बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेश स्तरीय श्रमिक सम्मेलन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे

    17-Sep-2024

    रायपुर: श्रम विभाग द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी के इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय जोरा के कृषि मंडपम में हो रहा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए संचालित 30 जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाईन प्राप्त आवेदन में से पात्र हितग्राहियों को योजना में प्रावधान अनुरूप सहायता राशि से लाभान्वित किया जाना है। कार्यक्रम अंतर्गत श्रमिक हित में किये जा रहे विभाग के प्रयासों एवं सफलताओं को विभिन्न गतिविधियों के स्टालों के माध्यम से प्रदर्शित भी किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, रायपुर सासंद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब सचिव सह श्रम आयुक्त अलरमेल मंगई डी कलेक्टर रायपुर डॉ गौरव कुमार सिँह मौजूद है। 

  • कांग्रेसी और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट

    17-Sep-2024

    बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना में मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा गणेश पंडाल के कार्यक्रम में गए हुए थे. इस दौरान उन्हें काला झंडा दिखाने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता पहुंचे थे. इसी मामले को लेकर देर रात कांग्रेसियों और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल देर रात बेमेतरा पहुंचे और थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया. वहीं कांग्रेसियों ने भी थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू ने बताया कि बेरला थाना क्षेत्र के सरगा गांव में पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के कार्यक्रम में क्रांति सेना के कार्यकर्ता काला झंडा दिखाने पहुंचे थे. इस पर पहले गांव वालों ने मना किया. उसके बाद इसी बात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के बीच विवार हुआ. मारपीट भी हुई. इस मामले में फिलहाल बेरला थाने और कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही. वहीं आरोपियों की पतासाजी भी की जा रही है। 

  • गाड़ियों में रखकर डीजे बजाने पर होगी कार्यवाही

    16-Sep-2024

    गरियाबंद। ध्वनि प्रदुषण से आम लोगों को राहत देने के लिए माननीय उच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 16.12.2016 के आधार पर राज्य शासन के द्वारा ध्वनि प्रदुषण रोकथाम के संबंध में निर्देश जारी किये गये हैं। 11.09.2024 को आवास और पर्यावरण विभाग के द्वारा जारी दिशा निर्देशों तहत किसी भी वाहन में साउंड बॉक्स रखकर डीजे बजाने पर साउंड बॉक्स जप्त कर वाहन का रिकार्ड रखने के निर्देश दिये गये है। जप्त साउंड बॉक्स को कलेक्टर के आदेश के बिना नहीं छोड़ा जायेगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर वाहन का परमिट निरस्त किया जायेगा तथा माननीय उच्च न्यायालय के बिना उस वाहन को कोई भी नया परमिट जारी नहीं किया जायेगा। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों को दिये है। शासन की ओर से जारी निर्देशानुसार विभिन्न अवसरों पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत तय मापदण्ड से अधिक ध्वनि प्रदूषण होने पर आयोजकों को ऐसा नहीं करने की अपील की जायेगी। अगर आयोजक किसी भी तरह से निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके विरूद्ध कोर्ट में कार्यवाही की जायेगी तथा इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारी आयोजक के विरूद्ध माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने पर अवमानना का प्रकरण उच्च न्यायालय में दायर कर सकेंगे। अगर ध्वनि प्रदूषण यंत्र यदि किसी साउण्ड सिस्टम प्रदायकर्ता या डी. जे. वाले का पाया जाता है तो ध्वनि प्रदूषण करने और कानून का उल्लंघन करने के आधार पर उसे सीधे जप्त किया जावेगा। इसके अलावा वाहनों में प्रेशर हार्न अथवा मल्टी टोन्ड हार्न पाया जाता है तो तत्काल ही उसे वाहन से निकालकर नष्ट किया जायेगा तथा रजिस्टर में जानकारी दर्ज की जाएगी। इस संबंध में वाहन नम्बर के साथ मालिक तथा चालक का डाटा बेस इस रूप में रखा जायेगा कि दोबारा अपराध करने पर वाहन जप्त किया जाये तथा माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बिना जप्त वाहनों को नहीं छोड़ा जा सकेगा। साइलेंस जोन अर्थात स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कोर्ट, आफिस से 100 मीटर एरियल डिस्टेन्स पर लाउड स्पीकर नही बजाया जायेगा और अगर ऐसा किया जाता है तो ध्वनि प्रदूषण यंत्रों को जप्त किया जायेगा। बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति से प्रदूषण यंत्रों को वापस नहीं किया जावेगा। द्वितीय गलती पर जप्त किये गये प्रदूषण यंत्रों को माननीय उच्च न्यायालय के आदेश बिना वापस नहीं किया जावेगा। रात्रि 10 बजे से 6 बजे तक किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर रोक है। जिला प्रशासन के द्वारा सभी लोगों माननीय उच्च न्यायालय के और शासन स्तर से संबंधित दिशा निर्देश के पालन करने की अपील आम जनता से की गई है। 

  • पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय का सत्रहवां स्थापना दिवस समारोह

    16-Sep-2024

    रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ का सत्रहवां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भारत के परम्परागत चिकित्सा पद्धति के जनक महर्षि चरक एवं महर्षि सुश्रुत के योगदान को रेखांकित करते विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षण विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन स्तर पर जो भी आवश्यकता होगी उसे पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचल में विशेषज्ञों की कमी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय को रायपुर स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के एनेस्थीसिया एवं प्रसुति विभाग के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए। इसके लिए विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग सेंटर में 6 माह के प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे पैथोलाजी लैब जो कानूनन लाइसेंस नहीं हैं उन्हें नियमानुसार ट्रेनिंग दिलाकर पैरामेडिकल बोर्ड से रजिस्ट्रेशन कराने हेतु विश्वविद्यालय को समन्वय स्थापित करना चाहिए। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा और निजी पैथोलाजी लैब का नियमितिकरण किया जा सकेगा। कार्यक्रम में उपस्थित रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वविद्यालय में स्किल्ड मैनपावर के प्रशिक्षण, पैरामेडिकल की स्नातक उपाधि पाठ्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विभिन्न विषयों पर अल्पकालीन पाठ्यक्रम जैसे सीटी स्कैन, एमआरआई, कैथलैब इत्यादि प्रारंभ करने हेतु विश्वविद्यालय में उचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि केन्द्र सरकार के स्तर पर जो भी आवश्यकता महसूस होगी उसे वो पूरी करने की कोशिश करेंगें। स्थापना दिवस समारोह पर आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. पात्रा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की सोलह साल की विकास यात्रा को सारगर्भित तरीके से प्रस्तुत किया साथ ही भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय में शिक्षण विभाग एवं एमबीबीएस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा शोध के महत्व पर चर्चा की। 

  • Raipur Breaking: गांजा सप्लायर चेन के 2 सप्लायर गिरफ्तार

    16-Sep-2024

    रायपुर। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल तथा थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत सेक्टर 1 स्थित अस्पतार के सामने में गांजा तस्करी करते आरोपी 1.शंकर छतरिया पिता स्व. दुर्गा छतरिया उम्र 35 साकिन वार्ड नंबर 12, रेलवे स्टेशन के पास, तितलागढ़ थाना तितलागढ़ जिला बालंगीर उड़ीसा। 2. कुबेर महानंद पिता शुभाष महानंद उम्र 20 साल पता राजखरियर ग्राम श्रीराम थाना शिन्देकेला जिला बलांगिर उड़ीसा। 3. एन. सुभाष पिता एन. आनंद उम्र 38 पता एट देवली पोस्ट गुमसर थाना साइनतला जिला बलांगीर उड़ीसा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 किलो 100 ग्राम गांजा तथा घटना में प्रयुक्त 3 नग मोबाईल फोन एवं 1 नग चारपहिया वाहन क्रमांक ओ डी/03/एक्स/3261 जुमला कीमती 16,25,000/- रूपये जप्त किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से गांजा के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया। देवेन्द्र नगर सेक्टर 1 निवासी उमाकांत महानन्द तथा राजातालाब निवासी डेविड के द्वारा गांजा मंगाये जाने पर उनके द्वारा उन्हें गांजा देने हेतु आये थ। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में संलिप्त उमाकांत महानन्द एवं डेविड नन्दा की पतासाजी कर पकड़ा गया। दोनो से पूछताछ करने पर उनके द्वारा गांजा को बलांगीर उड़ीसा से मंगाया जाना स्वीकार किया गया है। जिस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित 2 मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 304/24 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट में कार्यवाही किया गया। प्ररकण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक के संबंध में पतासाजी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी - 01. उमाकांत महानंदा पिता विजय महानंदा उम्र 35 साल निवासी गॉव देवरी पोस्ट घूनसर थाना साईतला जिला बलांगीर उड़ीसा। 02. डेविड नन्दा पिता क्रिस्टा नन्दा उम्र 38 साल निवासी ग्राम घंटावली,पोस्ट शिशकला,थाना शेंटला,जिला बालंगीर उड़ीसा ।।हाल- धोबी गली,राजातालाब थाना सिविल लाइन रायपुर। 

  • गणेश पंडाल में खड़े युवक पर चाकू से किया ताबड़तोड़ वार

    16-Sep-2024

    भिलाई। शहर में चाकूबाजी की घटनाए थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बदमाश बेखौफ होकर आए दिन बीच चौक चौराहों पर वारदातों को अंजाम देने में लगे हैं. बीती रात भी वैशाली नगर थाना अंतर्गत चाकूबाजी की घटना हुई। एक युवक पर दो बदमाशों ने मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चाकूबाजी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक रामनगर गायत्री मंदिर के पीछे रहने वाले अर्जुन ताम्रकार ने रिपोर्ट दर्ज कराया है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर की रात 11.30 बजे प्रार्थी का पुत्र हर्ष ताम्रकार सेलून के पास गणेश पंडाल के सामने परदेशी चौक के पास खड़ा था। उसी समय मोहल्ले के रहने वाले युसूफ खान और संजू यादव आए और बिना कारण के प्रार्थी के पुत्र हर्ष से गाली-गलौज कर दोनों ने जान से मारने की नीयत से किसी धारदार हथियार से हमला कर दिए, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 296, 351 (2), 118(1), 118(2), 109, 3(5) अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। 

  • स्वास्थ्य मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से CMHO, CS और नोडल अधिकारियों से की बैठक

    16-Sep-2024

    रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सभी जिलों के सीएमएचओ को निर्देश देते हुए कहा है कि वह एक महीने के भीतर अपने जिले में संचालित निजी पैथोलॉजी सेंटर की सूची तैयार करें। उन्होंने यह निर्देशित किया कि इनमें से अनियमित पैथोलॉजी लैब को 1 वर्ष के भीतर नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। यदि इन पैथोलैब के पास वैध दस्तावेज नहीं हैं तो इन्हें आयुष विश्वविद्यालय से डिप्लोमा का कोर्स करने का मौका दिया जाएगा ताकि एक वर्ष के भीतर नियमित हो जाएं। श्री जायसवाल ने शासकीय अस्पतालों में स्थित पैथोलॉजी लैब को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज अपने शंकर नगर स्थित निवास कार्यालय में राज्य के सीएमएचओ, सीएस,नोडल अधिकारी तथा डीपीएम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, एमडी एनएचएम जगदीश सोनकर तथा एमडी सीजीएमएमसी श्रीमती पद्मिनी भोई भी उपस्थित थीं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निजी प्रेक्टिस करने की शिकायतों को लेकर हिदायत दी है। श्री जायसवाल ने कहा है कि शासकीय चिकित्सकों को नियमानुसार भत्ता भी दिया जा रहा है, इसके बाद भी यदि चिकित्सक नियम विरुद्ध कार्य करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए श्री जायसवाल ने कहा कि अब शासकीय अस्पतालों से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने के लिए ठोस कारण बताना होगा,उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रेफर करने के कारणों का रिव्यू भी किया जायेगा और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किन परिस्थितियों में अस्पताल ने मरीज को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो तीन माह के भीतर राज्य में मोदी की गारंटी के अंतर्गत 500 जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी पूरी कर लें ताकि जनता को जल्दी ही सस्ती दवा उपलब्ध कराई जा सके। श्री जायसवाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मौसमी बीमारियों के संबंध में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाने की कोशिश करें ताकि मरीज मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहें और बीमार ना पड़े। श्री जायसवाल ने कहा कि मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीज के इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए, इसके लिए अस्पतालों में दवाइयों तथा जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए। उन्होंने स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष रूप से निर्देश देते हुए कहा स्वास्थ्य विभाग को सजग रहने की आवश्यकता है,तथा इसके रोकथाम के लिए पर्याप्त जांच होनी चाहिए। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा मरीजों की पहचान करने के लिए जांच की संख्या को भी बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि जांच के बाद सैंपल के आने तक का इंतजार ना करके मरीज का तुरंत ही इलाज शुरू करें। समीक्षा बैठक में डेंगू डायरिया और मलेरिया को लेकर भी समीक्षा की गई और स्वास्थ्य अधिकारियों को इन बीमारियों से निपटने के लिए उचित दिशा निर्देश जारी किए गए। 

  • मुख्यमंत्री के सार्थक प्रयास से बबीता का हुआ सफल ऑपरेशन

    16-Sep-2024

    चिरायु टीम दूरस्थ अंचल के बच्चों तक पहुंचा रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

    बच्ची के माता-पिता ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद 
     
     
     
     
    जशपुरनगर ,मुख्यमंत्री के सार्थक प्रयास से बबीता का हुआ सफल ऑपरेशनमुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सार्थक प्रयास से  गंभीर बीमारी  के ईलाज के लिए बच्चों को तत्काल सहायता मिल रहा है। जिले में एक बार पुनः राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु की टीम ने जशपुर  जिले के 10 साल की बबीता का रायपुर एम्स अस्पताल में सफल ऑपरेशन करवाया है । बबीता की मां जय कुमारी बाई और पिता झमेश राम ने बताया कि उनकी बेटी को जन्म से दिल में छेद था । बच्ची के माता-पिता ने मुख्यमंत्री बगिया कैम्प कार्यालय में आवेदन दिया था । मुख्यमंत्री ने तत्काल बबीता का ईलाज करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन और चिरायु टीम बच्ची का घर जाकर पालकों से सम्पर्क किया और ईलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
     
     चिरायु टीम के अमित भगत ने बताया बचपन से बबीता को दिल में छेद था सांस लेने और दौड़ने भागने में भी दिक्कत आती थी ।बबीता के पालकों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सार्थक प्रयास से उनकी बच्ची पूरी तरह से ठीक हो गई है । वर्तमान में कक्षा 6 वी में पढ़ाई कर रहीं हैं। स्कूल आने जाने में भी किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आ रही है। अपनी बच्ची को हंसता मुस्कुराता देखना अच्छा लगता है।
  • आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिया गया पौष्टिक भोजन

    16-Sep-2024

    जशपुरनगर,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को गर्म और पौष्टिक आहार देने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जिले के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को हरि सब्जियों के साथ दाल , चावल पुड़ी सब्जी परोसा गया। आंगनबाड़ी के बच्चों ने उत्साह के साथ भोजन ग्रहण किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा विशेषकर पालकों को अपने घर के बाड़ी या आंगन में हरि साग सब्जी लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ताकि नियमित भोजन में उन सब्जी का उपयोग हो सके ।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को रायपुर किया गया रवाना

    16-Sep-2024

    जशपुरनगर, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संवाद कार्यक्रम हेतु आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को रायपुर रवाना आज किया गया है।

     
    योजनांतर्गत राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम हेतु जिले के हितग्राही रायपुर के लिए रवाना हुए जहां  प्रधानमंत्री प्रदेश के हितग्राहियों से विडियो कांफ्रेंस से संवाद स्थापित करते हुए वर्ष 2024-25 के स्वीकृत हितग्राहियों को डिजिटल रूप से स्वीकृति पत्र वितरण एवं प्रथम किस्त सहायता राशि जारी की जाएगी साथ ही प्रदेश के मुखिया  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद करेंगे
  • नगरीय निकाय आम निर्वाचन : फोटो युक्त निर्वाचक नमावली तैयार करने के लिए रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त

    16-Sep-2024

    कवर्धा,कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जनमेजय महोबे ने नगर पालिका, नगर पंचायत आम निर्वाचन 2024 के लिए अर्हता तिथि एक जनवरी 2024 के आधार पर फोटो युक्त निर्वाचक नमावली निर्धारित संलग्न कार्यक्रम अनुसार तैयार करने के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपील प्राधिकारी नियुक्त किया है।

     
    स्थानीय निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पंडरिया को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार पंडरिया को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह नगर पंचायत पंडातराई के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पंडरिया को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार कुण्डा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, नगर पंचायत पिपरिया के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कवर्धा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार पिपरिया को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, नगर पंचायत इंदौरी के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कवर्धा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ना. तहसीलदार पिपरिया को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहसपुर लोहारा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार स. लोहारा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और नगर पंचायत बोड़ला के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बोड़ला को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार बोडला को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत पाण्डातराई, पिपरिया, इंदौरी, सहसपुर लोहारा और नगर पंचायत बोड़ला के लिए अपील अधीकारी कलेक्टर और अपर कलेक्टर कबीरधाम होंगे।
  • मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितम्बर को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ में होंगे शामिल

    16-Sep-2024

    रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितम्बर को ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’’ में शामिल होंगे। राजधानी रायपुर के तेली बांधा परिसर रायपुर में सुबह 8 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव करेंगे।

     
    कार्यक्रम में स्वच्छता हेतु सामूहिक श्रम दान, स्वच्छता मैराथन का शुभारंभ, सफाई मित्रों का सम्मान, पी.पी.ई. कीट का वितरण, पक्षी संरक्षण जागरूक एवं वेस्ट टू बेस्ट के तहत गौरया कलाकृति का लोकार्पण, गांधी उद्यान में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ वृक्षारोपण और स्वच्छता ही सेवा हेतु शपथ ग्रहण दिलाई जाएगी।
     
    कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्व श्री राजेश मूणत, अनुज शर्मा, मोती लाल साहू, पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्रकुमार साहू, महापौर श्री एजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमी डोमेश्वरी वर्मा एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
  • दुर्ग-विशाखापटनम वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ, देखें LIVE

    16-Sep-2024

    रायपुर। दुर्ग- विशाखापटनम वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। बता दें कि दुर्ग से ​​​​​विशाखापट्टनम तक एग्जीक्यूटिव का किराया 2410, चेयर कार का 1205 रुपए तय किया गया है। वहीं रायपुर से एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2300 रुपए और चेयर कार का 1150 रुपए है। जबकि दुर्ग से विशाखापट्टनम जाने के लिए सामान्य ट्रेन से करीब 16 घंटे लगते हैं। जनरल का किराया 170 रुपए, स्लीपर का 320 रुपए, 3AC का 812 और 2AC का किराया 1169 रुपए है। वंदे भारत ट्रेन भारत में सबसे तेज चलनी वाली ट्रेन है। यह ट्रेन सिर्फ 52 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है। फिलहाल इसे रेलवे 160 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चला रही हैं, जिसे 200 किमी प्रति घंटे तक ले जाने का प्लान है। 

     

     

  • विश्वकर्मा जयंती 17 सितंबर को राज्य स्तरीय ‘श्रमिक सम्मेलन‘ का होगा आयोजन

    16-Sep-2024

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 57 हजार श्रमिकों को 49.43 करोड़ राशि का डी.बी.टी. के माध्यम से करेंगे वितरण

    इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडप मे होगा कार्यक्रम का आयोजन
     
    रायपुर,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के श्रमिकों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसका सीधा लाभ श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को मिल रहा है। उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ‘श्रमिक सम्मेलन‘ में 57 हजार से अधिक पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को 49 करोड़ 43 लाख 52 हजार 294 रूपए केन्द्रीकृत डी.बी.टी. के माध्यम से वितरण करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालयपरिसर जोरा के कृषि मंडप मे आयोजित होगा।
     
    श्रम विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश के पंजीकृत श्रमिक एवं उनके परिवार के सदस्यों को श्रम विभाग के अधीन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सर्न्न्मिाण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 47 हजार 726 निर्माण श्रमिकों 38 करोड़ 37 लाख 10 हजार 652 रूपए, छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल अंतर्गत 6873 श्रमिकों को 9 करोड़ 86 लाख 58 हजार 500 रूपए एवं छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल अंतर्गत 2496 श्रमिकों को 1 करोड़ 19 लाख 83 हजार 142 रूपए की राशि डी.बी.टी. के जरिए वितरण करेंगे। इस तरह कुल 57 हजार 95 श्रमिकों को कुल राशि 49 करोड़ 43 लाख 5 हजार 229 रूपये का वितरण केन्द्रीयकृत डी.बी.टी. के माध्यम से किया जाएगा।
     
    श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 47 हजार 726 लाभार्थियों को कुल 38 करोड़ 37 लाख 10 हजार 652 रूपए का वितरण किया जाएगा। जिसमें मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 5793 लाभार्थियों को 11 करोड़ 58 लाख 60 हजार रूपए, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के अंतर्गत 8181 लाभार्थियों को 3 करोड़ 3 लाख 8 हजार 652 रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत 6171 लाभार्थियों को 2 करोड़ 15 लाख 34 हजार 288 रूपए, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना के अंतर्गत 125 लाभार्थियों को 9 लाख 79 हजार 600 रूपए, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 9749 लाभार्थियों को 1 करोड़ 84 लाख 87 हजार रूपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 576 लाभार्थियों को 73 लाख 67 हजार 612 रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को 1 लाख रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के अंतर्गत 3653 लाभार्थियों को 54 लाख 79 हजार 500 रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 279 लाभार्थियों को 2 करोड़ 83 लाख रूपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 6517 लाभार्थियों को 13 करोड़ 3 लाख 40 हजार रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना अंतर्गत 708 लाभार्थियों को 1 करोड़ 41 लाख 60 हजार रूपए, निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी सहायता राशि भुगतान योजना के अंतर्गत 5941 लाभार्थियों को 79 लाख 94 हजार रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों को 28 लाख रूपए का डी.बी.टी. के माध्यम से वितरण करेंगे।
     
    इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत 6873 लाभार्थियों को कुल 9 करोड़ 86 लाख 58 हजार 500 रूपए का वितरण किया जाएगा। जिसमें असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के 3085 लाभार्थियों को 6 करोड़ 17 लाख रूपए, असंगठित कर्मकार मृत्य एवं दिव्यांग सहायता योजना के 322 लाभार्थियों को 3 करोड़ 22 लाख रूपए, असंगठित कर्मकार छात्रवृत्ति योजना के 3463 लाभार्थियों को 46 लाख 8 हजार 500 रूपए, ई-रिक्शा सहायता योजना के 3 लाभार्थियों को 1 लाख 50 हजार रूपए का वितरण करेंगे।
     
    छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अंतर्गत 2496 लाभार्थियों को 1 करोड़ 19 लाख 83 हजार 142 रूपए का वितरण करेंगे। जिसमें शैक्षणिक छात्रवृत्ति योजना के 504 लाभार्थियों को 22 लाख 42 हजार रूपए, निःशुल्क सायकल वितरण योजना के 1427 लाभार्थियों को 52 लाख 17 हजार 342 रूपए, निःशुल्क सिलाई मशीन वितरण योजना के 562 लाभार्थियों को 44 लाख 38 हजार 800 रूपए एवं खेलकूद प्रोत्साहन योजना के 3 लाभार्थियों को 85 हजार रूपए का वितरण केन्द्रीयकृत डी.बी.टी. के माध्यम से किया जाएगा।
  • ट्रक ड्राइवर से वसूली, SECL के अधिकारी और कर्मचारी अरेस्ट

    16-Sep-2024

    कोरबा। जिले में एसईसीएल के असिस्टेंट मैनेजर और इंजीनियर सहित 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एसईसीएल के ढेलवाडीह माइंस में पदस्थ ये अधिकारी और कर्मचारी रात के वक्त बोलेरों जीप में पुलिस सायरन लगाकर भारी वाहनों की चेकिंग केे नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले एसईसीएल के अधिकारी और कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी ट्रक मालिक अफसर अंसारी के ड्राइवर हार्दिक अंसारी ने कटघोरा थाना में लिखित शिकायत की थी। पुलिस की माने तो आरोपी मुकेश केशरवानी अपने सहकर्मी अभिषेक मीणा, विकास मीणा और हर प्रसाद पटेल के साथ मिलकर रात के अंधेरे में भारी वाहन चालको से अवैध तरीके से गाड़ियों की जांच के नाम पर वसूली कर रहे थे। इस ग्रुप में एसईसीएल के असिस्टेंट मैनेजर मुकेश केशरवानी के साथ ही इंजीनियर और कम्पयूटर आॅपरेटर के पद पर कार्यरत अन्य तीन कर्मी शामिल थे। जबकि दिलीप यादव प्राईवेट वाहन चालक है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उधर इस घटना की जानकारी के बाद से एसईसीएल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में एसईसीएल प्रबंधन द्वारा भी आरोपी बने एसईसीएल कर्मियों पर एक्शन लिया जा सकता है। 

  • उद्योग मंत्री ने मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण

    16-Sep-2024

    रायपुर । वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा के वॉर्ड क्रमांक 53 दर्री कनवेयर बेल्ट के पास नवनिर्मित मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। साथ ही कीचन शेड और अन्य विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपए देने की घोषणा की।

     
    मंत्री देवांगन ने संबोधित करते हुए कहा की सामाजिक कार्यक्रम के साथ समाज के उत्थान के लिए विभिन्न कार्य पूरे शहर में स्वीकृत किए जा रहे हैं। पिछले 8 महीने में वार्डों के विकास कार्यों के लिए 200 करोड़ रूपए से ज्यादा की स्वीकृति दी जा चुकी है, साथ ही जिन समाज की मांग की गई थी उन सभी भवन को भी स्वीकृति दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री साय द्वारा हर समाज के उत्थान के लिए संकल्पित है। समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए हम संकल्पित हैं।
  • मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल पर सोकोडिपा में लगा ट्रांसफार्मर

    16-Sep-2024

    रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर बगिया में खोले गए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में लोगों की मांगों और समस्याओं का सामाधान का क्रम सतत रूप से जारी है। यहां पर आयोजित जनदर्शन में लोग बड़ी उम्मीद के साथ पहुंचते हैं। उनके आवेदनों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ त्वरित गति से निराकरण किया जाता है।

     
    इसी कड़ी में ग्राम सोकोडिपा में ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के निर्देश पर तत्काल यहां पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिससे बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हो गई है। ग्रामीणों ने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
     
     
    हाथी विचरण क्षेत्र होने की वजह से बिजली की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों में भी निर्बाध रूप से जारी रहे इसके लिए कैंप कार्यालय के निर्देश पर समस्या आने पर तत्काल ट्रांसफार्मर लगाने, ग्रिप चेंज, लाईन सुधारने का कार्य किया जा रहा है, इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
  • चक्रधर समारोह-2024 : क्लासिकल आर्ट को बनाए रखने में योगदान दें : जस्टिस संजय अग्रवाल

    16-Sep-2024

    रायपुर, सुर-ताल, लय तथा छंद और घुंघरू के संगीतबद्ध 39 बरस के इस चक्रधर समारोह में आज आठवें दिन मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता और सतना सहित रायगढ़ घराना के कलाकारों द्वारा भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मणिपुरी और शास्त्रीय गायन ने रसिकजनों व दर्शकों को मत्रमुग्ध कर दिया। इन कलाकारों द्वारा शास्त्रीय संगीत से पिरोए हुए गणपति अराधना, शिववंदना, राधा-कृष्ण के रासलीला और कृष्ण व सखा के माखन चोरी की बेजोड़ एवं जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर होने पर मजबूर कर दिया। वहीं रायगढ़ घराना के कथक की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में विशेष छटा बिखेरा।

     
    चक्रधर समारोह में शामिल हाईकोर्ट जस्टिस श्री संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि क्लासिकल आर्ट धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। क्लासिकल आर्ट को बनाए रखने के लिए हमें योगदान देने की जरूरत है। कार्यक्रम के माध्यम से मंच देकर क्लासिकल आर्ट को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में रायगढ़वासियों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि अनुभव और एनर्जी से कला को और आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सभी कलाकारों को शुभकामनाएं और बधाई भी दी। समारोह में हाई कोर्ट जस्टिस श्री संजय अग्रवाल, सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार जैन, कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल, एसपी श्री दिव्यांग पटेल ने मुंबई की भरतनाट्यम कलाकार श्री कृष्णभद्रा नम्बूदरी, मणिपुरी नृत्यांगना सुश्री पौशाली चटर्जी तथा शास्त्रीय गायक श्री विनोद मिश्रा को सम्मानित किया।
     
     
     
     
    कोलकाता की पौशाली चटर्जी ने राधा-कृष्ण होली, कृष्ण और सखा के माखनचोरी को मणिपुरी नृत्य के माध्यम से दर्शकों के सामने पेश की। वहीं मुंबई की प्रख्यात भरतनाट्यम कलाकार सुश्री कृष्णभद्रा नम्बूदरी ने दक्षिण भारत के मंदिरों में प्रस्तुत गणेश वंदना को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया।
     
     
     
    कार्यक्रम में सतना से आए विख्यात संगीतकार श्री विनोद मिश्रा ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। इसी तरह डॉ.रघुपतरुनी श्रीकांत के नेतृत्व में गणपति और शिव वंदना, विवाह के अवसर को बहुत ही द्रुत गति से भावभंगिमाओं के साथ कलाकारों ने मंच पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को अपनी ओर लगातार देखने को मजबूर किया। इसी तरह कथक नृत्य के साथ नृत्यांगनाओं ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से मंच पर खुशबू बिखेरी। शिव की उपासना और कृष्ण रास लीला से माहौल भक्तिमय हो गया। नन्हीं कलाकारों ने अपने नृत्य कौशल से दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
     
     
    चक्रधर समारोह के आठवें दिन रायगढ़ के कलाकारों ने मंच पर प्रथम प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरूआत की। सर्वप्रथम सुश्री अनन्ता पाण्डेय और शाश्वती बनर्जी ने कथक नृत्य कर खूब तालियाँ बटोरी। शाश्वती बनर्जी ने शिव की उपासना को अपने नृत्य में प्रस्तुति दी। इसी सुश्री तब्बू परवीन के नेतृत्व में उनकी शिष्याओं ने कथक को कृष्ण रासलीला के रूप में बहुत ही सुंदर रूप में मंचन किया। नन्हीं कलाकारों ने अपनी खूबसूरती से दर्शकों को अपनी ओर बांधे रखा। सभी ने इस रासलीला की प्रशंसा की। इन सभी कलाकारों का अभिनंदन राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह के साथ स्वागत-सम्मान किया।
  • जनजातीय गौरव दिवस पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

    16-Sep-2024

    रायपुर, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू), भिलाई के तत्त्वावधान में शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर में जनजातीय गौरव दिवस के निमित्त एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान को सामने लाना है।

     
    कार्यक्रम का आयोजन रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती (5 अक्टूबर) और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (15 नवंबर) को ध्यान में रखते हुए किया गया, जिसके अंतर्गत पूरे राज्य में 5 अक्टूबर से 15 नवंबर तक 40 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत, उनके सामाजिक मूल्यों और स्वतंत्रता आंदोलनों में महत्त्वपूर्ण भूमिका को समाज के सामने लाया जाएगा।
     
     
    इस कार्यशाला में राज्यभर के विभिन्न इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निकल एवं आईटीआई संस्थानों के समन्वयक एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा थे। मुख्य प्रशिक्षक एवं वक्ता के रूप में बस्तर से आए श्री रामनाथ कश्यप और सामाजिक कार्यकर्ता श्री वैभव सुरंगे ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक पहलुओं पर गहन प्रकाश डाला। कार्यक्रम स्थल पर जनजाति नायकों की सुंदर प्रदर्शनी भी लगाई गई जो विद्यार्थियों व प्राध्यापकों के बीच में आकर्षण का केंद्र रही।
  • उल्लास सम्मेलन : छत्तीसगढ़ी परिधान में प्रतिभागी बने आकर्षण का केन्द्र

    16-Sep-2024

    रायपुर, भोपाल में आयोजित उल्लास के रीजनल कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने हर कार्य में बेहतर प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जहां एक ओर नवाचारी गतिविधियों की बेहतर प्रस्तुति दी गई, जिसमें कठपुतली इत्यादि को संजोकर छत्तीसगढ की प्रदर्शनी लगाई गई। शिक्षार्थी व स्वयंसेवी शिक्षक ने चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर उपाय बताएं वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी छत्तीसगढ़ छाया रहा।

     
    भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती अर्चना शर्मा अवस्थी, एनसीईआरटी नई दिल्ली की एनसीएल प्रभारी प्रोफेसर उषा शर्मा राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण व राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ के डायरेक्टर श्री राजेंद्र कुमार कटारा के कुशल नेतृत्व में दो दिवसीय उल्लास क्षेत्रीय सम्मेलन रीजनल कॉन्फ्रेंस NITTTR भोपाल में आयोजित कियागया। श्री कटारा ने छत्तीसगढ़ में उल्लास कार्यक्रम की प्रगति से संयुक्त सचिव श्रीमती अवस्थी को अवगत कराया। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण में उल्लास कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के द्वारा छत्तीसगढ़ में उल्लास में किए गए कार्यों एवं बेस्ट प्रैक्टिसेस को बताया। प्रस्तुतिकरण में साक्षरता चौक साक्षरता रथ साक्षरता ताली स्थानीय संसाधनों से पढ़ने के नए-नए तरीके के साथ यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम चरण में 10 लाख असाक्षरों को साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया है, उसमें से 75 प्रतिशत नाम उल्लास पोर्टल में दर्ज कर लिया गया है।
     
     
    एससीईआरटी एससीएल प्रकोष्ठ प्रभारी डेकेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया कि उल्लास प्रवेशिका को छत्तीसगढ़ के परिप्रेक्ष्य में स्थानीय संदर्भ लोक संस्कृति, लोक कला को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य के 16 स्थानीय भाषाओं में उल्लास गीत पुस्तक एवं ऑडियो निर्माण किए गए है।
     
    छत्तीसगढ़ तथा अन्य प्रदेशों के सेल्फ टीचिंग लर्निंग मटेरियल स्टॉल लगाए गए थे । छत्तीसगढ़ का स्टॉल आकर्षक रहा ओर सभी अतिथियों ने किए गए कार्यों की सराहना की। छत्तीसगढ़ राज्य के लिए यह क्षेत्रीय सम्मेलन विशेष रहा है रायपुर की जिला परियोजना अधिकारी डॉ कामिनी बावनकर के संयोजन में छत्तीसगढ़ की टीम ने सेल्फ टीचर लर्निंग मटेरियल को तैयार करके मंच पर बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया। जिसकी सभी राज्यों ने प्रशंसा की। संचालक श्री कटारा के आतिथ्य में सांस्कृतिक संध्या के प्रतिभागियों को अंग वस्त्र एवं पौधा भेंट किया गया।
     
    भोपाल की धरती पर छत्तीसगढ़ महतारी का वंदन गीत पर शानदार नृत्य निर्जला धीवर, स्वयंसेवी शिक्षक एवं छत्तीसगढ़ के सरगुजा नृत्य हाय रे सरगुजा नाचे… गीत के नृत्य में, हेम धर साहू एवं ग्रुप ने सभी प्रतिभागियों को झूमने पर मजबूर किया । सांस्कृतिक संध्या मेंठछत्तीसगढ़ के बैगा संस्कृति व वेशभूषा से बीएड कॉलेज के छात्र अध्यापकों ने सभी को प्रभावित किया। छत्तीसगढ़ लोक संस्कृति के परिधान में साक्षरता के लिए किए गए कार्यों से लोग प्रभावित हुए और क्षेत्रीय सम्मेलन में अमिट छाप छोड़ी।
     
     
    छत्तीसगढ़ के स्वयंसेवी शिक्षकों, नव साक्षर, शिक्षार्थी ने साक्षर बनाने में आ रही चुनौतियो को बताते हुएठ उल्लास में किए गए कार्यों की सफलता की कहानी बताई। स्वयंसेवी शिक्षकों की नवाचारी गतिविधियां कठपुतली के माध्यम से ‘‘दीदी ओ दाई ओ पढ़ना लिखना है जरूरी……..’’ जैसे गीतों के साथ स्वयं सेवी शिक्षकों, नव साक्षर, शिक्षार्थी में आत्मविश्वास बना रहा। शिक्षक तस्कीन खान ने बताया कि वह शिक्षार्थियों को कक्षा में जोड़ने के लिए मुस्लिम होने के बावजूद रामचरितमानस सुनाकर रामायण पढ़ने की ललक जगाकर शिक्षार्थियों को पढ़ने की ओर प्रेरित किया।जन जन साक्षर… जय अक्षर का संकल्प लेते हुए छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी उपलब्धियां से दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया। लोगों ने कहा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।
     
    इस अवसर पर राज्य शिक्षा केंद्र के डायरेक्टर श्री हरजिंदर सिंह, शिक्षा मंत्रालय की सलाहकार सुनीता चौहान श्रीमती बानी बोरा, राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के नियंत्रक राकेश दुबे, सिद्धांत ज्योति, किरण खलको निर्जला धीवर, श्रुति तिवारी, शालिनी, प्रतिमा शिक्षार्थी एवं नव साक्षर सुमंती तिग्गा, धनराजी तिग्गा, श्यामापति का विशेष योगदान रहा।
Top