बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • पिता के अंतिम संस्कार में गये सिपाहियों की नक्सलियों से हो गई हाथापाई

    08-Oct-2020

     सुकमा : सुकमा के कोंगड़म गांव में नक्सलियों के साथ दो सिपाहियों की आमने सामने हाथा पाई हो गई। पिता के अंतिम संस्कार में आये सिपाहियों के साहस को देखकर गांव वालों ने भी नक्सलियों पर हमला बोल दिया, अंततः नक्सलियों को वहां से भागना पड़ा। लेकिन भागते वक्त तीर से हमला कर दिया जो एक सिपाही के पीठ पर जा घूसा । मारपीट और तीर के हमले से घायल दोनों सिपाहियों को अस्पताल दाखिल कराया गया है। यह घटना एर्राबोर क्षेत्र के ग्राम कोंगड़म की हैं। दोनों सिपाही पिता के अंतिम संस्कार में अपने गांव आए थे। दोनों अपने घर में बैठे हुए थे, इसी दौरान करीब 10 नक्सली पहुंच गए। नक्सलियों ने दोनों सिपाहियों की पिटाई शुरू कर दिया जवानों ने भी हाथापाई की। नक्सलियों के पास देसी पिस्टल होने से पहले तो ग्रामीण डरे, फिर सिपाहियों का हौसला देखकर उन्होंने भी हमला कर दिया। ग्रामीणों को एकजुट होता देख नक्सली भाग निकले। भागते हुए नक्सलियों के तीर मारने से एक सिपाही कन्ना की पीठ में जा लगा। 

  • कौन बनेगा करोड़पति में हॉट सीट पर बैठेगी छत्तीसगढ़ की मृणालिका

    07-Oct-2020

    बिलासपुर : रियलिटी क्वीज शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर गुरुवार की रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की बेटी मृणालिका बैठेगी । महानायक अमिताभ बच्चन के रू-ब-रू बैठकर उनके सवालों के जवाब देना, उनसे बातें करना किसी के लिए भी बेहद रोमांचित कराने वाला अनुभव हो सकता है। केबीसी के आज रात के एपिसोड में मृणालिका हॉट सीट पर बैठकर बिग बी के सवालों का जवाब देती नजर आएंगी। बिलासपुर शहर से लगे ग्राम हांफा की बेटी है मृणालिका दुबे । उनकी इस उपलब्धि को लेकर हांफा समेत शहर व क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। मृणालिका हांफा निवासी स्व.जगदीश तिवारी और माता स्व.सविता तिवारी की तीसरी पुत्री हैं।

  • भाजपा का राजधानी और न्यायधानी में धरना प्रदर्शन

    07-Oct-2020

    रायपुर : छत्तीसगढ़ में किसानों की मांगों को लेकर भाजपा का धरना जारी है। ट्रैक्टर पर सवार होकर धरनास्थल पहुंचे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार किसानों की धान खरीदी और दो साल का बोनस देने के साथ अन्य मांगों को पूरा करे। रायपुर के बूढ़ा तालाब और बिलासपुर के बिल्हा में भाजपा किसानों के कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है। रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष साय इसका नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, बिल्हा में कमान नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के पास है। दोनों नेताओं ने कहा कि यह धरना और प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी को लेकर है। किसानों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन अब पूरा करने से बच रहे हैं। रायपुर में आयोजित धरने में रायपुर सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री और विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, पूर्व विधायक नंदे साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी सहित भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

     
     
  • हाथरस की घटना के विरोध में कांग्रेस ने पैदल मार्च कर किया प्रदर्शन

    07-Oct-2020

    रायपुर : उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप और हत्या की घटना के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को रायपुर में रैली, प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और मंत्री शिवकुमार डहरिया के नेतृत्व में राजभवन तक पैदल मार्च कर राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई सभा में मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। पीड़िता को न्याय दिलाने की हर लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि यूपी की योगी सरकार बेटियों को सुरक्षा देने में नाकाम है। ऐसी सरकार को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं है। छत्तीसगढ़ में कहीं भी घटना हुई कांग्रेस सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। जबकि भाजपा सरकार दोषियों को बचाने का काम करती है।

  • मोदी सरकार ने छत्तीसगढ़ सरकार को इस वर्ष धान खरीद के लिए 9 हजार करोड़ दिए है - विजेंद्र सिंह ठाकुर

    07-Oct-2020
    डोंगरगढ़ : शहर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री विजेंद्र सिंह  ठाकुर ने बताया कि मोदी सरकार ने छत्तीसगढ़ को 9 हजार करोड़ धान खरीदी के लिए एवं साथ ही घोषणा की है कि इस बार छत्तीसगढ़ से 60 लाख मिट्रिक टन चावल खरिदेंगे,जो कि पिछले साल के मुकाबले डेढ़ गुना ज्यादा है..!
    60 लाख मिट्रिक टन चावल के लिए लगभग 90 लाख मिट्रिक टन धान की जरूरत पड़ेगी...केंद्र सरकार की इस घोषणा का सीधा अर्थ है कि इस बार ज्यादा धान की खरीद ज्यादा करनी पड़ेगी...
    और यदि "भूपेश सरकार" किसानो के प्रति जरा भी संजीदा है तो उसे भी घोषणा करनी चाहिए कि इस बार किसान से प्रति एकड़ 20 क्विंटल के हिसाब से धान-खरीदी करेंगे...
    लेकिन सवाल वही..क्या कांग्रेस में इतनी इच्छाशक्ति है..?
    क्योकिं किसान पर राजनीति तो कोई भी मुँह-उठा के कर सकता है, लेकिन किसान "हित के काम" आज मोदी सरकार के अलावा करता हुआ कोई दिखाई नहीं दे रहा..!
    किसानों को पिछले खरीदी वर्ष में अपनी फसल सोसायटी से बाहर बेचने पर प्रताड़ित होना पड़ा था, उन्हें अपराधी जैसा व्यवहार भी सहना पड़ा...इसकी पुरावृत्ति इस वर्ष ना हो,क्योकिं किसान अपना उत्पादित धान ही बेचता है,ना की कोई गांजा अफीम...अन्नदाता किसान भगवान स्वरूप है,उसके मान सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए...
    लेकिन सवाल फिर वही..सत्ता मद में चूर कांग्रेस को किसान का दर्द दिखाई देगा..??
    किसानों को पिछले वर्ष की खरीदी का कुल भुगतान अभी तक नहीं हुआ है, अन्नदाता के उधार के नीचे दबी हुई है भूपेश-सरकार...किसान को उन्हीं के पैसे के लिए तरसा रही है...क्या ये अपराध क्षमा योग्य है..?
    क्या छत्तीसगढ़ कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज किसान से नज़र मिला पाएंगे..?
    केंद्र सरकार द्वारा लाये गए नए कृषि सुधार क़ानून में स्पष्ट यह व्यवस्था है कि फसल की पूरी कीमत 72 घंटे में किसानों के खाते में पहुंच जाए,क्या भूपेश बघेल जी इस कानून के अनुसार अपनी कार्यप्रणाली सुधार पाएंगे..??
    छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किसानों को दो साल का बोनस देने की घोषणा की थी,फिर आज तक उन्हें मिला क्यों नहीं..?
    फिर वही सवाल...70 साल के इतिहास में ये कोई वादा पूरा नहीं कर पाए,तो अब क्या करेंगे..? केवल बेशर्मी की हद तक बयान-वीर ही बने रहेंगे..??
    "गिरदावली" के बहाने कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश के किसानों का रकबा घटाने की साजिश में लगी है ताकि धान खरीदी कम करनी पड़े...क्या कांग्रेस सरकार अपनी जेब से किसान को पैसा दे रही है,जो उसे इतनी साजिश किसान के साथ करनी पड़ रही है..?
    फिर सवाल वही...किसान के साथ इतना "त्रिया-चरित्र" क्यों किया जा रहा..? यदि थोड़ी भी शर्म जिंदा है तो तत्काल किसान को बोनस का भुगतान किया जाए..!
     
  • तेज रफ्तार ट्रक ने माँ बेटे को लिया चपेट में

    07-Oct-2020

     रायगढ़ : बुधवार को कोसमनारा इलाके में एक ट्रक ने दुपहिया सवार मां और बेटे को चपेट में ले लिया। घटना इतनी जबरदस्त थी कि दुपहिया ट्रक में ही फंस गई और करीब 70 मीटर तक उसे ट्रक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उर्दना डिपा पारा निवासी जयसिंह (40) पुत्र जेठू एक्का अपनी मां सुंदरी एक्का (70) के साथ बाइक पर जमीन के सिलसिले में पुश्तैनी गांव डभरा क्षेत्र के बालपुर जा रहा था। दोनों कोतरा रोड क्षेत्र में कोसमनारा सत्यनारायण बाबा धाम तिराहे के पास पहुंचे ही थे तभी पीछे से आ रहा ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोर से लगी की दोनों मां-बेटा उछलकर नीचे जा गिरे और ट्रक उन्हें कुचल दिया। इस दौरान ट्रक के नीचे ही दुपहिया फंस गई और करीब 70 मीटर तक घसीटता ले गया। आसपास के लोगों ने देखा तो शोर मचाया। हादसे के बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

  • राहुल और प्रियंका छत्तीसगढ़ भी आए न्याय मांगने - सांसद गोमती साय

    06-Oct-2020

    जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर में लोकसभा सांसद गोमती साय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हाथरस मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी न्याय मांगने गए थे तो यहां भी आएं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार की करतूतों का हिसाब लें। उनके आने – जाने का खर्च मैं दूंगी । राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाली विलुप्तप्राय जनजाति की बेटी की हत्या की गई है, एक आरोपी को गिरफ्तार करके मामले को ठंडा करने का प्रयास किया जा रहा है । जबकि परिस्थितियां कह रही हैं कि हत्या में और भी लोग शामिल हैं। गोमती साय सोनक्यारी थाना इलाके में रह रहे आदिवासी परिवार से मिलने पहुंची थीं। दरअसल इस परिवार की एक युवती ने 31 अगस्त को खुदकुशी कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या हुई थी।

    मामला आदिवासी युवती का होने की वजह से अब तूल पकड़ रहा है। एक दिन पहले ही राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय ने परिजनों से मुलाकात की थी। इसके बाद आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में साय ने पुलिस-प्रशासन और प्रदेश सरकार पर आरोप की बौछार कर दी। उन्होंने इस पूरे मामले को धर्मांतरण और मानव तस्करी से जोड़ते हुए, जांच के लिए एसआईटी के गठन की मांग की है।
    नंदकुमार साय ने इस मामले में कहा कि पोस्टमार्टम में भी लापरवाही बरती गई है। यही कारण है कि पुलिस ने दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने के लिए उसके कब्र को खोद कर नमूना लिया है। मामले की सच्चाई उजागर करने के लिए पुलिस की जांच पर अविश्वास जताते हुए एसआईटी गठन करने की मांग की है।
    बता दे कि 31 अगस्त को खबर आई कि पहाड़ी कोरवा आदिवासी समुदाय की युवती ने खुदकुशी कर ली। बताते हैं कि युवती का किसी सुशील मिंज नाम के युवक से प्रेम संबंध था। इस बात का खुलासा तब हुआ जब युवती गर्भवती हो गई। युवती पर बच्चा गिराने का दबाव बनाया जाने लगा। इस बीच उसकी मौत हो गई। परिवार वालो ने इसे हत्या और दुष्कर्म का केस बताया हालांकि आधिकारिक तौर पर अब तक इसे आत्महत्या के केस के तौर पर देखा जा रहा है। सियासी लोगों के दखल के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
  • हाथरस मामले के विरोध में शिवसेना ने जलाया पुतला

    06-Oct-2020

     अम्बागढ़ चौकी : शिवसेना ने हाथरस मामले के विरोध में पुतला दहन कर मृत बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। शिव सेना ने कहा कि पिछले दिनों हाथरस की एक दलित नाबालिक बच्ची के गैंगरेप की खबर सामने आई। जिसमें साक्ष्य छिपाने जैसा कृत्य यू.पी.पुलिस, हाथरस के डी.एम.का कुमारी मनीषा के परिवार को डराना जैसे वीडियो वायरल हुवी जिसने पूरे देश को झँझकोर कर रख दिया  । रात्रि 3 बजे अग्नि दहन ये हिन्दू रीती रिवाज के मान से अवमाननीय है शिवसेना यु.पी.सरकार का इस तरह से रवैये से बड़ी ही नारजगी व्यक्त करते दलित बच्ची के साथ हुवी बरबरसा दरिंदगी गैंगरेपर को तत्काल गिरफ्तार कर बिना सुनवाई फांसी लगा देने की मांग करती है । साथ ही हाथरस के बड़े अधिकारी डी.ऍम.की तत्काल बरखास्त करने का आग्रह करती है । शिवसेना जिला ग्रामीण अध्यक्ष दिनेश ताम्रकार ने कार्यक्रम में शिरकत करके अपने उद्बोधन में कहा जिस प्रकार हाथरस में एक दलित बच्ची के साथ घटना हुवी है उससे बड़े ही दुःख व्यक्त करते कहे की इस तरह की घटना हमारे देश एंव सामाज के के लिए अच्छी सन्देश नही है और यैसी घटना कभी न घटे इस लिए यैसे कृत्य करने वालो पर तत्काल फांसी में चढ़ा दें ताकि अन्य और इसी तरह से घटना न हो ग्राम मोहला एंव गोटा टोला में गैंगरेपर्स का पुतला दहन कार्यक्रम में उपस्थित रहे मोहला,मानपुर विधान सभा अध्यक्ष हेमन्त सोनी ,मोहला ब्लॉक अध्यक्ष भागबलि प्रधान,उपाध्यक्ष भूषण ठाकुर,प्रभारी तपसी यादव ,तोरण यादव,योगेन्द्र पुजारी,भूपेश ठाकुर,तकेश्वर दास मानिकपुरी,मंगत राम यादव,राकेश यादव,केदारनाथ यादव,होरी लाल यादव,रामकुमार गवर्णा,नितेश यादव.सेवन भुआर्य,डोमेन्द्र पुजारी,अक्षय यादव,देवेन्द्र पुजारी,ईश्वर यादव,भीषण सिंह फ़रेंद्र,विनय सोनवानी,श्यामदास मानिकपुरी,प्रमोद यादव,वासुदेव ठाकुर,नरेश शिवना एंव सैकड़ो शिवसैनिकगण उपस्थित रहे। 

  • छत्तीसगढ़ में 15 से स्कूल नहीं खुलेंगे

    06-Oct-2020

     रायपुर : कोरोना माहामारी के बीच छत्तीसगढ़ में फिलहाल स्कूल नहीं खोले जाएंगे। इसको लेकर सरकार ने स्पष्ट कर दिया है। शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने मंगलवार को कहा कि स्कूल खोलने का फैसला प्रबंधन और पैरेंट्स की सहमति के बाद ही होगा। अभी 15 अक्टूबर से स्कूल खोले जाने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। केंद्र सरकार ने अनलॉक-5 के मद्देनजर स्कूल और शैक्षणिक संस्थान खोले जाने का अधिकार राज्यों पर छोड़ दिया है। केंद्र की गाइडलाइन के बाद राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 15 अक्टूबर से स्कूल नहीं खोले जाएंगे। हालांकि स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने यह भी कहा है कि स्कूल खोले भी जाते हैं तो भी ऑनलाइन क्लासेज बंद नहीं होगी।

  • कांग्रेसियों और भीम रेजिमेंट के कार्यकर्ताओं में मारपीट

    05-Oct-2020

      जांजगीर : जांजगीर में हाथरस की घटना के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी और भीम रेजीमेंट के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। कांग्रेसियों ने भीम रेजीमेंट के कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई की। पुलिस ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, पर किसी ने नहीं सुना। हाथरस में हुई दुष्कर्म की घटना और हत्या के विरोध में कांग्रेस ने एक दिन का मौन सत्याग्रह रखा था। जांजगीर में बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने वे धरने पर बैठे थे। इस दौरान कांग्रेसियों ने पार्टी के झंडे भी प्रतिमा के आसपास लगा दिए। वहीं कचहरी चौक पर भीम रेजीमेंट के कार्यकर्ता भी घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीम रेजीमेंट के कार्यकर्ता रैली निकालकर अंबेडकर प्रतिमा की ओर जाने लगे। उनमें से दो युवक आगे आए और कांग्रेसियों से पार्टी का झंडा वहां लगाने का विरोध करने लगे। इस पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें समझाया कि बाबा साहब तो सबके हैं। आप भी अपने झंडे लगा लो। पुलिसकर्मियों ने भी समझाया। इस पर दोनों युवक वहां से लौट गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद रैली लेकर प्रतिमा के पास पहुंचे भीम रेजीमेंट के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पहले तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समझाया, लेकिन जब नहीं माने तो उनकी पिटाई कर दी गई। इस दौरान पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते रहे, लेकिन उनकी नहीं सुनी।

     
     
  • किसान आत्महत्या मामले में मुख्यमंत्री ने ली गृहमंत्री से जानकारी, फैसलों का सर्वें कराने के निर्देश

    05-Oct-2020

     रायपुर : दुर्ग जिले में किसान के खुदकुशी करने का मामला बड़ा रूप ले लिया है। राज्य के गृहमंत्री ने जहां स्वयं पीड़ित परिवार से मुलाकात की। वहीं कुछ घंटे बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से दुर्ग जिले के ग्राम मतरोडीह में हुई किसान की मृत्यु की दुखद घटना के संबंध में चर्चा की और घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने गृह मंत्री को मृत कृषक के परिवारजनों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने कहा। मुख्यमंत्री बघेल ने इस घटना पर शोकाकुल कृषक के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज दुर्ग जिले के ग्राम मतरोडीह (मचांदूर) पहुंच कर मृत कृषक दुर्गेश निषाद के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। गृह मंत्री ने इस घटना पर दुख प्रकट करते हुए मृत कृषक दुर्गेश निषाद के पिता और भाई को हर संभव सहायता देने की बात कही। उन्होंने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा भी की। गृह मंत्री साहू को दुर्गेश निषाद के पिता ने बताया कि कीटनाशक दवा के छिड़काव के बाद भी फसल खराब होने पर उनका पुत्र दुर्गेश काफी दुखी और परेशान था। दुर्गेश को उनके पिता ने स्वयं परेशान नहीं होने की समझाईश दी थी और कहा था कि इस नुकसान की हम सब परिवारजन भरपाई कर लेंगे, लेकिन उसने यह दुखद कदम उठा लिया। दुर्गेश के पिता ने गृह मंत्री को यह भी बताया कि दुर्गेश के पास स्वयं की डेढ़ एकड़ जमीन है। इसके अलावा उसने रेग में जमीन भी लेता था। गृहमंत्री ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए मौके पर उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र का सर्वे कर फसल में लगी बीमारी का पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई नई बीमारी फसल में लगी है तो इसके लिए किसानों को सामयिक सलाह दी जाए और दवा एवं उपचार के बारे में बताया जाए।

  • हाथरस की घटना के विरोध में कांग्रेस का मौन प्रदर्शन

    05-Oct-2020

    रायपुर : रायपुर में घड़ी चौक स्थित अंबेडकर मूर्ति के सामने कांग्रेस ने सोमवार को मौन प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के हाथरस में 19 साल की युवती से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में था। एक दिन के सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेता, विधायक और कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लेकर धरने पर बैठे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और पूछा- चौकीदार कहां है? घड़ी चौक के पास वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय सहित तमाम नेता और कार्यकर्ताओं ने मौनव्रत रखा। हाथों में ली तख्तियों में नेताओं ने हाथरस की घटना को लेकर 'बिटिया हम शर्मिंदा हैं', 'पीड़ित परिवार को न्याय दो' आदि नारे लिखे थे।

  • नकली कीटनाशक से फसल खराब, किसान ने की खुदकुशी

    05-Oct-2020

     दुर्ग : जिले के मातरोडीह गांव में एक किसान के आत्महत्या कर लेने से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। किसान दुर्गेश निषाद ने मृत्यु पूर्व लिखा एक पत्र छोड़ा है जिसमें उसने चौकाने वाले खुलाशे किये है। किसान ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि नकली कीटनाशक के इस्तेमाल से 6 एकड़ की फसल खराब हो गई। मैंने तीन बार दवा खेतों में डाली,फिर भी फसल खराब हो गई, जिसकी वजह से मैं खुदखुशी कर रहा हूँ। खेत में दवा छिड़काव के बावजूद कीटों ने उसके पूरे फसल को बर्बाद कर दिया और उसे कर्ज में डूबो दिया।

  • जोमैटो से खाना आर्डर करना महिला को महंगा पड़ा, 64 हजार का लगा चूना

    05-Oct-2020

    बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जोमैटो  से ऑन लाइन खाना आर्डर करना एक महिला को महंगा पड़ गया। खाना तो आया नहीं बल्कि उल्टे खाते से 8 बार में 64 हजार रुपये निकल गए। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के ड्रीम इंपीरिया का है। बताया जाता है कि ड्रीम इम्पीरिया निवासी नवीन बंसल कोल इंडिया में सहायक प्रबंधक हैं। उनकी पत्नी पूजा बंसल ने रविवार को जोमैटो से ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। काफी समय बीतने के बाद भी ऑर्डर नहीं पहुंचा। इस पर उनकी पत्नी पूजा ने गूगल से जोमैटो के कस्टमर केयर का नंबर ढूंढा और उस पर कॉल किया। कॉल करने पर ठगों ने उनके मोबाइल में इंस्टॉल फोन-पे एप पर रिक्वेस्ट जेनरेट कर दी। साथ ही क्लिक करने के लिए कहा। पूजा ने जैसे ही क्लिक किया, उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 8 बार में 64359 रुपए निकल गए। लगातार ट्रांजेक्शन होने से वह परेशान हो गईं। इसके बाद ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट के साथ पुलिस में शिकायत की । 

  • डायन के सन्देह में 5 महिलाओं को प्रताड़ना

    04-Oct-2020
    मारपीट,मल मूत्र खिलाया गया
    कोई नारी डायन नही .डॉ दिनेश मिश्र
    रायपुर : अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने बिहार के कटिहार जिले के खैरा गांव में 5 निर्दोष महिलाओं को डायन के सन्देह में दी गयी प्रताड़ना की कड़ी निंदा की है. इस घटना में महिलाओं के साथ घर में घुस कर न केवल मारपीट की गई बल्कि उन्हें जबरस्ती मल मूत्र खिलाया गया.डॉ मिश्र ने इस घटना में शामिल सभी बैगाओं और सौ से अधिक लोगों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है.
    डॉ दिनेश मिश्र ने बताया उन्हें जानकारी मिली है कि बिहार के कटिहार जिले के  मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरा गांव में अंधविश्वास के पड़कर  ग्रामीणों  ने 5 महिलाओं को डायन बताकर जमकर मारपीट कर जख्मी कर दिया। इससे भी मन नहीं भरा तो उन्हें पकड़ कर जबरदस्ती मल और मूत्र  पिलाकर प्रताड़ित किया.प्रताड़ना के समय  बेबस महिलाएं ग्रामीणों से न्याय की गुहार लगाती रही, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। बाद में जख्मी महिलाओं को   सदर अस्पताल में भर्ती किया गया जहॉं उनका इलाज चल रहा है। 
    डॉ दिनेश मिश्र  ने बताया  मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरा गांव के इस मामले में जानकारी मिली है  कि गांव की ही संगीता देवी और दिलीप उरांव की बेटी बार बार बीमार पड़ने लगी थी,  जिस पर  गांव के ही एक झाड़-फूक करने वाले ओझा द्वारा बताया गया कि उनके बेटी को  कुछ महिलाओं ने जादू-टोना किया है ।जिसकी पहिचान करने के लिए   गांव में ओझाओं (भगत )के लिये  धाम लगाया गया था जिसमें चार  ओझा अनुष्ठान कर  रहे थे।  उसी दौरान ओझाओं  के शरीर पर  तथाकथित रूप से देवता आए और वे झूमने लगे,तथा गांव की महिलाओं ही को डायन बताने लगे। इसके बाद ग्रामीण बैगाओं के बताये अनुसार खोजबीन करने में जुट गए, इसकी जानकारी उन महिलाओं को नहीं थी ,वे लोग घर पर थी, बैगाओं (भगत ) द्वारा उन महिलाओं को डायन बताने के बाद  गांव के कई लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और  उन पर लड़की को जादू टोने से बीमार करने का जिम्मेदार ठहरा कर  
    डायन   होने का आरोप लगाया ,और  मारपीट करने लगे। इस क्रम में  घर की पांच महिलाओं को मारपीट करने  के साथ  ही पकड़ कर जबरदस्ती मूत्र व मल भी पिलाया। जब उक्त महिलाओं की  मारपीट व प्रताड़ित करने से तबियत खराब   होने लगी ,तब ग्रामीण व आरोपी वहां से चले गये।  इस प्रकार प्रताड़ना से उन महिलाओं की तबियत खराब हो गयी और वे बेहोश हो गयी  तथा बाद में  उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती किया गया ।
     डायन के सन्देह में हुई इस प्रताड़ना की सूचना  जब पुलिस को दी गयी तब पुलिस गांव में पहुंची, जिसमें उन् महिलाओं ने   बैगाओं सहित 11 ग्रामीणों के नाम तथा घटना में एक सौ से अधिक ग्रामीणों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को दी .जिसे  लेकर 11 नामजद और एक सौ से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो नामजद आरोपी रंजीत उरांव और प्रदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया। जख्मी महिलाओं का इलाज अब भी  सदर अस्पताल में चल रहा है। अनेक आरोपी गांव से फरार  हो गए हैं।
    डॉ . दिनेश मिश्र ने कहा कोई नारी डायन /टोनही नही होती. जादू टोने का कोई अस्तित्व नहीं होता .यह सिर्फ अंधविश्वास  है, इस प्रकार किसी भी निर्दोष महिला को प्रताड़ित करना  शर्मनाक  तथा अपराध है ।
     हमारी बिहार सरकार से मांग है कि इस मामले में शामिल अन्य सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए उन्हें कड़ी  सजा मिले ,तथा निर्दोष प्रताड़ित महिला को न्याय,मुआवजामिले। 
     
  • नक्सली कमांडर की कोरोना से मौत

    04-Oct-2020

     सुकमा : केरलापाल एरिया कमेटी के नक्सली कमांडर मड़कम रमेश की बीमारी से मौत की खबर है। खबर के मुताबिक उसे कोरोना संक्रमण था। उस पर 5 लाख रूपये का इनाम भी था। एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि इस तरह की सूचना मिली है जिस पर जानकारी जुटाई जा रही है। रमेश दोरनापाल एरिया एलओएस कमांडर भी था। यह बताया जा रहा है कि जगरगुंडा में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। नक्सली मड़कम रमेश पुलनपाड़ का रहने वाला था।

  • गार्ड की पिटाई कर माइनिंग कंपनी में 30 लाख की लूट

    04-Oct-2020

    कोरबा : जिले के दीपका इलाके में गेवरा के पास माइनिंग कंपनी के गार्ड की पिटाई कर बीती रात 30 लाख से अधिक की लूट हो गई। पुलिस के अनुसार लूटेरे चोरी की नीयत से आए थे। मगर पकड़े जाने पर रुपए लूटकर भाग गए। सुबह से ही मौके पर पुलिस की विशेष जांच टीम और डॉग स्क्वॉड आरोपियों का सुराग तलाशने में जुटे हैं। घटना को 4 लोगों द्वारा अंजाम देने का अनुमान है । लूट की रकम फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन एक अनुमान के मुताबिक लगभग 30 लाख रुपए लूटे गए हैं। पुलिस के मुताबिक जहां वारदात हुई वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर सीआईएसएफ का चेक पोस्ट है। अब चेक पोस्ट पर भी पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना रात के करीब 3 बजे के आस-पास हुई थी। पुलिस को शक है कि इस लूट की वारदात में कंपनी का कोई व्यक्ति भी शामिल होगा। सभी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी नाम की माइनिंग कंपनी में कर्मचारियों के भुगतान के लिए रुपए रखे गए थे। क्षेत्र में इसे अब तक की सबसे बड़ी लूट की वारदात बताया जा रहा है। रात के अंधेरे में लुटेरे अपने साथ लोहे की रॉड लेकर आए थे। जब गार्ड ने इन्हें देख लिया और पकड़ने की कोशिश की तो इसी रॉड से उसका सिर फोड़ दिया। जब आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग गए तब खुद को संभालते हुए गार्ड ने संस्था के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी। आस-पास के इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनकी जांच करने पर पता चला कि कैमरे खराब हैं। अब पुलिस पुराने निगरानी शुदा बदमाशों से भी इस मामले में पूछताछ कर रही है।

  • खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के 5 कार्यों का शुभारंभ

    02-Oct-2020

    रायपुर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करकमलों द्वारा छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मुख्यालय रायपुर से विभिन्न कार्यों का शुभारंभ किया गया ।

    ▪️ दुर्ग जिला के ग्राम सैलुद में खादी केंद्र का शुभारंभ किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य सोलर चरखा के माध्यम से स्व-सहायता समूह की बहनों को सतत प्रशिक्षण देकर स्थाई रोजगार से जोड़ा जा सके ।
    ▪️ खादी तथा ग्रामोद्योग मुख्यालय रायपुर में महात्मा गांधी जी के विचारों एवं लिखे गए साहित्य पुस्तक आम जनता तक सुलभ रूप से पहुंचे सके इस हेतु गांधी पुस्तक संग्रहालय का शिलान्यास किया गया ।
    ▪️ बोर्ड द्वारा उत्पादित खादी वस्त्र एवं ग्रामोद्योग सामग्री आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने हेतु खादी ग्राम मोबाइल एप एवं वेबसाइट का शुभारंभ किया गया जिससे ऑनलाइन खरीदी की जा सकेगी ।
    ▪️ प्रधानमंत्री रोजगार सृजन के अंतर्गत 285 इकाई स्थापित कर 663.66 लाख का अनुदान का वितरण कर 2280 लोगों को प्रदेश में रोजगार उपलब्ध कराया गया।
    ▪️ मुख्यमंत्री रोजगार सृजन के अंतर्गत 188 इकाई 104.80 प्रकरण स्वीकृत कर 1128 लोगों को रोजगार से लाभान्वित किया गया ।
  • कमल शुक्ला मामले को लेकर राजधानी में प्रदेश भर के पत्रकारों का प्रदर्शन

    02-Oct-2020

     रायपुर : कांकेर में वरिष्ठ पत्रकार कमल शुक्ला पर हुए हमले को लेकर प्रदेश भर से आये सैकड़ों पत्रकारों ने राजधानी रायपुर में पैदल मार्च कर आकाशवाणी चौक के पास जमकर प्रदर्शन किया और घंटों बाद भी मुख्यमंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आने पर ज्ञापन की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया। हमलावरों पर कड़ी कारवाई, कांकेर कलेक्टर को हटाने व थानेदार सहित अन्य जिम्मेदारों पर कारवाई की मांग को लेकर जारी आंदोलन यहीं समाप्त नहीं हुआ। शनिवार से पत्रकारों ने राजधानी के गांधी मैदान में आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है। यह आंदोलन तब तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है जब तक कि कारवाई नहीं होती। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश भर के पत्रकारों का दल दोपहर से ही रायपुर पहुंच गया था। रायपुर के पत्रकारों ने भी इस आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। दोपहर करीब ढ़ाई बजे मुख्यमंत्री से मिलने पत्रकारों का दल पैदल नारे बाजी करते निकल पड़े। आकाशवाणी चौक के पास पुलिस ने बेरिकेट लगाकर पत्रकारों को रोक लिया। नाराज पत्रकारों ने जमकर प्रदर्शन किया और वहीं सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। शाम करीब 5 बजे तक मुख्यमंत्री की तरफ से कोई खबर नहीं आने से नाराज पत्रकारों ने ज्ञापन की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया और आमरण अनशन करने का  निर्णय लिया। 

  • अपने ही कमांडर को मार डाला नक्सलियों ने

    02-Oct-2020

    बीजापुर : बीजापुर में गुरुवार रात नक्सलियों द्वारा अपने ही कमांडर को मारने की खबर है। बताया जाता है कि हत्या के बाद शव परिजनों को भी सौंप दिया । परिजनों ने गृहग्राम में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल नक्सली कमांडर के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि नक्सली नेता विज्जा मोडियम उर्फ बदरू (34) गंगालूर एरिया कमेटी का डीवीसी इंचार्ज था। नक्सलियों ने गुरुवार देर रात उसे मार दिया।  मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंगालूर और किरंदुल के बीच इतावर के जंगलों में नक्सली नेता की हत्या की गई है। इस हत्या के पीछे का कारण भी नहीं पता चल सका है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद उसके गृह ग्राम मनकेली में नक्सली कमांडर विज्जा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। नक्सली लगातार बीजापुर में सक्रिय हैं और पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्याएं कर रहे हैं। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि उन्होंने अपने ही कमांडर को क्यों मार दिया है।

     
Top