बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • हरेली तिहार मनाने सज गया मुख्यमंत्री निवास

    03-Aug-2024

    रायपुर, हरेली तिहार की तैयारियों के लिए सजा मुख्यमंत्री निवास एक छोटे से गांव के रूप में नजर आ रहा है जहां हर तरफ हरेली की धूम है। मुख्यमंत्री निवास एक ग्रामीण मड़ई मेला की तरह सुंदर साजसज्जा में नजर आ रहा है। रहचुली झूला, गेड़ी और सुंदर बैलगाड़ियों से पूरा परिसर हरेली की रौनक से दमक रहा है।

     
    कल मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय हरेली के अवसर पर परंपरागत तरीके से पूजा करेंगे। हरेली के मौके पर पशुधन की पूजा की जाती है। खेती किसानी की शुरूआत में मनाया जाने वाला यह पर्व धरती के प्रति हमारी कृतज्ञता को व्यक्त करता है और इस भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री पूजा के पश्चात किसान भाइयों को आधुनिक कृषि उपकरणों का वितरण भी करेंगे।
     
    समय बदलता है लेकिन छत्तीसगढ़ अपनी परंपराएं नहीं छोड़ता। हवाई झूलों के दौर में भी रहचुली झूला की परंपरा छत्तीसगढ़ के लोग याद रखते हैं जो उन्हें अपने ग्रामीण अंचल और पुरखों से जोड़ती है। हरेली के पावन अवसर पर रहचुली झूले पर चढ़ते हैं और याद करते हैं कि मनोरंजन के माध्यम बदले हैं मनोरंजन नहीं बदला है। इस अवसर पर अतिथिगण रहचुली के उत्साह को फिर से याद करेंगे। गेड़ी के उत्साह को याद करेंगे। सीसी रोड से पहले के दिनों में जब ग्रामीण सड़कें मानसून की उफान में कीचड़ में तब्दील हो जाती थीं तब गेड़ी सबसे सुरक्षित जरिया होता था ताकि कीचड़ से बच सकें। साथ ही हरेली के मौके पर बारंबार गेड़ी चढ़कर सावन मास के उत्साह को जाहिर किया जाता था।
     
    हरेली के मौके पर बैल भी सजते हैं और बैलगाड़ी भी सजती है। अपने पशुधन के सम्मान के लिए, उनकी पूजा के लिए यह बड़ा पर्व होता है। खेती किसानी की तैयारियों के बीच धरती माता के अभिवादन का यह त्योहार है और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपने परिवार सहित परंपरागत तरीके से हरेली की पूजा करेंगे।
     
    हरेली के मौके पर ग्रामीण खेल भी यादगार होते हैं। गेड़ी दौड़ जैसी कई प्रतिस्पर्धाएं होती हैं। परंपरागत छत्तीसगढ़ी खेलों का जादू इस दिन उफान पर होता है। मुख्यमंत्री निवास में भी इसकी पूरी तैयारी की गई है। पिट्ठूल, भौरा जैसे खेल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। साथ ही परंपरागत छत्तीसगढ़ी पकवान चीला, खुरमी, ठेठरी, अइरसा आदि का भी  आनंद लेंगे।
    इस मौके पर सबसे खास लोक संस्कृति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन है। राऊत नाचा, करमा नृत्य आदि छत्तीसगढ़ के परंपरागत नृत्यों का आयोजन होगा। इस अवसर पर विविध लोकगीतों की प्रस्तुति भी होगी।
     
    छत्तीसगढ़ में हरेली हर जगह अपनी विशिष्ट सुंदरता और विशिष्ट रूपों तथा तरीकों से मनाई जाती है। प्रदेश का हर अंचल अपनी सांस्कृतिक सुंदरता के साथ अपने को व्यक्त करता है। हरेली के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में इनकी भी प्रस्तुति होगी।
     
    हरेली त्योहार प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का त्योहार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान देश की जनता से किया है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हरेली के दिन एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया है ताकि अपनी जननी और जन्मभूमि दोनों के प्रति प्रदेश के सभी नागरिक अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर सकें।
  • सातवें वेतनमान के अंतिम किश्त के एरियर्स भुगतान नहीं होने पर 6 अगस्त 2024 को दोपहर 1.30 बजे के बाद वि वि के कर्मचारियो का कुलसचिव कार्यालय के कारिडोर में धरना

    03-Aug-2024

    सातवें वेतनमान के एरियर्स के अंतिम किस्त का भुगतान के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग  ने दिनांक 11.06.2024 को आदेश जारी कर दिया है शासन के उक्त पत्र के परिपेक्ष में कर्मचारी संघ ने दिनांक 12.6. 24 एवं 10.7.24 को दो दो बार   कुलसचिव और वित्त-नियंत्रक  जी को एरियर्स के संबंध में पत्र देकर भुगतान के लिए निवेदन कर चुका है। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील नामदेव और सचिव संदीप ने बताया कि अपने सभी पदाधिकारीओ के साथ कुलसचीव से मिलकर एरियर्स  भुगतान के सम्बन्ध में चर्चा किये उक्त चर्चा में कुलसचिव ने  एरियर्स भुगतान दिनांक 02.08.2024 तक भुगतान किये  जाने का आश्वासन दिया था उक्त  आश्वाशन के बाद भी आज पर्यंत तक एरियर्स का  भुगतान  नहीं किये जाने से कर्मचारियो में आक्रोश ब्यापत  है। 

    इस संबंध में 31 जुलाई 2024  को हुई आमसभा मे सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि 5 अगस्त तक यदि एरियर्स की राशि का भुगतान कर्मचारियो के खाते में नही आता है तो  06 अगस्त 2024 मंगलवार को  भोजनावकाश 1.30 बजे से  सभी कर्मचारीगण एरियर्स  की राशि  खाते में आते तक सभी नियमित तृतीय/चतुर्थ वर्ग  के  कर्मचारियो ने धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
    उक्त निर्णय का पूर्ण स्वागत करते हुए  सभी सेवानिवृत कर्मचारीयों ने भी पूर्ण समर्थन देते हुए सभी सेवानिवृत कर्मचारियो के भी लंबित सातवे वेतनमान के अंतिम किश्त का एरियर्स और सातवे वेतनमान के आधार पर अर्जित अवकाश नगदीकरण के लंबित एरियर्स का भुगतान नियमित कर्मचारियो के साथ साथ एक ही देयक में बना कर भुगतान किये जाने की मांग को लेकर सभी सेवा निवृत कर्मचारियो ने भी अपना समर्थन देते हुए  दिनाक 06.08.2024 प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर वि वि प्रशासन के खिलाफ  नारेबाजी कर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे उसके बाद  कुलसचिव कार्यालय के कॉरिडोर में एरियर्स भुगतान होने तक धरना पर बैठेंगे,,,,। 
     
  • रेलवे ने जारी किया टेंडर… आय में होगी 1 करोड़ की वृद्धि

    03-Aug-2024

    रायपुर. मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा पार्सल में वृद्धि एवं छोटे व्यापारियों को अधिकाधिक माल ढुलाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मंडल से चलने वाली 10 ट्रेनों के 20 पार्सल बोगी (एसएलआर) को लीज में देने की व्यवस्था की गई थी. उक्त पार्सल बोगियों के लीज आबंटन की प्रक्रिया ई-निविदा के माध्यम से 31 जुलाई 2024 को पूरी हुई.

     
      इस ई-निविदा में अधिकाधिक लोगों ने भाग लिया. इस  ई-निविदा में मंडल से चलने वाली 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस, 18247 बिलासपुर रीवा एक्सप्रेस, 20845 बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस, 12252 कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस, 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस, 17481 बिलासपुर-तिरुपति एक्सप्रेस एवं 18239 कोरबा-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस सहित 07 गाड़ियों के 07 पार्सल बोगी (एसएलआर) के लीज का आबंटन किया गया. जिससे रेलवे के पार्सल राजस्व आय में प्रतिवर्ष  लगभग 01 करोड़ रुपए की वृद्धि होगी.
     
     इस आबंटन से लीज धारकों को तेज, विश्वसनीय, सुरक्षित और सस्ते तरीके से अपने माल एवं सामानों का परिवहन करने की सुविधा मिलेगी. वे गाड़ी के प्रारम्भिक स्टेशन के साथ-साथ यात्रा मार्ग के सभी पार्सल आधारित स्टेशनों में पार्सल लोडिंग/अनलोडिंग कर अपनी व्यापारिक गतिविधियां संचालित कर लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही वे अन्य व्यापारियों अथवा लोकल उत्पादकों से उनके स्थानीय प्रोडक्ट को कलेक्ट कर भोपाल, इंदौर, इतवारी, रीवा, बीकानेर, यशवंतपुर, तिरुपति जैसे बड़े व्यापारिक शहरों में भेज पाएंगे जिससे वोकल फॉर लोकल को भी बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी साथ ही उनकी आय भी बढ़ेगी.
  • उद्धव ठाकरे ने गृह मंत्री अमित शाह पर किया तीखा हमला ....

    03-Aug-2024

     आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आज पुणे में एक रैली में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता उद्धव ठाकरे ने गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला किया. उद्धव ठाकरे ने कहा कि वो अहमद शाह अब्दाली के राजनीतिक वंशज हैं. पुणे में उन्होंने कहा कि आज से मैं अमित शाह को अब्दाली ही बोलूंगा. अगर आप मुझे नकली संतान बोलोगे तो मैं तुम्हे अब्दाली बोलूंगा.

     
    उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, “नीतीश कुमार, चंद्र बाबू नायडू हिंदुत्व वादी व्यक्ति हैं क्या? अमित शाह बताएं उनका हिंदुत्व कैसा है? अब्दाली का वंशज पुणे में आकर बोल के गया. अमित शाह को संघ का हिंदुत्व मान्य है क्या? बीजेपी ने सत्ता जिहाद शुरू किया है. सत्ता जिहाद का मतलब सरकार बनाने के लिए इंसान चुराया जाता है, उसे सत्ता जिहाद कहते हैं. छत्रपति शिवाजी महाराज ने हमे दूसरों का घर जलना नहीं सिखाया है. शंकराचार्य ने कहा था कि विश्वासघात करने वाले हिन्दू नहीं. तुमने विश्वासघात किया है.”
     
    देवेंद्र फडणवीस को भी लिया निशाने पर
     
    महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर प्रहार करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, “मैं किसी बग को चुनौती नहीं देता आपके पास इसके लिए क्षमता नहीं है. या तो आप रहेंगे, या मैं रहूंगा. कुछ लोगों को लगा कि मैं उन्हें चुनौती दे रहा हूं. मैं किसी बग को चुनौती नहीं देता. मैं एक सुसंस्कृत महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता हूं, जबकि आप महाराष्ट्र और पार्टी को लूटने वालों का प्रतिनिधित्व करते हैं. बग को चुनौती नहीं दी जानी चाहिए उन्हें अंगूठे से कुचल दिया जाना चाहिए.”
     
    उद्धव ठाकरे ने फडणवीस के दावों को खारिज करते हुए अपना तीखा हमला जारी रखा. उन्होंने कहा, “आपने कहा कि मेरे साथ खिलवाड़ मत करो. आपके पास इतनी क्षमता नहीं है कि हम आपके साथ खिलवाड़ कर सकें.” ठाकरे ने कहा, “जो लोग विनाश करते हैं, वे सत्ता में नहीं रह सकते. इसलिए मैं कहता हूं कि या तो आप रहेंगे या मैं रहूंगा.”
  • रेलवे ने कराई क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा उपलब्ध,टिकट काउंटर जाने पर कैश की चिंता खत्म

    03-Aug-2024

    रायपुर. रेलवे ने यात्रियों के लिए एक अच्छी सुविधा का ऐलान किया है. जिसके बाद उन्हें टिकट काउंटर जाने पर कैश की चिंता खत्म हो जाएगी. हालांकि कार्ड से पेमेंट की सुविधा पहले भी उपलब्ध थी, लेकिन अब रेलवे ने क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा उपलब्ध करा दी है.

     
     इसके तहत आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों से यात्रा टिकट खरीदने वाले यात्रियों को कम समय में आसानी से यात्रा टिकट उपलब्ध कराने एवं चिल्हर की समस्या से निजात दिलाने तथा डिजिटल भुगतान की सुविधा को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 500 क्यूआर कोड डिवाइस उपलब्ध कराये गए है. इस प्रकार ये क्यूआर कोड डिवाइस बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत 205 टिकट काउंटरों, रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत 95 टिकट काउंटरों तथा नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत 200 टिकट काउंटरों में लगाए जाएंगे.
     
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इन सभी आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों में सितंबर’ 2024 तक ये सभी क्यूआर कोड डिवाइस लगा दिये जाएंगे और यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगी.
     
     हालांकि वर्तमान में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुछ स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों में क्यूआर कोड की सुविधा डीडीआईएस में दिया गया है.  क्यूआर कोड, यूपीआई, एटीवीएम व यूटीएस ऑन मोबाइल एप जैसी सभी सुविधाएं रेल यात्रियों को बिना लंबी लाइन लगे त्वरित यात्रा टिकट दिलाने के साथ ही साथ आसान डिजिटल भुगतान सुविधा सहित चेंज/ खुल्ले पैसे आदि की दिक्कतों से भी राहत दिलाने के लिए शुरू की गई है.
  • कोरबा : दारू-मुर्गा पार्टी दे रही महिला गिरफ्तार…

    03-Aug-2024

    कोरबा :- महिला चोरनी की गिरफ्तारी हुई है। दरअसल पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नेहा वर्मा के निर्देशन एवं अनुविभागीय पुलिस अधीकारी पंकज ठाकुर तथा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के मार्गदर्शन मे पुलिस सहायता केन्द्र जटगा प्रभारी धानंजय सिंह नेटी द्वारा प्रार्थी राजेन्द्र यादव निवासी हाथीदर जटगा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 303/2024 धारा 331(4),305(2) बी0एन0एस0 कायम कर अज्ञात चोर व चोरी गयी मशरूका नगदी व सोने चांदी के जेवरात का पता तलाश दौरान जरिये मुखबीर से सूचना मिली की गांव की राम बाई बहुत सारा पैसे रखकर गांव मे घुस रही है।

     
    तथा लोगों को दारू मुर्गा खिला रही है। संदेह है कि राजेन्द्र यादव के घर मे राम बाई चोरी की होगी कि सूचना पर हमराह स्टाफ आरक्षक 691,698, महिला आरक्षक 544 को साथ लेकर संदेही आरोपीया का पता तलाश किया जो हाथीदर जटगा में मिली जिसे पुछताछ किया गया जो 28.07.2024 को रात्रि 01:30 बजे लगभग घटना स्थल राजेन्द्र यादव के घर पर अपने पुत्र बबलू उर्फ शिव नारायण और अपचारी पुत्र के साथ मिलकर दिवाल को सब्बल से तोडकर नगदी रकम 70000रू व सोने चांदी के जेवरात की चोरी करना स्वीकार की।
     
     
    आरोपी से पूछताछ दौरान कुल 24002रुपए, 1 नग चाँदी का लाकेट घटना में प्रयुक्त सब्बल और टॉर्च जप्त किया गया। आरोपीया श्रीमती राम बाई पति स्व0 आशन सिंह उर्रे उम्र 54 वर्ष एवं अपचारी बालक दोनो साकिनान कटोरीपारा जटगा के खिलाफ अपराध सबुत पाये जाने से उनके किशोर बेटे को भी गिरफ्तार किया गया। प्रकरण मे एक आरोपी बबलू उर्फ शिव नारायण फरार है जिसकी पता तलाश जारी है विवेचना जारी है।
  • कुछ घंट के लिए गंगरेल बांध के खोले गए 14 गेट, 86 प्रतिशत जलभराव…

    03-Aug-2024

    धमतरी :- छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश से गंगरेल बांध में अब 86% जलभराव हो गया है। जानकारी के मुताबिक 32.150 टीएमसी क्षमता है जिसमें अब तक 27.905 टीएमसी पानी भरा है। मॉक ड्रील के लिए ये गेट खोले गए थे। जिसके बाद बंद किया गया।

     
    बता दें कि पिछले 13 दिनों से बारिश का दौर जारी है। जिससे प्रदेश के कई नदी नाले उफान पर है। राजधानी रायपुर समेत कई हिस्सों में रुक रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग आए दिन बारिश को लेकर कई जिलों के ​लिए चेतावनी जारी कर रही है।
  • ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 1 युवक की मौत, 2 घायल…

    03-Aug-2024

    भिलाई :- खुर्सीपार गेट भिलाई में सिग्नल पर बीती रात बाइक सवार तीन लोग सामने जा रहे ट्रेलर से टकरा गए. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर घटना की जांच शुरू कर दी है. खुर्सीपार थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लोकेश चंदेल(23 साल) निवासी जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है. लोकेश रायपुर के दलदल सिवनी में हमाली का काम करता था. वो अपने दो दोस्तों के साथ किसी काम से दुर्ग आया था. यहां से तीनों एक ही बाइक से भिलाई से रायपुर की तरह जा रहे थे. बाइक को लोकेश का दोस्त चला रहा था और लोकेश पीछे बैठा था. तीनों ने शराब पी हुई थी. नशे की हालत में बाइक काफी तेज चला रहे थे. उनके आगे आगे बड़ा ट्रेलर जा रहा था.

     
    रात 9.30 बजे के करीब जैसे ही खुर्सीपार गेट के पास सिग्नल में रेड लाइट जली, इससे ट्रेलर चालक ने ब्रेक लगाकर गाड़ी को खड़ा किया. पीछे से आ रहे बाइक चालक कंट्रोल नहीं कर पाया और बाइक सीधे ट्रेलर के पीछे टकरा गई. लोकेश के सिर में गहरी चोट आने से वो वहीं बेहोश हो गया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही लोकेश की मौत हो गई. वहीं दो साथी घायल है, जिसका इलाज चलरहा. खुर्सीपार पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
  • बारिश में भीग रही महिला के पास छाता लेकर पहुंच गए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष…

    03-Aug-2024

    रायपुर :- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सहृदयता का परिचय दिया। bjp छत्तीसगढ़ ने x पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, यह हैं भाजपा के संस्कार!

     
    “नारी माता अस्ति नारी कन्या अस्ति नारी भगिनी अस्ति “
    नारी ही माँ है, नारी ही पुत्री है, नारी ही बहन है, नारी ही सब कुछ है।
    भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष@KiranDeoBJPजी ने जिस तरह एक साधारण सी महिला को छाता ओढ़ाकर जिस सहृदयता का परिचय दिया वह वंदनीय है, यह अपने आप में अद्भुत दृश्य है। अकल्पनीय, अद्भुत और अत्यंत भावुक दृश्य।
  • अंडरब्रिज में भरा नालियों का गंदा पानी…

    03-Aug-2024

     रायपुर :- प्रदेश की राजधानी में लगातार हो रही अच्छी बारिश के चलते कई इलाके जल मग्न हो गए हैं. शुक्रवार देर रात शरु हुई बारिश लगातार दूसरे दिन भी जारी है. ऐसे में रायपुर के कई इलाकों में पानी भर गया है. जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रायुपर के गुढ़ियारी में रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे दो फीट से ऊपर पानी भर गया है. जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है.

     
    वहीं प्रोफेसर कॉलोनी सहित शहर के की इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है. बरसात के कारण नालियों का पानी सड़कों पर आ गया है. स्थानीय लोग गंदे पानी से भरे सड़क से होकर गुजरने के लिए मजबूर हो गए है. मौसम विभाग ने शनिवार को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में इन इलाकों में जलभराव की स्थिती बने रहने से लोगों की समस्याएं भी बढ़ सकती है. गंदे पानी के बीच से होकर गुजरने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है.
  • विष्णु देव साय ने बताया: योग संत-समाज की संकल्प यात्रा विश्व शांति के लिए गेम चेंजर

    02-Aug-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विहंगम योग संत-समाज द्वारा आयोजित स्वर्वेद कथा में शामिल हुए। उन्होंने संत प्रवर विज्ञानदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके पावन सानिध्य में जय स्वर्वेद कथामृत का श्रवण किया। इस अवसर पर कोंडागांव विधायक लता उसेंडी भी उपस्थित थीं।

     
    गौरतलब है कि विहंगम योग संत समाज द्वारा स्थापना के शताब्दी समारोह के पावन अवसर के निमित्त कन्याकुमारी से कश्मीर तक की राष्ट्रव्यापी संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में जय स्वर्वेद कथा आयोजित की गई थी।
     
     
    मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि यह परम सौभाग्य की बात है कि माता कौशल्या की धरती और भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में हमें संत प्रवर विज्ञान देव के पावन सानिध्य का सुअवसर मिला है। उन्होंने कहा कि पूज्य संतों का  आशीर्वाद सदैव प्रदेश पर बना रहे और लोगों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए। उन्होंने कहा कि संत विहंगम योग संत समाज की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा कर रहे हैं। संत विज्ञान देव ने 15 दिवस में छत्तीसगढ़ के 13 जिलों की यात्राएं की। साय ने कहा कि विश्व शांति एवं कल्याण के लिए यह यात्रा निश्चित ही लाभदायी होगा। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण के लिए विहंगम योग संत समाज के प्रयासों की प्रशंसा की।
     
    विधायक श्रीमती लता उसेंडी ने कहा कि विहंगम योग संत समाज के पूज्य संतों का आशीर्वाद हमेशा से छत्तीसगढ़ को मिलता रहा है इनके पावन प्रवास की हम सभी प्रतीक्षा कर रहे थे। छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलों में समाज के पूज्य संतों ने आध्यात्मिक अलख जगाने के लिए अनेक प्रयास किए हैं।
     
    विहंगम योग संत समाज के संत प्रवर विज्ञान देव ने राष्ट्रव्यापी संकल्प यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई यह यात्रा कश्मीर तक अपने पावन संकल्पों के साथ पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इसी पड़ाव में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस संकल्प यात्रा को गति देने का कार्य किया गया है।
     
     
    इस मौके पर विहंगम योग संत समाज के पदाधिकारी सहित समाज के अनुयायी मौजूद रहे।
  • DPS रिसाली भिलाई में यौन शोषण का मामला: परिजनों का गुस्सा फूटा, पुलिस ने शुरू की जांच

    02-Aug-2024

    भिलाई। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई के रिसाली स्थिति दिल्ली पब्लिक स्कूल इन दिनों चर्चा में है, दिल्ली पब्लिक स्कूल में पैरेंट्स ने जमकर हंगामा किया आरोप है कि स्कूल में एक गर्ल स्टूडेंट का यौन शोषण हुआ, कार्रवाई करने की जगह प्रबंधन ने बच्ची को स्कूल से निकाल दिया वहीं स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने ऐसी घटना से ही इनकार किया है, मामला रिसाली स्थित स्कूल की ब्रांच का है.

     
    जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में पैरेंट्स नारेबाजी करते हुए शुक्रवार को स्कूल पहुंच गए पैरेंट्स स्कूल परिसर में पहुंचे तो प्रबंधन ने गेट बंद करा दिया इसके बाद हंगामा शुरू हो गया, पैरेंट्स ने ‘वी वांट जस्टिस’ का नारा लगाना शुरू कर दिया यह देख स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को बुला लिया इसके बाद मौके पर ASP सुखनंदन राठौर के साथ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है.
     
    पैरेंट्स बोले- यौन शोषण हुआ चुप नहीं बैठेंगे
     
    पैरेंट्स का आरोप है कि स्कूल में बच्ची से यौन छेड़छाड़ की गई घटना 5 जुलाई की है बच्ची के परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए और जांच कराई, तो मेडिकल में पुष्टि हुई है, परिजनों के पास मेडिकल रिपोर्ट भी है, परिजनों ने शिकायत की, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबा दिया पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप पैरेंट्स लगा रहे हैं, उनकी मांग है कि मामले की जांच SDM स्तर के अधिकारी से कराई जाए अगर स्कूल में ही बच्चे सुरक्षित नहीं रहेंगे तो पढ़ने के लिए कैसे भेजेंगे छोटी बच्ची का सवाल है, लेकिन स्कूल प्रबंधन उनकी बात नहीं सुन रहा है.
     
    ASP बोले- यौन शोषण नहीं हुआ
     
    मामला बढ़ता देख पुलिस और पैरेंट्स के बीच स्कूल परिसर में ही मीटिंग हुई, इस दौरान ASP राठौर ने कहा कि, पुलिस ने मामले की जांच की है, हमने डॉक्टर से भी पूछताछ की और मेडिकल रिपोर्ट देखी बच्ची का यौन शोषण नहीं हुआ है, डॉक्टरों ने भी इस बात का खंडन किया है.
     
    इसके बाद पैरेंट्स फिर भड़क गए उन्होंने कहा कि आप लिखित में यह बात दीजिए जांच रिपोर्ट कहां हैं? पैरंट्स ने ASP पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया इस पर ASP ने कहा कि, आप 5-7 लोगों की कमेटी बना लीजिए, उनसे बात करेंगे, पैरेंट्स ने कहा कि, सबके सामने बात होगी इसके बाद पैरेंट्स वहीं जमीन पर बैठ गए.
     
     
    बच्ची के परिवारजनों के साथ अन्य अविभावकों को चाहिए कि वे इस मामले की शिकायत सीएम विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम, गृह मंत्री विजय शर्मा से करे साथ ही इसकी लिखित में और ट्विटर के जरिये पीएमओ और केंद्रीय गृह मंत्री को भी करे.
     
    जिस महिला डॉक्टर ने रेप की पुष्टि की थी उसके रिपोर्ट को भी संलग्न करे। यह बहुत ही संगीन घटना घटित हुई है वो भे देश के जाने माने स्कूल में। नन्ही बच्ची को न्याय मिलना चाहिए जिसके लिए पुलिस भी न्याय दिलाने हेतु प्रतिबद्ध है.
     
    पुलिस को बिना किसी दवाब के जीरो टॉलरेंस पर कार्यवाही करना चाहिए, जिस आया को स्कूल से निकाल दिया है तो स्कूल प्रबंधन बताए कि क्यों निकाला गया साथ ही वो आया भी गवाह दे, वो चपरासी/भृत्य कहाँ गया जिस पर आरोप है ? DPS रिसाली, भिलाई बताए कि चपरासी/भृत्य पर क्या कार्यवाही किया गया और यदि किया गया तो क्यों किया गया.
     
    इस दौरान स्कूल में अभिभावकों ने प्राचार्य प्रशांत वशिष्ठ से बातचीत पर अड़े रहे काफी इंतजार के बाद सैकड़ों की संख्या में एकत्रित पेरेंट्स के सामने प्राचार्य प्रशांत वशिष्ठ आए पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में स्कूल प्रबंधन और पेरेंट्स दोनों ही पक्षों के बीच चर्चा हो रही है.
     
    वहीं दूसरी ओर पैरेंट्स का आरोप है कि घटना वाले दिन आया बच्ची को लेकर वॉशरूम गई थी। वहां उसे छोड़कर किसी काम से चली गई। इसी बीच स्कूल के ही किसी कर्मचारी ने बच्ची का यौन शोषण किया। बच्ची काफी डरी हुई थी जब घर पहुंची तो माता-पिता उसे डॉक्टर के पास ले गए.
     
     
    घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की थी। उन्हें स्कूल प्रबंधन ने FIR दर्ज कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं उस आया को भी काम से निकाल दिया गया। पुलिस के साथ मिलकर प्रबंधन मामले को दबा रहा है.
     
    प्राचार्य ने कहा कि, परिजनों के आरोप लगाने पर हमने उन्हें बुलाकर CCTV फुटेज दिखाया है। बच्ची ने फुटेज में आया को नहीं पहचाना। उन्होंने बताया कि, खेल के दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। इस पर उसे वॉशरूम ले गए और मुंह धुलाकर क्लास में छोड़ दिया। उसके बाद बच्ची पूरे समय क्लास में रही और छुट्‌टी होने के बाद टीचर के साथ बस से घर चली गई।
  • केंद्रीय बजट में छुपा है विकसित भारत का सपना – ओपी चौधरी

    02-Aug-2024

    रायपुर। वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मंत्री ओ. पी. चौधरी ने अपने कोरबा प्रवास के दौरान प्रेस क्लब कोरबा में केंद्र सरकार के आम बजट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरबा जिला उनके प्रशासनिक जीवन की नर्सरी रही है। यहां उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत की है। यहां आना उनके लिए हमेशा यादगार रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट अमृतकाल के विजन का नींव है। यह बजट विकसित भारत की संकल्प यात्रा का दिशा-निर्देशक बजट है, जो समृद्ध और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह बजट देश की आर्थिक उन्नति को बढ़ावा देगा एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में सहायक होगा।

     
    वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि अमृत काल के विजन पर फाउंडेशन रखने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री के लांग टर्म विजनरी सोच के साथ बजट लाया गया है। जिससे 2047 तक  भारत  विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।  पिछले 10 वर्षाे में देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें नंबर से 5वें स्थान पर आ गई है। आने वाले 5 साल में भारत की अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
     
     
    मंत्री चौधरी ने बताया कि केंद्रीय बजट में विकास का मुख्य बिंदु GYAN है। यह बजट गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी शक्ति को समर्पित है। वित्त मंत्री ने कहा, “बजट में गरीब कल्याण, किसान का उत्थान, मातृशक्ति का सम्मान और नौजवानों की मुस्कान समाहित है। बजट में मातृशक्ति का दर्शन, राम राज्य का विजन, विकसित भारत का संकल्प एवं आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य समाहित है। देश के इन वर्गों को विकसित बनाने से ही राष्ट्र का विकास होगा। इस के अतिरिक्त बजट में शिक्षा, रोजगार, कौशल, एमएसएमई, मध्यम वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है। वैज्ञानिक शोध और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अलग प्रावधान रखा गया है।
     
    मंत्री चौधरी बजट में ईपीएफओ के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि औपचारिक क्षेत्रों में पहली बार काम करने वाले कर्मचारियों को लक्षित करती है, जिसके तहत उन्हें ईपीएफओ पंजीकरण के माध्यम से तीन किस्तों में वितरित प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के रूप में एक महीने का वेतन प्रदान किया जाता है। इसके तहत 15 हजार रुपये प्रति माह तक लाभ हो सकता है, जिसमें 1 लाख रुपये प्रति माह तक के वेतन पर पात्रता निर्धारित की गई है। इस पहल से लगभग 210 लाख युवाओं को लाभ मिलने का अनुमान है उन्होंने कहा कि रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन देकर विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को रोजगार के शुरुआती चार वर्षों के दौरान उनके ईपीएफओ अंशदान से सीधे संबंधित निर्दिष्ट प्रोत्साहन प्राप्त होंगे। अतिरिक्त रोजगार अवसरों को प्रोत्साहित करके सभी क्षेत्रों में नियोक्ताओं का समर्थन करना है। सरकार प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी की नियुक्ति के लिए नियोक्ताओं को उनके ईपीएफओ अंशदान के लिए दो साल तक 3,000 रुपये प्रति माह तक की प्रतिपूर्ति करेगी।
     
     
    मंत्री चौधरी ने कहा कि बजट में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल निर्माण किया जाएगा एवं शिशु गृह का निर्माण किया जाएगा। हब एंड स्कोप मॉडल के आधार पर राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय स्तर पर उद्योग की आवश्यकता के अनुसार 1000 आईटीआई का उन्नयन किया जाएगा। बजट में देश के 1 करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप का प्रावधान रखा गया है। 500 बड़े चिन्हाकित उद्योग में प्रशिक्षण दिया जाएगा और युवाओं को 5000 इंटर्नशिप भत्ता भी प्रदान किया जाएगा। कौशल विकास को बढ़ावा देते हुए बजट में युवाओं के लिए साढ़े 7 लाख तक ऋण का प्रावधान एवं उच्च शिक्षा में 10 लाख तक लोन का प्रावधान है। साथ ही 3 प्रतिशत तक ब्याज में सब्सिडी प्रदान किया जाएगा। बजट में आवास के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा 10 साल में 4 करोड़ आवास बनाने का काम किया गया है एवं आने वाले 5 साल में देश मे 3 करोड़ नए आवास बनने का काम किया जाएगा इससे पिछड़े परिवारों को छत मिलेगा एवं  अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रो में प्रधानमंत्री आवास शहरी के तहत 10 लाख करोड़ रुपए निवेश कर 1 करोड़ शहरी आवास बनने का लक्ष्य रखा गया है। बजट में शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए विशेष प्रावधान है।
     
    आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार-
    वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि बजट में छोटे व्यापारियों एमएसएमई को प्रगति का नया रास्ता मिलेगा, बजट में मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर वृहद स्तर पर ध्यान रखा गया है। इससे आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। देश में 100 औद्योगिक पार्क स्थापित किये जायेंगे। क्रिटिकल मिनिरल मिशन की शुरुवात की जाएगी। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना शुरुआत की गई है।
     
     
    पूंजीगत व्यय अर्थव्यवस्था की रीढ़ होती है-
    अधोसरंचना पर व्यय आधारभूत सरंचना होती है। बजट में 11 लाख 11 हजार 111 करोड़ आधार बहुत सरंचना पर खर्च करने का प्रावधान है। साथ ही नवाचार अनुसंधान एवं विकास हेतु 1 लाख करोड़ का प्रावधान है। आयकर स्लैब में भी बदलाव किया गया है। जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि बजट में किसान, मध्यम वर्ग, महिला से लेकर सभी वर्गों के लिए जो रूपरेखा रखी है, वह भारतीय अर्थव्यवस्था को सही रास्ते और उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बजट एलोकेशन लगातर बढ़ता जा रहा है। 2047 तक विकसित भारत बनने हेतु रोडमैप तैयार कर कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार राज्य में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन की सरकार द्वारा विकसित छत्तीसगढ़ बनाने हेतु सतत कार्य किया जा रहा है। राज्य की जीडीपी को आने वाले 5 सालों में दौगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। जिससे छत्तीसगढ़ विकास की एक नई ऊंचाई पर पहुँचेगा।
  • बिहान समूह की दीदियां हल्दी की खेती की ओर बढ़ रही आगे

    02-Aug-2024

    रायपुर, हल्दी का उपयोग धार्मिक कार्याें के अलावा मसाला, रंग सामग्री, औषधि तथा उबटन के रूप में किया जाता रहा है। औषधि एवं घरेलू उपयोग के साथ ही हल्दी में कैंसर रोधी गुण भी पाये जाते हैं। इस क्रम में दंतेवाड़ा जिले के विकासखण्ड कुआकोंडा के 5 ग्रामों को हल्दी की पैदावार के लिए चयन किया गया है। बिहान समूह की महिलाएं हल्दी की खेती कर आगे बढ़ती जा रही हैं।

     
    हल्दी शुभ कार्य के साथ खाने के लिए भी बेहतर उपयोग किया जाता है। हल्दी (टर्मरिक) एक भारतीय वनस्पति है यह अदरक की प्रजाति का 5 से 6 फिट बढने वाला पौधा है जिसमें जड़ की गाठो में हल्दी मिलती है। हल्दी को आयुर्वेद में एक महत्वपूर्ण औषधि मानी गयी है। इसके अलावा भारतीय रसोई में इसका महत्वपूर्ण स्थान है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी भारतीय समाज में इसको बहुत शुभ समझा जाता है विवाह में तो हल्दीे की रस्म का एक विशेष महत्व है।
     
     
    राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ’’बिहान’’ के तहत स्थानीय स्व सहायता समूह की दीदियों को हल्दी उत्पादन के लिए खेती की ओर आगे बढ़ रही है। समूह की महिलाएं ग्राम रेंगानार, गढ़मिरी, कुआकोण्डा, हल्बारास, मैलावाड़ा, गोगपाल के इच्छुक 50 महिलाओं को उद्यानिकी विभाग से 20 क्विंटल हल्दी बीज प्रदाय की गई है और समूह की दीदियों ने 40-40 किलो अपनी बाड़ी में हल्दी गाठों का रोपण किया है। इस प्रकार हल्दी उत्पादन इस वर्ष होने पर अगले वर्ष इस हल्दी को मां दन्तेश्वरी महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कुआकोण्डा के द्वारा खरीदी भी की जायेगी। खरीदी कर इस हल्दी का समूह के द्वारा प्रसंस्करण कर दुकान तथा थोक किराना दुकानों में सप्लाई करने की योजना है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्दी की खेती के लिए अच्छा वातावरण है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ’’बिहान’’ द्वारा हल्दी की खेती को महिलाओं की आर्थिक समृद्धि एवं आजीविका से जोड़ते हुए पहल की जा रही हैं।
  • 40 गांवों के स्कूलों में फ्लोराइड रिमूवल प्लांट बंद, 2 हजार बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा…

    02-Aug-2024

    गरियाबंद :- जिले के 40 गांवों के स्कूलों में 6 करोड़ के लागत से लगे फ्लोराइड रिमूवल प्लांट स्थापित होने के कुछ माह बाद बंद हो गए. जिससे बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है. प्रभावित गांवों से हर साल 100 से ज्यादा स्कूली छात्र डेंटल फ्लोरोसिस के मरीज बन रहे. वर्तमान में इनकी संख्या 2 हजार से ज्यादा हो गई है लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं हैवर्ष 2016 में ही पता चल गया था कि देवभोग ब्लॉक के 40 गांव में मौजूद स्कूलों में तय मानक से कई गुना ज्यादा फ्लोराइड मात्रा युक्त पेय जल की सप्लाई हो रही है. प्रशासन ने कार्य योजना बना कर सभी प्रभावित स्कूलों में फ्लोराइड रिमूवल प्लांट लगाने का निर्णय लिया. प्रति प्लांट 14.50 लाख रुपये का बजट भी तय हुआ.

     
    सितंबर 2021 में रायपुर के कंपनी मेसर्स आशीष बागड़ी के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने कार्य का अनुबंध किया. जारी टेंडर के मुताबिक प्रत्येक काम को ठेका कंपनी ने 6 प्रतिशत एवव में करने का करार कर लिया. तब कार्य की लागत बढ़ कर 15.37 लाख हो गई. ठेका कंपनी ने तय तीन माह के बजाए काम को अक्टूबर 2022 तक पूरा कर के दिया. लेकिन प्लांट लगने के कुछ माह बाद एक-एक करके पूरे 40 प्लांट बंद हो गए. फरवरी 2023 की स्थिति में ब्लॉक में सभी 40 फ्लोराइड रिमूवल प्लांट बंद हो चुके थे ,और छात्रों को पहले की तरह हाई फ्लोराइड युक्त पानी मजबूरी में पीना पड़ा.मामले में जब धौराकोट, मगररोड़ा, गाड़ाघाट,कांडपारा, पीठापारा के प्रधान पाठकों से बात करने पर बताया कि बंद होने के बाद चालू कराने ठेकेदार के मुनीम से लेकर पीएचई विभाग के इंजिनियर को तक सूचित किए पर कोई सुध लेने नहीं आया.
     
     
    मगररोड़ा प्राथमिक मिडिल स्कूल की सप्लाई वाले प्लांट में ताला लटका था,अंदर कांटे भर दिए गए थे. धौराकोट,गाड़ाघाट, कुसकोना, डूमरपीठा, चीचिया,माहुलकोट,मूंगीया के प्लांट से पम्प और अंदरूनी समान कंपनी के लोग निकाल ले गए. कांडपारा, नांगलदेही, पुरनापानी, धूपकोट जैसे 10 से ज्यादा स्कूलों के सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त मिले.
     
     
     
    साल भर पहले पीएचई विभाग ने प्रभावित गांव के 51सोर्स की जांच किया था.स्कूल सप्लाई सोर्स के अलावा इन गांव के सभी सोर्स के सेंपल लिया गया.साधारण पानी में फ्लोराइड की मात्रा 1 पीपीएम से 1.5 पीपीएम होना चाहिए.लेकिन जांच में प्रभावित गांव में अधिकतम 3 पीपीएम से 8.92 पीपिम की मात्रा पेय जल में पाई गई. रिपोर्ट के बाद इन सोर्स को ना तो बंद कराया गया न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई.
     
    पड़ताल में पता चला की हेवी फ्लोराइड वाले ग्राम नांगलदेही, पीठापारा, दरलीपारा, गोहरापदर,झाखरपारा , घूमगुड़ा,धुपकोट,मोखागुड़ा, निष्टिगुड़ा, सुकलीभाठ, मूरगुडा, खम्हारगुड़ा, माहुकोट, पूरनापानी, बरबहली, बाड़ी गांव, कर्चिया, धौराकोट, मूड़ागाव, मगररोडा जैसे प्रत्येक गांव में 50 से 60 बच्चे डेंटल फ्लोरोसीस से ग्रसित मिले. सभी की उम्र6 से 10 साल की है. जानकारी के मुताबिक ब्लॉक भर में इनकी संख्या 2 हजार से ज्यादा है.
     
     
    मामले में देवभोग अस्पताल में पदस्थ डेंटिस्ट डॉक्टर सनी यादव ने कहा कि फ्लोराइड की मात्रा ज्यादा होने से डेंटल फ्लोरोसीस होता है. दांत में पिला पन इसकी पहचान है. ये ला इलाज रोग है,इसका लक्षण 6 से 10साल के उम्र के बच्चो के दांत में दिखता है. मात्रा समय रहते कम नहीं ही किया गया तो फ्लोराइड हड्डियों को प्रभावित करता है. आगे चल कर किडनी रोग, बदन में अकड़न, बुखार जैसे लक्षण दिखाई देता है. बड़ों के हड्डियों में झुकाव, कमर बैंड होना जैसे लक्षण भी फ्लोराइड अधिकता के दुष्प्रभाव के लक्षण में शामिल है. पीएचई विभाग के एसडीओ सुरेश वर्मा ने कहा कि वर्तमान के ईई इस प्लांट को लेकर गंभीर हैं. उन्हें जैसे पता चला, उन्होंने प्लांट मेंटेनेंस लिए कार्य योजना बनाकर बजट पास कराया है. अब टेंडर लगाए जा चुके हैं. जल्द ही सभी प्लांट के मेंटेनेंस कार्य शुरू कर दिए जाएंगे.
  • आप भी सावन में घर बैठे करें पं. प्रदीप मिश्रा के साथ ‘जलाभिषेक’, ये पूजन सामग्री रखें तैयार......

    02-Aug-2024

    आज सावन माह की शिवरात्रि है. जिसे लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखने मिल रहा है. शिवालय में भक्तों का तांता लगा हुआ है. ऐसे में सीहोर धाम वाले पंडित प्रदीप मिश्रा ने सावन शिवरात्रि पर धाम में उमड़ने वाली भीड़ के कारण लाइव रुद्राभिषेक करने निर्णय लिया है. जिससे श्रद्धालु घर बैठे ही भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर सकते हैं.

     
    पंडित मिश्रा के द्वारा बताई गई सामग्री को लेने के लिए आज सुबह से ही बाजारों में भीड़ देखी जा रही है. पंडित प्रदीप मिश्रा ऑनलाइन पूजा के माध्यम से सावन शिवरात्रि पर भगवान शिव का महारूद्राभिषेक कराने जा रहे हैं.
     
     
    पूजा सामग्री की लिस्ट जारी की है
     
    शिवमहापुराण कथा करने वाले सीहोर के कुबेरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा सावन महीने की शिवरात्रि आज 2 अगस्त को ऑनलाइन भगवान शिव का महारूद्राभिषेक करेंगे. पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा है कि सभी भक्त घर बैठे ऑनलाइन तरीके से देखकर अपने घर पर ही भगवान शिव का महारूद्राभिषेक करें. इस महारूद्राभिषेक में जो पूजन सामग्री लगने वाली है उसकी एक लिस्ट भी पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताई है. ऑनलाइन महारूद्राभिषेक का सीधा प्रसारण आस्था चैनल, यूट्यूब और फेसबुक पर शाम 7 बजे से शुरू होगा.
     
    ये पूजन सामग्री की होगी आवश्यकता
     
    अगर आप भी आज पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ शिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ का महारूद्राभिषेक करना चाहते हैं तो आपको पहले से कुछ पूजन सामग्री पास रखनी होगी. जो कि पूजन के दौरान लगने वाली है. आपको बताते हैं कि कौन कौन सी पूजन सामग्री आपको पहले से तैयार रखनी है.
     
    पूजन सामग्री- मिट्टी का पार्थिव शिवलिंग, एक लोटा जल, दूध, दही, शहद, घी, गंगाजल, शक्कर, इत्र, 3 गोल सुपारी, रोली और कलावा, अबीर, गुलाल, पीला चंदन, कपूर, गेहूं के 21 दाने, 5 कमल गट्टे, चावल के 108 दाने, 21 काली मिर्च, 1 चुटकी काला तिल, 1 धतूरा, 7 बेलपत्र, 7 शमी पत्र, 7 लाल फूल, 7 पुष्प सादे, 2 दीपक घी के (एक जलाकर रखने के लिए और एक आरती के समय), 2 जनेऊ (एक गणेश जी और एक भगवान शिवजी के लिए), लौंग, इलायची, पान के पत्ते, 5 फल, मिठाई, धूपबत्ती आदि.
     
    शिवरात्रि पर पूजन का मुहूर्त
     
    सावन शिवरात्रि पर पूजन के लिए 2 अगस्त को  निशिता काल समय रात 12:06 से 12:49 बजे तक रहेगा. रात्रि प्रथम प्रहर पूजा समय शाम 7:11 से रात 9:49 बजे तक रहेगा. रात्रि द्वितीय प्रहर पूजा समय रात 9:49 से देर रात 12:27 बजे तक रहेगा. रात्रि तृतीय प्रहर पूजा समय 2 अगस्त की देर रात 12:27 से 3:06 बजे तक रहेगा. वहीं रात्रि चतुर्थ प्रहर पूजा समय 3 अगस्त की सुबह 3:06 से सुबह 5:44 बजे तक रहेगा.
  • प्रदेश में नवीन औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने पर जोर: उद्योग मंत्री श्री देवांगन

    02-Aug-2024

    रायपुर/ वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने सीएसआईडीसी की बैठक में कहा है कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति 01 नवम्बर 2024 से लागू होगी। नई औद्योगिक नीति के आधार पर यहां निवेश करने का एक बड़ा आकर्षण होगा, जो न केवल राज्य के विकास को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद करेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगा। इससे प्रदेश में बेहतर औद्योगिक वातावरण का निर्माण होगा और प्रदेश के निवासियों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खनिज संसाधनों से भरपूर छत्तीसगढ़ में उद्योग धंधे स्थापित करने की भरपूर संभावनाएं हैं।

     
    छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के संचालक मण्डल की 152वीं बैठक वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सह अध्यक्ष सीएसआईडीसी श्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में उद्योग भवन में संपन्न हुई। बैठक में सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग श्री अंकित आनंद, संचालक नगर तथा ग्राम निवेश श्री सौरभ कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री पी. अरूण प्रसाद, वित्त विभाग के उप सचिव श्रीमती पूजा शुक्ला मिश्रा उपस्थित थे।  बैठक में निम्नानुसार महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
     
    नवा रायपुर, अटल नगर सेक्टर-22 में मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप 141.84 एकड़ में फार्मास्युटिकल पार्क की स्थापना किये जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। पार्क की स्थापना से नवीन निवेश के साथ - साथ स्थानीय रोजगार को बढावा मिलेगा। जिला जांजगीर-चांपा के ग्राम गतवा, बिर्रा एवं सिलादेही में निगम के आधिपत्य की 881.60 एकड भूमि पर आदर्श औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। जिला जांजगीर-चांपा के ग्राम भागोडीह, ग्राम मुक्ताराजा, ग्राम सरहर एवं ग्राम रिस्दा में निगम के आधिपत्य की भूमि में 245.29 एकड़ में आदर्श औद्योगिक क्षेत्र एवं 111.02 एकड में टैक्सटाईल पार्क की स्थापना हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। जिला-राजनांदगांव के ग्राम बिजेतला की 421.9 एकड़ भूमि में नवीन आदर्श औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। भारत सरकार की एमएसई-सीडीपी  योजनांतर्गत छत्तीसगढ राज्य में सीएसआईडीसी के अधीनस्थ स्थापित 13 औद्योगिक क्षेत्रों के उन्नयन कार्यों हेतु परियोजना प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।
     
    राज्य के समस्त एच.ओ.डी एवं अन्य कार्यालयो का संचालन अटल नगर, नवा रायपुर में किया जाना प्रारंभ हो गया है। इस अनुक्रम में सीएसआईडीसी के नवा रायपुर स्थित भूमि पर उद्योग भवन का निर्माण किये जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। उपरोक्त निर्णय छत्तीसगढ़ राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ाने, फलस्वरूप औद्योगिकीकरण को बढ़ाने तथा नवीन निवेश आकर्षित करने एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा प्रदान किये जाने की दिशा में बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है जो कि विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार किये जाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
  • अस्पताल की बड़ी लापरवाही, 15 घंटे बाद भी नहीं हो पाया पोस्टमार्टम

    02-Aug-2024

    कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है. एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन ने 15 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को मेमो नहीं भेजा है. जिसकी वजह से मृतक दीपक यादव के शव का पोस्टमार्टम अब तक नहीं हो पाया है. मृतक के परिजन पीएम कराने के लिए दर-दर भटक रहे हैं.

     
    जानकारी के अनुसार वैशाली नगर निवासी दीपक यादव एसईसीएल कर्मी गुरुवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था. यह हादसा दर्री प्रगति नगर स्थित मोड़ पर हुआ था, जब दो बाइक की टक्कर हुई. एक्सीडेंट के बाद सभी घायलों को कोरबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया.
     
    मृतक दीपक के परिजनों ने बताया कि वे रात 10 बजे से ही कई डॉक्टरों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक मेमो नहीं भेजा गया है. ऐसे में मृतक के शव का पीएम नहीं हो पाया है.
     
    मामले में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि अस्पताल के द्वारा 12 घंटे बाद मेमो भेजा गया था, लेकिन उसमें गलत जानकारी होने के कारण उसे वापस कर दिया गया. वहीं डॉक्टर से पूछे जाने पर उनके द्वारा पुलिस के साथ अभद्रता की गई.
  • हाथी का उत्पात जारी: 12 घरों में नुकसान, एक ग्रामीण की जान गई”

    02-Aug-2024

    जशपुर। जशपुर जिले में हाथियों ने एक ग्रामीण को कुचल-कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि अचानक हाथी गांव में घुस गए, जिनसे अपने परिवार बचाने के लिए सुरक्षित जगह लेकर जा रहा था, तभी हाथियों ने हमला कर दिया। पूरा मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर के डूमरडांड का है।

     
    मिली जानकारी के मुताबिक बीती आधी रात हाथियों ने ग्रामीण के घर पर हमला कर दिया। मरने वाले ग्रामीण का नाम जगरनाथ राम (55) है। बताया जा रहा है कि एक दंतैल हाथी 3 से 4 गांवों में लगभग 10 से 12 घरों को तोड़ा है।
     
    मृतक के परिजनों ने बताया कि जब हाथी घरों को तोड़ने लगा, तो सभी की नींद खुल गई। हाथी की आवाज से जगरनाथ अपने परिवार के साथ जान बचाने दूसरी जगह भाग रहा था, तभी हाथी ने हमला कर दिया। परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। वहीं जगरनाथ की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
  • आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्जनों मवेशियों की मौत...

    02-Aug-2024

    बलरामपुर। मानसून की जद में पूरी तरह से आ चुके छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिल रहा है. बलरामपुर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई.

     
    जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के बरतीकला और लुर्गीकला में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला, जहां तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई, इनमें गाय, बकरी और भैंस शामिल हैं. इन मवेशियों की मौत से बड़ा नुकसान उठाने वाले पशु पाल प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं.
Top