बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • श्री सत्यनारायण मंदिर में इस वर्ष पावन पुरुषोत्तम मास महोत्सव स्थगित

    14-Sep-2020

     पुरुषोत्तम मास में कोराना महामारी से मुक्ति मिलने की आशा

                  राजनांदगांव : संस्कारधानी नगरी की सामाजिक , धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सार्वजनिक रूप से संचालित करने वाली श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के द्वारा वर्ष भर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को सार्वजनिक रूप से आयोजित करके हिंदू संस्कृति को जीवंतता प्रदान की जा रही है ।  वर्ष 2014 ( संवत 2071 ) के समय पावन पुरुषोत्तम मास जो हिंदू तिथि के अनुसार प्रत्येक तीसरे वर्ष में आता है , इस पुरुषोत्तम मास का हिंदू संस्कृति में विशेष महत्व बताया गया है । इस मास में किए गए धर्म कार्य , दान - पुण्य , भजन - सत्संग इत्यादि का फल 100 गुणा प्राप्त होने का विधान पुराणों में बताया गया है , श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा वर्ष 2014 से पावन पुरुषोत्तम मास के प्रथम 15 दिवस तक तिथि के अनुसार उसके देव का या देवी का विशेष पाठ , भजन - सत्संग एवम् उत्सव का कार्यक्रम श्री सत्यनारायण धर्मशाला में आयोजित किया जा रहा था । जिसमें संस्कारधानी नगरी की मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था । वर्ष 2014 एवं  वर्ष 2017 के पावन पुरुषोत्तम मास के महोत्सव बड़ी धूमधाम से बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुए थे ।  इस वर्ष सन 2020 में पावन पुरुषोत्तम मास आगामी 18 सितंबर से प्रारंभ हो रहा है , किंतु वर्तमान परिस्थिति में सार्वजनिक कार्यक्रम किया जाना संभव नहीं है । कोराना महामारी की वजह से समिति ने यह निर्णय लिया है कि इस वर्ष पावन पुरुषोत्तम मास महोत्सव कार्यक्रम स्थगित किया जाए ।
                  श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक लोहिया , सचिव सुरेश अग्रवाल , मंदिर व्यवस्था एवं उत्सव प्रभारी राजेश शर्मा , श्यामसुंदर खंडेलवाल , पवन लोहिया के अनुसार इस वर्ष का महोत्सव कोराना महामारी की वजह से आयोजित नहीं हो पा रहा है । अतः सभी भक्तगण अपने - अपने घरों में ही पावन पुरुषोत्तम मास के दौरान दान - धर्म एवं भजन - सत्संग के कार्यक्रम आयोजित करें , जिससे विश्व में आइ कोरेना महामारी से विश्व के जनमानस को शीघ्र ही मुक्ति प्राप्त हो सके । भगवान श्री सत्यनारायण जो पावन पुरुषोत्तम मास के अधिष्ठाता देवता है , उनसे भी विनती की जाती है कि इस कोराना महामारी से अब शीघ्र मुक्ति दिलाए , जिससे आम जनमानस को हो रही आर्थिक एवं जीवन की हानि से मुक्ति प्राप्त हो सके । 
     
  • गार्ड की पिटाई कर शराब भट्ठी से 14 लाख की लूट

    13-Sep-2020

     धमतरी। जिले में अर्जुनी थाना क्षेत्र के रावां गांव स्थित देशी शराब की दुकान में 14 लाख की लूट हो गई। यह घटना बीती रात 2 बजे के बाद की है। बाइक में आये 4 लुटेरों ने शराब दुकान के चौकी दार की पिटाई कर उसे बंधक बना दिया और लूट पाट कर भाग निकले। सूचना पर एसपी बी .पी .राजभानु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर, टीआई उमेंद्र टंडन, आबकारी उपनिरीक्षक वैभव मित्तल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। लुटेरों का फिल हाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। 

     

    बताया जाता है कि शनिवार-रविवार को बैंक बंद होने की स्थिति में बिक्री के राशि को भट्टी में ही रखा गया था। जिसकी खबर बदमाशों को मिल गई और इस वारदात को अंजाम दिया ।  पुलिस को इस वारदात में 4 लोगों के शामिल होने की आशंका है। लूटेरे रात लगभग 2 बजे बाइक से पहुंचे थे। सुरक्षा में मौजूद गार्ड के साथ मारपीट कर ताला तोड़कर अंदर चेस्ट को ले गए, जिसमें 14लाख रुपए थे। जाते समय वहां के गार्ड को बंधक बना दिया। जैसे-तैसे बाहर निकलकर अर्जुनी थाना को खबर की। सूचना मिलते ही सभी पहुंचे। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है आरोपियों की तलाश जारी है।

     

     

  • नंद कुमार बघेल हुए कोरोना संक्रमित

    13-Sep-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं चल रही थी।बताया जा रहा है कि नंदकुमार बघेल को सांस लेने में तकलीफ़ थी, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टर देवेंद्र नायक ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उनमें कोरोना की पुष्टि होने के बाद उन्हें हॉस्पिटल लाया गया है। उनको साँस लेने में तकलीफ़ आ रही है। फ़िलहाल चिंता जैसी कोई परिस्थिति नहीं है।

  • रैपिड एंटिजेन टेस्ट पॉजिटिव आने पर दोबारा आर टी पी सी आर या टू नाट टेस्ट की जरूरत नहीे -डॉ सुंदरानी

    13-Sep-2020
    रायपुर  : कोविड 19 बीमारी चूंकि नई बीमारी  है इसलिए इसके बारे में आम जनता में अनेक भ्रांतियां भी हैं। डॉ भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल के चिकित्सक डॉ सुंदरानी का कहना है कि कोरोना का पता लगाने के लिए किए जाने वाला टेस्ट रैपिड एंटिजेन टेस्ट यदि पॉजिटिव आता है तो मरीजों को दोबारा आर टी पी सी आर या टू नाट टेस्ट नही कराना चाहिए। उस टेस्ट का रिजल्ट आने का इंतजार करने में समय नहीं गंवाना चाहिए बल्कि कोरोना का इलाज तत्काल चिकित्सक की देखरेख में शुरू करना चाहिए। इससे मरीज के स्वस्थ होने की संभावना भी बढ़ेगी और अनावश्यक संसाधन भी खर्च नही होगा। उसके स्थान पर किसी गंभीर मरीज का टेस्ट हो जाएगा। उनकाा कहना है कि जब रैपिड टेस्ट का रिजल्ट निगेटिव आता है और फिर भी यदि मरीज में कोरोना के लक्षण दिख रहे हैं तो ही आर टी पी सी आर कराना चाहिए। यह भी अत्यंत आवश्यक है कि टेस्ट कराने के बाद से रिजल्ट आते तक लोगों को घर पर ही रहना चाहिए। दूसरों से और घर के अन्य सदस्यों से भी मेल-जोल नही रखना चाहिए। तभी हम सब इस बीमारी के संक्रमण से बचे रहेंगे।
                   
  • सामाजिक बहिष्कार के मामले पर तुरंत कार्यवाही हो - डॉ. दिनेश मिश्र

    13-Sep-2020
    राजनांदगांव के मानपुर का मामला
    रायपुर : अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ दिनेश मिश्र ने बताया कि राजनांदगांव के मानपुर के ग्राम औंधी से सामाजिक बहिष्कार का एक मामला सामने आया है जिसमें एक महिला के साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि उसे समाज से बहिष्कृत कर हुक्का पानी बन्द कर दिया गया,और उससे गांव में बात करने पर बीस हजार रुपये जुर्माना लगाए जाने की घोषणा कर दी गयी । सामाजिक बहिष्कार अतिनिन्दनीय हैसमिति की ओर से ज़िलाधीश को पत्र लिख कर  दोषी व्यक्तियों पर त्वरित कार्यवाही कर उक्त महिला को न्याय दिलाने की मांग की गई है। 
    डॉ दिनेश मिश्र ने बताया,राजनांदगांव के मानपुर के औंधी ग्राम से सामाजिक बहिष्कार का एक मामला सामने आया है जिसमे एक महिला गुलशन एक्का ने जानकारी दी है कि  गांव के कुछ लोगों जिसमें पंचायत पदाधिकारी भी शामिल ने सामाजिक बैठक बुलाकर उससे मारपीट की,उसे बाल पकड़ कर  खींचा, उसकी लड़कियों के बीच बचाव करने आने पर लड़कियों से भी मारपीट की गई और बैठक में ही उसके सामाजिक बहिष्कार कर हुक्का पानी बन्द करने की  घोषणा कर दी। उस बैठक में  यह भी कहा गया जो व्यक्ति उस  महिला से बात करेगा तो   उसे बीस हजार रुपए जुर्माना देना होगा। 
    उक्त महिला गुलशन एक्का  ने 29अगस्त को थाने में राजेन्द्र ठाकुर, कैलाश ठाकुर, संजय यादव आदि के खिलाफ रिपोर्ट की है ,तथा 11 सितम्बर को जिला पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव से की है। किसी भी व्यक्ति को शारीरिक प्रताड़ना देना,उस का समाज से बहिष्कार करना  अनैतिक एवम गम्भीर अपराध है । इस मामले में तुरंत कार्यवाही अपेक्षित है,जिलाधीश राजनांदगांव को पत्र लिख कर  मामले की जॉंच कर उचित कार्यवाही की मांग की गई है। 
     
  • दुकान से नगदी छोड़ खाने - पीने का सामान ले गए चोर

    13-Sep-2020

     रायपुर : राजधानी के मोवा इलाके के एक दुकान में चोरी हो गई। चोर ने दुकान के गलले में रखे नगदी रकम को छोड़ खाने - पीने और रोजमर्रा का सामान ले उड़ा । मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। आसपास के संदिग्धों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। पंडरी थाना पुलिस के मुताबिक इस चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। इस केस में हैरत इस बात की है कि दुकान के मालिक ने पुलिस को कैश नहीं, बल्कि सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल में लाई जाने वाली चीजों के चोरी होने की जानकारी दी है। प्रेमनगर मोवा में रहने वाले रमेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि सुबह दूध बेचने के लिए 6 बजे के आस-पास दुकान खोलने आए तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ है। दुकान से महंगी चाकलेट जिसमें केडबरी बबल्स, सिल्क ओरियो, पेपसी, 7 अप, रेडबुल की कई बोतलें, क्लासिक, माइल्ड, रेग्युलर, आइसबस्ट, मालबोरो एडवांस सिगरेट के पैकेट, लक्स, लाइफबॉय, पियर्स, और डव साबुन, 8 किलो काजू, किशमिश, बादाम कुल मिलाकर 40 हजार रुपए की कीमत का सामान चोरी हो चुका था।

  • मोहला ब्लाॅक में युवा सेना का गठन

    13-Sep-2020

     अम्बागढ़ चौकी : शिव सेना ने अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाते मोहला ब्लॉक के ग्राम पीडिंगपार में युवा सेना का गठन किया। इस मौके पर शिवसेना ग्रामीण जिला अध्यक्ष दिनेश ताम्रकार ने युवाओं की बैठक लेकर शिव सेना के कार्य करने के तरीके और उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही जनहित के मुद्दों और ग्रामीण विकास के मामले को लेकर संघर्ष करने की अपील की । इस मौके पर दर्जनों की संख्या में युवाओं ने युवा सेना में प्रवेश किया। श्री ताम्रकार ने युवाओं को शिव सेना का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। 

  • छत्तीसगढ़ के स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट को मिली राष्ट्रीय मान्यता

    12-Sep-2020
    आईएचएम के डिग्रीधारियों को मिलेगी देश-विदेश में मान्यता
    रायपुर : छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पथ जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू करके राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित करने वाली मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। राज्य निर्माण के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ के स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) को राष्ट्रीय होटल प्रबंध एवं कैटरिंग टेक्नॉलॉजी परिषद (एनसीएचएमसीटी) ने मान्यता प्रदान कर दी है। इस मान्यता के बाद अब स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) के डिग्रीधारियों को देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में मान्यता मिल सकेगी। गौरतलब है कि स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) का गठन 2006 में किया गया था। 
    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ को देश के पर्यटन नक्शे में शामिल कराने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए पर्यटन के क्षेत्र में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं, ताकि पर्यटक छत्तीसगढ़ की तरफ आकर्षित हो सकें। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राम वन गमन पथ के लिए बहुत तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यहां के नौजवानों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू के निर्देश पर पर्यटन विभाग के सचिव अन्बलगन पी. तथा टूरिज्म बोर्ड की प्रबंध संचालक इफ्फत आरा ने स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) को मान्यता दिलाने की पहल की, जिसका सुखद परिणाम सामने आया है। राष्ट्रीय होटल प्रबंध एवं कैटरिंग टेक्नॉलॉजी परिषद (एनसीएचएमसीटी) की स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) को दी गई मान्यता शैक्षणिक सत्र 2020-21 से ही लागू हो जाएगी। जिसके तहत अध्यापन कार्य एवं अन्य समस्त प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। 
    राष्ट्रीय होटल प्रबंध एवं कैटरिंग टेक्नॉलॉजी परिषद (एनसीएचएमसीटी) ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 से इन कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों को संचालित करने की अनुमति स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) को प्रदान की है। जिसमें बीएससी, हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन, डिप्लोमा इन फूड प्रॉडक्शन, डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस, डिप्लोमा इन हाउस कीपिंग ऑपरेशन्स, बीएससी पास, स्नातक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा जेईई में उत्तीर्ण होने के पश्चात, हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन में प्रवेश हेतु एनसीएचएम द्वारा सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग प्रारंभ कर दी गई है। स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, उपरवारा, नवा रायपुर को (एनसीएचएमसीटी) काउंसलिंग लिस्ट में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिप्लोमा कोर्स हेतु सीधे प्रवेश की  सुविधा भी उपलब्ध है।
    टूरिज्म बोर्ड की प्रबंध संचालक तथा स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, उपरवारा की प्रिंसिपल इफ्फत आरा ने बताया कि आईएचएम में अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से क्लासेस शुरू हो जाएंगी। संस्थान के संचालन के लिए गवर्निंग बॉडी का गठन हो चुका है। इस गवर्निंग बॉडी के चेयरमेन पर्यटन सचिव अन्बलगन पी. ने बताया कि छत्तीसगढ़ में होटल एवं हॉस्पिटिलिटी सेक्टर में मानव संसाधनों की कमी को पूरा करने के लिए रायपुर के स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) को मान्यता मिलना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के अन्य राज्यों के हॉस्पिटिलिटी सेक्टर में रुचि रखने वाले विद्यार्थी भी लाभान्वित होंगे।
     
  • छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग का प्रोफाइल फ्रेम लॉन्च

    12-Sep-2020

    रायपुर : छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा ने खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने तथा प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से प्रोफाइल फ्रेम लॉन्च किया । 

  • छुरिया ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने ग्रुप में डाली अश्लील फोटों

    12-Sep-2020

     राजनांदगांव : छुरिया न्यूज के एक वाट्सएप ग्रुप में छुरिया ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के द्वारा डाली गई दो अश्लील फोटो के बाद ग्रुप में खलबली मच गई।जैसे ही फोटो वायरल हुई ग्रुप के सदस्यों ने छुरिया ब्लाक अध्यक्ष को खरीखोटी सुनाना शुरू कर दिया। आनन -फानन में अश्लील फोटो को ग्रुप से डिलीट किया गया, लेकिन उससे पहले कुछ लोगों ने स्क्रीन सार्ट खींच लिया और अन्य ग्रुपों में वायरल भी कर दिया। जानकारी के मुताबिक छुरिया ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष चुम्मन साहू के मोबाइल नं. से छुरिया न्यूज के वाट्सअप ग्रुप में एक के बाद एक दो अश्लील फोटो वायरल हुई। पहले किए गए वायरल फोटो को तो डिलीट कर दिया गया, लेकिन दूसरी फोटो डिलीट होने से पहले उसका ग्रुप के सदस्यों द्वारा स्क्रीनसार्ट ले लिया गया। फिर क्या था, स्क्रीनसार्ट कई सोशल मीडिया में वायरल होते रहा। इसी बीच छुरिया ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष चुम्मन साहू को ग्रुप के कुछ सदस्यों ने ग्रुप में मैसेज के जरिए यह भी लिखा कि क्या है ये सब, शर्म आनी चाहिए। डिलीट करो इसको जैसे मैसेज ग्रुप में भेजे गए। तभी आनन- फानन में अश्लील फोटो को डिलीट किया गया । बता दे कि इस ग्रुप में खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की विधायक छन्नी साहू के अलावा कांग्रेस, भाजपा सहित कई पत्रकार जुड़े हुए है। 

  • कोरोना मरीजों पर पुलिस जवान ने भांजी लाठी

    12-Sep-2020

     रायपुर : नवा रायपुर के एक कोविड सेंटर में पानी की मांग कर रहे मरीजों पर पुलिस के एक जवान ने जमकर लाठी भांजी। यह घटना उस वक्त हुई जब शनिवार की दोपहर मरीजों ने पानी ना मिलने की बात पर हंगामा कर दिया। संक्रमित तभी एक पुलिस जवान कोविड सेंटर के अंदर घुस आया और डंडे से लोगों को पीटने लगा। इस सेंटर से कुछ संक्रमित मरीजों ने वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया और आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोट के मुताबिक एक संक्रमित ने इसी सेंटर से वीडियो बनाकर जानकारी दी है कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। सेंटर में घुसने के बाद उसने जिसे चाहा पीट दिया। सेंटर में मुजगहन थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी भी है, उसे भी डंडे से मारा। मारपीट से पहले राखी थाना के कुछ पुलिसकर्मियों ने पानी के कुछ पैकेट भी दिए थे। यहां बीती रात से ही पीने के पानी का इंतेजाम नहीं है। सुबह सभी को पानी की जरूरत थी मगर पानी नहीं मिला। इसलिए करीब 300 मरीजों ने हंगामा कर दिया। 

  • शासन - प्रशासन ने मरम्मत नहीं करवाई तो युवाओं ने खुद सड़क के गड्ढे पाट दिये

    12-Sep-2020

    अम्बागढ़ चौकी : किसान युवा मंडल टोलागांव एवं दीनबन्धु फाउंडेशन गुंडरदेही के युवाओं ने श्रमदान से किलारगोदी से बांधा बाजार मार्ग पर जगह - जगह  हो गये गड्ढे को पाटने का कार्य किया । इस मार्ग से हजारों की संख्याओ में लोग बांधाबाजार बाजार करने जाते है । सड़क पर गड्डा होने के कारण कई घटनाएं हो चुकी है ,प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंर्तगत सड़क बनी है ।शासन प्रशासन को कई बार सूचना देने के बाद भी आज तक सड़क को ठीक नही किया गया, जबकि उस जगह पुल की स्वीकृति है उसके बाद भी पुल नही बनाया गया है। किसान युवा मंडल एवं दीनबन्धु फाउंडेशन के युवाओं ने श्रमदान कर उस जगह को कुछ दिनों के लिये ठीक कर दिया हैइस कार्य मे सहयोग एवं मार्गदर्शन मनहरण पिथौरा, नीलकंठ कोमरे,रोहित मानिकपुरी  का रहा है। इस जगह के गड्ढे को भरने में इन युवाओं का विशेष योगदान रहा है राजू निर्मल,नीलकंठ कोमरे दुर्योधन पन्द्रे, ओमप्रकाश कोमरे, संजय सेवता,प्रदीप निर्मलकर, चमन कोमरे, गिरजाशंकर कोमरे,देवसिंग सोनवानी, गिरधर सोनवानी,रोहित दास मानिकपुरी, राजू राय, रवि नेताम, असवन गौर, अरुण साहू, शेखर सुमन, होरी लाल, कोमेश, नरेंद्र, अजब, भीष्मदेव, चितलेश, रोहित पडोती, नेतराम, चुम्मन, सुभाष, खुमान, तीरथ, राधेश्याम, खोमन, तिलक, विजय, कल्याण, थानेश्वर,लक्ष्मीनारायण,  सुदामा आदि।

  • रेलवे का रिजर्वेशन काउंटर खुलवाने व्यापारी और जनता लामबंद

    11-Sep-2020

     रायपुर : पंडरी बस स्टैंड स्थित रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर को पुनः चालू करवाने क्षेत्र के व्यापारी और नागरिक लामबंद हो गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि लोगों की मांग पर रेलवे ने रिजर्वेशन काउंटर तो खोल दिया लेकिन 23 मार्च से आगामी आदेश तक बंद भी कर रखा है, चूंकि अब ट्रेनें भी शुरू हो चूकी है तो काउंटर को चालू कर देना चाहिए। काउंटर बंद होने से क्षेत्र के व्यापारियों सहित करीब 2 लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को रिजर्वेशन के लिए रेलवे स्टेशन जाना पड़ रहा है। पंडरी बस संघ, कपड़ा मार्केट व्यापारी संघ, महालक्ष्मी  मार्केट व्यापारी संघ, इंदिरा गांधी व्यावसायिक परिसर संघ तथा पगारिया मार्केट व्यापारी संघ और आम जनता ने संयुक्त रूप से एसईसी रेलवे के डीआरएम से रिजर्वेशन काउंटर पुनः प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि लोग इस परेशानी से छुटकारा पा सके। 

  • करोड़ों के जेवर और लाखों रुपए के साथ 3 तस्कर सपड़ाये

    11-Sep-2020

     महासमुंद : चेकिंग के दौरान महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिंघोला के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में कार को रोककर तलाशी ली तो करीब 5 किलो सोने की ज्वेलरी (कीमती 2 करोड़, 22 लाख, 50 हजार) और 32 लाख 84 हजार रुपए नगदी के साथ 3 अतंर्राज्यीय तस्कर हाथ लग गए। यह पूरा ज्वेलरी रायपुर के व्यापारी का है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि जिलें के समस्त थाना प्रभारी/चैकी प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे व कार्यवाही हेतु निर्देशित किया था। जिसके तहत जिलें के सीमावर्ति थाना क्षेत्रों पर थाना प्रभारियों द्वारा संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गुरुवार को सिंघोडा क्षेत्र के अन्तर्राजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में संदिग्ध वाहनो पर नजर रखे कर चेकिंग की जा रही थी। तभी एक सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार से ओड़िशा की ओर से आ रही थी जो संदिग्ध लग रहा था। वाहन को चेक पोस्ट के पास रोककर पूछताछ करने पर इस तस्करी का खुलाशा हुआ। 

  • रेंजर की हत्या

    11-Sep-2020

    बीजापुर : जिले के जांगला थाना क्षेत्र के कोन्ड्रोजी के स्कूल पारा में नक्सलियों ने एक रेंजर की निर्मम हत्या कर दी। इन्द्रावती टाईगर रिजर्व के भैरमगढ़ परिक्षेत्र में पदस्थ रेंजर रतराम पटेल का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है ।

  • जमीन विवाद पर दो परिवारों में खूनी लड़ाई, एक ही परिवार के 3 लोगों की गई जान

    11-Sep-2020

     महासमुंद : जिले के जोबा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों में खूनी लड़ाई हो गई। इस खून खराबे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत की खबर आ रही है, जबकि 4 अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना शुक्रवार की सुबह की है खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी दल बल के साथ पहुंच गए। मौके पर ही दो गुटों के कुछ लोगों को पकड़ लिया गया । इस पूरी घटना के पीछे संपत्ति विवाद को वजह बताया जा रहा है। दो आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। 

  • मुकेश अम्बानी के नाम का सहारा लेकर नगर सैनिक को ठगों ने लगाया 65 लाख का चूना

    10-Sep-2020

     बिलासपुर : जियो कंपनी के मालिक मुकेश अंबानी के नाम का सहारा लेकर ठगों ने एक नगर सैनिक को 65 लाख का चूना लगा दिया। बिलासपुर पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हरदाडीह निवासी जनकराम पटेल के मोबाइल पर 24 जनवरी को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को जियो कंपनी का मालिक मुकेश अंबानी बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ से जियो के लकी कस्टमर होने की वजह से उन्हें 25 लाख रुपए का विजेता घोषित किया गया है। इस रकम को पाने के लिए नगर सैनिक ने 12 हजार रुपए ठग के बताए बैंक खाते में जमा कर दिए। ठगों ने किसी विराट सिंह नाम के व्यक्ति का खाता नम्बर दिया था। नगर सैनिक ने 1 फरवरी को नेहरू चौक के पास की एक दुकान से विराट सिंह के खाते में नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अलग अलग नंबरों से वाट्सअप कॉल और सामान्य कॉल आते रहे और नगर सैनिक से लक्की ड्रा की रकम पाने के एवज में रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा। कुछ दिन बाद ठगों ने नगर सैनिक को अपनी बातों में फंसाकर 2 करोड़ रुपये दिलाने का वादा कर दिया। बातों में आकर नगर सौनिक ने किश्तों में कुल 65 लाख रुपए ठगों को सौप दिए। अब जब नगर सैनिक को इनाम की रकम नहीं मिली तो उन्हें संदेह हुआ और अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन ठग गोलमोल जवाब देते रहे। यह भी कहते रहे कि किसी से कहा या ज्यादा सवाल किए तो उसे पैसे नही मिलेंगे, अब पुलिस सभी फोन नम्बर और खातों की जांच कर रही है। 

  • पत्रकार मोहम्मद अकबर की कोरोना ने ली जान

    10-Sep-2020

     बेमेतरा : बेमेतरा में एक अखबार के पत्रकार मोहम्मद अकबर की कोरोना संक्रमण के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, लेकिन उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट नहीं कराया था। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब होती चली गयी। कल उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मोहम्मद अकबर की मौत हो गयी। मोहम्मद अकबर पत्रकारिता के साथ-साथ राजनीतिक गतिविधियों में काफी सक्रिय थे और ब्लाक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी थे। गौरतलब है कि प्रदेश में कई पत्रकार भी कोरोना की चपेट में हैं। बेमेतरा जिले के भी कई पत्रकार पिछले कई दिनों से संक्रमित हैं। इससे पहले राजनांदगांव जिले में भी पत्रकार पूरन साहू की कोरोना से मौत हुई थी।

  • इनकम टैक्स के प्रिंसिपल डायरेक्टर की कोरोना से मौत

    10-Sep-2020

     रायपुर : कोरोना का संक्रमण जैसे - जैसे फैल रहा है, संक्रमितो की मौत का आंकड़ा भी बढ़ते जा रहा है। छत्तीसगढ़ इनकम टैक्स के प्रिंसिपल डायरेक्टर आलोक जौहरी की गुरुवार को संक्रमण के चलते मौत हो गई। वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी 58 वर्षीय जौहरी की तबीयत बिगड़ने के बाद 25 अगस्त को रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

  • हर्ड इम्युनिटी की स्थिति जानने दस जिलों मे 16 से सैंपल लिए जाएंगे

    09-Sep-2020
     रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य की जनता में कोविड -19 के लिए हर्ड इम्यूनिटी अभी आई है कि नही यह जानने के लिए अब महानगरों की तर्ज पर यहां भी आई सी एम आर/आर एम आर सी ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के  स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीरो सर्वेलेंस कराया जाएगा।
    स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रायपुर सहित कुल 10 जिलों मे 16 सितंबर से यह सर्वे कराया जाएगा। रायपुर में 16 सितंबर से 18 सितंबर तक जिले के 2ब्लाक रायपुर और तिल्दा क्षेत्र से खून के सैम्पल लिए जाएंगे। हर जिले से 500 सैॅपल जिसमें हाई रिस्क ग्रुप जैस कम प्रतिरोधक क्षमता वाले टीबी और एच आई वी पीड़ित व्यक्ति ,कन्टेनमेंट जोन,स्वास्थ्य कर्मी,सुरक्षा कर्मी,पुलिस, सुरक्षा बल , पत्रकार, गा्रमीण ,जनजाति,औद्योगिक कर्मी,वाहन चालक ,बैंक एवं डाक कर्मी,उडडयन कर्मी,जेल में बंद कैदी,वृद्धाश्रम ,अनाथाश्रम,दुकाने, छात्रावाास आदि से कुल 260 सैंपल लिए जाएंगे और जिले के चयनित 6 क्लस्टर से 240 सैंपल लेंगंे। इन सैपल में एन्टीबॉडी इम्यूनोग्लोबुलि जी और एम की जांच की जाएगाी। सीरो सर्वे प्रति 10 लाख जनसंख्या में कोविड 19 से संक्रमित मरीजों के आधार पर किया जा रहा है।
    जहां सर्वे होगा रायपुर जिले  के अलावा वे जिले हैं बिलासपुर,कोरबा, मुंगेली, जशपुर,जांजगीर चांपा , बलरामपुर,बलौदाबाजार,राजनांदगांव एवं दुर्ग जिले शामिल हैं। शेष 9 जिलों में 20 सितंबर से सैंपल लिए जाएंगे।
Top