बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • दुल्हन दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग से 53 हजार की ठगी

    22-Oct-2020

     बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर में ठगी का एक रोचक मामला सामने आया है। ठगी के शिकार एक 62 साल के बुजुर्ग हुए हैं, वो भी दुल्हन के चक्कर में। दरअसल मैट्रिमोनियल साइट पर बुजुर्ग अपने लिए दुल्हन ढूंढ रहे थे। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने उन्हें जल्द दुल्हन दिलाने का झांसा दिया और कई किस्तों में उनसे 53 हजार रुपये ठग लिए। रुपये देने के बाद भी दुल्हन नही मिलने पर बुजुर्ग ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जाता है कि सरकंडा निवासी 62 साल के बुजुर्ग करीब 5 साल से सोशल मीडिया पर सर्चिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक रिटायर्ड महिला की प्रोफाइल देखी। संपर्क करने के लिए उन्होंने लिंक पर क्लिक किया और द इंडिया मैट्रिमोनियल नाम की साइट पर अपना बायोडाटा अपलोड कर दिया। इसके बाद उनके पास साइट से कॉल आया रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही गई। रजिस्ट्रेशन के नाम पर उसने 3 हजार रुपए ऑनलाइन लिए गए। कुछ समय बीतने के बाद बुजुर्ग के पास फिर से कॉल आया। इस बार उन्हें जल्दी दुल्हन तलाश करने का झांसा दिया गया और रुपए मांगे गए। इसी तरह कई बार में अलग-अलग बहानों से ठगों ने 50 हजार रुपए और ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी उनकी शादी तय नहीं हो सकी। जब बुजुर्ग ने आए हुए नंबर पर कॉल किया तो वह बंद मिला।

  • हाईवे की रफ्तार के बीच लापरवाही

    22-Oct-2020
    राजनांदगांव : शहर से लगभग 10 किलो मीटर दूर ग्राम भानपुरी के लोग अशोका बिल्डकॉन की लापरवाही का दंश झेल रहे है। यह गांव नेशनल हाइवे के दोनों तरफ बसा है। हाइवे की तेज रफ्तार के बीच ग्रामीणों को खतरे के साये में रोड पार करना पड़ता है। जिसके चलते आये दिन यहां दुर्घटनाएँ हो रही है । बुधवार को दोपहर लगभग 3 बजे रोड पार कर रही स्कूटी सवार 2 युवतियों को तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी जिसमे से 1 की मौत हो गयी और दूसरी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि सड़क के बीच लगाए गए पौधों की कटाई सही समय मे नही हो पाई जिसके कारण सड़क पार करते समय आने वाले वाहनों का अंदेशा नही हो पाता जिसके चलते आये दिन यहां दुर्घटना देखने को मिलती है। वहीं नेशनल हाइवे के दोनों ओर बसे गांव में सड़क के बीच मे या सड़क के किनारे लाइट होनी चाहिए जिससे वाहन चालक को बस्ती का इशारा मिले। इस विषय में ग्रामीणों ने कई बार अशोका बिल्डकॉन केजिम्मेदार अधिकारी रंजन से कई बार शिकायत की पर आज तक लाइट नही लगी है। लोगों की नाराजगी अब बढ़ते ही जा रही है जो कभी भी स्फोटक रूप भी ले सकता है।
  • कॉलेजों में प्रवेश अब 29 तक

    22-Oct-2020
    रायपुर : राज्य शासन द्वारा कॉलेजों में प्रवेश की तिथि को 22 अक्टूबर से बढ़ा कर 29 अक्टूबर कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति की अनुमति से महाविद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। राज्य शासन द्वारा कोविड-19 महामारी से उत्पन्न स्थिति के कारण छात्र हित में यह निर्णय लिया गया है। कॉलेजों में प्रवेश की तिथि 29 अक्टूबर तक बढ़ाने के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मंत्रालय महानदी भवन से आदेश जारी किया गया है। 
    गौरतलब है कि उच्च शिक्षा विभाग के सचिव धनंजय देवांगन ने 9 अक्टूबर को मंत्रालय में वीडियो कॉन्फं्रेसिंग के जरिए सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और विद्यालयों के प्राचार्यो से कॉलेजों में प्रवेश, ऑनलाइन क्लास, परीक्षा परिणाम और पाठ्यक्रमों के संबंध में चर्चा के दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने कॉलेजों में शत प्रतिशत सीटों में प्रवेश हो सके इसके लिए प्रवेश के लिए निर्धारित तिथि 22 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 अक्टूबर तक करने के भी सुझाव दिए थे।
  • प्याज की उपलब्धता एवं बाजार भाव की निगरानी के लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी

    22-Oct-2020

     प्याज के थोक एवं खुदरा बाजार भाव का प्रचार-प्रसार किया जाए

    रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को उनके जिले में प्याज की उपलब्धता तथा खुदरा बाजार मूल्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
    जिला कलेक्टरों को जारी निर्देश में कहा गया है कि राज्य स्तरीय प्राईस मॉनिटरिंग सेल में जिलों से आवश्यक वस्तुओं के बाजार भाव के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ है कि विगत 01 माह में प्याज के खुदरा बाजार मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि परिलक्षित हो रही है। सभी जिला कलेक्टर जिले में प्याज की उपलब्धता तथा खुदरा बाजार मूल्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण हेतु सतत कार्यवाही सुनिश्चित करें। 
    खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्याज के थोक एवं खुदरा व्यापारियों की तत्काल बैठक लेकर जिले में प्याज की उपलब्धता एवं मांग का आंकलन कर आवश्यकता अनुसार प्याज की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिला स्तर पर प्याज की दैनिक आवक एवं खपत की नियमित समीक्षा की जाए। अन्य राज्यों से प्याज के आयात, परिवहन एवं भंडारण संबंधी कोई समस्या हो तो इसका तत्काल निराकरण किया जाए। थोक व्यापारियों के विक्रय स्थल पर प्रतिदिन प्याज का उपलब्ध स्टॉक एवं थोक विक्रय मूल्य की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। 
    कलेक्टरों को कहा गया है कि जिले में उपलब्ध प्याज के थोक एवं खुदरा बाजार भाव का प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम लोगों को इस संबंध में जानकारी उपलब्ध हो सके और खुदरा व्यापारी अनावश्यक अधिक मूल्य पर प्याज का विक्रय न कर सकंे। 
    इसके अतिरिक्त आवश्यक वस्तु (संशोधन) अधिनियम 2020 की धारा 3 (क) के प्रावधानों के अंतर्गत कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत स्टाक लिमिट की आवश्यकता होने पर राज्य शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया जाए। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उपरोक्तानुसार कार्यवाही सुसंगत अधिनियमों के अंतर्गत सुनिश्चित की जाए।
  • धनेली नाका में यातायात पुलिस की वसूली उजागर

    22-Oct-2020

     रायपुर : राजधानी रायपुर के धनेली नाका पर यातायात की अवैध वसूली का भंडा फूट गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद डीजी आर के विज ने तत्काल जांच कर करवाई के निर्देश दिए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस कर्मियों पर बिना वजह पैसे के लिए परेशान करने और मारपीट का आरोप लगा रहा है। खबर के मुताबिक बुधवार की रात करीब 1:30 बजे एक ट्रक धनेली नाला से गुजर रही थी। यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ने ट्रक को रोककर चालक से 22000 रुपये की मांग की, पैसा नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की। ट्रक चालक ने इस घटना का वीडियो बना लिया और विडिओ अपने एक परिचित महिला को भेजकर मदद की गुहार लगाई। एक व्यक्ति ने उस वीडियो को ट्विटर पर शेयर कर छत्तीसगढ़ के डीजी आरके विज को भेज दिया। डीजी ने वीडियो को देखकर तुरंत रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव को मामले की जांच कर करवाई करने का आदेश दिया है।

  • 10वीं, 12वीं पुनर्मूल्यांकन के नतीजे घोषित

    21-Oct-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ प्माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी कर दिए। परीक्षा के परिणाम मंडल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देखे जा सकते हैं। जानकारी के मुताबिक मुख्य परीक्षा वर्ष 2019-20 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए कक्षा 10वीं में 7 हजार 232 और कक्षा 12वीं में 16 हजार 452 आवेदन मिले थे।

  • हत्या के मामले में लापरवाही पूर्वक जांच करने वाले 2 पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज

    21-Oct-2020

     रायपुर : हत्या के मामले में लापरवाही पूर्वक जांच करने वाले विधानसभा थाना के प्रभारी रहे लक्ष्मण कुमेटी और अश्वनी राठौर के खिलाफ कोर्ट ने कार्रवाई का आदेश दिया है। इसके लिए रायपुर की कोर्ट ने बाकायदा गृह विभाग को नोटिस भेजा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि कार्रवाई की जानकारी भी कोर्ट को भेजी जाए। बता दें कि 2018 के अक्टूबर महीने में विधानसभा थाना इलाके में हुई हत्या के मामले में बुधवार को 5 आरोपियों को बरी कर दिया गया। कोर्ट ने माना कि पुलिस ने इस पूरे केस को गंभीरता से नहीं लिया। स्तरहीन जांच की। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी रहे लक्ष्मण कमेटी और अश्वनी राठौर को कोर्ट ने बेहद लापरवाह पाया। इसलिए इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश गृह सचिवालय को दिए हैं। दरअसल, 2018 में परमानंद चतुर्वेदी नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी। आरोप मृतक की चाची भगवती, फुलबतिया, इनके परिचित उमाशंकर, कैलाश और धर्मेंद्र पर था। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद था। हत्या के बाद भी पुलिस इसे कोर्ट में साबित नहीं कर पाई।

  • राज्यपाल से अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने की मुलाकात

    21-Oct-2020
    रायपुर : छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके से यहां राजभवन में अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने सौजन्य मुलाकात की। राज्यपाल को डॉ. मिश्र ने अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति छत्तीसगढ़ द्वारा चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान की जानकारी दी। राज्यपाल ने डॉ. मिश्र को उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि आप और आपकी संस्था के द्वारा किये गए कार्य निश्चित ही सराहनीय है। अभी भी हमारे समाज में कुछ कुरीतियां है, जिसके कारण कई बार कई समस्याएं आती है। आप जैसे लोगों के द्वारा किए गए कार्यों से समाज में जागरूकता आ रही है और मुझे विश्वास है कि आपका यह प्रयास निश्चित ही सफल होगा।
    राज्यपाल को डॉ. मिश्र ने अंधविश्वास एवं सामाजिक कुरीतियों के सम्बंध में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के सम्बंध में बताया कि अभी भी समाज में कहीं-कहीं अंधविश्वास-कुरीतियां व्याप्त है, जिसे दूर करने के लिए उनके द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उनके प्रयासों से राज्य में छत्तीसगढ़ राज्य टोनही प्रताड़ना निषेध अधिनियम 2005 बना व लागू हुआ। उन्होंने जादू टोने, टोनही प्रताड़ना से पीड़ित लोगों के सम्बंध में उनके उपचार, चिकित्सा, मदद, पुनर्वास के लिए चलाये जा रहे अभियान की जानकारी प्रदान की। साथ ही टोनही प्रताड़ना के मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने अन्य सामाजिक कुरीतियों, सामाजिक बहिष्कार पर भी चर्चा करते हुए अनेक मामलों से अवगत कराया एवं कानून की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. मिश्र ने राज्यपाल को अंधविश्वास निर्मूलन से संबंधित साहित्य एवं किताबें भी भेंट की। इस अवसर पर समिति के सदस्य अर्पित दीक्षित एवं अनंत पांडेय भी उपस्थित थे।
  • सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी तृतीय वेतनमान को लेकर लगा रहे गुहार पर गुहार

    20-Oct-2020

    रायपुर : सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी तृतीय समयमान वेतनमान की मांग को लेकर मंत्रियों और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन इनकी ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। बताया जाता है कि पशुपालन विभाग के अंतर्गत विभिन्न जिलों में लगभग एक हजार सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी कार्यरत हैं जिन्हें आज तक तृतीय समयमान वेतनमान प्रदान नहीं किया गया है। छत्तीसगढ़ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ लगातार शासन से इसकी मांग करता आ रहा है। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश चौहान, महामंत्री एमएल स्वर्णकार ने मुख्यमंत्री व पशुपालन मंत्री के साथ विभाग के प्रमुख सचिव को एक बार फिर इस ओर ध्यान आकृष्ट करा तत्काल तृतीय समयमान वेतनमान ग्रेड ए 56 सौ लेवल 12 अनुसार स्वीकृत किए जाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में संघ ने कहा है कि वर्तमान में लगभग 57 विभागों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को तृतीय वेतनमान का लाभ प्रदान किया जा चुका है केवल पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों एवं सहायक शिक्षकों को तृतीय वेतनमान से वंचित किया गया है। जबकि घोषणा के अनुसार राज्य में कार्यरत सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उक्त वेतनमान की पात्रता रखते हैं। संघ ने कहा है कि अधिकांश सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर उक्त वेतनमान के लाभ से वंचित होकर सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में शासन को तत्काल वित्त विभाग को निर्देशित करते हुए इसका लाभ देना चाहिए।

  • हत्या की गुत्थी सुलझी, निगरानी बदमाश गिरफ्तार

    20-Oct-2020

     रायपुर : राजधानी के गंज इलाके में सोमवार की रात जिस युवक की हत्या हुई थी उसकी पहचान हो गई है। मृतक टिकरापारा का रहने वाला शंकर महानंद निकला। उसी के साथी निगरानी बदमाश महेश यादव ने कैची से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि टिकरापारा निवासी शंकर महानंद और महेश यादव दोनों पूर्व परिचित थे। शंकर ने दो-तीन दिन पहले महेश से गमछा उधार लिया था। सोमवार देर रात करीब 1 बजे दोनों शराब के नशे में थे। इस दौरान महेश ने अपना गमछा वापस मांगा। जिसे लौटाने से शंकर ने मना कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर महेश ने शंकर के पेट में कैंची से कई वार कर दिए। इसके चलते शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महेश वहां से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साइबर सेल ने आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया।

     
  • राजधानी में चाकू से गोदकर युवक की हत्या

    20-Oct-2020

     रायपुर : राजधानी के गंज इलाके में गुरूद्वारे के करीब एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। वारदात आधी रात की है, लेकिन लाश सुबह से मौके पर पड़ी रही। खून से सनी उसकी लाश जीआरपी और आपीएफ थाना के पास मिली। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वारदात के फूटेज खंगालने का प्रयास कर रही है।

  • लेमरू एलीफेंट रिजर्व से किसी का नहीं होगा विस्थापन, गांवों और वनवासियों के अधिकार रहेंगे बरकरार: मोहम्मद अकबर

    19-Oct-2020
    वन अधिकार संरक्षित रहेंगे: लघु वनोपज संग्रहण में नहीं होगी कोई बाधा
    कोयला खनन, बड़े उद्योग और वन्य प्रणियों का शिकार प्रतिबंधित होगा
    कंजरवेशन रिजर्व के प्रबंधन के लिए बनने वाली समिति में पंचायत प्रतिनिधियों का भी समावेश होगा
    पंचायतों को मानव हाथी संघर्ष को रोकने के लिए मिलेगी अलग से राशि
    रायपुर : वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा है कि लेमरू एलीफेंट रिजर्व से किसी का विस्थापन नहीं होगा। गांवों और वनवासियों के अधिकार बरकरार रहेंगे। वन अधिकार संरक्षित रहेंगे और लघु वनोपज संग्रहण में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। वन मंत्री ने यह स्पष्ट किया है कि लेमरू एलीफेंट रिजर्व के बारे में गांव के विस्थापन, वनअधिकारों में कटौती, लघु वनोपज संग्रहण में बाधा और अन्य जितनी भी अफवाहे फैलाई गई हैं, उनका कोई आधार नहीं है। एलीफेंट रिजर्व बनने के बाद भी उक्त समस्त अधिकार जारी रहेंगे और किसी का विस्थापन नहीं होगा। साथ ही अन्य क्षेत्रों के हाथियों को यहां लाकर नहीं बसाया जाएगा अर्थात् जो स्थिति आज है वैसी ही व्यवस्था बनी रहेगी। 
    वन मंत्री ने यह भी साफ किया है कि तमिलनाडु के मामलें में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर जो भ्रम फैलाया जा रहा है, उसमें भी कोई सच्चाई नहीं है। तमिलनाडु में एलीफेंट रिजर्व नहीं बनाया गया बल्कि एलीफेंट कॉरीडोर के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की गई थी। लेमरू के लिए वन विभाग किसी प्रकार का भूमि अधिग्रहण नहीं करने वाला है और अधिसूचना में केवल शासकीय भूमि ही शामिल होगी अर्थात् निजी भूमि के स्वामित्व, खरीद फरोख्त पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लग रहा है।
    श्री अकबर ने कहा है कि झारखण्ड और उड़ीसा राज्य में पहले से एलीफेंट रिजर्व बने हुए हैं और उनके अंदर आने वाले गांव तथा निवासियों के किसी अधिकार की कटौती नहीं हुई है और न ही किसी गांव का विस्थापन हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी सरगुजा क्षेत्र में तमोर पिंगला, सेमरसोत और बादलखोल अभ्यारण्य होने के साथ-साथ एलीफेंट रिजर्व 2011 से है परन्तु किसी गांव का विस्थापन नहीं हुआ है। उक्त तीनों अभ्यारण्य है जबकि लेमरू एलीफेंट रिजर्व का गठन कंजरवेशन रिजर्व के रूप में हो रहा है जिसमें अभ्यारण्य के मुकाबले सारे अधिकार गांवों के और वनवासियों के बरकरार रहेंगे। 
    उन्होंने कहा है कि कतिपय तत्वों द्वारा निहित स्वार्थ के तहत एलीफेंट रिजर्व के बारे में अफवाहें और दुष्प्रचार किया जा रहा है जबकि इसमें कोयला खनन, बड़े उद्योग और वन्य प्रणियों का शिकार तथा जंगल में आग लगाना आदि ही मात्र प्रतिबंधित होने वाला है। कंजरवेशन रिजर्व के प्रबंधन के लिए जो समिति बनेगी, उसमें पंचायत प्रतिनिधियों का भी समावेश किया जाएगा और उनकी राय के बगैर कोई कार्य नहीं होगा। पंचायतों को मानव हाथी संघर्ष को रोकने के लिए राशि अलग से मिलेगी। कुल मिलाकर लेमरू एलीफेंट रिजर्व का गठन वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 36 (ए) के तहत होने से वन, वनवासी और वन्य प्राणी तीनों के हित पूरी तरह सुरक्षित होंगे।
  • अखिल भारतीय करणी सेना के गठन को लेकर बैठक हुई

    19-Oct-2020
    डोंगरगढ़ : अखिल भारतीय राजपूत महासभा के सदस्यों की एक आवश्यक बैठक 18/10/2020 को डोंगरगढ़ के पुराने रेस्ट हाउस में हुई जिसमें समाज के  युवा एवं महिलाओं की उपस्थिति रही । उक्त बैठक में अखिल भारतीय राजपूत संगठन के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का गठन पूर्व में किया जा चुका है । श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का विस्तार प्रत्येक राज्यों में किया जा रहा है । इसी के तहत छत्तीसगढ़ में भी इसका विस्तार किया जा रहा है  ।18/10/2020 को करणी सेना के जिलाध्यक्ष  कुशाल सिंह ठाकुर, अपनी टीम  शिवानी सिंह तृप्ति सिंह नमिता सिंह श्रेष्ठ बहादुर सिंह, अनमोल सिंह, तेज प्रताप सिंह प्रियांशु सिंह के साथ डोंगरगढ़ बैठक लेने पहुंचे । समाज के वरिष्ठो द्वारा अध्यक्ष से करणी सेना  के संबंध में पूरी जानकारी ली गई । करणी सेना के जिलाध्यक्ष द्वारा समाज के युवा एवं महिलाओं को इसके गठन के उद्देश के बारे में बताया और साथ ही डोंगरगढ़ में इससे गठन पर जोर दिया । इस मौके पर समाज के प्रमुख रमाकांत सिंह, योद्धा सिंह, लाल धिरेन्द्र सिंह,पी.डी. सिंह,  शिवेंद्रदीप सिंह, आलोक कलचुरी, आशीष सिंह, विजय सिंह भोला, विजय सिंह चौहान, अजय सिंह बघेल, विजेंद्र सिंह ठाकुर, लाल जितेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह ठाकुर, नागेंद्र सिंह परिहार, राणा अजय सिंह, कांति सिंह, गजेंद्र सिंह, नीलम सिंह, अवनीश सिंह, शिवम सिंह, गगन सिंह, लाल आलोक सिंह, श्रीराज सिंह, सोनू सिंह, कुबेर सिंह, श्रीमती अंचला ठाकुर, श्रीमती जया सिंह, श्रीमती मोना सिंह, श्रीमती प्रतिभा कलचुरी, श्रीमती रोशनी परिहार, श्रीमती सुचित्रा कलचुरी, श्रीमती प्रिया सिंह, श्रीमती प्राची सिंह, श्रीमती रूबी सिंह, आकांक्षा सिंह,श्रीमती पूजा सिंह  श्रीमती संगीता सिंह एवं  समाज की महिलाएं उपस्थित रहे ।
  • हम डरेंगे नहीं लड़ेंगे - डॉ. रमन

    18-Oct-2020

    पाटन : सांसद विजय बघेल का पाटन में चल रहे अनशन को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने जूस पिलाकर समाप्त करवाया । इससे पहले मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ रमन सिंह ने नाारा लगाया- भूपेश तेरी गुंडागर्दी नहीं चलेगी...नहीं चलेगी। उन्होंने संबोधन में कहा कि भाजपा ने आपातकाल का समय देखा है। हम किसी से नहीं डरेंगे, बल्कि मजबूती से लड़ेंगे, वो जैसा चाहते हैं उसी तरीके से जवाब दिया जाएगा। डॉ. रमन ने अनशन पर बैठे सांसद विजय बघेल से कहा कि मैं आपसे आग्रह करूंगा कि प्राण देने की जरूरत नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ऐसे लोगों से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। इस आंदोलन से हमने दिखाया है कि सरकार से हमारे कार्यकर्ता डरते नहीं । हमने इस मामले में राज्यपाल से मुलाकात की वो गृह मंत्रालय से रिपोर्ट मंगवा रही हैं। अंत में उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं से पूछ रहा हूं कि क्या मैं सांसद विजय बघेल से आग्रह करूं कि वो अपना अनशन खत्म करें, कार्यकर्ताओं की हामी के बाद अनशन तुड़वाया गया। 

  • सड़क हादसे में मां - बेटे की मौत

    18-Oct-2020

     राजनांदगांव : डोंगरगांव मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मां बेटे की मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की घोरदा गांव में बेंदरकट्टा की है। जहां विमल रंगारी (32 वर्ष) अपनी मां तारा रंगारी (56 वर्ष) के साथ बाइक से राजनांदगांव आ रहा था तभी मोटरसाइकिल को एक वाहन ने अपनी चपेटे में ले लिया। बताया जाता है कि ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मां ने दम तोड़ दिया । वहीं बेटे की राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक भारतीय स्टेट बैंक की ग्राहक सेवा केन्द्र के खुर्सीटिकुल शाखा में कार्यरत था। इधर लालबाग पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में चालक को हिरासत में लिया है।

  • शराब दुकान के सुपरवाइजर से 11 लाख लूटने वाले धरे गए

    18-Oct-2020

     महासमुंद : शराब दुकान के सुपरवाइजर की आंख में मिर्च पाउडर झोंककर 11 लाख की लूट करने वाले आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। घटना  17 अक्टूबर की है। इस लूट का मास्टर माइंड शराब की भट्टी का पूर्व सेल्समैन ही निकला जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। 

  • मोहम्मद अलतमश निर्विरोध मुतवल्ली बने

    18-Oct-2020

     नयापारा : नवापारा राजिम स्थित सुन्नी हनफ़ी मस्जिद के चुनाव में मोहम्मद अलतमश उर्फ साहेब भाई निर्विरोध मुतवल्ली चुने गए हैं। साहेब भाई के मुतवल्ली बनने पर उनके ईस्ट मित्रों और परिजनों ने मुबारकबाद दी है।

  • 2 दर्जन जुआरियों से 10 लाख जब्त

    17-Oct-2020

     रायपुर : आजाद चैक पुलिस ने रविवार को तड़के 4 बजे मोमिनपारा के एक मकान में दबिश देकर 2 दर्जन जुआरियों को धर दबोचा। जुआरियों के पास से नगद 10 लाख रुपए बरामद हुए हैं। बताया जाता है कि जुआ मोमिनपारा की तंग गलियों में चल रहा था। शातिर जुआरियों ने इन गलियों में अपने प्वाइंटर भी लगा रखे थे, ताकि पुलिस की रेड पड़ने पर उन्हें खबर मिल जाए और पुलिस की आंखों में धूल झोंक सकें। लेकिन इन जुआरियों की यह तरकीब उस वक्त धरी रह गई, जब पुलिस उस घर तक पहुंच गई, जहां पर यह फड़ बैठा हुआ था। पुलिस की घेरा बंदी और दबिश से जुआरियों को भागने का मौका ही नही मिला। मोमिनपारा में जुएँ का बड़ा फड़ चलने की खबर पुलिस को थी। यह फड़ पूरी रात चलता था। आज सुबह पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ छापा मार कर जुआरियो को पकड़ लिया।

    पकड़े गए जुआरी
    01. अजील खान पिता जमालुद्दीन उम्र 60 साल निवासी संतोषी नगर टिकरापारा रायपुर।
    02. जीतू ऊर्फ जितेन्द्र कृपलानी पिता रमेश कृपलानी उम्र 28 साल निवासी आर डी ए कॉलोनी इंद्रप्रस्थ रायपुर डी डी नगर रायपुर।
    03. धर्मेंद्र पंडित पिता सुरेंद्र पंडित उम्र 30 निवासी नेहरू भवन के सामने सुपेला जिला दुर्ग।
    04. मनोज बंसल पिता कुशल प्रसाद बंसल उम्र 32 साल निवासी थोइलामी थाना तेंदुकोना जिला महासमुंद।
    05. सुनील कुमार टंडन पिता हरिशंकर टंडन उम्र 30 साल निवासी पिरदा विधानसभा रायपुर।
    06. प्रवीण सोनी पिता मनोज सोनी उम्र 34 साल निवासी बागबहरा थाना बागबहरा जिला महासमुंद।
    07. रवि मूनजर पिता राजेश उम्र 34 साल निवासी शिवानंद नगर गुढ़ियारी रायपुर।
    08. गंजु अंगारे पिता स्व. सी एफ अंगारे उम्र 58 साल निवासी आर डी ए कॉलोनी टिकरापारा रायपुर।
    09. दिनेश महानंद पिता गदूर महानंद उम्र 28 साल निवासी डब्ल्यू आर एस कॉलोनी खमतराई रायपुर।
    10. मुकेश नारवानी पिता अमृत लाल उम्र 38 साल निवासी जनता कॉलोनी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
    11. विमल जैन पिता केशव जैन उम्र 42 साल निवासी आज़ाद चौक रायपुर।
    12. मोइन खान पिता सलाम खान उम्र 50 साल निवासी झंडा चौक टिकरापारा रायपुर।
    13. संजय कुमार पिता लक्ष्मी चंद उम्र 46 साल निवासी महावीर गायत्री विहार न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
    14. पंकज मूनजर पिता राजेश उम्र 33 साल निवासी शिवानंद नगर गुढ़ियारी रायपुर।
    15. भूवन महानंद पिता गदूर महानंद उम्र 25 साल निवासी डब्ल्यू आर एस कॉलोनी खमतराई रायपुर।
    16. अमित दुआ पिता स्व. हरभजन सिंह उम्र 34 साल निवासी वार्ड क्रमांक 08 बागबहरा जिला महासमुंद।
    17. सतीश कुमार पिता स्व. रामकुमार उम्र 48 साल निवासी बैरन बाजार कोतवाली रायपुर।
    18. राजीव तिवारी पिता रामनरेश तिवारी उम्र 30 साल निवासी सदर बाजार कोतवाली रायपुर।
    19. गजानंद पटेल पिता उंगु राम पटेल उम्र 40 साल निवासी जनता कॉलोनी गुढ़ियारी रायपुर।
    20. हैदर अली पिता जैहिद अली उम्र 25 साल निवासी अग्रसेन चौक आज़ाद चौक रायपुर।
    21. विवेक अग्रवाल पिता अशोल अग्रवाल उम्र 25 साल निवासी बागबाहरा जिला महासमुंद।
    22. अन्नू हसन पिता जहुर मोहम्मद उम्र 57 साल निवासी हांडी पारा आज़ाद चौक रायपुर।
    23. निर्मल जैन पिता जैव राज जैन उम्र 40 साल निवासी महामाया मंदिर के सामने पुरानी बस्ती रायपुर।
    24. प्रमोद यादव पिता दुखन लाल यादव उम्र 33 साल निवासी चंगोराभाठा डी डी नगर रायपुर।

  • मरवाही का दंगल फतह करने कांग्रेस ने झोंकी ताकत, स्टार प्रचारकों की सूची तैयार

    17-Oct-2020

    रायपुर : मरवाही उपचुनाव का दंगल जीतने कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। जनता कांग्रेस के नेता अमित जोगी के मैदान से हटने के बाद अब मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही होना है। दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के बाद प्रचार में भी तेजी आ गई हैं। इधर कांग्रेस ने मरवाही उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, सुष्मिता देव, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पी.एच.ई. मंत्री गुरू रूद्र कुमार, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, सांसद ज्योत्सना महंत, सांसद दीपक बैज, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष करूणा शुक्ला, विधायक लालजीत सिंह राठिया, विधायक बृहस्पति सिंह, विधायक मोहित केरकेट्टा, विधायक शैलेश पांडे, विधायक विनय जयसवाल, विधायक गुलाब सिंह कमरों, विधायक पुरूषोत्तम कंवर, रामकुमार यादव, विधायक उत्तरी जांगड़े के नाम शामिल है। इस तरह कांग्रेस ने मरवाही का दंगल जीतने बड़े बड़े दिग्गजों और मंत्रियों व नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में चूना है।

  • चारभाठा के जंगल से फिर हो रहा रेत का अवैध खनन-परिवहन

    17-Oct-2020

     सड़क चिरचारी : छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के ग्राम सड़क चिरचारी के करीब फत्तेगंज चारभांठा के जंगल से रेत माफिया द्वारा अवैध रूप से रेत का खनन बदस्तूर जारी है। पिछले माह यह मामला जब सामने आया था तो रेत माफिया ने अपने गोदाम से न केवल रेत के डंप को हटवा लिया था, बल्कि कुछ दिनों तक काम भी बंद कर दिया था। सूत्रों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों की मिली भगत से पहले तो माफिया ने रास्ता बदल कर खनन व परिवहन का काम शुरू किया फिर अब पुनः फत्तेगंज चारभाठा के जंगल से अवैध खनन व परिवहन जारी है। यह क्षेत्र वन मंडल खैरागढ़ के परिक्षेत्र में आता है। जानकारों का दावा है कि रात के अंधेरें में बेतहाशा हो रहे रेत के अवैध उत्खनन और सुबह तक हो रहे परिवहन की जंगल विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को पूरी जानकारी है, लेकिन आरोप है कि सांठगांठ के चलते कोई भी इस अवैध कार्य पर रोक नहीं लगा पा रहा है। बताया जाता है कि प्रति दिन रात के वक्त 10 से 15 गाड़ी (हाइवा/ट्रेक्टर) जंगल के उस स्थान में देखे जा सकते है। जंगल से रेत सीधे माफिया के गोदाम में आता है, जहां से रेत की अधिक दाम पर बिक्री होती है। पिछले कुछ दिनों से आस पास के एरिया ही नहीं बार्डर पार महाराष्ट्र तक रेत की सप्लाई हो रही है। बताया जाता है कि जंगल से माफिया मोटा और बारिक दोनों तरह का रेत बेखौफ निकलवा रहा है। 

Top