महासमुंद : महासमुंद जिले के कोमाखान पुलिस ने राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार कर 8 क्विंटल 10 किलो से ज्यादा का मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। आरोपी दूध के खाली कैरट के नीचे गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक कोमाखान थाना पुलिस को ओडिशा से अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने टेमरी नाका के पास चेकिंग शुरू की। तभी राजस्थान नंबर का एक ट्रक आता देख उसे रोक लिया। उसमें दो युवक सवार थे। पूछने पर नाम भरतपुर निवासी खालिद व अलवर निवासी साकिर हुसैन बताया। पुलिस ने दोनों युवकों को ट्रक से नीचे उतारा और तलाशी ली। ट्रक में पीछे खाली कैरेट भरे हुए थे। इस पर टीम ने कैरेट हटाकर चेक किया तो बोरियां भरी हुई रखी थी। इन्हें उतार कर खोला तो 26 बोरियों में से प्लास्टिक में लिपटा 165 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका वजन 8.10 क्विंटल है। जिसका बाजार मूल्य 1.62 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे। आरोपियों की तलाशी में मोबाइल, 3300 रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। साथ ही पूछताछ की जा रही है, जिससे आगे तस्करी से जुड़े तारों तक पहुंचा जा सके।
भिलाई : नंदनी थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती सड़क पर पड़ी कराह रही थी। एक बुजुर्ग की खबर पर उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, नंदनी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे सड़क किनारे खड़ी गायों को कुछ खिलाने गए थे, तभी उनकी नजर वहां कराह रही युवती पर पड़ी। युवती की उम्र 25 साल की होगी। उन्होंने युवती को पानी पिलाया और नाम पूछा, लेकिन युवती बताने की हालत में नहीं थी। बुजुर्ग ने 108 और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रही थी, पर रास्ते में ही युवती की मौत हो गई। युवती के पास दो जोड़ी सूट का कपड़ा, पर्स में 100-200 रुपए मिले हैं। उसके सामान में ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे पहचान हो सके। युवती की कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। शरीर पर भी कहीं चोट के निशान नहीं मिले हैं।
जांजगीर चांपा : जिले में गुरूवार की रात दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना में बदमाशों ने नवागढ़ थाना क्षेत्र में नगर सैनिक को गला रेतकर मार डाला। उसका शव सड़क पर पड़ा मिला। वहीं चांपा थाना क्षेत्र में ढाबे पर सोये कर्मचारी की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक ग्राम अमोरा निवासी रज्जू प्रसाद तिवारी (54) होमगार्ड पुलिस लाइन में पदस्थ था। लॉकडाउन के चलते तीन दिन पहले ही ड्यूटी नवागढ़ थाने में लगाई गई थी। रोज की तरह वह गुरुवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। शव के पास ही बाइक भी खड़ी मिली है। हत्या का कारण और हत्या करने वालों का पुलिस पता लगा रही है। दूसरी ओर चांपा क्षेत्र में चांपा और कोरबा मार्ग के बीच केके ढाबा है। यहां काम करने वाला बिलासपुर के मस्तूरी निवासी धर्मेंद्र जांगड़े (32) अपने एक साथी कर्मचारी के साथ गुरुवार रात को ढाबे में ही सोया हुआ था। धर्मेंद्र के सिर पर पत्थर और रॉड मारकर हत्या की गई। जबकि दूसरा कर्मचारी फरार था। पुलिस को उस पर ही संदेह है।
रायपुर : राजधानी में हाईटेक सटोरिए पुलिस के हत्थे चढ़े है जो कार में घूम घूमकर सट्टे का दांव ले रहें थे। दो अलग-अलग मामले में 7 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है।इनके पास से 12 हजार नगदी, लैपटाप, मोबाइल और 10 करोड़ रुपए का सट्टी पट्टी जब्त किया गया है। यह पैसा कल हुए मुंबई और कोलकाता में मैच लगा था। शहर में आईपीएल क्रिकेट मैचों में बड़े पैमाने पर सट्टा चलता है। तेलीबांधा थाने की टीम को सूचना मिली थी कि हाईटेक कार में सवार होकर 7 सटोरिएं घूम-घूमकर मुंबई और कोलकाता के बीच चल रहे मैच में सट्टा खिला रहे है । जांच के दौरान पुलिस ने व्हीआईपी चौक के पास इनको धरदबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लाॅकडाउन होने से उन्हें होटल में कमरा या अन्य कोई सुरक्षित स्थान नहीं मिलने पर वाहन में ही घूम -घूमकर लाइन लेकर क्रिकेट सट्टा का संचालन कर रहे थे । पुलिस ने सभी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में जुआ एक्ट और धारा 151 जा.फौ. के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव सबरवाल, छोटे देवांगन, महेन्द्र देवांगन, मोहम्मद रईस, रितेश गोविंदानी, जितेश प्रेमचंदानी और जगजीत सिंह शामिल है।
रायपुर : लॉकडाउन के दौरान रायपुर के ब्लू स्काई कैफे में हुक्का बार की सूचना पर छापा मारने गई पुलिस के हत्थे सटोरिये भी चढ़ गए। हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाया जा रहा था। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सटोरियों समेत 28 लोगों को गिरफ्तार किया है। लॉकडाउन के चलते चेक पोस्ट पर बुधवार रात पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान जानकारी मिली कि कुछ युवक छिप-छिप कर ब्लू स्काई कैफे पहुंच रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने देर रात वहां छापा मारा तो हुक्का परोसते और पीते कई सारे युवक मिल गए। पुलिस ने कैफे संचालक समेत सभी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। इस दौरान कई सारे मोबाइल फोन, हुक्का, तंबाकू, फ्लेवर और अन्य सामान जब्त किया गया। कैफे से जब्त किए गए मोबाइल फोन पर कुछ देर बाद घंटियां बजने लगीं। पुलिस ने कॉल रिसीव किया तो पता चला कि हुक्के की आड़ में कैफे में आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि सदर बाजार निवासी दो भाई हीरक और हिलोर बारमेडा सट्टा मोबाइल पर खिला रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 1.40 लाख रुपए भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि मामला हाईप्रोफाइल है। आरोपियों और युवकों के पकड़े जाने के बाद से ही कई रसूखदारों के कॉल भी पुलिस को आना शुरू हो गए हैं।
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव में फिर एक हत्या हो गई । घटना बुधवार देर रात की है। इस बार 7 बदमाशों ने मिलकर एक हिस्ट्रीशीटर गोल्डी मरकाम की हत्या कर दी। इस बार भी हत्यारों ने चेहरे और पेट पर मौत होने तक वार किया। बदमाशों ने गोल्डी के साथी पर भी हमला किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद 4 आरोपियों ने बसंतपुर थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। बताया जाता है कि स्टेशन पारा निवासी गोल्डी मरकाम हिस्ट्रीशीटर था। बुधवार देर रात वह अपने एक साथी प्रतीक के साथ राजीव नगर स्थित फल मंडी परिसर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान 7 बदमाश वहां पर पहुंच गए और उनके बीच विवाद शुरू हो गया। दूसरे पक्ष ने गोल्डी और प्रतीक से मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और गोल्डी के चेहरे और पेट पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आए प्रतीक को भी चाकू मारा। वारदात में गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रतीक गंभीर रूप से घायल हो गया। जाते हुए बदमाशों ने गोल्डी की फॉरच्यूनर कार में भी आग लगा दी। इसके बाद थाने पहुंचकर 3 बदमाशों ने सरेंडर कर दिया।
कोरबा : मंगलवार को हसदेव नदी में बह गए सीतामढ़ी के दोनों बच्चों की तलाश में लगी टीम को बुधवार सुबह एक बच्चे का शव मिला। दूसरे बच्चे के शव की तलाश जारी है। पुलिस व गोताखोर को मंगलवार को रात हो जाने की वजह से उफनती हसदेव में बच्चों को तलाशना काफी मुश्किल जान पड़ रहा था। लिहाजा दूसरे दिन बुधवार को सुबह फिर बच्चों की तलाश नदी में शुरू की गई। काफी कोशिशों के बाद सुबह एक बच्चे का शव बरामद हुआ।
आदेश का उल्लंघन दंडनीय
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव के कंचन बाग में कल रात एक युवक की निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक के चेहरे पर तब तक वार किया जब तक की उसके प्राण न निकल गए। इस हमले में युवक का दोस्त भी घायल हुआ है जिसे गंभीर हालत में अस्पताल दाखिल कराया गया है। हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर एक कार मिली है जिसके मालिक का नाम राजा श्रीवास बताया जा रहा है। बताया जाता है कि कंचन बाघ क्षेत्र में पानी की टंकी के पास देर रात करीब 11 बजे स्टेशन पारा निवासी परवेज खान (35) की हत्या कर दी गई। हमलावरों की संख्या 5-6 आंकी जा रही है। हमलावरों ने टंगिये और पत्थर का इस्तेमाल किया है। मृतक युवक का चेहरा बुरी तरह से डेमेज़ हो गया था जिसके चलते उसकी शिनाख्त होने में भी परेशानी हुई। कोतवाली पुलिस की टीम बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर और जानकारी जुटा रही है। परवेज के साथी की हालत गंभीर होने के साथ वह काफी सदमे में है। ऐसे में पुलिस उससे कुछ खास पूछताछ नहीं कर सकी है।
रायपुर : जिले में मंगलवार से जारी लॉक डाउन को देखते आलू की मुनाफाखोरी करने के आरोप में कैट के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र दोषी के फर्म शीतल एजेंसी को सील कर दिया गया है। शीतल एजेंसी द्वारा 50 किलोग्राम के पैकेट को 1800 रुपये से 2100 रुपए प्रति पैकेट के हिसाब से बेचकर मुनाफाखोरी कर कालाबाजारी की जा रही थी जिस पर जिला प्रशासन की टीम ने कार्यवाही की । 21 सितंबर को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने खाद्य विभाग की टीम ने 5 दुकानों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए। सभी पांच दुकान को सील कर स्टॉक को जप्त कर लिया गया है। उक्त संस्थानों के विरुद्ध विधिक प्रकरण दर्ज कर सक्षम न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। बता दे कि आलू की आपूर्ति कम होने से लॉक-डाउन एवं जनमानस की सुविधा हेतु 30 रुपये किलो की दर से शासन के नियंत्रण में आलू का वितरण कराया गया, जबकि लगातार आम जनता से शिकायत प्राप्त हो रही थी कि खुले बाजार में उसी आलू को 60 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है, उक्त शिकायत प्राप्त होने के बाद शीतल एजेंसी सहित 5 दुकानों पर खाद्य विभाग द्वारा कार्यवाही कर शीतल एजेंसी से 471 कट्टा आलू जप्त किया गया ।
रायपुर : कोरोना आपदाकाल में हड़ताल कर रहे संविदा स्वास्थ कर्मचारियों पर आखिरकार सरकार को सख्त होना पड़ा। छत्तीसगढ़ सरकार ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत कुमार सिन्हा समेत 50 से ज्यादा कर्मचारियों को बर्खास्त और एफआईआर के आदेश दिए हैं। इसके विरोध और अपने साथियों के समर्थन में सभी कर्मचारी मंगलवार को इस्तीफा सौंप सकते हैं।
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए हैं । प्रदेश में 10वीं कक्षा के नतीजे 88.97 फीसदी रहे, जबकि 12वीं के नतीजे 92.26 फीसदी आये है।विद्यार्थी ओपन स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgsos.co.in पर जाकर अपना CG Open School Result 2020 जाँच सकते हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की असाइनमेंट बेस्ड परीक्षा 22 अगस्त 2020 को समाप्त हो चुकी है और तब से परीक्षार्थी अपने CGSOS Result 2020 का इंतज़ार कर रहे थे। छत्तीसगढ़ ओपन बोर्ड से कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षा देने वाले छात्रों को रिजल्ट देखने के लिए एडमिट कार्ड में दिया गया रोल नंबर डालना होता है। विदित हो कि इस वर्ष पहले सेशन की लिखित परीक्षा कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दी गयी थी और बाद में ओपन स्कूल बोर्ड ने परीक्षा को असाइनमेंट के आधार पर कराने का निर्णय लिया गया था।
रायपुर : राज्य सरकार ने अपनी प्रशासनिक टीम में कसावट लाने कुछ बदलाव किए हैं। सोमवार को आई लिस्ट में 11 आईएएस अधिकारियों अलग-अलग जिम्मा सौंपा गया है। राज्य प्रशासनिक सेवा के 13 अधिकारियों को नई जवाबदारी मिली है। वहीं राज्य पुलिस सेवा के 3 अधिकारियों के काम में बदलाव लाया गया है।
रायपुर, 21 सितम्बर 2020/मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से बस्तर जगदलपुर से रायपुर एवं हैदराबाद की हवाई यात्रा के लिए 72 सीटर नियमित विमान सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से अब बस्तरवासियों को हवाई मार्ग से रायपुर एवं हैदराबाद आवागमन की सुविधा का लाभ मिलेगा। विमान सेवा के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, सांसद, संसदीय सचिव, विधायकगण सहित बस्तर अंचल के जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
रायपुर : राजधानी परिक्षेत्र सहित पूरे जिले में सोमवार रात 9 बजे से 28 सितंबर तक लाॅक डाउन का आदेश जारी किया गया है। उनके पूर्व आदेश को संशोधित करते हुए आज एक नया आदेश कलेक्टर रायपुर ने जारी किया है। पूर्व आदेश के मुताबिक केवल अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को पेट्रोल अथवा डीजल देने की अनुमति प्रदान की गई थी, अन्य के लिए प्रतिबंधित रखा गया था। इस आदेश में संशोधन किया गया है। अब नए आदेश के मुताबिक अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित जनों के अलावा प्रेस मीडिया, परीक्षार्थियों, दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों, जिन्हें लौटना हो या आगे जाना हो के अलावा ई-पास धारकों और अनुमति प्राप्त लोगों को पेट्रोल-डीजल प्रदान किया जा सकता है। आम नागरिकों के लिए प्रतिबंध यथावत रहेगा। वहीं दूध वितरण के लिए भी संशोधित आदेश जारी किया गया है, जिसके मुताबिक दुकान अथवा पार्लर खोलने की अनुमति नहीं होगी, बल्कि निर्धारित समय तक नियमों का पालन करते हुए दूध वितरण किया जा सकता है। यही आदेश समाचार पत्रों के हाॅकरों के लिए भी लागू किया गया है।

रायपुर : राज्य सरकार ओबीसी आरक्षण को 14 से बढ़ाकर 27 फीसदी करने और आरक्षित रुप से कमज़ोर तबके के लिए 10 फीसदी आरक्षण के लिए कानूनी प्रावधान करने जा रही है ।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ हुई मंत्रियों की बैठक में इस पर चर्चा की गई, जिसमें तय किया गया कि राज्य में आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पीडीएस के डाटा को आधार बनाया जाएगा ।गांवों में ओबीसी तबके की स्थिति का आकलन प्रदेश के हर ग्रामपंचायतों में गांधी जयंती 2 अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभाओं में किया जाएगा। अन्य पिछड़ा वर्ग के 31 लाख 52 हज़ार 329 परिवार के 1 करोड़ 18 लाख 26 हज़ार 464 सदस्य गरीबी रेखा के नीचे हैं जबकि 3 लाख 95 हज़ार 444 परिवार के 12 लाख 55 हज़ार 972 लोग गरीबी रेखा से ऊपर हैं। यानि ओबीसी की करीब 88 फीसदी आबादी गरीबी रेखा के नीचे है। चूंकि राज्य में करीब 99 फीसदी राशन कार्ड केंद्र सरकार के आधार से जुड़े हैं। ये आंकड़े प्रामाणिता को पुख्ता बनाएगें। सरकार ओबीसी आरक्षण को बढ़ाने का फैसला उस वक्त कर रही है, जब राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी की मातृ संस्था आरएसएस के कई पदाधिकारी आरक्षण को आर्थिक आधार पर करने की बात कहकर नई बहस को जन्म दे रहे हैं। ज़ाहिर है इस फैसले का असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ने की संभावना है। गौरतलब है कि मोदी ने आर्थिक आधार पर कमज़ोर तबके को दस फीसदी आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय किया है। इसके लिए उन्होंने संवैधानिक संशोधन कराया। संविधान में पहले केवल सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर आरक्षण देने का प्रावधान था, लेकिन जनवरी 2019 में मोदी ने आरक्षण के आधार में आर्थिक पिछड़ापन भी संविधान के 124 वें संशोधन के ज़रिए शामिल किया गया। इसी साल छत्तीसगढ़ में सत्ता में आने के बाद 15 अगस्त 2019 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समूचे आरक्षण को 58 फीसदी से बढ़ाकर 82 फीसदी करने की घोषणा की थी। इस पर अमल करते हुए राज्य सरकार ने 4 सितबंर 2019 को अध्यादेश लाकर इस फैसले को लागू कर दिया। इस फैसले के खिलाफ आरटीआई एक्टिविस्ट और मौजूदा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कबीर पीठ के अध्यक्ष कुणाल शुक्ला हाईकोर्ट गए। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एम रामचंद्रन ने 4 अक्टूबर को इस फैसले पर रोक लगा दी और 27 फऱवरी 2020 को राज्य सरकार के अध्यादेश को रद्द कर दिया। इस अध्यादेश के रद्द होने के साथ ही राज्य में एससी और आर्थिक रुप से कमज़ोर तबके का बढ़ा हुआ आरक्षण भी रद्द हो गया।
महासमुंद : जिले के बसना व सरायपाली में खपाने मध्य प्रदेश से लाई गई एक ट्रक शराब पुलिस के हत्थे चढ़ गई। शराब बोरियों में छिपाकर लाई जा रही थी। 504 पेटी शराब की कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करों का ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक तुमगांव थाने और सायबर सेल की टीम को महासमुंद में शराब के बड़ी डीलिंग की जानकारी मिली थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को राजस्थान के नंबर वाला एक ट्रक मिला। पुलिस ने इसे रोका इसमें देवी सिंह और मोहन लाल नाम के दो शख्स बैठे मिले। ट्रक की तलाशी लेने पर चारे की बोरियों के नीचे शराब मिली। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि यह शराब मध्य प्रदेश से महासमुंद जिले के बसना, सरायपाली क्षेत्र में खपाने के लिए लाई गई थी। अब पुलिस उनका भी पता लगा रही है कौन लोग इस शराब को खरीदने वाले थे।
रायपुर : राजनांदगांव के विधायक पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। यह जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर के दी है।
इस ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि कोरोना के शुरुआती लक्षण नज़र आने पर उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया था, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ. रमन सिंह ने विगत दिनों संपर्क में आये लोगों से आव्हान किया है और कहा है कि वे आइसोलेशन में रहें एवं अपना कोविड-19 टेस्ट जरूर कराएं। बता दें कुछ दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी वीणा सिंह भी कोरोना से संक्रमित थी , जो की अब ठीक हो गयी है।
Adv