रायपुर। प्रदेश के कथित आबकारी घोटाले मामले में गिरफ्तार रिटायर्ड आईएएस अनिल टुटेजा की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के नो कर्सिव एक्शन के आदेश को बरकरार रखा है। वहीं पूर्व सचिव निरंजन दास और विधु गुप्ता की याचिकाओं पर एसीबी की ओर से आश्वस्त किया गया है कि अगली सुनवाई के पहले उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। इस पर अगली सुनवाई 8 मई को होगी। कारोबारी अनवर ढेबर के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर हाईकोर्ट ने एसीबी से दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। इन सभी ने एसीबी और ईडी की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की थी, जिन पर चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच में गुरुवार को सुनवाई हुई।
बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। वहीं दूसरे चरण के मतदान के बीच पार्टियां तीसरे चरण के मतदान में जुट गई है। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय लगातार अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहें हैं और भाजपा प्रत्यशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सीएम साय बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के मस्तूरी के चिल्हाटी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में सीएम साय ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ़ की। सीएम विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि, मैं पीएम मोदी और भाजपा प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद लेने आया हूँ। नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से पीएम बनाना है। पीएम मोदी देश को ही अपना परिवार मानते हैं। सीएम साय ने आगे कहा कि, पीएम मोदी गांव गरीब मजदूर सब की चिंता करते हैं। अब पाकिस्तान की गीदड़ भभकी भी बंद हो गई। जवानों का सर कलम कर पहले फुटबाल खेला जाता था। पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को भी शांत करा दिया। सीएम साय ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ठगवा लबरा कांग्रेसियों को इस बार एक भी सीट लेने नहीं देना है और कांग्रेस को सबक सिखाना है। कांग्रेस ने पांच साल में छत्तीसगढ़ को अपराध, भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। कांग्रेस सरकार ने कोयला, शराब, गोबर सब में भ्रष्टाचार किया। भूपेश बघेल के खिलाफ भी महादेव सट्टा में एफआईआर दर्ज है। कांग्रेस नेताओं का मानसिक संतुलन खराब हो गया है कोई सिर फोड़ने का बात कर रहा कोई मोदी के मरने की। प्रदेश की 11 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जीताकर कांग्रेस को मुहतोड़ जवाब देना हैं।
जशपुर। जशपुर में बीती रात कुनकुरी थाना इलाके के हर्राडांड गांव में एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर में घुसकर उसे डंडे से इतना पीटा कि अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी, सब इंस्पेक्टर खोमराज ठाकुर के साथ जांच में जुट गई हैं। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी ने बताया कि हर्राडांड चौक से कुछ ही दूरी पर मृतक प्रभात टोप्पो के घर में हत्या की वारदात हुई है। इस घटना में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं जिसके आधार पर पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों और हत्या में शामिल लोगों का पता लगाने की ओर आगे बढ़ रही है। घटनास्थल के बाहर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक प्रभात टोप्पो (49) पिता पास्कल टोप्पो रायगढ़ जिले में सिपाही के पद पर पदस्थ था,जो 5 साल पहले अनिवार्य सेवानिवृत्ति लेकर गाँव लौटा था। मृतक आदतन शराबी था और नशे में अक्सर झगड़ा करता था। पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि इस हत्या में मृतक के नजदीकी रिश्तेदार शामिल होंगे। कुनकुरी पुलिस मृतक की पत्नी और दो रिश्तेदारों को थाने लेकर गई है। दरअसल, घटना बीती रात की है। घरवाले बता रहे हैं कि कल रात को प्रभात टोप्पो शराब के नशे में आया था। घर में सब सो रहे थे। रात को जब उठे तो देखा कि मृतक बिस्तर में बेहोश पड़ा है। ऐसे में उसे कुनकुरी अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से आई सूचना में चोट लगने से मृत्यु होने की बात से पुलिस के कान खड़े हो गए। थाना प्रभारी मल्लिका ने बताया कि लाश का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्या के कारणों और हत्या ने शामिल लोगों का खुलासा किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए 3 लोकसभा सीटों राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर के लिए मतदान जारी है। हालांकि तीनों ही लोकसभा के 5 विधानसभा क्षेत्रों में 3 बजे मतदान खत्म हो गया। इनमें राजनांदगांव का मोहला-मानपुर, कांकेर लोकसभा का भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल और महासमुंद लोकसभा के बिंद्रानवागढ़ के 9 बूथ शामिल हैं। इन जगहों पर बूथ पर मौजूद लोग ही मतदान कर सकेंगे। शेष स्थानों पर शाम 6 बजे तक मतदान चलेगा। दोपहर 1 बजे तक तीनों सीटों पर 53.09 प्रतिशत वोटिंग हुई है। दूसरे चरण में कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित 41 प्रत्याशी मैदान में है। इन प्रत्याशियों की किस्मत 52,84,938 मतदाता तय करेंगे। इस बीच गरियाबंद में चुनाव ड्यूटी के दौरान एक जवान ने सर्विस राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पहले चरण की वोटिंग की तरह इस बार भी मतदान पर रायपुर के अलावा दिल्ली से भी निर्वाचन आयोग नजर रख रहा है। वेब कास्टिंग (ऑनलाइन) से मतदान केंद्रों की निगरानी की जा रही है। गलती दिखने पर संबंधित नोडल को तत्काल एक्शन लेने का निर्देश दिया जाएगा। दूसरे चरण में 2 लाख 22 हजार जवानों की तैनाती की गई है।
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बूथ में नहीं जाने देने के आरोप को मंत्री केदार कश्यप ने अनर्गल करार दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हार के बाद इलेक्शन कमीशन, सुप्रीम कोर्ट, ईवीएम पर आरोप लगाएंगे. कांग्रेस की हार सुनिश्चित है. पब्लिक उन्हें सुनना भी पसंद नहीं करती. वहीं मंगल सूत्र पर कांग्रेस नेता अलका लांबा के भाजपा पर आरोप लगाए जाने पर मंत्री केदार कश्यप ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में निजी और व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने की कोशिश की है. किसी ने खून का प्यासा कहा, किसी ने सर फोड़ने की बात कही, कोई चौकीदार, चोर बताया है. यह उनकी मानसिकता है. उन्होंने कहा कि देश की जनता ने तय कर लिया है कि एक बार फिर से (भाजपा को) देश की बागडोर दे. पूरे अंतरराष्ट्रीय पटल पर वर्चस्व स्थापित हो रहा है. वह फिर से स्थापित हो. छत्तीसगढ़ की तीन सीटों पर चल रहे मतदान के बीच केदार कश्यप ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि कांकेर में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग के 1 लाख 11 हजार वोटों से, राजनांदगांव में भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय 2 लाख वोटों से और महासमुंद में भी बड़े अंतर से भाजपा की जीत होने जा रही है.
सारंगढ़ बिलाईगढ़। सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत छिंद में गुरुवार की शाम को विधानसभा स्तरीय वृहद मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का समारोह पूर्वक आयोजन किया गया। कलेक्टर एवम जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेश कुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, स्वीप जिला नोडल अधिकारी हरिशंकर चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में दिव्यांग और सियान मतदाताओं को शाल, श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा छत्तीसगढ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और द्वीप प्रज्वलन के साथ किया गया। ततपश्चात सभी अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में ग्रीन बुके भेट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों की आगवानी एनआरएलएम समूह की दीदियों और स्काउट गाइड द्वारा स्वीप तिरंगा यात्रा के जोश, उमंग और हर्षोल्लास साथ की गई और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति की गई। क्लेक्टर साहू ने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। यहां ग्राम छिंद एवं आसपास गांव के दाई, दीदी, भैया मन ल जय जोहार। एक भी मतदाता लोकसभा चुनाव में नहीं छूटना चाहिए। सभी उत्साह पूर्वक अपने पसंद के उम्मीदवार को बिना कोई लालच, भय, दबाव के वोट देवे। आप सभी की कोशिश होनी चाहिए कि हर हालत में अपने परिवार, आस पड़ोस सहित सभी मतदाता मतदान करें। जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेश साहू ने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाता पर्ची का वितरण किया जा रहा है। फोन नंबर 1950 में फोन करके भी मतदाता की जानकारी ले सकते हैं। आगामी 7 मई को सभी लोग जरूर मतदान करें। मतदान केंद्र में सभी सरकारी सुविधा आयोग द्वारा की गई है, जिसमें रैंप, पेयजल, टेबल, बेंच, शौचालय आदि शामिल है। कार्यक्रम में महिला एवम् बाल विकास विभाग के 25 नववधु मतदाताओं को कलेक्टर द्वारा स्वीप सुहागन किट प्रदाय किया गया। समस्त सियान, दिव्यांग मतदाताओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण सह औषधियों की व्यवस्था स्वास्थ्य और आयुष विभाग द्वारा की गई। सभी मतदाताओं को कलेक्टर एवम् पुलिस अधीक्षक द्वारा शत प्रतिशत मतदान हेतु शपथ संकल्प दिलाया गया। इस कार्यक्रम में स्वीप अभियान में उल्लेखनीय योगदान हेतु अधिकारियो कर्मचारियो को सम्मान पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया गया। बिहान समूह और नववधु मतदाताओं ने एक चक्र बना कर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ शत प्रतिशत मतदान की शपथ ली । कार्यक्रम के दौरान पहली बार मतदान करने वालो मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया। महिलाओं और बालक, बालिकाओं ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ सेल्फी फोटो भी ली। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, परियोजना निदेशक पंचायत, सहित अधिकारियों ने सियान मतदाताओं के साथ स्वल्पाहार भी किया। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एस एन भगत, महिला बाल विकास अधिकारी बिजेंद्र सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग आशीष बनर्जी, एबीईओ मुकेश कुर्रे, विद्यालय प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
राजनांदगांव। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद लोकसभा सीटों पर कल मतदान होना है. मतदान के ठीक एक दिन पहले FST और डोंगरगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरण में चुनाव को प्रभावित करने के लिए लाए गए 1 लाख 73 हजार 287 रूपये बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सुचना मिली थी कि कुछ लोग आगामी लोेकसभा निर्वाचन को प्रभावित करने के लिए अवैध रूप से पैसों को बाटने के लिए शिवाजी होटल के पास रुके हुए है. जिसके बाद डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के FST दल प्रभारी संजय बोपचे और पुलिस की टीम ने मुखबिर की बताई सुचना के आधार पर वाहन क्रमांक CG 08 5712 को रोका। इस दौरान गाड़ी से कुल 6 नग लिफाफे में 60 हजार रुपये (प्रत्येक लिफाफे में 10-10 हजार) रूपये मिला। पूछताछ के दौरान वाहन चालाक सोनुराम साहू और उसके साथ बैठे बिसंबर ने कथित तौर पर बताया कि पैसों को वह राजनांदगंव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में वोट करने के लिए कांग्रेस पार्टी के बुथ कार्यकर्ताओं को बांटने के लिए लाए थे. जिसके बाद पुलिस और FST दल ने वाहन से बरामद रकम को जब्त कर लिया है. इसी तरह एक टाटा सफारी क्रमांक CG 4 HC 8469 को चेक करने पर 1 लाख 13 हजार 287 रूपये बरामद हुए. पुलिस ने जब कार सवार शख्स लोकेंद्र सिंह से पैसों के संबंध में जानकारी मांगी तो उसने कथित तौर पर बताया कि वह इन पैसों को राजनांदगंव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में वोट देने के लिए कांग्रेस पार्टी के बुथ कार्यकर्ताओं को बांटने के लिए लाया था. इस दौरान उसने एफएसटी टीम द्वारा पैसों को जब्त किए पैसों को वापस करने के लिए धमकाते हुए वाद-विवाद करने लगा. जिसके बाद पुलिस ने शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की घटित होने की आशंका के चलते लोकेंद्र सिंह (उम्र 52 साल) पिता स्व. आरएस सिंग के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
रायपुर। रायपुर के एक इलेक्ट्रिक गोदाम से 25 लाख रुपए की वायर क्वायल चोरी हो गई। यह चोरी दुकान के मैनजरों ने ही मिलकर की है। जिसे बाजार में बेच दिया गया। मालिक को उसकी जानकारी तब हुई, जब उसने दुकान का ऑडिट कराया। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। दुकान मालिक हेमंत संगोई ने आजाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज कराई कि, उनकी तेलघानी नाका में मेहुल इंटरप्राइजेज नाम की दुकान और गोदाम है। इनका इलेक्ट्रॉनिक सामानों का व्यापार है। इनके फर्म में हिमांशु वर्मा और आलोकचंद करीब 2 सालों से काम करते हैं। दुकान मालिक हेमंत ने 4 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच फर्म का ऑडिट कराया। ऑडिट करने से स्टाक के वायर क्वाइल में करीब 1800 क्वाइल कम पाया गया। जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए है। फर्म में लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया। जिसमें कर्मचारी मैनेजर हिमांशु वर्मा के कहने पर माल निकालते दिख रहा है। इस मामले में आजाद चौक पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ पीएससी परीक्षा 2021 में हुई अनियमितता की जांच सीबीआई करेगी। केन्द्र सरकार द्वारा इस मामले में आज विधिवत अधिसूचना आज जारी कर दी गई है। विधानसभा चुनाव के दौरान यह मामला राज्य में काफी गरमाया हुआ था। पीएससी परीक्षा 2021 में की हुई अनियमितता को लेकर राज्य के युवाओं में बेहद आक्रोश था और इसको लेकर युवा सड़कों पर उतर आए थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य के युवाओं के आक्रोश को देखते हुए इस मामले की जांच कराने और दोषी लोगों के विरूद्ध कार्यवाही की गारंटी दी थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की राज्य के युवाओं से की गई यह गारंटी भी अब सीबीआई के सुपुर्द होते ही पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नवगठित सरकार ने भी पीएससी परीक्षा में हुई गड़बड़ी और युवाओं की शिकायत के मद्देनजर 03 जनवरी 2024 कैबिनेट बैठक में इस मामले की सीबीआई से जांच कराने का निर्णय लिया था। राज्य सरकार की सहमति मिलने के बाद केन्द्र सरकार ने जांच के लिए अधिसूचना जारी कर यह मामला अब सीबीआई के सुपुर्द कर दिया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पीएससी परीक्षा 2021 में राज्य के 12 विभागों के लिए 170 पदों पर भर्ती के लिए चयन सूची जारी की गई थी। चयन सूची जारी होते ही प्रतिभागी युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा था। युवाओं ने चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और गड़बड़ी को लेकर कई शिकायतें की और इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई थी। एन्टीकरप्शन ब्यूरो/आर्थिक अपराध ब्यूरो ने भी इस मामले में अपराध दर्ज किया था। गौरतलब है कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा राज्य में घटित होने वाले गंभीर से गंभीर अपराधों की जांच-पड़ताल सीबीआई से कराने को लेकर किनारा कर लिया गया था। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान घटित कई मामलों में सीबीआई से जांच कराने की मांग को न सिर्फ सिरे से खारिज कर दिया गया था, बल्कि राज्य में सीबीआई को आने को लेकर ही रोक लगा दी गई थी। केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से गंभीर प्रकृति के अपराधों की जांच-पड़ताल सीबीआई से कराने का रास्ता खुल गया है। बिरनपुर हत्याकांड की भी जांच सीबीआई से कराने का निर्णय विष्णु देव सरकार ने लिया है। शीघ्र ही यह मामला भी सीबीआई के जिम्मे होगा। केन्द्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम की धाराओं में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अपराध संख्या 28/2024 से संबंधित मामलों की खोज और जांच करने के लिए पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में दिल्ली विशेष पुलिस प्रतिष्ठान के सदस्यों की शक्तियों और अधिकार क्षेत्र का विस्तार किया है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार गृह विभाग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा 2021 की अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने के संबंध में अधिसूचना 16 फरवरी 2024 एवं संशोधित अधिसूचना दिनांक 10 अप्रैल 2024 को जारी की गई थी। राज्य सेवा परीक्षा, 2021 की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतें, आईपीसी की धारा 420, 120-बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7/7-ए और 12 के तहत पुलिस स्टेशन-अर्जुंदा, जिला-बालोद में दर्ज की गईं थी। (यथा संशोधित 2018) और आईपीसी की धारा 120 बी, 420 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7/7-ए और 12 के तहत जिला-रायपुर के एसीबी/ईओडब्ल्यू पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 05/2024 दर्ज किया गया है। (2018 में यथा संशोधित) और ऐसे अपराध (अपराधों) के संबंध में और/या उसी लेनदेन के दौरान किए गए या समान तथ्यों से उत्पन्न किसी अन्य अपराध के लिए कोई भी प्रयास, उकसावे और/या साजिश शामिल हैं।
रायपुर। प्रदेश में कांग्रेस को आज झटके पर झटके लगते जा रहे है। ऐसा ही एक और बड़ा झटका कांग्रेस पार्टी को लगा जिसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी असंगठित कामगार कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश संयोजक राघवेंद्र सिंह ठाकुर ने आज दीपक बैज को अपने पद से इस्तीफा देने का आवेदन पत्र सौंपा है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही राघवेंद्र ठाकुर भाजपा में शामिल हो सकते है।
रायपुर। रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल का जनसंपर्क अभियान चलाया है। गुरुवार को रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधानसभा मंडल और खरोरा मंडल में जनसंपर्क कर पार्टी के लिए वोट मांगे। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश के 140 करोड़ों लोगों के लिए काम कर रही है। भाजपा का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, गरीबों को मकान, किसानों को सम्मान निधि और युवाओं को रोजगार दिलाना है। सरकार गरीबों को मुफ्त में राशन देने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रख रही है। भाजपा सरकार सभी के लिए बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध है। भाजपा सरकार में आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही अब 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। चाहें फिर वो किसी वर्ग का हो। इतना ही नहीं जनऔषधि केंद्रों का भी विस्तार किया जाएगा। जिससे हर किसी को कम से कम दाम में दवाइयां मिल सकें। रायपुर में एनआईटी, लॉ यूनिवर्सिटी, आईआईआईटी, एम्स का निर्माण भी भाजपा सरकार की ही देन है। भाजपा सरकार सबको शिक्षा देने के लिए लिए आने वाले समय में 700 से ज्यादा एकलव्य स्कूलों को बनाया जाएगा। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ मकान और बनाए जायेंगे। महिलाओं को सम्मान दिलाने के लिए मोदी जी ने आने वाले 5 सालों में 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गांरटी ली है। आज का जनसंपर्क अभियान की शुरुआत विधानसभा मंडल के आमासिवनी से हुई यहां सेदोंदेखुर्द, दोंदेकला होते हुए खरोरा मंडल के बंगोली, कुर्रा, खौना, देवगांव, मढ़ी, रायखेड़ा, मूरा, मोहरेंगा, खरोरा, केसला, बेल्दार सिवनी, बुड़ेनी, अंसौदा, और अड़सेना पहुंचे जहां अभियान का समापन हुआ। पूर्व विधायक देव जी भाई पटेल, विधानसभा मंडल अध्यक्ष भरत सोनी, खरोरा मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, सुनील मिश्रा, गणेश यादव, शत्रुघ्न पटेल, अशोक वर्मा विजय वर्मा मोतीलाल देवांगन अनिल अग्रवाल गौरी शंकर मिश्रा समेत हजारों की संख्या में भाजपा नेतागण उपस्थित रहे।
रायपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता प्रदान करते हुए प्रतिष्ठित होटल एवं रिसॉर्ट ग्रुप “मे-फेयर“ लेक रिसॉर्ट ने अभिनव पहल कर 7 मई को मतदान करने वाले हाथ की स्याही दिखाने वाले मतदाताओं के लिए स्पेशल डिस्काउंट ऑफर की घोषणा की है। इसके तहत 7 से 12 मई तक सभी मतदाताओं को कार्ट ऑर्डर व बुफे पर स्पेशल डिस्काउंट दिया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए भी अनुकरणीय बताया है। “मे-फेयर“ लेक रिसॉर्ट के रिलेशनशिप ऑफिसर नीलेश ने गुरुवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से मुलाकात कर अपने इस ऑफर से अवगत कराया। “मे-फेयर“ लेक रिसॉर्ट द्वारा मतदान तिथि 7 मई को वोट देने वाले मतदाताओं को भोजन सूची (कार्ट) पर ऑर्डर करने पर 30 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जाएगा। इसके अलावा तीन व्यक्तियों के बुफे पर एक अतिरिक्त व्यक्ति का बुफे निःशुल्क होगा। ताकि लोग अधिक से अधिक वोट करने के लिए प्रेरित हो। मे-फेयर प्रबंधन के अनुसार भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ करने हेतु मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता हेतु यह पहल की गई है। निलेश ने कहा ”7 मई को कीजिए वोट,बचाइए 30% नोट” के टैग लाईन से हम मतदाताओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह प्स्कीम लागू कर रहे हैं। यह ऑफर 7 से 12 मई तक उपलब्ध रहेगा। प्रबंधन द्वारा इस आशय का पत्र भी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा है। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप उपस्थित थे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव सट्टा एप मामले की जांच में अब तेजी आने की उम्मीद की जा रही है। केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बाद अब इस मामले की जांच राज्य की एजेंसी ईओडब्ल्यू-एसीबी कर रही है। ईओडब्ल्यू ने इस मामले के कुछ आरोपियों को दूसरे राज्यों में छापेमारी करके गिरफ्तार किया है। अब इन आरोपियों का पहले से जेल में बंद आरोपियों के साथ आमना- सामना कराए जाने की तैयारी है। आरोपियों को आमने-सामने बैठकर पूछताछ की जाएगी। ईओडब्ल्यू ने इस मामले की जांच के लिए जेल में बंद आरोपियों की रिमांड के लिए विशेष कोर्ट में आवेदन लगाया था, जिसे आज कोर्ट ने मंजूर कर लिया। अफसरों के अनुसार ईओडब्ल्यू ने निलंबित एएसआई चंद्रभूषण वर्मा, हवाला कारोबारी सुनील दम्मानी और सतीश चंद्राकर की रिमांड मांगी थी। कोर्ट ने इन आरोपियों की 6 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। अब इन आरोपियों को ईओडब्ल्यू जेल से बाहर लेकर आएगी और 30 अप्रैल तक अपनी हिरासत में रखेगी। इन तीनों का दिल्ली और पुणे से गिरफ्तार राहुल वकटे और रितेश यादव के साथ आमने सामने बैठाकर पूछताछ किया जाएगा। बता दें कि राहुल और रितेश अगस्त 2023 में चंद्रभूषण वर्मा की गिरफ्तारी के बाद से फरार थे। दोनों से पूछताछ में पता चला कि राहुल वकटे हवाला के जरिये ही पैसे प्राप्त कर चन्द्रभूषण वर्मा और सतीश वर्मा तक पहुंचाता था। दूसरा आरोपी रितेश यादव पुणे में महादेव एप सट्टा का पैनल संचालन करता था। जांच में ये भी पता चला है कि राहुल वकटे के नाम से 3 रजिसटर्ड फर्म भी है, जिसमें बड़ी मात्रा में आरोपियों द्वारा कैश जमा करवाया जाता था। एसीबी की टीम ने हवाला के 43 लाख रूपए फ्रीज कराया गया है।मालूम हो कि रितेश यादव पुणे में महादेव सटटा ऐप का संचालन कर रहा था। इस मामले में पुणे पुलिस के सहयोग से रेड कार्रवाई की गई थी। टीम ने इस दौरान आठ आरोपियो को पकड़ा था।
रायपुर। प्रार्थिया सुल्ताना बेगम ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात्रि करीबन 10.15 बजे प्रार्थीया के ननद का लडका जुनैद एवं मोहल्ले का लड़का अयान घर के बाहर रोड पर खड़े थे उसी दौरान मौहल्ले का एक लड़का वहां आया तथा किसी बात को लेकर जुनैद के साथ लड़ाई करने लगा, लड़ाई होता देख प्रार्थीया के पुत्र आसिफ ने लड़ाई को छुड़वाते हुये उक्त लड़के व जुनैद दोनों को डांटा जिससे वह लड़का वहां से गाली गलौच करते हुये वहां से चला गया। कुछ देर पश्चात् वह लड़का अपनी मौसी पदमनी ऊर्फ गुलशन और बाबू, वाहिद, हीरा, असफाक एवं अन्य साथियों के साथ तलवार, चाकू, डण्डा, प्लास्टिक का बेत, डंडा लेकर प्रार्थीया के घर के पास आकर आसिफ कहां है बोलकर अश्लील गाली गलौच करने लगे। इसी दौरान उनके द्वारा जान से मारने की नियत से प्रार्थिया के पुत्र आसिफ के साथ हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए अपने पास रखे चाकू से आसिफ पर वार कर गंभीर चोट पहुचाएं। इसी दौरान प्रार्थिया के पति द्वारा बीच-बचाव करने पर उक्त व्यक्तियों द्वारा प्रार्थिया के पति पर भी तलवार, चाकू एवं डण्डा से वार कर गंभीर चोट पहुंचाया गया था। इस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मौदहापाराम में अपराध क्रमांक 165/23 धारा 147, 148, 149, 294, 307, 323, 427, 457, 506 भादवि. 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पूर्व में प्रकरण में संलिप्त 8 आरोपी एवं विधि के साथ संघर्षरत 2 बालक सहित कुल 10 को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, तलवार एवं अन्य आलाजरब जप्त किया जा कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया जा चुका था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर संतोष सिंह द्वारा फरार सभी अपराधियों की धर पकड़ के लिए निर्देश दिया गया है। निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर (शहर) लखन पटले के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली योगेश साहू के पर्यवेक्षण में घटना दिनांक से आज तक फरार अपचारी बालक को थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा निरुद्ध कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल रायगढ़-बिलासपुर दौरे पर रहेंगें। छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधनों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खूब सराहना की। सरगुजा में उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को पूरे अंक देते हुए कहा कि साय सरकार रॉकेट की गति से काम कर रही है। देश के प्रधानमंत्री मोदी के मुख से निकले ये शब्द निश्चित रूप से “विष्णु के सुशासन की सरकार” के लिए उत्साहवर्धक साबित होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम विष्णु देव साय को अपना साथी और भाई कहकर संबोधित किया उन्होंने कहा कि भाई विष्णु जी विकास के लिए बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। अभी ज्यादा समय नहीं हुआ, बहुत कम समय में उन्होंने रॉकेट की गति से सरकार चलाई है। साय सरकार की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने कम समय में साय सरकार ने धान पर किसानों को दी हुई गारंटी पूरी कर दी। तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी अब ज्यादा पैसा मिलेगा और तेंदूपत्ता की खरीद भी तेजी से होगी। यहां की माताओं को भी महतारी वंदन योजना से लाभ हुआ है, साथ ही उन्होंने कहा की “छत्तीसगढ़ मे जिस तरह कांग्रेस के घोटालेबाजों पर एक्शन हो रहा है ये पूरा देश देख रहा है”। प्रधानमंत्री मोदी ने सक्ती के जेठा की सभा मे साय सरकार की कामयाबी का जिक्र करते हुए भूपेश सरकार की नाकामी बताई, उन्होंने साय और बघेल सरकार के बीच अंतर समझाया । उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने जनहित के सारे काम रोक दिए थे लेकिन अब विष्णु देव साय जी हैं तो सारे काम मुझे पूरे करने हैं। उन्होंने साय सरकार के पूरी टीम की तारीफ की और कहा कि छत्तीसगढ़ वासियों के लिए हमने जो गारंटी दी थी उसे हमारे नए मुख्यमंत्री भाई विष्णु देव साय और उनकी टीम ने आते ही 'कमाल' कर दिया। सरकार मे आते ही प्रमुख गारंटियों को प्राथमिकता से पूरा किया। प्रधानमंत्री के “भाई” जैसे आत्मीयता भरे शब्द “ साय सरकार “ पर भरोसे का प्रतीक है। यह बताता है कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री मोदी के भरोसे पर खरी उतरी है। धमतरी के श्यामतराई की सभा मे भी प्रधानमंत्री मोदी ने विष्णु देव साय की जमकर तारीफ की और कहा कि 4 जून को चुनाव के नतीजे आने के बाद तीसरी बार मेरी सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में रोड, रेल, सिंचाई और इंटरनेट कनेक्टिविटी का और तेजी से विस्तार किया जायेगा इससे जुड़ी सारी जानकारियां विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की सरकार लगातार दिल्ली भेज रही है। यह कहकर मोदी ने केंद्र सरकार से लगातार जीवंत संपर्क एवं विकास को लेकर सतत् प्रयास किए जाने की पुष्टि की। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में नई सरकार बनने के पहले 100 दिन में छत्तीसगढ़ के लिए जो फैसले होंगे उसके लिए इससे मदद मिलेगी। उन्होंने नक्सल उन्मूलन की दिशा मे साय सरकार के प्रयासों की सराहना तो की ही साथ ही भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही की भी तारीफ की। मोदी ने कहा भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और नक्सली हिंसा दोनो को काबू किया है अब छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद तेजी से कम हो रहा है और मैं छत्तीसगढ़ को गारंटी देता हूं माओवाद को और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करके रहूंगा । भाजपा ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 3100 रुपए कीमत और 2 साल का बकाया बोनस देने की गारंटी दी थी यहां विष्णु देव जी की सरकार ने इतने कम समय में ही ये गारंटी पूरी कर हजारों करोड़ों रुपए किसानों तक पहुंचा दिए हैं। स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विष्णु की सरकार के काम-काज से पूरी तरह संतुष्ट हैं, उन्होंने सार्वजनिक रूप से जनता के बीच सकारात्मक समीक्षा कर यह साफ कर दिया। यह भी सही है कि महज सौ दिन की सरकार ने छत्तीसगढ़ मे जिस तरह से ‘सांय सांय’ फैसले लिए हैं उससे विष्णु देव साय की छवि ‘काम काजी मुख्यमंत्री’ के रूप मे निखर कर आई है। पूत के पाँव पालने के कहावत की तर्ज पर विष्णु सरकार ने जो बेहतरीन आगाज किया है, उसका अंजाम छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता के लिए बेहद सुकून भरा होगा, इसमे कोई संदेह नहीं है।
दुर्ग। लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत रूट चार्ट तैयार करने, वाहन प्रभारी की नियुक्ति, मतदाता सूची की चिन्हित प्रति तैयार करने, मतदाता सूची का अवलोकन करने एवं सामग्री वितरण एवं वापसी संबंधी कार्याे के लिए संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी हरवंश सिंह मिरी के निर्देशन में पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए विधानसभावार जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार विधानसभा पाटन-62 हेतु प्रभारी स.अ.भू.अ. रमेश कुमार साहू के सहायक अधिकारी रा.नि. हिरेन्द्र क्षत्रीय, रा.नि. नजूल जांच संजू के साथ संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु सहायक कर्मचारी सहायक ग्रेड-2 प्रीतम साहू, स.ग्रे 3 भारत उईके दुबे, चैनमैन गीता बाई एवं रानी राव की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा दुर्ग ग्रामीण-63 हेतु प्रभारी स.अ.भू.अ.रामपाल ठाकुर के सहायक अधिकारी रा.नि.परि.भू. अरूण कुमार, रा.नि.नजूल जांच सोमा व संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु सहायक कर्मचारी स.ग्रेड 3 कुमार दास साहू, गणेश देवदास, महेन्द्र बेलचंदन की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा दुर्ग शहर 64 हेतु प्रभारी स.अ.भू.अ. पुनीत राम वर्मा की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक अधिकारी रा.नि.परि.भू. दोनश्वर साहू, रा.नि.नजूल जांच निधी वर्मा व संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु सहायक कर्मचारी स.ग्रे 3 जयश्री वर्मा, स.ग्रे.3 जगतराम यादव, चैनमैन दुलसिया बाई की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा भिलाई नगर 65 हेतु प्रभारी स.अ.भू.अ. शंकर तिवारी को नियुक्त किया गया है। सहायक अधिकारी गार्गी सत्यनारायण, रा.नि.परि.भू. राहुल कुमार साहू व संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु स.ग्रे.2 रेखादेवी पांडे, स.ग्रे3 दीपक कुमार दुबे, सागर कुमार साहू, चैनमैन माखनलाल वर्मा, नोहर लाल वर्मा सहायक कर्मचारी होंगे। विधानसभा वैशाली नगर 66 हेतु प्रभारी अ.भू.अ. आदित्य कुंजाम होंगे। सहायक अधिकारी रा.नि.परि.भू. पवन चंद्राकर, मीनू राठौर व संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु स.ग्रे.2 प्रीति ठाकुर, सुश्री साधना वर्मा, चैनमेन ईश्वरी साहू सहायक कर्मचारी होंगे। विधानसभा अहिवारा 67 में प्रभारी स.अ.भू.अ. अजय मरावी की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक अधिकारी रा.नि.परि.भू. कैलाश साहू व संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहयोग हेतु स.ग्रे.3 पुष्पा साहू दुबे, लोकेश साहू, चैनमेन रविन्द्र श्रीवास्तव व सावित्री बाई सहायक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। मानचित्रकार भू-अभिलेख दुर्ग आर.जे. लाल एवं लक्ष्मणराव कोलचल्लेवार लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत समस्त विधानसभा क्षेत्र एवं सेक्टर व रूट के नक्शे से संबंधित समस्त कार्य करेंगे।
दुर्ग। दुर्ग जिले में सड़क हादसे में तीन बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा था। घटनास्थल से गुजर रहे तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सिंधी कॉलोनी रायपुर नाका निवासी नंदलाल सोनी बाइक से बीआइटी कॉलेज के सामने से गुजर रहे थे। इस दौरान शंकर नगर निवासी करण यादव एक युवक के साथ विपरीत दिशा से आ रहा था। इसी बीच दोनों की बाइक में टक्कर हो गई। वहीं एक तीसरा बाइक सवार में इस घटना के चपेट में आ गया। इस तरह तीन बाइक आपस में टकरा गई। बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दो बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बाइक सवार व्यक्ति खून से लथपथ पड़े थे। उसी दौरान दुर्ग तहसीलदार प्रफुल्ल कुमार गुप्ता निर्वाचन सम्बंधित कार्य से उस रास्ते से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने घटना में घायल तीनों युवकों को सड़क पर पड़े देखा और अपने निजी वाहन में ही गंभीर युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल नंदलाल सोनी (उम्र लगभग 58 वर्ष) को जिला अस्पताल में चेकअप के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत में शंकराचार्य हॉस्पिटल में रेफर कर दिया है। वही तहसीलदार गुप्ता ने घटना की जानकारी कोतवाली दुर्ग के थाना प्रभारी महेश ध्रुव को भी फोन कर दी। वह भी दलबल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी ने घटनास्थल की जानकारी मिलते ही पदमनाभपुर पुलिस को इस बारे में सूचना दी। पदमनाभपुर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर पड़ी बाइक को थाने लेकर आ गई। वहीं पुलिस घायल नंदलाल सोनी की स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रही है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी राजेश जायसवाल के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग दुर्ग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनजर जिले में अवैध मदिरा विक्रय के नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है। विभाग द्वारा लोकसभा निर्वाचन को सफल बनाये रखने हेतु चुनाव में मादक द्रव्यों की उपयोगिता के रोकथाम के उद्देश्य से अलग-अलग संदिग्ध एवं अपराधिक क्षेत्रों में सतत् जांच की कार्यवाही की जा रही है। विभाग द्वारा जिले के अन्तर्गत आने वाले होटल, ढाबों तथा रेलवे स्टेशन दुर्ग से आने-जाने वाले रेल यात्रियों की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग दुर्ग द्वारा 24 अप्रैल 2024 की रात्रि 2.30 से प्रातः 5.00 बजे तक महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश से आने वाली यात्री बसों एवं चार पहिया वाहनों का पुलगांव चौक पर सघन जांच किया गया। जांच के दौरान बस ड्राइवरों एवं कण्डक्टरों को किसी भी प्रकार की संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध सामग्री का पहचान होने पर कार्यालयीन टेलीफोन नम्बर 0788-2325836 पर तत्काल सूचना दिए जाने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी धीरज कन्नौजिया, सुप्रिया तिवारी, पंकज कुजूर तथा आबकारी उप निरीक्षक भुनेश्वर सेंगर, हरीश पटेल, भूपेन्द्र नेताम, आबकारी मुख्य आरक्षक सन्तोष दुबे ड्राईवर श्री जे दीपक राजू एवं प्रकाश राव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गौरेला। अमरकंटक की तराई में मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली से सटे जंगलों के बीचोंबीच एकांत क्षेत्र में रमणीय स्थल रुद्र गंगा है यहां ब्रम्हलीन संत फक्कड़ बाबा के आश्रम है। संत इस स्थान पर रहकर साधना, भजन किया करते थे। 55 - 60 वर्षों से ज्यादा के समय से आश्रम है। बाबा के ब्रम्हलीन होने के बाद उनके शिष्य शत्रुघ्न पुरी ने गुरु स्थान को सम्हाल कर रखा हुआ था। उन्होंने अपने गुरु परंपरा अनुसार भजन, साधना के साथ गुरु स्थान पर रहकर पूजा पाठ में लीन रहते थे। शिष्य संत शत्रुघन पुरी ने संतों और नगरवासियों से कई बार फारेस्ट विभाग द्वारा परेशान करने की सूचना देते रहते थे। रुद्र गंगा आश्रम जाने का रास्ता अधिकारियों द्वारा कई बार बंद भी किया गया है। उन्होंने बताया कि फक्कड़ आश्रम से फारेस्ट विभाग के अधिकारियों को क्या परेशानियां थी उन्हें तक नहीं पता। फारेस्ट विभाग द्वारा रुद्रगंगा में आश्रम को ध्वस्त कर दिया गया है। आश्रम में देख रेख करने वाले संत शत्रुघन का भी कोई अता-पता नहीं है। आश्रम में काली माता की प्रतिमा, संत धूनी और आश्रम को फारेस्ट विभाग द्वारा हटा दिया गया है। इससे अमरकंटक नगरवासी, संत संप्रदाय और आश्रम से जुड़े लोग भारी नाराज और दुखी हैं। संत समाज ने कहा यह एक आघात जैसी बात है। इसका सभी विरोध कर रहे हैं। मामले में अधिवक्ता रज्जू सिंह नेताम का कहना है की संत आश्रम तोड़ना संत विरोधी मानसिकता है। रंग महल की साध्वी शिवानी पुरी भी कहती हैं कि यह आश्रम संत तपोस्थली थी। इस आश्रम के जुड़े लोग इस घटना से काफी नाराज हैं और आगे कदम उठाने की बात कह रहे हैं।
रायपुर। राजधानी की सड़कों पर नए साल से इलेक्ट्रिक बसें चलेगी। रायपुर वासियों को भाठागांव के न्यू बस स्टैंड से जल्द ही 21 इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की जाएगी। रायपुर को केंद्र से कुल 100 बसे मिलेंगी। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन निगम स्वयं करेगा। इससे राजधानी में जहां प्रदूषण कम होगा, वहीं निगम को एक बस से प्रत्येक माह 50 हजार रुपये की बचत हो सकती है। इसके लिए अलग से दो नए सिटी बस डिपो पंडरी और आमानाका में बनाया जाएगा। यह दोनों जगह सिटी बसों के लिए सेंटर पॉइंट की तरह काम करेंगी। रायपुर को कुल 100 नई बसें मिलने और 2 नए सिटी बस डिपो बनने से लोग आसानी से अलग-अलग जगहों के लिए बस पकड़ सकेंगे। बाहर से आने वाले लोगों को भी रायपुर शहर में एक जगह से दूसरे जगह जाने में आसानी होगी। ये सभी बसें केंद्र सरकार की ओर से रायपुर सिटी को मिल रही हैं।
Adv