रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के बीच राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में शपथ ग्रहण किया. राज्यसभा के सभापति व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण के अगले ही दिन शुक्रवार से सांसद फिर से प्रदेश में लोकसभा चुनाव की प्रचार की बागडोर संभाल लेंगे. विदित हो कि भारतीय जनता पार्टी ने सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह को पूरे प्रदेश में स्टार प्रचार बनाया है, साथ ही राज परिवारों को साधने की ज़िम्मेदारी सौंपी है. अपने प्रवास के दौरान राजा देवेंद्र प्रताप सिंह को पार्टी कैडर को मजबूत करने के लिए नुक्कड़ सभा, बैठक, आमसभा करने की जिम्मेदारी दी है. बीते 1 महीने से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह सरगुजा से लेकर बस्तर तक लगातार भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं, साथ ही वह प्रत्याशियों के साथ दुर्गम क्षेत्रों में भी जा रहे हैं. शपथ ग्रहण के बाद राजा देवेंद्र ने कहा कि वे शिक्षा के आधुनिकीकरण पर पूरा फोकस करेंगे. आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के बच्चों के लिए पढ़ाई के अनुरूप माहौल बनाने और उन्हें हर सुविधा देने को कोशिश रहेगी उच्च शिक्षा के लिए और पीएससी यूपीएससी के लिए भी सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास करेंगे. नवीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था करने के लिए वह प्रतिबद्ध रहेंगे. साथ ही अपने क्षेत्र में पर्यटन का विकास कर आमदनी के नए स्त्रोतों का सृजन करेंगे. अतुलनीय छत्तीसगढ़ में असीम पर्यटन है, इसे आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी मैं लेता हूं.
रायपुर। ईओडब्लू सी टीम दुर्ग भिलाई शराब कारोबारी त्रिलोक सिंह (पप्पू) ढिल्लन को कोर्ट 2 मई तक रिमांड पर एसीबी को सौंप दिया है। पप्पू को एसीबी ने कल ही कोच्चि से हिरासत में लेकर आज रायपुर पहुंची और कोर्ट में पेश किया। पिछले दिनों एसीबी ईओडब्लू की छापेमारी के दौरान वह घर पर नहीं मिला था। पप्पू को कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के करीबियों में गिना जाता है। इस बीच इसी घोटाले में बिहार से गिरफ्तार एपी त्रिपाठी को भी आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। 6 दिनों की उसकी ऱिमांड आज खत्म होने के बाद पेश किया था।। कोर्ट ने उसे 9 मई तक तक रिमांड दिया है। बता दें कि इससे पहले EOW ने शराब घोटाले मामले में कारोबारी अरविंद सिंह और अनवर ढेबर को हिरासत में लेकर पुछताछ हो चुकी है वही दोनों को 2 मई तक ज्यूडिशल कस्टडी में रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद किया गया है।
दुर्ग। मोबाइल में एडल्ट (गंदी फिल्म) फिल्म देखकर एक 24 साल के युवक इतना वहशी हो गया कि उसने 5 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। जब बच्ची ने रोते हुए अपने माता पिता को बताया तो उन्होंने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को भाटापारा और रेलवे पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि 24 अप्रैल की शाम के एक दंपति ने शिकायत दर्ज कराई कि एक चाट गुपचुप ठेला लगाने वाले शुभम गुप्ता उर्फ विजय (24 साल) ने उनकी 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अंबेडकर नगर गुपचुप मोहल्ला वार्ड 20 कैंप 1 भिलाई में रहता है। 23 अप्रैल की दोपहर उसके घर पर कोई नहीं था। उसने लड़की को चाकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाया। इसके बाद उसे बहला फुसलाकर अपने घर के ऊपरी मंजिल में बने कमरे में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ गंदा काम किया। रात में जब दर्द के मारे लड़की सो नहीं पाई तो माता पिता परेशान हुए और उससे पूछे। इस पर लड़की ने बताया कि गुपचुप वाले अंकल ने उसके साथ गलत काम किया है। शिकायत मिलते ही छावनी पुलिस ने सबसे पहले आरोपी के खिलाफ धारा 376 AB और 4, 6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसको गिरफ्तार करने के लिए टीम को भेजा। टीम जब आरोपी घर पहुंची तो पता चला कि वो घटना को अंजाम देने के बाद से फरार है। बुधवार रात जैसे ही आरोपी को पता चला कि बच्ची के घरवालों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है उसने दुर्ग रेलवे स्टेशन से नवतनवा एक्सप्रेस पकड़ा और उत्तर प्रदेश भाग रहा था। थाना प्रभारी छावनी चेतन सिंह चन्द्राकर ने क्राइव टीम की मदद से उसका मोबाइल लोकेशन निकाला तो पता चला कि वो ट्रेन से कहीं जा रहा है। उन्होंने तुरंत रेल्वे पुलिस और भाठापारा पुलिस को फोन करके अलर्ट दिया। फोटो सेंड की। रेलवे और भाटापारा पुलिस ने नवतनवा एक्सप्रेस में चेकिंग की और आरोपी को हिरासत मे लेकर छावनी पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर से एक आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवा व्यवसायी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है. घटनास्थल से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, भानुप्रतापपुर में युवा व्यवसायी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. मृतक का नाम चिराग शर्मा उम्र 30 वर्ष है जो विवाहित था. मृतक सुबह अपनी दुकान खोलकर ग्राहक के यहां समान छोड़ने गया था. उसके बाद से यह वापस दुकान नहीं आया. कुछ देर बाद बड़े भाई ने फोन लगाकर जल्दी दुकान आने कहने के लिए मोबाइल पर काल किया परंतु फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद चिराग शर्मा की तलाश शुरू की गई. इस दौरान लगभग 11 बजे मृतक की स्कूटी नगर से 3 किमी दूर देव दरहा के पास मिली और पास में ही मृतक का लटकता हुआ शव देखा गया. वहीं मृतक की जेब से एक पत्र भी मिला है. जिसमें लिखा है मैं ऐसी दलदल में फंस गया हूं, जहां से वापस आना मुश्किल है. फिलहाल, भानुप्रतापपुर पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को आई.पी.एल. क्रिकेट मैच 2024 के सीजन में क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा खेलने/खिलाने वालों एवं इस कारोबार में संलिप्त लोगों की पतासाजी कर आवश्यक कार्यवाही करने के साथ ही क्रिकेट सट्टा के कारोबार पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत स्थित रेलवे स्टेशन पास एक व्यक्ति अपने मोबाईल फोन में आई.पी.एल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाईन सट्टा खेल रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना प्रभारी गंज को व्यक्ति को गिरफ्तार करने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। टीम के सदस्यों द्वारा व्यक्ति के पास रखें मोबाईल फोन को चेक करने पर उसके द्वारा मोबाईल फोन में आई.पी.एल. क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाईन सट्टा खेलना पाया गया। व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा कुछ मोबाईल नंबरों के धारकों से लाईन लेकर ऑनलाईन सट्टा खेलना बताने के साथ ही मोबाईल नंबर के धारकों को गोवा में होना बताया गया। की टीम थाना माना के प्रकरण में आरोपी पतासाजी हेतु पूर्व से महाराष्ट्र में उपस्थित थी। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गोवा में कैम्प कर गोवा में उपस्थित सटोरियों पर आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा गोवा में आरोपियों को लोकेट कर गोवा के एम.व्ही.आर. होम्स स्थित एक फ्लैट में रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान फ्लैट में 08 व्यक्ति उपस्थित थे, जो लैपटॉप व मोबाईल फोन के माध्यम से सेटअप तैयार कर ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे थे। सटोरियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा आई.पी.एल. क्रिकेट मैच के दौरान एम डी 143 के माध्यम से ऑन लाईन सट्टा का संचालन स्वीकार करने के साथ ही जय, करण एवं मोहित को इस व्यवसाय में संलिप्त होना तथा साथ में मिलकर सट्टा संचालित करना बताया गया। जिस पर सभी 08 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 04 नग लैपटॉप, 01 नग कैमरा, 01 नग कैल्क्यूलेटर, 27 नग मोबाईल फोन (जिसमें 07 नग की-पेड मोबाईल फोन डब्बा पैक है), 01 राउटर एवं लिंक कनेक्टर जुमला कीमती लगभग 10,00,000/- रूपये तथा 11 नग ए.टी.एम. कार्ड एवं 01 चेक बुक जप्त किया गया है। सटोरियों के पास जप्त मोबाईल फोन में लगभग 10 करोड़ रूपये के लेन-देन की जानकारी प्राप्त हुई है। सटोरियों ने एम डी 143 आई.डी. को 25 लाख रूपये में लिया था। जय, करण एवं मोहित वाईफाई कैमरे के माध्यम से गोवा के फ्लैट में उपस्थित गिरफ्तार सटोरियों पर नजर रखते थे। अंशु तथा करीम नामक व्यक्ति चेकर थे, जो यू.ए.ई. से इन सबकी गतिविधियों पर नजर रखते थे, यह जानकारी प्राप्त हुई है। गिरफ्तार आरोपी अपने पास 07 नग की-पेड का नया डब्बा पैक मोबाईल फोन रखें थे जिन्हें वे बदल-बदल कर सट्टा संचालन में उपयोग करने वाले थे। आरोपियों के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 184/24 धारा 4(क) जुआ एक्ट एवं छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य सटोरियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है। गिरफ्तार आरोपी 01. तनुल गुरनानी पिता अमृत लाल गुरनानी उम्र 29 साल निवासी महारानी लक्ष्मी वार्ड सिंधी कालोनी सिवनी (म.प्र.)। 02 शुभम माथुर पिता अरविंद माथुर उम्र 27 साल निवासी विक्रम स्कुल के पास सालासर रोड थाना कोतवाली सीकर (राजस्थान)। 03. नीरज मूलचंदानी पिता राजेश मूलचंदानी उम्र 21 साल निवासी गली नंबर 02 महादेव मंदिर के पास थाना तेलीबांधा रायपुर। 04. श्याम संुदर जगत पिता रामसिंह जगत उम्र 35 साल निवासी ग्राम भैंसतरा थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा। 05. पवन कुमार शेखावत पिता सांवरमल शेखावत उम्र 31 साल निवासी ग्राम पोस्ट कबीरसर थाना बिसाहू जिला झुनझुनु मण्डावा (राजस्थान)। 06. रोहित आहुजा पिता राजकुुमार आहुजा उम्र 30 साल निवासी माधवनगर कुंदनदास स्कुल शांति नगर कालोनी थाना माधवनगर कटनी (म.प्र.)। 07. शुभम बजाज पिता स्व. राजेश बजाज उम्र 25 साल निवासी रानी रोड जयभोले प्रोडक्ट गनवारपारा लक्ष्मण बेकरी के पास थाना कोतवाली जिला कोरबा। 08. प्रदीप शर्मा पिता बाबूलाल शर्मा उम्र 28 साल निवासी इच्छापुर बालाजी मंदिर के पास जयपुर रोड थाना उद्योग नगर जिला सीकर (राजस्थान)।
रायपुर| छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विरासत टैक्स मामले मे कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने भारतीय समाज की उस पारिवारिक संरचना पर सीधा प्रहार किया है जो संपत्तियों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरित करती है और पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने की मजबूत कड़ी है। साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के टुकड़े किए फिर उसे जातियों मे बांटा, उसके बाद धार्मिक तुष्टीकरण करने के लिए देश के संसाधनों पर पहला हक मुस्लिमों का बताया। अब कांग्रेस कह रही है की आगे वो सत्ता मे आई तो कानून बना कर लोगों के मरने के बाद उनकी संपत्ति सरकार के जरिए हड़प लेगी। सैम पित्रोदा के बयान ने इसकी पुष्टि की है। यह बेहद शर्मनाक है। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने बीते दिनों एक बयान में कहा था कि अगर चुनाव बाद उनकी सरकार सत्ता में आई तो एक सर्वे कराया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है और अब सैम पित्रोदा ने अमेरिकी कानून का हवाला देकर कहा है, 'अमेरिका में 55 फीसदी संपत्ति सरकारी खजाने में जाती है। अमेरिका में विरासत पर कर लगता है। अगर किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और जब वह मर जाता है तो वह केवल 45 प्रतिशत अपने बच्चों को हस्तांतरित कर सकता है जबकि 55 प्रतिशत सरकार द्वारा हड़प लिया जाता है। लेकिन भारत में रहकर अपनी पीढ़ी के लिए संपत्ति जुटाई और जब आप स्वर्गवासी हो रहे हैं तो आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। साय ने कहा है कि कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण मे इतनी अंधी हो गई है की वो देश के सनातन परंपरा और परिवार परंपरा पर सीधा चोट कर रही है। उनकी मंशा है की देश के लोगों की जायदाद राजसात कर उसे उनके बीच बाँट दे जिनके ज्यादा बच्चे हैं या घुसपैठिए हैं। इस देश और छत्तीसगढ़ की जनता को यह कतई स्वीकार नहीं है। साय ने कड़ी शब्दों मे कहा है कि देश के लोगों की संपत्ति विदेशी घुसपैठियों के लिए नहीं है, यहाँ के संसाधन भी रोहिंग्याओं के लिए नहीं है। यह संपत्ति-संसाधन हमारे आदिवासी, दलित, पिछड़ों, और गरीबों का है। इस पर कांग्रेस की बुरी नीयत को हम सहन नहीं करेंगे।
कवर्धा। चुनावी रण के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज अपने गृहनगर कवर्धा पहुंचे, जहां मंदिर जाकर उन्होंने श्री खेड़ापति हनुमान के दर्शन किए. इस दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल चुनाव हार रहे हैं. डॉ. सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा क्षेत्र में बुरी तरह से हार रहे हैं, कांग्रेस दिवालीयापन की ओर है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद पर आसानी होंगे. डॉ. रमन ने कहा की भूपेश बघेल को जनता रिजेक्ट चुकी है. वे राजनांदगांव लोकसभा चुनाव में पीछे रहेंगे. यहां जनता का मूड दिख रहा है, भाजपा के संतोष पांडेय भारी मतों से विजयी होंगे. एक सवाल पर डॉ. रमन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मती मारी गई है, जो कुछ भी बोल रही है.
रायपुर। स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनाने वाले 87000 रसोइयों की भी चुनावी ड्यूटी लगाई गई है। इन रसोइयों ने इसके लिए पारिश्रमिक भुगतान की मांग की है। स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की वजह से ये रसोइए भी छुट्टी पर हैं। इस बीच जिला निर्वाचन अधिकारियों ने इनकी ड्यूटी मतदान दलों के लिए भोजन व्यवस्था के लिए लगा दी है। दूसरे चरण के तीन संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्रों में इनकी 25,26 तारीख़ के लिए ड्यूटी लगाई गई है। इसके एवज में मानदेय को लेकर जिला निर्वाचन, डीईओ सभी अधिकारी मौन है। इन रसोइयों ने पारिश्रमिक सी मांग की है। इनकी अध्यक्ष नीलू ओगरे ने आज सीईओ और संचालक स्कूल शिक्षा से मिलकर ,अन्य चुनावी कर्मियों की तरह मानदेय देने कहा है। अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
रायपुर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को एक तरफ प्रदेश के तीन संसदीय क्षेत्रों में जहां वोट डाले जाएंगे, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बेमेतरा में जनसभा को संबोधित करेंगे. बेमेतरा जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल ग्राउंड में होने वाली सभा में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15:50 बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानन्द हवाई अड्डा पहुंचेंगे. यहां से हेलीकाप्टर के जरिए बेमेतरा पहुंचेंगे. 17:30 बजे सभा के समाप्त होने के बाद हेलीकाप्टर से वापस रायपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे. रायपुर हवाई अड्डे से 18:00 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. डेढ़ घंटे के सफर के बाद गृह मंत्री नई दिल्ली पहुंचेंगे.
महासमुंद। लोकसभा निर्वाचन 2024 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाच आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक अनिल अग्रवाल, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष ईवीएम मशीनों का विधानसभा क्षेत्रवार रेंडमाइजेशन किया गया। शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लोकसभा संसदीय क्षेत्र 09 महासमुंद अंतर्गत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र महासमुंद, खल्लारी, बसना, सरायपाली सहित राजिम, बिंद्रानवागढ़, कुरूद एवं धमतरी की ईव्हीएम एवं वीवीपैट मशीन का कम्प्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से द्वितीय रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। सामान्य प्रेक्षक अग्रवाल ने रेंडमाइजेशन के पूर्व प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अब मशीनें बूथवार आबंटित की जाएगी। उन्होंने मशीनों के कमिशनिंग के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपस्थित होने भी कहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की सूची तैयार होने के बाद इस प्रक्रिया से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए ईवीएम मशीनों का बूथवार चिन्हीकरण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि द्वितीय रेंडमाइजेशन में मतदान केन्द्रवार मशीनों का आबंटन किया जाता है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा संसदीय क्षेत्र 09 अंतर्गत कुल 2147 मतदान केन्द्र है। जिसमें 39-सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में 270 मतदान केन्द्र, 40-बसना में 287, 41-खल्लारी में 277, 42-महासमुंद में 246, 54-राजिम में 274, 55-बिंद्रानवागढ़ में 299, 57-कुरूद में 237 व विधानसभा क्षेत्र 58-धमतरी में 257 मतदान केन्द्र शामिल है।
राजनांदगांव। समोसा खाने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग को चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने के मामले में पुलिस ने साथी नाबालिग को गिरफ्तार किया है। रायपुर के रहने वाले आरोपी और मृतक डोंगरगढ़ से लोकल ट्रेन में सवार होकर घर लौट रहे थे। मुढ़ीपार और मोहभट्टा के रेल्वे ट्रैक के बीच समोसा खाने और खिलाने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें एक नाबालिग ने अपने साथी को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सोमनी पुलिस को 16 अप्रैल को रेल्वे ट्रैक में एक नाबालिग की लाश मिली थी। जिसकी पहचान समीर महानंद गुढिय़ारी रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की छानबीन करते पाया कि मृतक अपने नाबालिग साथी के साथ डोंगरगढ़ से रायपुर की ओर लौट रहा था। इस दौरान चलती ट्रेन में एक वेंडर से समोसे खरीदे और आपस में खा लिया। इस बीच आरोपी को दोबारा समोसा खाने की इच्छा हुई। जिसके लिए उसने मृतक को समोसा खिलाने के लिए दबाव बनाया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। मृतक ने विवाद के दौरान आरोपी को एक तमाचा भी जड़ दिया, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने चलती ट्रेन में मृतक को धकेल दिया। इस मामले में 302 के तहत अपराध कायम करते हुए नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के लिए बुलाया। जिसमें घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
रायपुर। रामनवमी पर राज्य सरकार ने ड्राय डे घोषित कर रखा है। शराबबंदी के दिन शराब पीने-पिलाने पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। इस शराबबंदी के दिन आबकारी विभाग ने तबाड़तोड़ कार्रवाई की गयी। राजधानी रायपुर में कई जगहों पर आबकारी विभाग ने छापेमारी की। इस दौरान रायपुर शहर के कोटा, खम्हारडीह,खरोरा, सेजबहार में 190 लीटर शराब जब्त की गयी थी। जब्त शराब की कीमत 1लाख 2 हजार रुपए बतायी जा रही है। आबकारी विभाग ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।आपको बता दें कि त्तीसगढ़ शासन द्वारा आदेश जारी कर रामनवमी 17 अप्रैल 2024 को संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य हेतु “शुष्क दिवस” घोषित किया गया है। “शुष्क दिवस” के दौरान प्रदेश के जिलों में स्थित समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, रेस्टॉरेन्ट-बार, होटल-बार, क्लब आदि जैसे-एफ.एल.-1 (घघ), एफ.एल.-1 (घघ-कम्पोजिट), सी.एस.-2 (घघ), सी.एस.-2 (घघ-कम्पोजिट), सी.एस.2 (ग-अहाता), सी.एस.2 (ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल. 1 (ख-अहाता), एफ. एल. 1 (ख-कम्पोजिट अहाता), एफ. एल 2, 3, 3 (क, ख, ग.), 4. 4 (क), 5, 5 (क), 6, 7, 8, 9, 9 (क) एवं सी.एस.1, सी.एस.1-ख. सी.एस.1-ग. एफ.एल. 10, 10 (क, ख.), भांग / भांगघोटा की फुटकर दुकानों को बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। उपरोक्तानुसार घोषित “शुष्क दिवस” में मदिरा की कोई भी दुकान, होटल, रेस्टॉरेन्ट, क्लब आदि एवं मदिरा बेचने, परोसने वाले अन्य प्रतिष्ठान/व्यक्ति, चाहे वह जो भी हो, को मदिरा बेचने व परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी।गैरमालिकाना क्लबों, रेस्टारेन्टों, स्टार होटलों आदि और किसी के भी द्वारा चलाए जाने वाले होटलों को भी उपरोक्तानुसार घोषित “शुष्क दिवस” में मदिरा बेचने व परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी।उक्त अवधि के दौरान मदिरा के व्यक्तिगत भण्डारण पर एवं गैर लायसेंस प्राप्त परिसरों में मदिरा के भण्डारण पर सख्ती से रोक रहेगी और उन्हें जप्त करने की कार्यवाही की जाएगी। शासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि समस्त जिला कार्यालयों तथा संभागीय एवं राज्य स्तरीय उड़नदस्ता के द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन एवं विक्रय के रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाये जाये, इस हेतु जांच दल गठित कर अवैध मदिरा संग्रहण के संभावित ठिकानों एवं वाहनों की जांच किया जावे एवं दोषियों के विरूद्ध अपराध कायम किया जावे। उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर: कांकेर में पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इसमें नक्सलियों के कुछ बड़े कमांडर भी शामिल हैं। राज्य सरकार इसे सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि बता रही है। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक जवानों की सराहना कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता इसे फर्जी मुठभेड़ बता रही है। इस मुठभेड़ पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सबसे पहले सवाल खड़ा किया। कहा कि बीजेपी की सरकार में फर्जी मुठभेड़ होते हैं। हालांकि 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने अपना बयान बदल दिया। बघेल ने जवानों की इस उपलब्धि पर न केवल बधाई दी बल्कि इसे अपनी सरकार की नीतियों की सफलता बताया। साथ ही सफाई दी कि मैं ने कांकेर की घटना को फर्जी नहीं कहा था। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी फर्जी मुठभेड़ वाले भूपेश बघेल के बयान का समर्थन किया है। बैज ने कहा कि वो (भूपेश बघेल) राज्य के मुख्यमंत्री हरे हैं उनके अपने सूचना तंत्र हैं ऐसे में अगर वे मुठभेड़ को फर्जी कह रहे हैं तो निश्चित रुप से इसकी जांच होनी चाहिए। अब इस मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत का विवादित बयान सामने आया है। सुप्रिया का यह बयान सोशल मीडिया में शेयर किया जा रहा है। इसमें सुप्रिया से कांकेर में नक्सली मुठभेड़ और बघेल के बयान के संदर्भ में सवाल किया गया है। पूछा गया कि बीजेपी कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगा रही है। इस पर सुप्रिया ने कहा कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए मुझे लगता है कि इसकी गहन जांच होनी चाहिए। और उन सब लोग जो शहीद हुए, मारे कुछ सुरक्षा कर्मी भी घायल हुए हैं, उन सबको हमारी संवेदना है। इसमें कोई राजनीति का सवाल ही नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कांकेर में नक्सली घटना पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने मुठभेड़ को फर्जी करार दिया है। बघेल ने कहा कि बीजेपी शासन में नक्सलियों का फर्जी एनकाउंटर होता है। बघेल ने कहा कि राज्य में 4 महीने पहले बीजेपी की सरकार बनी है तब से ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हुई है। बघेल ने कहा कि बस्तर में पुलिस भोले-भाले आदिवासियां को डराती है। बघेल ने कहा कि यहां कवर्धा में भी पुलिस वाले आदिवासियों को डरा रहे हैं उन्हें गिरफ्तार कर लेने की धमकी दे रहे हैं।पूर्व सीएम बघेल के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। बघेल के बयान को लेकर मीडिया की तरफ से पूछे गए प्रश्न पर साय ने कहा कि हर चीज में इन लोगों को प्रश्न खड़ा नहीं करना चाहिए। ये वही लोग हैं जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक को काल्पनिक कहा था। साय ने कहा कि यह (नक्सली) घटना तो उनके ही प्रदेश की है, कैसे सवाल उठा सकते हैं। यह घटना किसी भी तरह से फर्जी है तो उसको प्रमाणित करें। प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी पूर्व सीएम बघेल के बयान पर जवाबी हमला बोला है। गृह मंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल जी कांकेर के एनकाउंटर को फर्जी बता रहे मैं चैलेंज करता हूं आप साबित करके दिखाइए और नहीं साबित कर सकते तो CRPF, BSF, DRG के जवानों से माफी मांगिए, बस्तर फाइटर्स से और नहीं तो जनता आपको माफ नहीं करेगी। शर्मा ने कहा कि हर विषय में राजनीति ठीक नहीं। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि कल छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं तब से बीजेपी सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी, उस अभियान को और गति मिली। 2014 से हमने कैंप लगाना शुरू किया। 2019 के बाद, सरकार बनने के बाद, लगभग 3 महीने की अवधि में, कम से कम 250 कैंप लगाए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ में 80 नक्सली मारे गये हैं, 125 से ज्यादा गिरफ्तार किये गये हैं और 150 से ज्यादा नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, मुझे पूरा विश्वास है कि यह आगे भी जारी रहेगा और बहुत कम समय में मोदी जी के नेतृत्व में हम देश से नक्सलवाद उखाड़ फेंकेंगे।
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के दिशा निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन लाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में अपराधों एवं नशे के कारोबारी पर अंकुश लगाने हेतु निजात अभियान के तहत थाना पुरानी बस्ती पुलिस के कार्य से अवैध रूप से शराब रखे को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 17.04.2024 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि आच्छी तालाब के सामने भाटागांव के पास एक लड़का जो अपने हाथ में एक सफेद रंग की प्लास्टिक की चूमड़ी में अवैध रूप से मदिरा रखा है वाहन का इंतजार कर रहा है सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर आरोपी को पकड़ कर उनके कब्जे से अवैध रूप से 35 पावा देसी मदिरा मसाला रखा मिला नाम पूछने पर अपना नाम सैयद साहिल पिता सैयद फारूक उम्र 29 साल निवासी गरियाबंद डाक बंगला बस स्टैंड के सामने थाना गरियाबंद जिला गरियाबंद हाल कोटा ओम किराना स्टोर थाना सरस्वती नगर रायपुर का रहने वाला बताया आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 170/ 24 धारा 34(2 )आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया।
अंबिकापुर। लोकसभा चुनाव बेहद करीब है और इसके लिए प्रचार अभियान भी तेज हो गया है। अलग-अलग दल के बड़े नेता चुनाव प्रचार कर पार्टी और प्रत्याशी को जीत दिलाने की जुगत में लगे हुए हैं। पार्टी के स्टार प्रचारक प्रचार की रणनीति बनाकर जीत की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की इलेक्शन कैम्पेनिंग जहां टीएस सिंहदेव न सिर्फ तपती दोपहरी में प्रचार कर रहे हैं बल्कि कार्यकर्ताओं को भी रिचार्ज कर रहे हैं। न्यूज़ चैनल से बातचीत के दोरान टीएस सिहदेव ने कहा, कि कार्यकर्ता अलग थलग हैं। कांग्रेस में नेता तो हैं मगर कार्यकर्ता नहीं है। छग में 3 सीटों पर कांग्रेस को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है, 8 सीटो पर कांग्रेस जीत सकती है। टीएस सिंहदेव ने कहा, कि पारिवारिक कारणों से इस बार समय कम दे रहा हूं। मगर, आगे भी पार्टी के लिए प्रचार करता रहूंगा। चिन्तामणि महराज राजनीति में है, ऐसे में उनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी है। मैं सरगुजा की जनता से दूर हो गया था। ऐसी शिकायत मिली है। अब आगे 4 साल हर सप्ताह एक ब्लाक में पहुंचूंगा।
बालोद। अपहरण के आरोपी के पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। एसपी ने पुलिस की इस लापरवाही मामले में चार पुलिसकर्मियों को कार्रवाई की है। तीन आरक्षकों और व एक प्रधान आरक्षक पर कार्रवाई की गयी है। जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है, उनमें हिरेंद्र यादव, सोहन साहू और विवेक आनंद धीर के अलावे प्रधान आरक्षक एवन साहू के नाम शामिल हैं। आपको बता दें कि बालोद जिला में एक अपहरण का आरोपी पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार हो गया था। देर शाम एसपी ने एक्शन लिया और चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गयी है। जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी कर रात के वक्त थाने लायी थी। जहां से आरोपी ने हथकड़ी लगे होने के बाद भी पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। एएसपी अशोक जोशी के मुताबिक आरोपी पुलिस जवान को धक्का देकर फरार हुआ था, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वहीं इस मामले में दोषी पुलिस जवानों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जायेगी। गौरतलब है कि बालोद जिले में पुलिस विभाग के दिन अभी अच्छे नही चल रहे है। कोतवाली पुलिस जहां मौजूदा वक्त में दो अंधे कत्ल के मामले को सुलझाने में उलझी हुई है। वहीं दूसरी ओर अपहरण के मामले का एक आरोपी थाने में पुलिस हिरासत से ही चकमा देकर फरार हो गया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन यादव और भाजपा विधायक द्वय मोतीलाल साहू व गजेंद्र यादव ने एक संयुक्त वक्तव्य में कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर यादव समाज का अपमान करने के लगाए गए आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर देश-प्रदेश के हर तबके का अपमान और उनके साथ छल करने वाली कांग्रेस के लोगों के मुँह से इस तरह का मिथ्या प्रलाप कतई शोभा नहीं देता। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के पास चूँकि कोई मुद्दा नहीं रह गया है, इसलिए वो इस तरह का प्रलाप करके झूठ फैला रहे हैं, लेकिन प्रदेश का जनमानस और कोई भी समाज अब कांग्रेस के झाँसे में नहीं आने वाला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मधुसूदन यादव और दुर्ग के विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि सच तो यह है कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मोदीजी के विरुद्ध हिंसा के लिये उकसाया और यादव समाज को केवल लठैत और सतनामी समाज को केवल गाली देने वाला समाज कहा, उस पर शर्मिंदा होने या माफी मांगने के बजाय कांग्रेस द्वारा उल्टे बकवास करना घृणित और निंदनीय है। कांग्रेसियों को तब यादव और सतनामी समाज के अपमान की पीड़ा क्यों नहीं हुई जब नेता प्रतिपक्ष महंत ने कांग्रेस के ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही एक विधायक का नाम लेकर उसे भी एक मजबूत 'लाठी धरैया' और एक पूर्व विधायक का नाम लेकर उसे सिर्फ गाली दे सकने वाला बताया था। प्रदेश के विकास में अपना अहम योगदान करने वाले विभिन्न समाजों का सार्वजनिक मंचों से खुला अपमान करने वाले कांग्रेसियों यह दोहरा राजनीतिक चरित्र प्रदेश की जनता देख रही है, समझ रही है।
रायगढ़। जूटमिल पुलिस द्वारा महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले उसके पति पर दुष्प्रेरण का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जानकारी के अनुसार दिसंबर 2021 में प्रीति खड़िया की शादी ग्राम गुडगहन में रहने वाले आनंद कुमार खड़िया के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक दोनों पति-पत्नी अच्छे से रह रहे थे। इसी बीच आनंद खड़िया उसकी पत्नी प्रीति को बोला कि वह परिवार के दबाव में आकर उससे शादी किया है उसकी पसंद कोई और लड़की थी। इस बात से प्रीति आहत हुई। उसके बाद आनंद खड़िया छोटी-छोटी बातों को लेकर प्रीति को मारपीट कर परेशान करता था। प्रीति अपने मायके वालों को पति के झगड़ा विवाद की बाते बताती थी। घरवाले आनदं को समझाएं भी पर उसका कोई असर आनंद पर नहीं हुआ। आनंद की लगातार उपेक्षा और मानसिक, शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर प्रीति 17 फरवरी 2024 के शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका नव विवाहिता होने से मर्ग पंचनामा कार्यवाही कार्यपालिका दंडाधिकारी पुसौर द्वारा पंचनामा कार्यवाही किया गया। जांच में महिला के पति आनंद कुमार खड़िया पिता संतोष खड़िया उम्र 30 साल निवासी गुड़गहन थाना जूटमिल जिला रायगढ़ द्वारा प्रीति खड़िया को आत्महत्या करने के लिए दुष्परित करना पाए जाने पर जूटमिल पुलिस द्वारा मृतिका का पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त कर जांच में पाये गये साक्ष्य अनुरूप आरोपी मर्ग जांच से अपराध क्रमांक 189/2024 धारा 306 आईपीसी कायम कर आज आरोपी आनदं खड़िया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। संवेदनशील प्रकरण की जांच विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक अमृतलाल साहू तथा जांचकर्ता प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी की विशेष भूमिका रही है।
रायगढ़। चुनाव कार्य में व्यस्तता के बीच पुलिस का संवेदनशील चेहरा फिर सामने आया है। आज सुबह डॉयल 112 को सूचना मिली कि ग्राम परसापाली की ओर एक अज्ञात व्यक्ति को घरों के सामने मंडराते देखा गया है जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही और वह युवक अपना नाम, पता बताने में भी अक्षम है। डॉयल 112 के कमान कंट्रोल ने आवश्यक कार्रवाई के लिए इंवेट खरसिया राइनो को दिया । खरसिया राइनो स्टाफ द्वारा गुम/विक्षिप्त युवक के मिले इंवेट की जानकारी प्रशिक्षु आईपीएस/थाना प्रभारी खरसिया आकाश श्रीश्रीमाल एवं खरसिया थाने के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर को दिया गया। तत्काल खरसिया पुलिस कॉलर से संपर्क कर युवक का पता करते हुये ग्राम बरभौना थाना छाल पहुंचे। मौके पर ही एएसआई लक्ष्मी राठौर द्वारा अर्द्ध विक्षिप्त प्रतीत हो रहे युवक का फोटो व्हाटसअप ग्रुपों में शेयर कर पता लगाया गया जिस पर भटके युवक के समीप गांव के होने तथा युवक की मानसिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिली । खरसिया पुलिस द्वारा डॉयल 112 वाहन से अर्द्ध विक्षिप्त युवक को उसके घर ले जाकर उसके मामा के सुपुर्द किया गया । उसके मामा ने बताया कि वही युवक का पालन पोषण कर रहा है, आज सुबह अचानक भांजा कहीं चला गया था। उसने खरसिया पुलिस को सकुशल भांजे को घर पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया । सराहनीय कार्य में थाना खरसिया के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर और डायल 112 आरक्षक भगवती लक्ष्मे का विशेष योगदान रहा है।
महासमुंद। कलेक्टर प्रभात मलिक के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही जारी है। साथ ही उक्त वाहनों को अवैध कार्य किए जाने पर खनिज नियमों के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी तहसीलदार श्रीधर पंडा ने बताया कि ग्राम खड़सा में अवैध उत्खनन करते हुए जेसीबी को रविवार रात्रि में सील किया गया। इस दौरान राजस्व और खनिज की टीम मौजूद थी। ज्ञात है कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और सतत कार्रवाई की जा रही है।
Adv