बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • छत्तीसगढ़ में बुवाई का आंकड़ा 100 फीसदी पहुंचा, किसानों के चेहरे पर आई खुशी

    27-Aug-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल खरीफ सीजन के धान की बुवाई सौ प्रतिशत हो गई है। साथ ही राज्यभर में राजस्व विभाग द्वारा फसलों की गिरादवरी का काम शुरू हो गया है। गिरदावरी की प्रक्रिया के दौरान ये जानकारी आ रही है, इस साल धान का रकबा पिछले साल के मुकाबले बढ़ सकता है। वजह ये है कि राज्य में धान की कीमत सबसे अधिक 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल मिल रही है।

     
    यही कारण है कि जिन किसानों ने पिछले साल अपने खेत में धान नहीं बोया था, वे भी इस बार धान लगा चुके हैं। राजस्व विभाग के सूत्रों के मुताबिक, पूरे प्रदेश में पटवारी अपने-अपने हल्का क्षेत्र में फसलों की गिरदावरी के काम में लग गए हैं। ये काम अगस्त से शुरु हुआ है।
     
     
    संभावना है कि राज्य भर में गिरदावरी का काम सितंबर के पूरे महीने में चलेगा। बताया गया है कि पटवारी गिरदावरी का काम मैन्युअल और ऑनलाईन दोनों सिस्टम से कर रहे हैं। किसानों के  खातों में यह दर्ज किया जा रहा है कि उनके पास कुल जमीन में कितने रकबे में धान या अन्य कोई फसल लगाई गई है। राज्य में खरीफ सीजन में सबसे अधिक खेती धान की की जाती है।
     
    बढ़ सकता है धान का रकबा
     
    छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 2712.63 हेक्टेयर रकबे में धान की बुवाई हो चुकी है। पिछले साल 2676.53 हेक्टेयर में धान बोया गया था। यह बुवाई धान की सीधी बोवाई के माध्यम से हुआ है। राज्य में धान का रोपा 1152.46 हेक्टेयर रकबे में लगाया गया है।
     
    इस तरह कुल मिलाकर 3865.09 हेक्टेयर में धान की बुवाई हो चुकी है। यह लक्ष्य का सौ प्रतिशत है। पिछले साल इसी अवधि में 3747.25 हेक्टेयर में धान की बुवाई हुई थी। दूसरी ओर राजस्व विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस साल धान का रकबा बढ़ सकता है। वजह ये है कि राज्य में धान की सबसे अधिक कीमत 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल मिल रही है।
     
    इस हिसाब से प्रति एकड़ धान की कीमत 65 हजार रूपए से अधिक होती है। इधर रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र से मिल रही जानकारी के अनुसार,  जिन किसानों ने पिछले साल अपनी खेतों में धान नहीं लगाया था, वे भी इस साल धान लगाए हैं। ऐसे किसान पटवारियों से मिलकर उन्हें जानकारी दे रहे हैं कि कितने रकबे में धान लगाया है। ये किसान पटवारियों से रिकार्ड में सुधार करवा रहे हैं। दरअसल जो किसान एक साल भी धान नहीं बोते है, उनकी जमीन के रिकार्ड में पड़त जमीन लिख दी जाती है। ऐसे में संबंधित किसानों का धान बेचने के लिए पंजीयन भी नहीं किया जाता है।
  • रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्री की लाश मिलने से मचा हड़कंप....

    27-Aug-2024

    रायपुर,रेलवे स्टेशन में एक यात्री की लाश मिलने से हड़कंप मचा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक यात्री संभवतः ट्रेन से गिरकर पटरियों पर आ गया और उसकी मौत हो गई. हालांकि अभी सुसाइड की पुष्टि नहीं हुई है. आरपीएफ और जीआरपी के स्टॉफ रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 में पहुंच गए है.

     
    सूत्रों के मुताबिक आरपीएफ सीसीटीवी फुटेज निकालने और वहां मौजूद यात्रियों से बयान लेने का प्रयास कर रही है, जिससे स्थिति स्पष्ट होगी. बता दें कि रेलवे अक्सर यात्रियों से चलती गाड़ी में न चढ़ने और न उतरने को लेकर अपील करता रहा है. लेकिन बावजूद इसके यात्री ऐसा करते है, जो उनके लिए जान लेवा साबित होता है.
  • रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन के रौंदने से आधा दर्जन मवेशियों की दर्दनाक मौत

    27-Aug-2024

    रायपुर,रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर आज अज्ञात वाहन के रौंदने से आधा दर्जन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की जांच में जुच गई.

     
    वहीं गौवंश के साथ लगातार हो रही क्रूरता के चलते बजरंग दल और श्रीराम गौसेवा संगठन से जुड़े गौसेवकों ने घटनास्थल पर पहुंचकर भारी आक्रोश जताया जिसके चलते चक्काजाम के हालात बन गए. हालांकि, पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद मृत 5 गायों और 1 बछिया का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया.
     
    बता दें, यह घटना रायपुर के टाटीबंध से बिलासपुर की ओर जाने वाले फोर लेन पर हुई है. इससे पहले तिल्दा के किरना में भी 18 गोवंश को रौंदने की एक बड़ी घटना घट चुकी है. प्रतिदिन क्षेत्र में सड़क पर गोवंश की मौत की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या का कोई स्थायी समाधान अब तक शासन-प्रशासन द्वारा नहीं किया गया है.
  • जहां नक्सलियों का डेरा वहां के 31 युवाओं ने की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात

    25-Aug-2024

    रायपुर। माओवादी आतंक से प्रभावित बीजापुर जिले के पालनार कैम्प के आस-पास के 5 गांव के 31 युवाओं ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नवा रायपुर में मुलाकात की। इनमें से कई युवा पहली बार बीजापुर से निकलकर राजधानी रायपुर आये हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव और विजय शर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित थे। केंद्रीय गृहमंत्री ने इन बच्चों से हाल-चाल पूछा और उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इन बच्चों ने राजधानी रायपुर के भ्रमण के दौरान पुरख़ौती मुक्तागन, महानदी भवन मंत्रालय, मीवान स्टील प्लांट, मैग्नेटो मॉल, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, पुरखौती मुक्तांगन, रेलवे स्टेशन और मैग्नेटो माल का भ्रमण किये। 23 अगस्त की रात से यह युवा रायपुर पहुँचे हैं। युवा कल गंगरेल बांध घूमते हुए वापस बीजापुर लौट जाएँगे। गौरतलब है कि पालनार सुरक्षा कैम्प के आस-पास के इन बच्चों के गांवों में नियद नेल्लानार योजना के तहत सड़क, बिजली पानी राशन, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी सहित सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को दिलाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत सुरक्षा कैम्प के पांच किलोमीटर की परीधि के गांवों में नियद नेल्लानार योजना संचालित की जा रही है। बीजापुर जिले के सुरक्षा कैम्पों के पास के 33 गांवों में नियद नेल्लानार योजना संचालित की जा रही है। बीजापुर जिला प्रशासन की पहल पर पालनार कैम्प के पास के इन गांवों के बच्चों को राजधानी रायपुर में औद्योगिक विकास सहित रोजगार के क्षेत्र में नए नए अवसर एवं विकास की सभी गतिविधियों से परिचित कराया गया है। इससे इन युवाओं में नए उत्साह का संचार दिख रहा है। ये युवा अब रोज़गार मूलक गतिविधियों से जुड़कर अपना नया और सुंदर भविष्य बनाना चाहते हैं। 

  • भांजे ने मामा के बेटे को करवाया गिरफ्तार, फरार हो गया था धोखाधड़ी कर

    25-Aug-2024

    रायगढ़। आज कोतरारोड़ पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के फरार आरोपी मालिक राम पटेल निवासी जोरापाली को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 3 साल से गिरफ्तारी से बचने के लिए लुक छिपा रहा था। आवेदक तोषराम पटेल (उम्र 46 वर्ष) निवासी हीरापुर ने अपने ममरे भाई मालिक राम पटेल (उम्र 38 वर्ष) निवासी जोरापाली, थाना कोतरारोड़ के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की थी। तोषराम ने बताया कि उसने अपनी पैशन प्रो मोटर सायकल (क्रमांक CG13 SA 1971) का बीमा कराने के लिए आरसी बुक की छायाप्रति मालिकराम को दिया था, मालिकराम ने छलपूर्वक तोषराम के बाइक नंबर का उपयोग एक चोरी की मोटर सायकल में नंबर प्लेट लगाकर किया । मालिक राम ने अपने परिचित इन्दर उरांव को अपनी मोटरसाइकिल चलाने दी थी, इसी मोटर सायकल से इन्दर उरांव नामक व्यक्ति ने 01.01.2021 को एक दुर्घटना की, जिसमें तोरण कुमार खडिया की मृत्यु हो गई। एक्सीडेंट मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपित इंदर उरांव पर अपराध पंजीबद्व किया, वाहन स्वामी मालिक राम पटेल ने वाहन के कागजात गुम हो जाना बताया था । कोतरारोड़ पुलिस ने इंदर उरांव और मालिकराम को एक्सीडेंट के अपराध में चालानी कार्यवाही की । शिकायत जांच में पता चला कि मोटर सायकल पर लगी नंबर प्लेट गलत थी और मालिक राम ने धोखाधड़ी कर यह नंबर इस्तेमाल किया। शिकायत जांच में 27 अप्रैल 2022 को कोतरारोड़ थाने में मालिक राम पटेल के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2022 धारा 420, 417, 467, 468, 471, 414 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी : मामला दर्ज होते ही आरोपी मालिकराम पटेल फरार हो गया था। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। बीते दिनों सूचना मिली कि मालिक राम पटेल त्यौहार मनाने गांव आया है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मालिक राम पटेल ने अपराध स्वीकार कर लिया है, और आज शाम उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

  • केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ अभियान का किया शुभारंभ

    25-Aug-2024

    रायपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन नवीन विधानसभा परिसर में ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत रेलवे स्टेशन, स्मार्ट रोड, पार्किंग एवं स्मार्ट स्कूल सहित 204.84 करोड़ रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। एक लाख पौधों का होगा रोपण नवा रायपुर अटल नगर द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान अंतर्गत ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ कार्यक्रम में एक लाख से अधिक स्थानीय प्रजाति के बड़े पेड़ रोपे जाएंगे। वर्तमान में 21,000 से अधिक पीपल के वृक्ष लगाये जा चुके हैं। नवा रायपुर अटल नगर का लक्ष्य है कि शहर में किसी भी स्थान पर खड़े होने पर पीपल का वृक्ष दिखाई दे। पीपल के वृक्ष के संबंध में श्रीमद भगवद्गीता में भी भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि ‘‘वृक्षों में मैं पीपल हूं।’’ पीपल का वृक्ष 100 वर्षों से अधिक एवं 24 घण्टे जीवनदायिनी वायु प्रदान करने वाला वृक्ष है। कार्यक्रम अंतर्गत युवाओं को जोड़ने एवं जन सुविधा हेतु मोबाईल एप के माध्यम से ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान अंतर्गत ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ में वर्चुअल एडॉप्शन की सुविधा का उपयोग कर 2000 से ज्यादा जन सामान्य सहभागी भी बन चुके हैं। रेलवे स्टेशन, स्मार्ट रोड, पार्किंग नवा रायपुर अटल नगर से अन्य शहरों की कनेक्टीविटी के लिए बिछाई गई रेलवे लाईन में शहर के मध्य रेलवे स्टेशन की सुविधा उपलब्ध होगी। यह स्टेशन 75 करोड़ रूपए की लागत से तैयार की गई है। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 4 रेलवे स्टेशन निर्माण का कार्य किया जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर में लगभग 5.3 किलोमीटर में स्मार्ट सडक एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण 35.25 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है। 100 बस के अतिरिक्त 148 कार, टैक्सी और लगभग 250 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा 23.12 करोड़ रूपए की लागत से विकसित की गई है। विश्वस्तरीय स्मार्ट स्कूल राखी गांव में विश्वस्तरीय स्मार्ट शैक्षणिक व्यवस्था की सुविधा एवं वृहद बहुद्देशीय सभागार प्रदान करने के लिए 18 करोड़ रूपए हायर सेकेण्डरी स्कूल तैयार किया गया है। इससे 1200 से ज्यादा बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा का माहौल मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा हेतु 11 करोड़ रूपए की लगात से भवन निर्मित किया गया है। इस स्कूल में 950 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। नवा रायपुर अटल नगर के 11 ग्रामों में 10.35 करोड़ रूपए की लागत से प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों का उन्नयन किया गया है, जिससे लगभग 4300 स्कूली बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। भू-संवर्धन एवं वृक्षारोपण बागवानी कार्य में जल निकायों का विकास के लिए 16 करोड़ रूपए की लागत से मंत्रालय के निकट जल संवर्धन, नालों, तालाबों को पुनर्जीवित करना एवं वृक्षारोपण का कार्य किया गया है। इसके अलावा वर्षा जल की प्राकृतिक धाराओं को विकसित कर भू-जल स्तर को बढाने के लिए 16.12 करोड़ रूपए की लागत से आवश्यक कार्य एवं नये तालाबों का निर्माण तथा वृक्षारोपण कार्य किये गये है। 

  • बंदर को गोली मारी, एयरगन के साथ आरोपी गिरफ्तार

    25-Aug-2024

    कवर्धा। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बंदर की एयरगन की गोली लगने से मौत हो गई। जिला पुलिस ने बंदर के हत्यारे युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक एयरगन से फायर कर बेजुबान जानवर की जान ले ली थी। पुलिस ने आरोपी के घर से तीन एयरगन और 26 छर्रे बरामद किए हैं। दरअसल, कवर्धा जिले के घटना राजानवगांव के केंवट पारा की है, जहां हनुमंत सेवा संस्थान के अध्यक्ष निलेश सोनी को सूचना मिली कि यहां घायल अवस्‍था में एक बंदर पाया गया है। संस्‍था के निलेश ने इसकी जानकारी कवर्धा वन विभाग को दी। घायल बंदर की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्‍थल पर पहुंची टीम ने देखा कि बंदर के मुंह और नाक से खून बह रहा था, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। टीम ने बारीकी से जांच की तो पता चला कि बंदर के गले में एक छेद था। ऐसे में टीम ने एयरगन से बंदर के मारे जाने की आशंका जताई। इसके बाद जब वन विभाग की टीम और पुलिस बल ने इस मामले की गहन जांच की। इलाके के लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान पता चला कि बंदर कौशल सोनी के घर से जमुना यादव की छत पर गिरा था। जब कौशल सोनी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिया, जिससे पुलिस का संदेह बढ़ा। वन विभाग की टीम ने सर्च वारंट जारी कर सोनी के घर की तलाशी ली, तब मामले की सच्‍चाई सामने आई। पुलिस ने कौशल सोनी के घर से तीन एयरगन और 26 छर्रे बरामद किए। इसके बाद जब पुलिस ने कौशल सोनी से सख्‍ती से पूछताछ की तो कौशल के बेटे महेश सोनी ने बंदर को मारने की बात कबूल की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 

  • गिरौदपुरी मेला, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट पर

    25-Aug-2024

    बलौदाबाजार। गिरौदपुरी में आज 25 अगस्त से 27 अगस्त तक के मेला का आयोजन किाया गया है। इस कार्यक्रम में सुरक्षा के लिहाज से बलौदाबाजार पुलिस के 200 जवान तैनात रहेंगे। दरअसल, 25.08.2024 से 27.08.2024 तक गिरौदपुरी में सतनामी समाज गुरु बालक दास का जन्मोत्सव समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। समारोह में काफी संख्या में सतनामी समाज श्रद्धालु पहुंचेंगे। इस दौरान संपूर्ण मेला परिसर में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध एवं समुचित यातायात व्यवस्था हेतु 7 पुलिस राजपत्रित अधिकारियों सहित 200 की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दौरान संपूर्ण मेला परिसर को 4 मुख्य सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मेला स्थल में पहले सेक्टर में मुख्य मंदिर, जैतखाम, एवं इसके आसपास के स्थल शामिल है। दूसरे सेक्टर में गिरौदपुरी पहुंच मेनगेट, अमर गुफा स्थल एवं मेला परिसर के बाहरी एरिया का समावेश किया गया है। तीसरे सेक्टर में छाता पहाड़, पंचकुंडी एरिया को शामिल किया गया है। इन सभी सेक्टर में शांति व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। अंत में चौंथे सेक्टर में सबसे महत्वपूर्ण, संपूर्ण गिरौदपुरी मेला में यातायात, पार्किंग एवं समुचित मार्ग व्यवस्था को शामिल किया गया है। मेला स्थल में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए मेला स्थल के आसपास पार्किंग स्थलों का चयन कर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस की अलग-अलग पेट्रोलिंग पार्टीयों द्वारा संपूर्ण मेला परिसर में लगातार पेट्रोलिंग कर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित की जावेगी। 

  • नाली में मिली लाश, CCTV कैमरे की मदद से जांच शुरू

    25-Aug-2024

    जगदलपुर। जगदलपुर में रविवार की सुबह नाली में एक युवक का शव मिला है। हालांकि मृत युवक की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। युवक की मौत किस वजह से हुई है ये अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर में भंगाराम चौक के पास स्थित घोड़ापैगा इलाके में सुबह लोगों ने सड़क के किनारे स्थित नाली में शव देखा। जिसके बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर जवान पहुंचे। जिसके बाद नाली से शव को निकाला गया। युवक का नाम क्या है, वह कहां का रहने वाला है इस बात की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस युवक के बारे में पता लगाने में जुट गई है। जिस जगह में युवक का शव मिला है उसके आस-पास फोर्स का कैंप है। साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि मौत का कारण अज्ञात है। हालांकि, हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

  • बांस और लकड़ी से बना डाले पुल, शासन से मांग करते-करते थक गए थे ग्रामीण

    25-Aug-2024

    कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम परवी से खड़का के बीच मंघर्रा नाला से लगे 2 और नाले हैं. क्षेत्र के आधा दर्जन गांव के लोग पिछले 15 वर्षों से इस नाले पर पुल बनाने की मांग करते आ रहे हैं, पर न तो भाजपा, न ही कांग्रेस सरकार ने इनकी सुनी. थकहार कर क्षेत्र के तीन गांव खड़का, भुरका और जलहुर के ग्रामीणों ने आवागमन के लिए दो दिन में स्थानीय संसाधन से कच्ची पुल बना दिया. ग्रामीण बताते हैं कि भाजपा के शासन काल मे तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पुल बनाने का आश्वासन दिया था. 15 वर्ष शासन चला पुल नहीं बना. सरकार बदली कांगेस की सरकार बनी इसमें मुख्यमंत्री रहे भूपेश बघेल ने भानबेड़ा में जून 2023 में भेंट मुलाकात में तीन पुल बनाने के लिए 1 करोड़ 57 लाख की घोषणा की थी, लेकिन परिणाम शिफर ही रहा. एक बार फिर सरकार बदल गई, लेकिन ग्रामीणों की समस्या फिर भी बरकरार रही. ग्रामीण गोकुल नेताम ने बताया बच्चे बाढ़ के कारण स्कूल नहीं जा पाते, मरीज को अस्पताल नहीं ले जा पाते. यहां तक चावल-नमक ले जाने में भी समस्या होती है. 

  • कांग्रेसियों के जेल भरो आंदोलन के दौरान हुआ हंगामा

    25-Aug-2024

    रायगढ़। रायगढ़ में आज सैकड़ो कांग्रेसी जेल भरो आंदोलन में शामिल हुए। जिला कांग्रेस कमेटी से युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओ ने रैली निकालकर स्टेशन चौक, एमजी रोड से कन्या कॉलेज होते हुए हंडी चौक पहुंचे। जहां पुलिस के द्वारा बैरिकेट्स लगा कर उन्हे वहीं रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी को पुलिस रामलीला मैदान ले गई, जिसे अस्थाई जेल बनाया गया था। यहां करीब 180 से अधिक कांग्रेसियों ने गिरफ्तारी दी। इसमें पूर्व विधायक प्रकाश नायक के साथ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश पांडे, रायगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जयसवाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आरिफ हुसैन सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी शामिल थे। पुलिस द्वारा हंडी चौक पर सभी प्रदर्शनकारियों को रोक लिया गया था। ऐसे में युवा कांग्रेसी बैरिकेट्स को पार करने की भी कोशिश करने लगे, पर दूसरी ओर से पुलिस ने जोर लगाया और उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। 

  • पावर कंपनी में उत्कृष्ट कार्य के लिए 6 कर्मचारी हुए पुरस्कृत

    25-Aug-2024

    रायपुर। विषम परिस्थितियों में असाधारण कार्य करने वाले छह कर्मियों को छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया। पारेषण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने पदक और प्रशस्ति पत्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि पारेषण कंपनी की यह अच्छी परंपरा है, इससे दूसरे कर्मी भी प्रेरित होते हैं। हमें बेहतर स्थिति से और बेहतर कार्यशैली विकसित करने के लिए निरतंर प्रयास करते रहना चाहिए। इससे कंपनी की कार्यप्रणाली उत्कृष्ट होती है। सेवाभवन में आयोजित समारोह में प्रबंध निदेशक के साथ कार्यपालक निदेशकगण एमएस चौहान, कार्यपालक निदेशक भार प्रेषण केएस मनोठिया, कार्यपालक निदेशक (मा.सं.) अशोक कुमार वर्मा, कार्यपालक निदेशक एस एंड पी आरसी अग्रवाल, मुख्य अभियंता उपकेंद्र रायपुर जी. आनंद राव, मुख्य अभियंता लाइन एके अंबस्ट, अतिरिक्त मुख्य अभियंता विनोद अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्र ने किया। भिलाई ईएचटी संधारण संभाग के बृजेश कुमार परिचारक श्रेणी 01 (लाइन) को औद्योगिक पार्क हथखोज में 132 केवी अतिउच्चदाब लाइन के ब्रेकडाउन को विषम परिस्थितियों में जोखिम लेते हुए पुनः सुचारू रूप से चालू करने के लिए पुरस्कृत किया गया। बसंत टोप्पो, अति, प्रभारी सहायक अभियंता, टीएलएम संभाग अंबिकापुर को सीमित संसाधनों और स्टाफ की कमी के बावजूद खराब मौसम व बारिश तूफान बीच एक ही दिन में 220 केवी और 132 केवी की लाइनों में आए चार ब्रेकडाऊन को कुछ ही घंटों में सुधारने का कार्य कराने के लिए सम्मानित किया गया। राकेश मोहन मरावी, कनिष्ठ अभियंता 400 केवी सबस्टेशन कुरूद धमतरी को 400 केवी सब स्टेशन में 315 एमवीए व 220 केवी के बी फेज रिकंडिशनिंग कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करवाकर ऊर्जीकृत करने का उल्लेखनीय कार्य किया। इनकी कार्य के प्रति सेवा और समपर्ण को देखते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया गया। श्री टी. सिन्हाचलम परिचारक श्रेणी 02 लाइन कार्यालय कार्यपालन अभियंता कर्मशाला संभाग भिलाई को टावर और स्ट्रक्चर के निर्माण में महत्वपूर्ण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने बैंडिंग के लिए कर्मशाला संभाग में बंद पड़ी पुरानी हस्तचलित बैंडिंग मशीन की जगह कंपनी व्दारा स्वीकृत ड्राइंग के आधार पर नई बैंडिंग मशीन का निर्माण किया। इस नई हस्तचलित बैंडिंग मशीन से टावर की न केवल बैंडिंग सही तरीके से हो रही है, बल्कि पुरानी मशीन की जो समस्याएं थीं, उन्हें भी उन्नत कर लिया गया है। फिरसिंह पैकरा, लाइन सहायक श्रेणी-02, 220 केवी सब स्टेशन उरला को सर्किट ब्रेकर के मैकेनिज्म को करने की विशेषज्ञता के लिए सम्मानित किया गया। वे सब स्टेशन में गेंट्री आदि ऊंचाई में विशेष दक्षता व क्षमता से कार्य करने के लिए जाने जाते हैं। इस विशेष क्षमता के कारण 220 केवी क्षमता के सब स्टेशन उरला के अलावा अन्य सब स्टेशन में भी आपकी सेवाएं ली जाती हैं। उन्होंने उरला, सितलरा, कचना सहित अनेक लाइन व फीडरों में आई समस्याओं को दूर करने में अपना असाधारण योगदान दिया है। टिकेंद्रमणी कर्ष, परिचारक श्रेणी-एक, 132 केवी सबस्टेशन कोरबा को 132 केवी सबस्टेशन कोरबा पूर्व में 33 केवी के मानिकपुर फीडर में भेल मेक के दो पोल क्षतिग्रस्त होने पर सूझबूझ के साथ आपने इसे दुरूस्त करने के लिए पुरस्कृति किया गया। उन्होंने 33 केवी वीसीबी का सुधार कार्य में सैम मैक के पोल की अनुपलब्धता की स्थिति में भिन्न भिन्न मैक के पोल का इस्तेमाल कर पूर्ण यूनिट बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया। 

  • पक्षियों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्रवाई, कैद में रखने और खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध

    24-Aug-2024

    महासमुंद। तोते और अन्य संरक्षित पक्षियों को कैद में रखने, उनकी खरीदी-बिक्री या घर में पालन करने के खिलाफ सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 में संशोधन करते हुए मई 2022 में पक्षियों की कैद, खरीद-फरोख्त और पालन पर सख्त कदम उठाए हैं। इस अधिनियम के तहत किसी भी पक्षी, विशेष रूप से तोते और अन्य अनुसूचित पक्षियों को कैद में रखना एक दंडनीय अपराध माना गया है। अपराधियों के लिए तीन वर्ष तक की कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।

     
    सभी नागरिकों को सूचित किया गया है कि जिनके पास कोई भी संरक्षित पक्षी या वन्यजीव है, वे उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों को सौंपें। इस कार्य के लिए श्री अब्दुल वहीद खान उप वनमण्डलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं, जिनका मोबाइल नंबर 98266-30266 है।
     
    इसके अलावा, पक्षियों को निकटतम सरकारी चिड़ियाघर में भी सौंपा जा सकता है। स्वस्थ पक्षियों को, जिन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सकता है, तुरंत छोड़ने की सलाह दी गई है। पक्षियों और वन्यजीवों की खरीद-फरोख्त या घरेलू पालन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी को इस संबंध में जानकारी है, तो वह टोल फ्री नंबर 1800-233-7000 पर सूचित कर सकते हैं।
  • देवेंद्र यादव को कोर्ट का संरक्षण, गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक का आदेश

    24-Aug-2024

    बिलासपुर. भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को बिलासपुर के सीजेएम मनीष कुमार दुबे की कोर्ट ने जमानत दे दी है. बता दें कि 10 साल पहले उन्होंने बिलासपुर के अटल बिहारी यूनिवर्सिटी में छात्रों के मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ घेराव किया था. इस दौरान उन पर बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया था. कोर्ट ने देवेंद्र यादव को प्रोडक्शन वारंट पर राहत दी है.

     
    बता दें कि बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने 10 साल पहले धारा 147, 427 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया था. इस मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, अमितेश राय, प्रकाशमणि वैष्णव, रंजीत सिंह, सोहेल खालिक समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया था. इस मामले में स्थाई वारंट पर भी जवाब देने के लिए वे कोर्ट नहीं पहुंच रहे थे. फ़िलहाल कोर्ट ने उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर राहत दी है.
  • गृह मंत्री अमित शाह ने चंपारण धाम में महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के मुख्य प्राकट्य स्थल के दर्शन किए

    24-Aug-2024

    रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को छत्तीसगढ़ के पवित्र धाम चंपारण पहुंचे और महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के मुख्य प्राकट्य बैठक स्थल के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने चम्पेश्वर महादेव की पूजा अर्चना भी की।

    छत्तीसगढ़ में महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के जन्मस्थल में देशभर से पुष्टिमार्ग के अनुयायी जुटते हैं। बनारस दक्षिण प्रवास के दौरान वल्लभाचार्य जी की माता को प्रसव पीड़ा हुई और चंपारण में चम्पेश्वर महादेव मंदिर के निकट उन्होंने बालक को जन्म दिया। वल्लभाचार्य जी ने पुष्टि मार्ग का प्रवर्तन किया और देशभर में कृष्ण भक्ति की अलख जगाई।
    चंपारण धाम में देश भर से श्रद्धालु जुटते हैं।
    श्री शाह ने यहां पूजा अर्चना की और देशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। उल्लेखनीय है कि चंपारण में पहले चंपा के फूलों के जंगल भी थे। यह चंपा के फूल भगवान चम्पेश्वर महादेव को अर्पित किए जाते थे। भारत में हमेशा से उत्तर से दक्षिण भारत की ओर तथा दक्षिण भारत से उत्तर की ओर तीर्थ यात्रा की परंपरा रही है और यह तीर्थ यात्रा महानदी के बहुत से तीर्थ स्थलों के निकट से गुजरती है। चंपारण की कहानी अपने आप में भारत की विशिष्ट सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती है। उसके साथ ही यह महाप्रभु वल्लभाचार्य एवं भक्ति आंदोलन के आचार्यों की सुंदर परंपरा को भी दर्शाती है जिन्होंने सनातन परंपरा के मूल्यों को संजोया और कृष्ण भक्ति की अलख जगाई।
    चौरासी वैष्णवी की वार्ता तथा वल्लभ दिग्विजय जैसे ग्रंथों में महाप्रभु के बचपन और उनकी सुंदर स्मृतियां दर्ज हैं।
    चंपारण राजिम के निकट है राजिम में भगवान श्री राजीव लोचन विराजित हैं। यह पद्म क्षेत्र कहा जाता है। इस पद्म क्षेत्र के चारों ओर पंचकोसी परिक्रमा होती है। इस पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालु हिस्सा लेते हुए चम्पेश्वर महादेव में जल अर्पित करते हैं।
  • छत्तीसगढ़ की पारंपरिक त्योहार बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया

    24-Aug-2024

     राजनांदगांव। कॉन्फ्लुएंस कॉलेज की बेस्ट प्रैक्टिस सेल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक त्योहार जो छत्तीसगढ़ के किसानों का एक विशेष स्थान होता है को बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया कार्यक्रम अधिकारी प्रो विजय मानिकपुरी ने कहा कि किसी भी त्यौहार का असली सार उसे मानने वालों के बीच आनंद और समृद्धि फैलाना है। आज महाविद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा कृषक समुदाय और कृषि यंत्रों के महत्व को बताते हुए गेड़ी चढक़र पूजन करके आयोजन में उत्साह बढ़ायाद्य  महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रथम त्यौहार हरेली है। हरेली के दिन घरों में विशेष व्यंजन चीला बनाकर औजारों में चढ़ाकर इसकी पूजा किया जाता है,आज महाविद्यालय में भी औजारों की पूजा किया गया। 

    बेस्ट प्रैक्टिस सेल प्रभारी प्रो. प्रीति इंदौरकर ने उपस्थित सभी को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दी और बताया कि जिस प्रकार हरियाली हमारे जीवन में सुख समृद्धि लाता है वैसे ही हरेली हमारे मन में हरियाली लाता है इस प्रकार से बड़े ही हर्षोल्लास के साथ यह त्यौहार मनाया गया द्य आयोजन में सभी विद्यार्थी और प्राध्यापक  हरेली के प्रतीक हरे रंग के वस्त्र में आयोजन में सम्मिलित हुए। 
  • अमित शाह की नक्सल प्रभावित राज्यों को सख्त संदेश, समन्वित प्रयास से होगा खात्मा

    24-Aug-2024

    रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नक्सल प्रभावित राज्यों की अंतर राज्यीय समन्वय समिति की बैठक प्रारंभ।

    बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित हैं।
    बैठक में छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश,आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित हैं।
  • माओवादी उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली, 5-5 लाख के इनामी नक्सली दंपत्ति ने किया आत्मसमर्पण…

    24-Aug-2024

    धमतरी :- माओवादी उन्मूलन अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 5-5 लाख के इनामी नक्सली दंपत्ति ने सरेंडर किया है. ये दोनों नक्सली लंबे समय से हिंसक गतिविधियों में शामिल थे. नक्सली दंपत्ति ने माओवादियों की क्रूर विचारधारा और जीवनशैली से तंग आकर छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ कर आत्मसमर्पण किया. दो इनामी नक्सली नगरी एरिया कमेटी/गोबरा एलोएस के सदस्य टिकेश और सीता नदी एरिया कमेटी/एसीएम सदस्य प्रमिला ने आत्मसमर्पण किया है. दोनों माओवादी हत्या, हत्या का प्रयास, मुठभेड़ आईईडी लगाने समेत कई घटनाओं में शामिल रहे हैं. दोनों ने छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास और आत्मसर्पण नीति से प्रभावित होकर धमतरी पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक के समक्ष दोनों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया.

     
    टिकेश उर्फ टिकेश्वर वट्टी (38 वर्ष) एकावारी गांव निवासी नगरी एरिया कमेटी/गोबरा एलओएस का सदस्य रहा है और उसके खिलाफ 32 गंभीर अपराध दर्ज हैं. धमतरी, गरियाबंद और कांकेर जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, मुठभेड़, और आईईडी लगाने जैसी घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है. वह 2009 में सीतानदी एरिया कमेटी में शामिल हुआ और 2010 में गोबरा एलओएस का सदस्य बन गया. टिकेश ने कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है, जिनमें पुलिस-नक्सली मुठभेड़, एसटीएफ टीम पर हमले, और ग्रामीणों की हत्या जैसी वारदातें शामिल हैं.
     
    प्रमिला उर्फ गणेशी नेताम (32 वर्ष) गोना गांव निवासी सीता नदी एरिया कमेटी की एसीएम सदस्य थी और उसके खिलाफ 14 मामले दर्ज हैं. उसने 2009 में संघम सदस्य के रूप में माओवादी संगठन में प्रवेश किया था. प्रमिला ने भी कई हिंसक घटनाओं में भाग लिया है, जिनमें पुलिस-नक्सली मुठभेड़, सड़कों पर अवरोध उत्पन्न करना, और मुखबिर के शक में ग्रामीणों की हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं.
  • स्टेशन से स्पीड पकड़ रही थी ट्रेन, चढ़ने की कोशिश कर रही महिला गिरी, RPF जवान समेत दो अन्य ने बचाई जान…

    24-Aug-2024

    रायपुर :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के गोंदिया रेलवे स्टेशन से आज भी एक महिला यात्री के ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय गिर गई, हालांकि महिला के गिरने का आभास आरपीएफ के जवान को पहले ही हो गया था और महिला के गिरने से पहले ही स्टॉफ ने दौड़ लगा दी थी और ठीक समय पर महिला यात्री की जान जवान ने बचा ली. बता दें कि एक दिन पहले भी गोंदिया रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के गिरने का वीडियो सामने आया था, जिसमें महिला आरपीएफ जवान समेत दो अन्य स्टॉफ ने बचाया था.

     
    जानकारी के मुताबिक 24 अगस्त को गोंदिया रेलवे स्टेशन में गाड़ी संख्या 18240 शिवनाथ एक्सप्रेस प्लेटफार्म क्रमांक-4 पर रात के 1.57 बजे आई तथा 02.00 बजे जैसे ही रवाना हुई. एक महिला यात्री सीमा, उम्र 45 वर्ष गाड़ी के कोच नंबर B-5 मे गोंदिया से दुर्ग स्टेशन तक जाने हेतू चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी और फिसलकर ट्रेन के साथ घिसटने लगी. वह महिला यात्री प्लेटफार्म व चलती ट्रेन के मध्य गैप में जाने ही वाली थी और गाड़ी की चपेट में आकर अनापेक्षित घटना का शिकार होने वाली थी परंतु प्लेटफॉर्म डयूटी में तैनात आरपीएफ पोस्ट गोंदिया के आरक्षक अमित कुमार द्वारा दौड़कर महिला को बचा लिया.
  • CG बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने बारिश के आंकड़े जारी किए

    24-Aug-2024

    रायपुर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 866.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 24 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1788.1 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 480.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 881.0 मिमी, बलरामपुर में 1236.3 मिमी, जशपुर में 705.8 मिमी, कोरिया में 895.5 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 879.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। इसी प्रकार, रायपुर जिले में 736.5 मिमी, बलौदाबाजार में 916.2 मिमी, गरियाबंद में 831.7 मिमी, महासमुंद में 663.4 मिमी, धमतरी में 776.0 मिमी, बिलासपुर में 802.2 मिमी, मुंगेली में 896.1 मिमी, रायगढ़ में 813.3 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 506.7 मिमी, जांजगीर-चांपा में 943.6 मिमी, सक्ती 801.5 मिमी, कोरबा में 1152.4 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 874.9 मिमी, दुर्ग में 531.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 684.2 मिमी, राजनांदगांव में 856.8 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 961.3 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 611.2 मिमी, बालोद में 895.3 मिमी, बेमेतरा में 478.3 मिमी, बस्तर में 904.8 मिमी, कोण्डागांव में 834.0 मिमी, कांकेर में 1056.9 मिमी, नारायणपुर में 976.2 मिमी, दंतेवाड़ा में 1063.8 मिमी और सुकमा जिले में 1142.5 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।

Top