बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • दंपति को 3 भाइयों ने लगाया चूना, 20 और मामले में निकले आरोपी

    26-Jul-2023

    बिलासपुर। दूसरे की जमीन दिखाकर धोखाधड़ी कर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोपी तीन भाइयों को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ 20 से अधिक लोगों से फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। सरकंडा की अंजना खरे ने अखबारों में विज्ञापन देखकर जमीन दलाल संतोष जायसवाल, सचिन और संदीप जायसवाल को 3.25 लाख रुपए एडवांस दिया। इन दलालों ने उनसे एक जमीन दिखाकर 25 लाख रुपए में मकान बनाकर देने का वादा किया।

    इकरारनामा के दौरान जमीन में दूसरे का नाम देखकर महिला तथा उसके पति अतुलकांत को आशंका हुई, तब वे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि इन लोगों ने कई लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी की है। बीते सोमवार को संतोष और संदीप किसी काम से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे तो इसकी जानकारी पीडि़तों को मिली। वहां पर पीडि़त उन दोनों की पिटाई करने लगे तो वे किसी तरह भाग खड़े हुए। सरकंडा थाने में पीडि़तों ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन करके तीनों दलालों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें संतोष और संदीप सगे भाई हैं तो तीसरा आरोपी सचिन भी रिश्ते में भाई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की करीब 20 शिकायतें मिली हैं। ठगी की रकम एक करोड़ रुपए के आसपास है। जानकारी के मुताबिक पुलिस के पास पहले से ही इनके खिलाफ शिकायतें थी लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के पास शिकायत पहुंची तो उन्होंने कड़ी कार्रवाई का निर्देश सरकंडा पुलिस को दिया।
  • राजधर्म का पालन नहीं कर रहे पीएम मोदी : मोहन मरकाम

    26-Jul-2023

    बिलासपुर। मंत्री बनने के बाद पूर्व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम आज पहली बार बिलासपुर पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री मरकाम ने यहां पार्टी नेताओं से मुलाकात करने के साथ विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें विभाग से संबंधित योजनाओं और कामकाज की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। मंत्री मरकाम ने इस दौरान मीडिया से चर्चा में केंद्र सरकार और राज्य की विपक्षी भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा।

     
    मरकाम ने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधर्म का पालन नहीं कर रहे हैं। देश के नागरिकों की सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी है। लेकिन पूर्व में जिस ढंग से गुजरात को जलाकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का प्रयास हुआ, मणिपुर में भी ठीक उसी ढंग से वही प्रयास किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही उसी ढंग से काम शुरू हो गया है। आगे उन्होंने कहा कि, चार महीने से ज्यादा का समय बीत गया मणिपुर पर पीएम विशेष ध्यान नहीं दे रहे हैं। देश का आदिवासी समाज हो या आम नागरिक हर कोई मणिपुर की घटना की निंदा कर रहा है। हमारी सरकार भी उसकी निंदा कर रही है। हमने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से निवेदन भी किया है कि मणिपुर की घटना को रोका जाए वहां शांति बहाल हो।
  • प्रेमिका मेकाहारा में भर्ती, धोखे देने वाला बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

    26-Jul-2023

    रायपुर। रायपुर की युवती ने खुदकुशी का प्रयास किया। फिलहाल उसका इलाज शहर के अंबेडकर अस्पताल में जारी है। लडक़ी ने प्यार में मिले धोखे से तंग आकर जान देने की सोची। फिलहाल युवती खतरे से बाहर है। अब इस मामले में लडक़ी के बॉयफ्रेंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये मसला लिव इन रिलेशनशिप और पुरानी प्रेमिका के चक्कर से जुड़ा हुआ है। तेलीबांधा थाना इलाके में रहने वाली युवती की शिकायत पर अब पुलिस ने लडक़ी को खुदकुशी के लिए उकसाने वाले बॉयफ्रेंड के खिलाफ कार्रवाई की है। देवेश उर्फ राहुल विश्वा नाम के युवक को इस मामले में पुलिस ने पकड़ लिया है। युवक से पूछताछ की जा रही है। युवती ने बताया कि मैं और राहुल कुछ महीने से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। वो सारा दिन मेरे साथ ही रहा करता था, रात में अपने घर जाया करता था। उसने मुझसे शादी का वादा किया था मगर इस बीच उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड से उसने संबंध बनाए। बातचीत करने लगा और मुझे कह दिया कि उस लडक़ी ने राहुल के पिता से शादी की बात कर ली है अब वह उसी से शादी करेगा।

  • दोना-पत्तल निर्माण कर लक्ष्मी समूह की महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर

    26-Jul-2023

    रायपुर। छोटे से लेकर बड़े कार्यक्रम में दोना-पत्तल की बहुत मांग रहती है। इसे देखते हुए नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत छोटेडोंगर की 10 महिलाओं ने स्व सहायता समूह बनाकर दोना-पत्तल बनाने का कार्य करना प्रारंभ किया। नारायणपुर जिला वनों से आच्छादित होने के कारण पत्तों की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर आसानी से हो जाती है। समूह की महिलाओं के द्वारा इसे जंगलों से इक_ा किया जाता है। समूह के द्वारा एक माह में एक से डेढ़ हजार बंडल दोना-पत्तल तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक सदस्य को प्रतिमाह 6 हजार रुपए तक की आमदनी हो रही है।

    समूह की अध्यक्ष असून बाई ने बताती हैं कि दोना-पत्तल की बिक्री उचित कीमत में नहीं होने के कारण पहले बहुत कम लाभ मिलता था। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाने से अब उचित दर पर दोना-पत्तल की बिक्री हो रही है। रीपा में निर्मित दोना-पत्तल को अब स्थानीय बाजार एवं अन्य जिलों में भी बिक्री किया जा रहा है।
    समूह की महिलाओं कहना है कि उनके द्वारा अपने-अपने घरों में कृषि कार्य के साथ-साथ दोना-पत्तल निर्माण कार्य कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रीपा प्रारंभ करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें रीपा पार्क मिल जाने से अब दोना -पत्तल निर्माण कार्य और उसकी बिक्री में अबहुत असानी हो रही है। इससे सभी सदस्य बेहद खुश हैं और उन्हें अतिरिक्त आय का जरिया मिल गया है।
  • पूरे प्रदेश में फैला है नशे के कारोबार: बृजमोहन अग्रवाल

    21-Jul-2023

    रायपुर। भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से प्रदेश में नशीले पदार्थों के अवैध बिक्री किए जाने का मामला विधानसभा में उठाते हुए कहा कि 4 जुलाई को 2023 को रायगढ़ जिले के लैलूंगा के कमरगा गांव की एक मां को नशे के आदि उसके पुत्र ने गला घोंटकर हत्या कर दी। श्री अग्रवाल ने कहा है की जिस सरकार ने नशा बंदी और शराब बंदी का वादा कर गंगाजल की शपथ लेकर वोट की भीख मांगी थी, उसी सरकार ने सत्ता में आते ही अपने वादे को कूड़ेदान में डाल दिया और ठीक इसके विपरीत घर-घर में नशेड़ी बनाओं अभियान चला रखा है। घर के होनहार युवा को नशेड़ी बना देना उस घर को बर्बादी के मुहाने पर खड़े करने जैसा है।

    श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार नशे के व्यापार में युवाओं की बिगड़ती स्थिति से न तो चिंतित है और न ही उसमें कोई नैतिक मूल्य है। अभी जून 2023 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक व्यक्ति की गिरफ्तारी और छापेमारी के बाद 2,000 करोड से अधिक के शराब घोटाले का पर्दाफाश किया है। शराब और नशा माफिया दादागिरी के साथ नशे का अवैध व्यापार पूरे प्रदेश में फैला रखे है। स्कूल और कॉलेज के बच्चों को इस नशा माफिया ने अपने गिरफ्त में ले रखा है। प्रदेश का हर परिवार तबाह हो रहा है।
    श्री अग्रवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ नशे का हब बन गया है। गली-गली में ड्रग्स, एमडी, मशरूका, चरस, गांजा, भांग, नशीली सीरफ, नशीली गोलियों, अवैध शराब का कारोबार व्याप्त है। स्कूलों, कॉलेजों व छात्रावास के नजदीक ड्रग्स माफिया व नशा माफिया अक्टूबर माह में रायगढ़ के खरसिया चौकी के अंजोरी पाली गांव में एक व्यक्ति छत में पानी टंकी में शराब भरकर नल से निकालकर बेचता था।
    तेलीबांधा पुलिस ने 27 पेटी अवैध शराब जोरा में जप्त की। 21 दिसम्बर को रायपुर पुलिस ने 500 पैकेट नशीली दवाईया जप्त की। बसना पुलिस ने कम्हाडीपा पिरदा में अवैध शराब जप्त की। प्रदेश का ऐसा कोई जिला ब्लॉक व गांव नहीं जहाँ शासन एवं प्रशासन के संरक्षण में नशा का अवैध करोबार नही हो रहा है।
    4 साल में छत्तीसगढ़ नशे का कॉरीडोर बन गया है। ड्रग्स, ब्राऊन शुगर, गांजा, नशीली सीरफ नशीली गोलियाँ एवं नशे के सामान छत्तीसगढ़ के गली-गली में अवैध रूप से बिक रहा है। शराब का कारोबार सरकार कर रही है, जिसमें शराब एक ही व्यक्ति तीन-तीन कंपनियों के नाम से बना रहा है। वही तीनों कंपनियां ठेके में भाग ले रही है। ठेका देने वाले और लेने वाले एक ही है। सरकार ने पूरे राज्य के परिवारों को नशे के दलदल में ढकेल दिया है और माताओं, बहनों और बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो चुका है। सरकार के इस पीड़ादायक नीति के चलते पूरे प्रदेश में रोष एवं आक्रोष व्याप्त है।
  • सास ने बहु के खिलाफ दर्ज कराया मामला, आयोग रायपुर में कराएगा सुलह

    21-Jul-2023

    बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर सभाकक्ष बालोद में महिला उत्पीडऩ से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की। छत्तीगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में आज बालोद जिला प्रकरणों की सुनवाई हुई। बालोद जिले में आयोजित जन सुनवाई में आज 13 प्रकरण प्रस्तुत हुए। एक प्रकरण में आवेदिका से बिना तलाक लिए अनावेदक ने दूसरी लडक़ी से 2020 कोविड के पहले लॉकडाउन के समय मंदिर में विवाह कर लिया था। अनावेदक ने दूसरा विवाह स्वीकारा। आवेदिका ने अपनी शादी का सामान वापस मांगा जिसमें आयोग के पूछने पर अनावेदकगणों ने सामान वापस देने में अपनी सहमति दी। आयोग द्वारा बालोद जिला के संरक्षण अधिकारी को सामान वापस दिलाने में अधिकृत किया गया। दोनों पक्षों की सहमति पर 23 जुलाई को आवेदिका का सामान वापस दिलाया जायेगा। आयोग ने जरूरत पडऩे पर दुर्ग जिला के संरक्षण अधिकारी की सहायता लेने के लिए कहा। सामान वापस मिलने पर आवेदिका आयोग को 15 दिवस के भीतर सुचित करेंगी उसके बाद प्रकरण नस्तीबद्ध किया जायेगा।

    अन्य प्रकरण में आवेदिका ने बताया कि अनावेदिका उसकी बहु है। अनावेदिका का 5 साल तक प्रेम प्रसंग चलने के कारण लडक़े से विवाह हुआ था। आवेदिका की दखल अंदाजी के कारण विवाह टूटने के कगार पर है। आवेदिका ने बताया कि अनावेदिका उसके पति को छोडक़र चली गई थी। दोनों पक्षों में भरण पोषण का मामला न्यायालय में मामले चल रहा है। आयोग की समझाइश पर दोनों पक्ष आपस में सुलह करने को तैयार हुए। आयोग ने अंतिम अवसर देते हुए दोनों पक्षों को रायपुर में बुलवाएगी। सुलहनामा नहीं होने को स्थिति में प्रकरण नस्तीबद्ध कर दिया जायेगा। एक प्रकरण में आवेदिका ने अपने भतीजे के खिलाफ प्रकरण लगाया है दोनों पक्षों को सुनने के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि अदिका के पति के पूर्व पत्नि का एक पुत्र हैदराबाद में कार्यरत है। आवेदिका अपने सास की संपत्ति पर हक जताने के लिए विवाद कर रही है। आवेदिका को समझाईस दिया गया कि अपने सास की संपत्ति पर दावा नहीं कर सकती। उसका बेटा ही उस संपत्ति पर दावा कर सकता है। अत: प्रकरण को आयोग ने नस्तीबद्ध किया।
    एक अन्य प्रकरण में आवेदिका के द्वारा जानकारी दिया गया कि सरपंच द्वारा 9 व्यक्तियों के अवैधानिक कब्जा को हटाने के जगह उनका ही घर तोड़ा गया है और सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। इनका प्रकरण राजस्व न्यायालय में चल रहा है। अनावेदक ने बताया कि राजस्व विभाग के आदेश पर पुलिस विभाग और पटवारी की उपस्थिति में उसका घर तोडकर पंचनामा बनाया है। और उनका सामान सुरक्षित रखा गया है। इनका प्रकरण राजस्व न्यायालय में चल रहा है। प्रकरण आयोग द्वारा नस्तीबद्ध किया गया। एक प्रकरण में आवेदिका की पुत्री जो अनावेदक की पत्नि थी। उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी जिसका मर्ज कायम हुआ है। जिसका बिसरा रिपोर्ट नहीं मिला है और आवेदक पक्ष पर कोई अवराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है। दोनों पक्षों को समझाईश दिया गया इस प्रकरण को रायपुर में रखे जाने पर ही शीघ्र निराकरण हो सकेगा। मोहन नगर थाना एवं पुलिस अधीक्षकरू दुर्ग से विसरा रिपोर्ट प्रस्तुत किये जाने हेतु आदेश किया जावेगा। जांच की रिपोर्ट आने के बाद आगामी सुनवाई रायपुर में किया जावेगा। अन्य प्रकरण में थाना देवेन्द्र नगर में टीआई से मिलने का निर्देश आवेदिका को दिया गया था। लेकिन आज 01 साल बाद कंद मिले क्या बात हुई कोई जानकारी प्रस्तुत नहीं किया गया है। आगामी सुनवाई के पूर्व आवेदिका पक्ष लिखित में सभी दस्तावेज आयोग में स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करें अन्यथा प्रकरण देवेन्द्र नगर पुलिस रायपुर को प्रतिवेदन के लिए दिया जावेगा। आज की सुनवाई में 03 प्रकरण रायपुर हेतु स्थानांतरित 07 प्रकरण नस्तीबद्ध 01 महिला संरक्षण अधिकारी को जांच हेतु एवं 02 प्रकरण में अनुपस्थित।
  • एक बार फिर कर्मचारियों पर गिरी गाज

    21-Jul-2023

    दुर्ग। संभागायुक्त एवं कुलपति महादेव कावरे ने शुक्रवार को पशु चिकित्सा एवं पशु पालन महाविद्यालय अंजोरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन समय पर अनुपस्थित पाए गए 3 कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने अधिष्ठाता डॉ. एस.के. तिवारी को निर्देशित किया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों-अध्यापको को निर्देशित किया की कार्यालयीन समय पर अपने कार्य पर उपस्थित रहे। कार्य में लापरवाही बरतने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आहार एवं चारा प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। डॉ. प्रुस्ति ने बताया कि प्रयोगशाला में पशुओं के आहार के लिए विभिन्न जिलों से प्राप्त नमूनों की जांच की जाती है। इथर एक्स्ट्रेक्शन एसेंबली की प्रक्रिया के संबंध में डॉ. एस.के. तिवारी अधिष्ठाता द्वारा अवगत कराया गया। कुलपति ने नमूने संग्रहण एवं जांच से संबंधित पंजी संधारण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात् उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत निर्मित मीट प्रोसेसिंग लैब का निरीक्षण कर वहां स्थापित प्रसंस्करण का अवलोकन एवं उपस्थित अधिकारी द्वारा लैब में निर्मित उत्पदों के संबंध में अवगत कराया गया। इसके पश्चात कुलपति ने स्पेक्ट्रोफोटोमीटर लैब, फॉर्मेकोलॉजी लैब, बॉयोकेमिकल लैब, बायोक्रोनोलॉजी लैब, फिजियोलॉजी लैब के निरीक्षण के दौरान डॉ. संजय साक्या ने बताया कि विभिन्न प्रकार के जानवरों के डीएनए से संबंधित अनुसंधान के कार्य किये जा रहे है। कोविड-19 के दौरान भी इस प्रयोगशाला द्वारा कोविड जांच हेतु आरटीपीसीआर जांच की सुविधा प्रदान की जा चुकी है।

    निदेशक शिक्षा के कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कावरे ने उपस्थित निदेशक डॉ. आर.सी. घोष को निर्देशित किया कि विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन में निदेशक शिक्षण हेतु आबंटित कक्ष में स्थानांतरण की कार्यवाही यथाशीघ्र करें। कावरे ने अध्यापन कक्ष जाकर विद्यार्थियों से अध्यापन कार्य के संबंध में चर्चा की एवं विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हे शिक्षा एवं हॉस्टल में किसी भी प्रकार की असुविधा तो नही है? जिस पर विद्यार्थियों ने महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध सुविधाओं पर संतुष्ठीे व्यक्त किये। कावरे ने दूरांचल से आए हुए विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया एवं कहा कि वे अपनी अध्यापन कार्य पूरी रूचि से करें। कुलपति ने महाविद्यालय अंतर्गत स्थापित समस्त मशीनों के रखरखाव हेतु वार्षिक रखरखाव अनुबंध (एएमसी) की कार्यवाही प्रारंभ करने के संबंध में उपस्थित कुलसचिव डॉ. आर.के. सोनवाने एवं अधिष्ठाता डॉ. एस.के. तिवारी को निर्देशित किया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि महाविद्यालय के सभी प्रयोगशाला एवं विभिन्न कक्ष में सेनेटाईजर अनिवार्यत: उपलब्ध रहे और नियमित उपयोग करें। पशु अनुवांशिकी एवं प्रजनन विभाग के निरीक्षण के दौरान निदेशक डॉ. के.मुखर्जी ने कुलपति को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय द्वारा कोशली गाय एवं छत्तीसगढ़ बफेलो के नस्ल के पंजीकरण किया गया है, जो कि विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धी है। इसी क्षेत्र में सोनकुकरी मुर्गी, अंजोरी गोट नस्ल के पंजीकरण के लिए भी निरंतर प्रयास किये जा रहे है जिसमें जल्द सफलता प्राप्त होने की जानकारी दी गई। जिस पर कुलपति ने विभाग द्वारा किये जा रहे इस कार्य हेतु प्रशंसा व्यक्त की एवं इससे संबंधित प्राध्यापकों को प्रोत्साहित किया एवं सहयोग के लिए आश्वासन दिया। 
  • भूपेश बघेल आईटीआई के आधुनिकीकरण के लिए टाटा टेक्नोलॉजीस के साथ करेंगे एमओयू

    21-Jul-2023

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 22 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 36 शासकीय आईटीआई के आधुनिकीकरण के लिए लगभग 1188.36 करोड़ की परियेाजना पर टाटा टेक्नोलॉजीस के साथ एमओयू करेंगे। गौरतलब है कि टाटा टेक्नोलॉजीस के साथ होने जा रहे एमओयू के तहत राज्य के 36 आईटीआई में युवाओं को 6 नई ट्रेडों में तथा 23 शॉर्ट टर्म कोर्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। टाटा टेक्नोलॉजीस द्वारा राज्य के चयनित आईटीआई में अत्याधुनिक तकनीकी वर्कशॉप की स्थापना, प्रशिक्षकों की व्यवस्था आदि की जाएगी। इसके अलावा राज्य के युवाओं को प्लेसमेंट देने में टाटा और उनकी सहयोगी कंपनी सहयोग करेगी। इस परियोजना से प्रति वर्ष 10 हजार से अधिक युवाओं को नये जमाने के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।

  • नॉन इंटरलोकिंग का कामों के चलते 18 ट्रेने होंगी प्रभावित

    21-Jul-2023

    रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर रेल मंडल के राजनांदगाँव-कलमना रेल खंड के बीच में तीसरी लाइन को कामटी रेलवे स्टेशन से जोडने का कार्य के लिए नॉन इंटरलोकिंग का कार्य किया जाएगा । यह नॉन इंटरलोकिंग का कार्य दिनांक 22 से 25 जुलाई , 2023 तक किया जायेगा। इस कार्य के फलस्वरुप कुछ गाडिय़ों को रद्द एवं कुछ को गंतव्य से पहले समाप्त एवं रवाना किया जाएगा, जिसकी जानकारी इस प्रकार है -

    रदद होने वाली गाडियां -
    01. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 तक इतवारी से छूटने वाली 08756 इतवारी-रामटेक मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    02. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 तक रामटेक से छूटने वाली 08751 रामटेक-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    03. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 तक इतवारी से छूटने वाली 08754 इतवारी-रामटेक मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    04. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 तक रामटेक से छूटने वाली 08755 रामटेक-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    05. दिनांक 22 से 24 जुलाई, 2023 तक कोरबा से छूटने वाली 18239 कोरबा-इतवारी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
    06. दिनांक 22 से 24 जुलाई, 2023 तक इतवारी से छूटने वाली18240 इतवारी-कोरबा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
    07. दिनांक 22 से 24 जुलाई, 2023 तक बिलासपुर से छूटने वाली12855 बिलासपुर-इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
    08. दिनांक 23 से 25 जुलाई, 2023 तक इतवारी से छूटने वाली12856 इतवारी-बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
    09. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को रायपुर से छूटने वाली 08767 रायपुर-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    10. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को इतवारी से छूटने वाली 08768 इतवारी-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    11. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को डोंगरगढ़ से छूटने वाली 08711 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    12. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को गोंदिया से छूटने वाली 08713 गोंदिया-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    13. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को बालाघाट से छूटने वाली 08715 बालाघाट-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    14. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को इतवारी से छूटने वाली 08714 इतवारी-बालाघाट मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    15. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 तक इतवारी से छूटने वाली 08716 इतवारी-गोंदिया-बालाघाट पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    16. दिनांक 22 से 25 जुलाई, 2023 को गोंदिया से छूटने वाली 08712 गोंदिया-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    17. दिनांक 22 से 24 जुलाई, 2023 तक बिलासपुर से छूटने वाली 08212 बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
    18. रेल प्रशासन यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करता है तथा सहयोग की आशा करता है।
  • देश भर में 48 गति शक्ति मल्टी कार्गो टर्मिनल की कमीशनिंग की गई

    21-Jul-2023

    रायपुर। आज राज्यसभा में एक प्रश्न के दौरान रेल, संचार और इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीएम गति शक्ति के संबंध में जानकारी दी,

    पीएम गति शक्ति ढांचे में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए, रेलवे भूमि के प्रबंधन की नीति पर एक मास्टर परिपत्र जारी किया गया है, जिसमें कार्गो से संबंधित गतिविधियों, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, रेलवे विशेष उपयोग आदि के लिए रेलवे भूमि को पट्टे पर देने के प्रावधान शामिल हैं । । संशोधित रेलवे भूमि प्रबंधन नीतियां बुनियादी ढांचे के एकीकृत विकास को सक्षम बनाएंगी । गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल रेलवे के विकास से संबंधित एक मास्टर सर्कुलर 06.12.2022 को जारी किया गया है । चूंकि ऐसी वाणिज्यिक नीतियां रेलवे पर जारी रहने वाले खुले कार्यक्रम हैं, इसलिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के साथ-साथ कार्गो टर्मिनलों का परिणामी विकास भी भविष्य में एक सतत प्रक्रिया होने की संभावना है। अब तक देश भर में 48 गति शक्ति मल्टी कार्गो टर्मिनल की कमीशनिंग की गई है, जिनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 03 गति शक्ति मल्टी कार्गो टर्मिनल, एसईसीएल छाल माइन्स, एनटीपीसी कोल साइडिंग, तलाईपल्ली एवं एसईसीएल लोड आउट सिस्टम (लक्ष्मण प्रोजेक्ट) गेवरा, कोरबा शामिल है।
  • राजधानी में कल अमित शाह, बीजेपी नेताओं की लेंगे हाई लेवल मीटिंग

    21-Jul-2023

    रायपुर। भाजपा के चुनावी रणनीतिकार अमित शाह रायपुर आ रहे हैं। 22 जुलाई शनिवार को शाह छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं की हाई लेवल मीटिंग लेंगे। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत संगठन के महामंत्री, संभाग के प्रभारियों को बैठक में शामिल होने की तैयारी करने कहा गया है।

    शाह के सवाल होंगे और जवाब स्थानीय नेताओं को देने हैं। खबर है कि एक प्राइवेट सर्वे एजेंसी के कुछ लोग भी शाह के साथ होंगे। छत्तीसगढ़ की विधानसभा सीटों पर भाजपा की स्थिति को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के एक सर्वे पूरा होने की चर्चा है। खब ये भी है कि उस सर्वे में भाजपा की हालत पतली दिखी है। इस वजह से केंद्रीय नेतृत्व भी टेंशन में है। भाजपा 2023 के चुनाव को हर हाल में जीतने का प्रयास कर रही है। यही वजह है कि अमित शाह एक बार फिर रायपुर आ रहे हैं। इसी महीने 5 जुलाई को शाह ने रायपुर में रात बिताई और नेताओं की बैठक ली थी। तब शाह छत्तीसगढ़ भाजपा की परफॉर्मेस से संतुष्ट नहीं दिखे थे। ओम माथुर और नितिन नबीन से उन्होंने आंतरिक रिपोर्ट मांगी थी, मुमकिन है कि शनिवार को वो इस रिपोर्ट का अपडेट लेंगे।
  • कर्मचारी पद के लिए कलेक्टर दर पर निकली भर्ती, 28 जुलाई तक करें आवेदन

    21-Jul-2023

    धमतरी। जिला सत्र एवं न्यायाधीश कार्यालय धमतरी में आकस्मिक निधि (कलेक्टर दर) के कर्मचारी, माली, वॉटरमेन और स्वीपर के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु निर्धारित प्रारूप में आगामी 28 जुलाई तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। चयन समिति की अध्यक्ष एवं एडीजे सुनीता टोप्पो ने बताया कि जिले की वेबसाईट https://districts.ecourts.gov.in/dhamatari पर आवेदन पत्र का प्रारूप, पदों का विवरण, नियम तथा शर्तों की जानकारी अपलोड कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी उक्त वेबसाईट का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

    स्वास्थ्य और शिक्षा को बेहतर, बच्चों का भविष्य संवार रही आंगनबाड़ी
     
    कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर जिले में संचालित आंगनबाडिय़ों को और अधिक बेहतर व सुंदर बनाकर बच्चों एवं गर्भवती माताओं को सुव्यवस्थित सेवायें प्रदान की जा रही है। आंगनबाड़ी केन्द्र द्वारा प्रदान की जाने वाली प्रमुख सेवाओं में अनुपूरक आहार, टीकाकरण स्वास्थ्य, जांच और पोषण शिक्षा इसके अलावा तीन से छ: वर्ष की आयु के बच्चों के लिए विद्यालय पूर्व शिक्षा शामिल है। गर्भवती माता और बच्चों की देखभाल का केन्द्र है आंगनबाड़ी। इसके जरिये बच्चों में होने वाले कुपोषण जैसी समस्याओं से लडऩे के लिए राज्य शासन द्वारा इन केन्द्रों को संचालित किया जा रहा हैै, जिसका प्रतिफल अब दिखाई देने लगा है। प्रदेश में कुपोषण की दर में निरंतर गिरावट देखने को मिल रही है। बाल्यावस्था की विभिन्न अवस्थाओं पर बच्चों की आवश्यकताओं की पहचान करने के लिए ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी केन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। आंगनबाड़ी केन्द्र में विशेष रूप से निर्धन और निम्न आय वर्ग के परिवार के बच्चे प्रारंभिक पढ़ाई करते हैं। शिशुओं के प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर स्वास्थ्य, बाल पोषण विद्यालय, शिक्षा तथा बच्चों के टीकाकरण आंगनबाड़ी केंन्द्र में सुविधानुसार की जाती है। आंगनबाड़ी केन्द्र का मतलब है, बाल विकास और वृद्धि में सहायता प्रदान करना।
    जिले की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया गया है। इन केन्द्रों की दीवारों को आकर्षक रंगों से रंगकर चित्रकारी की गई, जो कि छोटे बच्चों को सम्मोहित करती है। वहीं बच्चों के सुनहरे भविष्य को बुनते भी हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एक ऐसी योजना है, जहां अधोसंरचना के कार्य से लेकर भविष्य निर्माण को गति दी जाती है। जिले में कई ऐसे आंगनबाड़़ी थे, जो वर्षों से जर्जर अवस्था में थी। पालकों के मन में हमेशा डर बना रहता था, कि हमारे बच्चों का भविष्य क्या होगा। ग्रामीणों की मांग पर जिला कार्यालय द्वारा संबंधित ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी भवन का मुआयना किया गया। तकनीकी प्राक्कलन हेतु जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया। 
  • छत्तीसगढ़ में महिला हिंसा में आई कमी: मंत्री मोहम्मद अकबर

    21-Jul-2023

    रायपुर। विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से छत्तीसगढ़ की गलत छवि पेश की गई है. छत्तीसगढ़ में महिला हिंसा में कमी आई है, चाहे बलात्कार की घटना हो या अन्य घरेलू हिंसा, सभी में गिरावट दर्ज की गई है. नाम लिए बिना भाजपा पर निशाना साधाते हुए कहा कि नेता ने कहा था कि एक साल कमीशन खाना बंद कर दो सरकार वापस आ जाएगी. आज जो स्थिति हो गई है, उसे सब देख रहे हैं. उन्होंने विपक्ष से पूछा कि क्या बीजेपी ने अपना सभी वादा पूरा किया. विभाग का नाम लिख कर उसके आगे सिर्फ घोटाला लिख दिया है।

    उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सिर्फ वन घोटाला लिखा है, जबकि छत्तीसगढ़ में वन क्षेत्रों की बढ़ोत्तरी हुई है. वन क्षेत्र में 109 वर्ग किलोमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है. नदी, रास्ते अन्य स्थानों पर लगाए गए पेड़ से कुल 1107 वर्ग किलोमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है. विपक्ष ने 44 घोटाला और 110 आरोप लिखकर दे दिया है, जो तर्कहीन है. मंत्री ने बैरियर लगाने से सालाना 211 करोड़ राजस्व मिलने की दी जानकारी।
    मंत्री अकबर ने रमन सरकार में हुए घोटालों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि रमन सरकार में प्रामाणिक घोटाले हुए. भारत के इतिहास में बांध बेचने का काम हुआ। जांजगीर जिले के रोगदा बांध घोटाला जैसे ही कई घोटाले हैं। उन्होंने चर्चा के दौरान धान खरीदी और कर्ज माफी पर बात की. मंत्री ने कर्जा माफी के आंकड़े भी बताए. उन्होंने भाजपा विधायकों को प्राप्त कर्जा माफी के आंकड़े भी बताए।
  • राज्य सूचना आयोग ने की कार्रवाई, तहसीलदार और सब इंजीनियर पर 25-25 हजार का लगा जुर्माना

    21-Jul-2023

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग ने सूचना देने में लापरवाही बरतने पर दो जन सूचना अधिकारियों पर 25- 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। इन अधिकारियों में एक तत्कालीन तहसीलदार और एक तत्कालीन उप अभियंता शामिल है।

    राज्य सूचना आयुक्त मनोज त्रिवेदी ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदन के निराकरण में लापरवाही बरतने और समय सीमा में क्रियान्वयन नहीं किये जाने पर संबंधित जनसूचना अधिकारियों पर यह अर्थदंड लगाया है। एक प्रकरण की सुनवाई के दौरान पाया गया कि रायपुर तहसील के तत्कालीन जन सूचना अधिकारी को मार्च 2019 में आवेदक द्वारा सीमांकन से संबंधित दस्तावेजों आदि का अवलोकन करने का आवेदन दिया गया था। किंतु जन सूचना अधिकारी के द्वारा 3 वर्ष विलंब से आवेदक को अवलोकन के लिए सूचना जारी किया गया। इस संबंध में आयोग के द्वारा तत्कालीन जन सूचना अधिकारी को जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया, जिसका कोई जवाब उनके द्वारा नहीं दिया गया। इस कारण से तत्कालीन जन सूचना अधिकारी एवं तहसीलदार रायपुर एवं वर्तमान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर श्री अमित बेक पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
    एक अन्य प्रकरण में नगर पालिका रतनपुर के तत्कालीन जन सूचना अधिकारी द्वारा नामांतरण संबंधी फाइलों से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी आवेदक के द्वारा चाहे जाने के विषय पर मूल आवेदन का समय सीमा में निराकरण नहीं करने और आयोग को जवाब नहीं प्रस्तुत करने के कारण तत्कालीन जन सूचना अधिकारी एवं उप अभियंता एवं वर्तमान में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली जिला दंतेवाड़ा में पदस्थ देवेंद्र पहाड़ी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड आरोपित किया गया है। अर्थदंड की राशि शासकीय कोष में जमा करने के लिए संबंधित जन सूचना अधिकारियों के नियंत्रण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
  • बारिश के चलते निगम अलर्ट, बारिश के बीच पानी निकासी के लिए जुटी रही टीम

    21-Jul-2023

    भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत बारिश के पानी से कहीं भी जलभराव की स्थिति न हो इसके लिए महापौर नीरज पाल के निर्देश पर निगम के अधिकारी व निगम का स्वास्थ्य अमला जुटा हुआ है। महापौर नीरज पाल और निगमायुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम के जोन आयुक्त व अधिकारी, स्वास्थ्य टीम के साथ बस्तियों में अवलोकन करने पहुंचे और समक्ष नालियों को साफ करवाया। सभी वार्डों के छोटे, बड़े नाली की सफाई की जा रही है ताकि पानी की निकासी बिना कोई अवरोध गंतव्य की ओर निकल सके साथ ही जहां निकासी की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने निकासी की व्यवस्था बनाई जा रही है। निगम के सफाई कर्मी वार्डों के भीतर नाली से पानी निकासी करने झिल्ली, पन्नी व कचरे को निकालने में जुटे रहे।

     
    बारिश की वजह से कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए निगम की टीम मौके पर पहुंच रही है। गौरतलब है कि निगम मेयर व आयुक्त के निर्देश पर निगम प्रशासन ने बारिश पूर्व ही सभी नाली व बड़े नालों की जेसीबी से सफाई कराई थी, जिसके कारण जलभराव की शिकायतें नगण्य आ रही है। भिलाई निगम क्षेत्र में बारिश का पानी सुगमता से तालाब व बड़े नालो तक बिना अवरोध पहुंच सके इसलिए नाले व वार्डों के भीतर जल निकासी वाले सभी नालियों की सफाई पूर्व में ही कराई जा चुकी है। बारिश के पानी से जलभराव की स्थिति से निपटने कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी वार्डों के भीतर जलभराव होने वाले स्थान पर कच्चा रास्ता बनाकर पानी को निकालने में जुटे रहे। कई स्थानों पर जाम नाली से झिल्ली, पन्नी एवं अन्य कचरो को निकालकर साफ किया गया। बारिश के पानी को निकालने सफाई कर्मियों ने वार्डो के भीतर फावड़ा, बेलचा व अन्य औजार के साथ वार्ड के नाली का निरीक्षण किए और जलजमाव वाले स्थानों से पानी की निकासी हेतु रास्ता बनाकर निकाला। नाली से जलप्रवाह को बनाए रखने सभी जोन के जोन स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किए और कई स्थानों पर जलनिकासी के लिए रास्ता बनवाया। आज कैलाश नगर भगवा चौक के पास जवाहर नगर एवं साकेत नगर आदि इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाई गई।
  • राज्य के विश्वविद्यालयों की कार्यों की समीक्षा करेंगे राज्यपाल हरिचंदन

    21-Jul-2023

    रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन 25 जुलाई को राज्य के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों और 26 जुलाई को राज्य के निजी विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्य एवं अन्य कार्यो की समीक्षा करेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सभी शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित रहेंगे। बैठक दोनो दिन प्रात: 11 बजे से राजभवन में आयोजित होगी।

    बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन की स्थिति, नैक (नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन कौंसिल) द्वारा विश्वविद्यालयों एवं संबंद्ध महाविद्यालयों के मूल्यांकन की स्थिति, ग्रेडिंग और संस्थानों द्वारा नेक ग्रेडिंग सुधारने के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति आदि की समीक्षा भी की जायेगी। बैठक में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थाओं के मध्य हुए एम.ओ.यू., अकादमिक सत्र के पालन, परीक्षाओं एवं परिणाम के समय पर जारी करने के संबंध में एवं विश्वविद्यालयों द्वारा कराए गए विशेष अनुसंधान, नवाचार आदि की जानकारी भी ली जाएगी।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का शालेय शिक्षक प्रधान पाठक संघ ने जताया आभार

    21-Jul-2023

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में शालेय शिक्षक प्रधान पाठक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने गुलाब पंखुडिय़ों से निर्मित माला पहना कर डीए एचआरए वृद्धि पर समस्त शालेय शिक्षकों व प्रधान पाठकों की तरफ से आभार जताया।

    उन्होंने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के सभी कर्मचारी बहुत खुश हैं। अब छत्तीसगढ़ में केंद्र के समान डीए और 9 प्रतिशत व 6 प्रतिशत गृह भाड़ा भत्ता मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के सभी कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर शालेय शिक्षक प्रधान पाठक संघ के अध्यक्ष मनोज साहू, सुरेश वर्मा, दिनेश वर्मा, वर्मा, शिव वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 
  • कलेक्टर ने ई.वी.एम. प्रदर्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    21-Jul-2023

    कांकेर। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जिले में ईव्हीएम व वीवीपैट मशीन के प्रचार-प्रसार के लिए ई.वी.एम. प्रदर्शन वैन को जिला पंचायत परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए ई.वी.एम. प्रदर्शन वैन के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट मशीन की जानकारी जिले के सभी ग्राम पंचायतों, मतदान केन्द्र, हाट-बाजार, विद्यालय एवं महाविद्यालय में दी जाएगी। गौरतलब है कि कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला के मार्गदर्शन में विधानसभा निर्वाचन 2023 में शत-प्रतिशत मतदाताओं की ओर से मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित कराने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मतदाताओं को ईव्हीएम व वीवीपैट मशीन तथा मतदान केन्द्र में मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में इव्हीएम प्रदर्शन केन्द्र की स्थापना की गई है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन प्रदर्शन केन्द्र में मतदाताओं को वोटिंग मशीन का बटन दबाकर वोट डालने का प्रयोग कराया जा रहा है। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी व जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक मारबल, जिला शिक्षा अधिकारी भुवन जैन सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

  • प्रगति स्व सहायता समूह की महिलाएं कर रही गोबर से प्राकृतिक पेंट का निर्माण

    21-Jul-2023

    कोरिया। विकासखण्ड बैकुण्ठपुर का ग्राम मझगवां के गौठान में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क योजना के तहत विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें से एक है गोबर से प्राकृतिक पेंट निर्माण कार्य। प्रगति स्व सहायता समूह की महिलाएं यहां पेंट निर्माण कार्य से जुड़ीं हैं। यह प्राकृतिक पेंट महिलाओं के जीवन में खुशहाली के रंग भर रहा है। फरवरी माह से यहां गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की इकाई संचालित है और इन्होंने 2800 लीटर पेंट का उत्पादन किया है. जिसमें से लगभग 2500 लीटर पेंट का विक्रय कर लगभग 5 लाख 30 हजार रुपए की आमदनी भी की है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों व स्कूलों में रंग रोगन के लिए यह उपयोग में लिया जा रहा है।

    समूह की अध्यक्ष सुमन राजवाड़े बताती हैं कि गोबर पेंट इकाई के माध्यम से समूह की महिलाओं को स्व रोजगार हासिल हुआ है, जिससे वे अपने और अपने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। पहले महिलाओं की ओर से गौठानों में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाया जा रहा था, आज इसके साथ ही साथ रीपा के तहत गोबर से पेंट बनाकर हम जैसी घरेलू महिलाएं सफल उद्यमी बनकर उभरी हैं। निर्मित पेंट को गौठान और सी मार्ट के माध्यम से प्राकृतिक पेंट ब्रांड के नाम से बाजार में विक्रय किया जा रहा है।
    समूह की कुछ महिलाओं को जयपुर राजस्थान में गोबर से पेंट बनाने का प्रशिक्षण दिलाया गया है, यहां उन्हें निर्माण के संबंध में विधिवत जानकारी दी गई। गोबर से पेंट बनाने की प्रक्रिया में पहले गोबर और पानी के मिश्रण को मशीन में डालकर अच्छी तरह से मिलाया जाता है और फिर बारीक जाली से छानकर अघुलनशील पदार्थ हटा लिया जाता है। फिर कुछ रसायनों का उपयोग करके उसे ब्लीच किया जाता है तथा स्टीम की प्रक्रिया से गुजारा जाता है। उसके बाद सी एम एस नामक पदार्थ प्राप्त होता है। इसे डिस्टेम्पर और इमल्सन के रूप में उत्पाद बनाए जा रहे हैं। रीपा गौठान मझगवां में लगी हुई पेंट यूनिट से आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में पेंट का अलग-अलग उत्पाद लिया जा सकता है। इसकी औसत दैनिक उत्पादक क्षमता लगभग 500 लीटर है।
  • रोका-छेका अभियान के लिए कृषकों व पशुपालकों को किया गया प्रोत्साहित

    21-Jul-2023

    कोरिया। पशु चिकित्सा सेवायें कोरिया के उप संचालक ने बताया कि 6 से 17 जुलाई तक कोरिया एवं एमसीबी जिले में रोका छेका अभियान का आयोजन किया। रोका छेका अभियान अंतर्गत जिले के गौठानों में स्व-सहायता समूहों, गौठान प्रबंधन समितियों, ग्रामीणों, कृषकों, पशुपालकों की बैठक आयोजित कर पशुओं के रोका छेका करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। जिससे बारिश के मौसम में बोये गये फसलों की पशुओं से सुरक्षा एवं सडक़ पर होने वाली दुर्घटना से जन व पशु हानि को रोका जा सके। उन्होनें बताया कि अभियान के अंतर्गत विभाग की ओर से गौठानों में नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविरों का भी आयोजन किया गया। जिसमें कृषकों व पशुपालकों के पशुओं का आवश्यकतानुसार उपचार, बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान व डिवर्मिग कर औषधियों का वितरण किया गया।

    इस अभियान में कोरिया जिले के 81 एवं एमसीबी जिले के 85 कुल 166 गौठानों में नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों व गौठान प्रबंधन समितियों के साथ बैठक हुई। इस शिविर में पषुपालों द्वारा कुल 7060 पशु लाए गए, जिसमें 893 पशुओं का उपचार व 6178 पशुओं का टीकाकरण (गलघोंटू व एक टॅगिया) किया गया। साथ ही 3975 औषधिक वितरण, 2920 डिवर्मिग व 06 धान पैरा यूरिया उपचार प्रदर्शन किये गये। कृषक व पशुपालकों से अपील की गई है कि फसलों की कटाई एवं ढुलाई तक अपने पशुओं का घर पर ही रोका छेका कर अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं को चराने व चारा पानी के लिए गौठानों में लेकर आए और नि:शुल्क पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठावें।
Top