रमेव जयते एप और श्रमिक हेल्पलाइन नंबर की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पहले कार्यकाल में उन्होंने ढाई से 3 साल तक केंद्र में श्रम राज्य मंत्री के रूप में काम किया। तब श्रमिकों को बहुत ही कम पेंशन राशि मिलती थी। प्रधानमंत्री की पहल पर यह राशि बढ़ाकर एक हजार रूपए की गई। साथ ही प्रोविडेंट फंड बनाकर श्रमिकों को यूनिवर्सल नंबर आबंटित किए गए। इस यूनिवर्सल नंबर के जरिए श्रमिकों को देश के किसी भी स्थान जाने पर इस स्थायी नंबर के जरिए विभिन्न लाभ मिलते हैं। इसी प्रकार श्रमिक भाई पीएफ की राशि क्लेम नहीं करते थे, उन्हें 27 हजार करोड़ रूपए दावा राशि का भुगतान कराया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार में योजनाओं के क्रियान्वयन में सुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। श्रमिकों को आज विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। श्रमिकों के बीच अब कोई बिचौलिया नहीं आएगा। श्रमिकों को अब राशि सीधे उनके बैंक खातों में मिल रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए संचालित अनेक कल्याणकारी योजनाएं जिसे पिछली सरकार ने बंद कर दी थी। मुख्यमंत्री श्री साय उन योजनाओं को पुनः शुरूआत कर रहे हैं। यह श्रमिकों के लिए खुशी का अवसर है। श्रम मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के श्रमिकों के हित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा 235 करोड़ रूपए अलग-अलग योजना के माध्यम से सहायता राशि श्रमिकों को प्रदान की गई है। जिसका सीधा लाभ श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि श्रमेव जयते एप और शिकायत निवारण पोर्टल एवं टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। अब श्रमवीरों द्वारा किसी भी समय अपने शंका, समस्या का निवारण घर बैठे कर सकते हैं। रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्रमवीर हमारे प्रदेश के रीड़ की हड्डी है, इनके दम पर ही हमारा राज्य प्रगतिशील है। श्रमवीरों के सच्चे सम्मान के लिए हमारी सरकार हमेशा कार्यरत है। उन्होंने कहा कि श्रमवीरों के बच्चों के भविष्य व शिक्षा के लिए हमें बेहतर से बेहतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, श्रम विभाग के सचिव सह श्रमायुक्त अलेरमंगई डी., इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, अपर श्रमायुक्त श्रीमती सविता मिश्रा एवं एल.ए. जांगड़े सहित बड़ी संख्या श्रमवीर, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बलौदाबाजार। सरकारी शिक्षक और उसके दोस्त को नौकरी लगाने के नाम युवक से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी लेखराम साहू बरपाली ने चौकी गिरौदपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पेशे से शिक्षक आरोपी शांतनु ग्राम मडवा पुलिस चौकी गिरौदपुरी एवं मन प्रसाद निवासी कुर्राहा थाना कसडोल ने वन विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की है। इसके लिए प्रार्थी द्वारा आरोपियों को अलग-अलग स्थानों एवं किस्तों में कुल 8 लाख की रकम दिया गया, किंतु प्रार्थी का शासकीय नौकरी नहीं लगा। इस पर प्रार्थी लेखराम द्वारा रुपए वापस करने के लिए आरोपियों को बार-बार कहा गया। आरोपियों द्वारा पैसा वापस ना कर केवल आश्वासन देते हुए बहाने बनाकर बार-बार घुमाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी गिरौदपुरी थाना गिधौरी में धारा 420,34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में चौकी गिरौदपुरी की पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी शांतनू एवं मनप्रसाद को हिरासत में लिया गया, जिससे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा प्रार्थी को वन विभाग में नौकरी लगाने का लालच देते हुए उससे 8 लाख लेना स्वीकार किया गया। आरोपियों द्वारा कई अन्य बेरोजगार युवाओं से भी शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने का पता चला है, जिसके संबंध में जांच कार्रवाई जारी है । प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गरियाबंद। देवभोग में निलंबित पटवारी को बहाल कर दिया गया है। बहाली के साथ ही एसडीएम ने पटवारी का तबादला कर दिया है। इससे पटवारी आहत है और कहा ये निलंबन से बड़ी सजा है। दरअसल देवभोग तहसील पटवारी संघ के दिए गए चेतावनी के मुताबिक आज अतिरिक्त हल्का का बस्ता सौंपने पटवारी पहुंचे तो एसडीएम तुलसी दास ने उन्हें निलंबित पटवारी नटेश्वर नायडू की बहाली आदेश दिखा दिया। लेकिन इस आदेश में पटवारी नायडू को लाटापारा हल्का के बजाय हल्का 18 दीवानमुड़ा व हल्का 23 डूमर का कार्य दे दिया गया। इस आदेश को पटवारी संघ ने न्याय संगत नहीं माना और रिसीव नहीं किया। पीड़ित पटवारी नायडू ने कहा की बहाली का यह आदेश निलंबन से बड़ी सजा के बराबर है। कारण बताते हुए कहा कि पिछले डेढ़ माह से गिरदावरी का काम जारी है और हल्का में वो 80 फीसदी कार्य कर चुके हैं। निर्देश के मुताबिक 15 दिन के भीतर गिरदावरी कार्य को पूर्ण कर के देना है। यकायक दो नए हल्का में जाकर गिरदावरी जैसे कार्य को पूरा कर पाना संभव नहीं होगा। पटवारी ने कहा कि इतना दिन तो फील्ड समझने में लग जाएगा। इस पीड़ा को नायडू ने अपने तहसील संघ में रखे हैं। संघ ने एसडीएम को बहाली आदेश में संशोधन करने का आग्रह कर पुनः विचार करने का वक्त दिया है। इस विषय पर चर्चा करने संघ पदाधिकारी शाम 5 बजे बैठक आहूत किया है। बता दें कि देवभोग पटवारी नायडू को एसडीएम ने अवकाश के दिन 14 सितंबर को बगैर पक्ष सुने निलंबित किया था। इस कार्रवाई के खिलाफ पटवारी संघ ने निंदा प्रस्ताव पारित करने के साथ ही बस्ता सौंप काम बंद करने की चेतावनी दी थी।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ऊर्जा विभाग के सचिव पी. दयानंद की गरिमामय उपस्थिति में गुजरात में आयोजित ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर मीट-2024 के दौरान आयोजित ’’ग्रीन हाइड्रोजन सीईओ राऊंड टेबल’’ कॉन्फ्रेंस में निवेशकों को यह जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। हरित अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ में निवेश करने वाले निवेशकों को राज्य की नवीन औद्योगिक नीति 2024-29 के तहत हर संभव प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण (सीबीडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित सरकार द्वारा किया गया। सीबीडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा इस अंतर्राष्ट्रीय इन्वेस्टर मीट में छत्तीसगढ़ राज्य में अपरम्परागत ऊर्जा के क्षेत्र में अपार संभावनाओं पर निवेशकों को छत्तीसगढ़ में भविष्य की महत्वपूर्ण बायोमास आधारित योजनायें जैसे-बायो-एथेनॉल, बायोजेट एवियेशन फ्यूल, कम्प्रेस्ड बायोगैस तथा ग्रीन हाइड्रोजन आदि में निवेश के लिये निवेशकों को आमंत्रित किया गया। निवेशकों को जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ राज्य के पूरे ग्रामीण परिदृश्य में बायोमास जैसे कि कृषि अपशिष्ट, डेयरी उद्योग से निकलने वाले अपशिष्ट, फल एवं सब्जी बाजारों के अपशिष्ट, गोबर की बहुतायत है, जिसका उपयुक्त तकनीक से प्रसंस्करण कर वृहद पैमाने पर ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन की अपार संभावनायें हैं। यह प्रयास सफल होने पर राज्य में संचालित वृहद स्टील उद्योगों, खादय प्रसंस्करण इकाईयों, फर्टीलाईजर इकाई में ग्रीन हाइड्रोजन का उपयोग इन्डस्ट्रीयल एप्लीकेशन के रूप में किया जाएगा। इस तरह राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन वर्ष 2030 के लक्ष्य 5 मिलियन मीट्रिक टन उत्पादन की दिशा में छत्तीसगढ़ का अहम् योगदान निश्चित होगा तथा ऊर्जा संरक्षण की दिशा में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी। सीबीडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा सभी निवशकों को आश्वस्त किया कि राज्य की नवीन औद्योगिक नीति 2024-29 में हरित अर्थव्यवस्था के निर्माण हेतु निवेशकों को यथासंभव प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही राज्य में रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित होंगे।
जांजगीर। मुख्यमंत्री छ.ग. शासन द्वारा कलेक्टर एसपी कांफ्रेंस के दौरान सभी पुलिस अधीक्षकों को दिये गये निर्देश में कहा गया कि हर अपराध की जड़ में नशा मूल कारण है उसके उन्मूलन के लिए मादक पदाथों एवं अवैध नशे के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जांजगीर चाम्पा श्री विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में तथा अति. पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र कुमार जायसवाल के उचित मार्ग दर्शन में जिला पुलिस जांजगीर चाम्पा द्वारा सभी प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ हर स्तर पर कार्यवाही की गई है। थाना चाम्पा क्षेत्र में मुखबीर सुचना पर सायबर टीम जांजगीर एवं थाना चाम्पा पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन चाम्पा के पास रेड कार्यवाही कर 01 महिला आरोपी सहित 03 आरोपियों के कब्जे से 10 किलो 456 ग्राम मादक पदार्थ गांजा का किमती 90000/-रूपये को बरामद कर आरोपियों के विरूध्द धारा 20(B), 29 NDPS Act के तहत कार्यवाही कर दिनांक 16.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया तथा प्रकरण में शामिल 01 फरार आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 14.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। थाना चाम्पा क्षेत्र में मुखबीर सूचना पर थाना चाम्पा पुलिस द्वारा ग्राम कोसमंदा में रेड कार्यवाही कर आरोपी तेरस राम साहू के कब्जे से 04 किलो 998 ग्राम मादक पदार्थ गांजा किमती 45 हजार रूपयें को बरामद कर आरोपियों के विरूध्द धारा 20 (B), 29 NDPS Act के तहत कार्यवाही कर दिनांक 15.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। थाना पामगढ़ क्षेत्र में मुखबीर सुचना पर सायबर टीम जांजगीर एवं थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा रेड कार्यवाही कर 04 आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 527 ग्राम मादक पदार्थ गांजा का किमती 230540/-रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन स्वीप्ट कार किमती 700000-रूपये कुल जुमला किमती 930540-रूपये बरामद कर आरोपियों के विरूध्द धारा 20 (B), 29 NDPS Act के तहत कार्यवाही कर दिनांक 16.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। थाना जांजगीर क्षेत्र में मुखबीर सुचना पर सायबर टीम जांजगीर एवं जांजगीर थाना पुलिस द्वारा खोखसा फाटक ओवर ब्रिज के पास रेड कार्यवाही कर 02 आरोपियों के कब्जे से 1342 नग नशीली टेबलेट किमती 3220/रू एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल किमती 70 हजार रूपये बरामद कर आरोपियों के विरूध्द धारा 21, 29 NDPS Act के तहत कार्यवाही कर दिनांक 12.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया तथा प्रकरण में शामिल फरार 02 फरार आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 15.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा आरोपी मेवालाल सायतोड़े निवासी कुरीयारी के कब्जे 35 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद कर अरोपी के विरूद्ध धार 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत् कार्यवाही करते हुए दिनांक 11.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। थाना नवागढ़ क्षेत्र में थाना नवागढ़ पुलिस द्वारा आरोपी भोला प्रसाद कुर्रे निवासी गोधना के कब्जे 11 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद कर अरोपी के विरूद्ध धार 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत् कार्यवाही करते हुए दिनांक 11.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। थाना अकलतरा क्षेत्र में थाना अकलतरा पुलिस द्वारा आरोपी जोगेन्द्र सिदार उर्फ भूरू सिदार निवासी खटोला के कब्जे 28 पाव देशी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को बरामद कर अरोपी के विरूद्ध धार 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत् कार्यवाही करते हुए दिनांक 11.09.2024 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। सार्वजनिक जगह पर शराब पीने एवं शराब पीने का साधन उपलब्ध करने वालों के विरुद्ध 14 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत करवाई किया गया है। जिला पुलिस जांजगीर-चाम्पा द्वारा लगातार नशे के खिलाफ आगे भी इस प्रकार कार्यवाही की जावेगी।
रायगढ़। कल दिनांक 16 सितंबर 2024 को माईनर एक्ट के तहत कार्रवाई करते समय, थाना कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जोरापाली क्षेत्र में स्थित NH-49 ढाबा में अवैध रूप से देशी और अंग्रेजी शराब बेची जा रही है। इस सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन पर कोतरारोड़ पुलिस टीम ने मौके पर जाकर छापा मारा। पुलिस टीम ने ढाबा मालिक अभय सिंह (उम्र 41 वर्ष, निवासी कबीर चौक फटहामुडा, थाना जूटमील) से पूछताछ की। अभय सिंह ने अवैध रूप से शराब रखने और बेचने का जुर्म स्वीकार किया। ढाबा की तलाशी लेने पर, पुलिस ने ढाबे के अंदर से - 1. देशी प्लेन मदिरा: 180 ML की 36 शीशियाँ, कुल 6.480 लीटर (कीमत ₹3240/-)। 2. अंग्रेजी शराब (गोल्डन स्पेशल व्हिस्की): 180 ML की 16 शीशियाँ, कुल 2.880 लीटर (कीमत ₹2080/-)। कुल 9.360 लीटर अवैध शराब जिसकी कुल कीमत ₹5320/- बरामद की, जिसे पुलिस द्वारा मौके पर ही जप्त कर ली गई। आरोपी अभय सिंह के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2),59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया। शराब रेड कार्यवाही में प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा, बाबूलाल पटेल और हमराह स्टाफ शामिल थे । पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन पर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम आवास योजना के 5 लाख 11 हजार हितग्राहियों को 2044 करोड़ की पहली किश्त की राशि उनके खाते में अंतरित की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनसंपर्क की प्रदर्शनी का किया शुभारम्भ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनकल्याण एवं भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने के लिए बीते दस सालों में शुरू की गई अभिनव एवं क्रांतिकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं नीतियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री के जीवन के पहलुओं को छाया-चित्र के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जन्म दिन है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य के 5 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए प्रथम किस्त की राशि का अंतरण भी हितग्राहियों को डी.बी.टी. के माध्यम से खाते में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। इसके तहत् राज्य में 18 लाख से अधिक परिवारों को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आवास की स्वीकृति दी गई है। छाया-चित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री द्वारा देश में पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ वृ़क्षारोपण अभियान, डिजिटल इकोनॉमी-जन-जन को बैंकिंक सुविधा, नए अंतरिक्ष शक्ति के रूप में उभरता भारत, आतंकवाद के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही, औपनिवेशिक काल के कानूनों में बदलाव एवं नवीन न्याय संहिता को लागू करना, भारतीय सैन्य शक्ति को सुदृढ़ करना, जन भागीदारी से देश को नई दिशा, भारत का गौरव बढ़ाती उपलब्धियां, जनधन योजना, देश में अधोसंरचना का तेजी से निर्माण, एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार, एक ग्रिड,एक राशन कार्ड, एक संविधान और वोकल फार लोकल आदि विषयों को छाया-चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रसंगो को भी दर्शाया गया है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह,गृह मंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित थे।
रायपुर: रायपुर नगर में गणेश झांकी प्रदर्शनी विसर्जन चल समारोह का मुख्य कार्यक्रम दिनांक 19.09.2024 को रात्रि में होना प्रस्तावित है। चल समारोह कार्यक्रम के दौरान आयोजको द्वारा आकर्षक झांकियों के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ किया जाता है। चल समारोह को देखने के लिए रायपुर शहर से तथा आस पास के ग्रामीण जन लाखों की संख्या में एकत्रित होते है। दिनांक 19.09.2024 को संध्या से गणेश प्रतिमाओं व झांकियॉं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आकर राठौर चौक में एकत्रित होना प्रारंभ हो जाती है जो नवीन मार्केट/गुरुनानक चौक-शारदा चौक-जयस्तंभ चौक-मालवीय रोड-चिकनी मंदिर-कोतवाली चौक-सदर बाजार-सद्दाणी चौक - सत्तीबाजार-कंकाली तालाब- पुरानी बस्ती थाना के सामने से होकर लाखेनगर चौक- सुन्दरनगर-रायपुरा चौक होकर महादेव घाट, खारून नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। गणेश विसर्जन पश्चात् वापसी मार्ग:- 1. महादेव घाट विसर्जन स्थल से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पश्चात वाहनों की वापसी महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग - भाठागांव- भाटागॉव चौक-रिंग रोड-01 होकर होगा। दिनांक 19.09.2024 से दिनांक 20.09.2024 तक गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार के माल वाहक वाहनों का आवागमन रायपुरा चौक से महादेव घाट अमलेश्वर नदी पुल तक रोक दिया जावेगा, जिन्हे अमलेश्वर से रायपुर की ओर आवागमन करना है वे अमलेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध होकर अथवा खुड़मुड़ा-भाठागांव- भाठागांव चौक होकर आवागमन कर सकते हैं। झांकी प्रर्दशनी के दौरान मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश एवं आवागमन प्रतिबंधित रहेगा - दिनांक 19.09.2024 को मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान जन समुदाय की उपस्थिति की सुरक्षा तथा आवागमन को सुचारू बनाये रखने हेतु चल समारोह मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आवागमन एवं पार्किग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। चल समारोह को सूचारू रूप से चलाने के दृष्टिकोण से निम्नलिखित प्वाइन्ट पर से शहर की ओर आने वाले सभी प्रकार के भारी/मध्यम माल वाहक वाहनों का दिनांक 19.09.2024 से दिनांक 20.09.2024 (चल समारोह समाप्ति ) तक प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा:-1. टाटीबध चौक 2. भनपुरी तिराहा 3. रायपुरा चौक 4. पचपेढ़ी नाका चौक 5. संतोषी नगर चौक 6. महासमुन्द बेरियर 7. विधानसभा रोड व्हीआईपी तिराहा 8. कांशीराम नगर चौक 9. भाठागांव चौक 10. रिंग रोड 01 से शहर की ओर समस्त प्रवेश मार्ग 11. रिंग रोड 02 से शहर की ओर सभी प्रवेश मार्ग चल महोत्सव के दौरान डायवर्सन व्यवस्था - गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान दिनांक 19.09.2024 को यातायात के सुचारू संचालन हेतु यातायात को निम्नानुसार डायवर्सन किया जावेगा
बिलासपुर: कोरबा जिले के शासकीय अस्पताल में पदस्थ महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जयंत राम भगत (सीएचसी पाली) पर उनकी पहली पत्नी को धोखे में रखकर दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। इस मामले की जानकारी मिलते ही डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर की मुलाकात 2017 में एक बैंककर्मी से हुई थी। डॉक्टर ने बैंककर्मी को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि डॉक्टर ने आर्य समाज मंदिर में गुपचुप तरीके से विवाह करने का नाटक किया और तब से महिला बैंककर्मी का शारीरिक शोषण करता रहा। इसके अलावा, डॉक्टर ने महिला के पैसे का भी दुरुपयोग किया। इस बीच, डॉक्टर भगत का संबंध एक और महिला से जुड़ गया, जो पड़ोसी जिले की नायब तहसीलदार है। डॉक्टर ने अपनी पहली पत्नी को धोखे में रखकर नायब तहसीलदार से भी शादी कर ली। जब यह मामला पहली पत्नी के सामने आया, तो उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बिलासपुर महिला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 1 अप्रैल 2019 से जुलाई 2024 के बीच डॉक्टर ने धोखाधड़ी और शोषण किया। डॉक्टर जयंत के साथ उसके पिता घनश्याम, माँ, और भाई विपिन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इन पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज हुआ है। जानकारी मिलते ही डॉक्टर फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रायपुर: उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 23 हजार 071 लाभार्थी परिवारों को आज अपने नए आशियाने में प्रवेश पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में देश के चार लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित मकानों में गृहप्रवेश करा रहे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 68 नगरीय निकायों के 23 हजार 071 परिवार भी शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने अपने अमेरिका प्रवास के बीच वहां से भेजे संदेश में सभी लाभार्थी परिवारों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा है कि आज आप सभी को अपने सपनों का आशियाना मिल रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आप लोगों का गृहप्रवेश कराने वाले हैं। अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपनी शुभेच्छाएं व्यक्त की हैं कि आप इसी तरह लोगों का जीवन आसान बनाते रहें और लगातार हमारा नेतृत्व करते रहें।
सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में हेड-कॉन्स्टेबल समेत पूरे परिवार की हत्या से अभी भी पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। अब इस हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस घटना के मामले में 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ़्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल हैं। पुलिस ने अब सभी आरोपियों को गिरफ्तार पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को हेड-कॉन्स्टेबल समेत पूरे परिवार को जादू-टोने के शक में मार दिया गया। गांव वालों ने परिवार के 5 लोगों की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की हत्या कर दी। पुलिस ने 17 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा हैं। घटना कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के नजदीक इटकल गांव की है। इस गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों को शक था कि इन लोगों ने इनके परिवार के ऊपर जादू-टोना किया है। जिसके बाद गांव वालों ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आसपास इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इस घटना का बड़ा खुलासा करते हुए कल 17 लोगों को गिरफ्तार कर ली है।
भिलाई। मंगलवार की सुबह दुर्ग जिला अंतर्गत जेवरा सिरसा की राइस मिल में भीषण आग लग गई। समाचार लिखे जाने दोपहर 12 बजे तक दमकल विभाग के एक दर्जन से अधिक कर्मी आग पर काबू पाने कड़ी मशक्कत कर रहे थे। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। नमन फूड प्रोडेक्ट्स फैक्ट्री जेवरा सिरसा में यह आगजनी बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम पहुंची और दमकल के एक दर्जन से अधिक कर्मचारी घंटों से आग बुझाने प्रयास कर रहे हैं। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र स्थित नमन फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मंगलवार की सुबह अचानक लगी आग की सूचना पर जिला अग्निशमन विभाग की कई गाडिय़ां मौके के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाना शुरू किया। इस दौरान दमकल की चार गाडिय़ां मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री में आग बुझाया जा रहा था। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास सुबह 6 बजे नमन फूड प्रोसेस के मालिक नमन जैन का फोन आया था। उन्होंने बताया कि उनकी फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई है। फैक्ट्री के अंदर लाखों की संख्या में बारदाना रखे हैं। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाडिय़ां वहां पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दोपहर तक आग बुझाने का काम जारी रहा। इधर, इस मामले में जेवरा सिरस चौकी पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री के एक बड़े गोदाम में आग लगी है। गोदाम में भारी मात्रा में बारदाने रखे हुए हैं और आग इसमें पकडऩे के कारण भीषण हो गई। आग इतनी ज्यादा है कि फायर ब्रिगेड नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग से किसी प्रकार की जनहानी नहीं हुई है। नुकसान का आंकलन आग बुझने के बाद ही हो पाएगा। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत स्थित नमन फ़ूड प्रोडक्टस (दाल मिल) मंगलवार को भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर लाखों की संख्या में बारदाना रखे हैं। उसमें आग पकड़ ली। आग बुझाने में 70 गाड़ी पानी लगा है। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास सुबह 6 बजे नमन फूड प्रोसेस के मालिक नमन जैन का फोन आया था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां वहां पहुंच गईं। दमकल की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर की दीवार बाधा बन रही थी। इसके बाद जेसीबी बुलाकर दीवार को तोड़ दिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने एक के बाद एक कई गाड़ियों से आग बुझाना शुरू किया। आग इतनी भयानक थी कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को आग नियंत्रित करने में परेशानी हो रही थी। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने वहां मौजूद भीड़ को बाहर किया। गनीमत यह रही आग से किसी तरह का कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नमन जैन ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट होने से लगी है। आग पहले पहले बिजली की वायर में लगी। इसके बाद धीरे धीरे वहां रखे बारदाना (जूट और प्लास्टिकी की बोरी, बोरे) में लग गई। इससे आग तेजी से बढ़ी।
Adv