बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • जाति मामले में फंसे अमित जोगी, एफआईआर के आदेश

    17-Oct-2020

    रायपुर :  जाति मामलें में जनता कांग्रेस के नेता अमित जोगी बुरी तरह से घिर गए हैं। राज्य स्तरीय छानबीन समिति ने अब अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। छानबीन समिति की जाँच में ये बात सामने आई है कि अमित जोगी कंवर आदिवासी नहीं है। अमित जोगी ने कंवर आदिवासी का जाति प्रमाण पत्र धोखे से बनवाया है।  समिति ने तर्क दिया है कि जब पिता कंवर नहीं, तो फिर बेटा कैसे कंवर हो सकता है। समिति का साफ कहना है कि ऐसे मामलों में किसी तरह की राहत नहीं दी जा सकती।

  • 4 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़े 2 आरोपी

    17-Oct-2020

     रायपुर : सूदखोरों से तंग आकर एक दंपति के आत्महत्या कर लेने के मामले में पुलिस ने 4 साल बाद 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें से 2 लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है। बताया जाता है कि बिरगांव निवासी मोहन साहू ने हरेंद्र साहू, मोनू देवांगन, रामेश्वर ठाकुर और गीता ठाकुर से 80 हजार रुपए कर्ज लिया था। एक साल में कर्ज के बदले तीन लाख रुपए लौटा दिए। मोहन ने उस कर्ज को चुकाने के लिए भी कर्ज ले लिया था। इसके बाद भी सूदखोर परेशान कर रहे थे। मोहन के घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। मार्च 2016 में मोहन, अपनी पत्नी राधा और 22 साल के बेटे के साथ फंदे से लटक गया। इस दौरान दंपति की मौत हो गई थी। मोहन के बेटे ने पुलिस को बताया कि आरोपी पैसों के लिए घर आकर धमकी देते थे। सूदखोरों से परेशान होकर उनके माता-पिता ने खुदकुशी कर ली थी।

  • अमित जोगी नहीं लड़ पाएंगे मरवाही उपचुनाव

    17-Oct-2020

     रायपुर : जोगी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मरवाही विधानसभा उपचुनाव से प्रत्याशी अमित जोगी का नामांकन रद्द हो गया है। छानबीन समिति ने अमित जोगी के जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही उनका नामांकन भी निरस्त कर दिया गया है। अमित जोगी अब मरवाही से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इससे पहले ऋचा जोगी ने जाति प्रमाण पत्र का दावा किया था, जिस पर विचार के उपरांत उसे निरस्त कर दिया गया था। सवाल उठ रहा था कि ऋचा जोगी के नामांकन को आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन इसकी संभावना समाप्त हो चुकी है। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशी केके द ध्रुव के नामांकन दाखिल के बाद कहा था कि मरवाही में कितने कोणीय मुकाबला होगा, यह स्कूटनी के बात ही तय होगा, लेकिन स्कूटनी के पहले ही सारी पिक्चर स्पष्ट हो चुकी है। लिहाजा अब मरवाही में भाजपा और कांग्रेस का सीधा मुकाबला होना तय हो चुका है।

  • सरकार के दो मंत्री मिले राज्यपाल से

    16-Oct-2020

     रायपुर : अधिकारियों की पदस्थापना मामले में राज्यपाल अनुसुइया उइके से मंत्री रविंद्र चौबे और मोहम्मद अकबर ने राजभवन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद श्री चौबे ने बताया कि राज्यपाल से टकराव या तल्खी जैसी कोई बात नहीं है। राज्यपाल हमारे संवैधानिक प्रमुख हैं। उनके मुताबिक सरकार-राजभवन के बीच संवाद की प्रक्रिया चलती है। राज्यपाल जो जानकारी मांगेगी, सरकार उपलब्ध कराएगी। बता दें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए सोनमणि बोरा को राजभवन सेक्रेट्री के चार्ज से मुक्त कर दिया गया है। 2002 बैच के आईएएस अमृत कुमार खलखो को बस्तर कमिश्नर पद से हटाकर उन्हें कृषि विभाग के सचिव के साथ-साथ राज्यपाल के सचिव के अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 2009 बैच के आईएएस केडी कुंजाम को राजभवन के सचिवालय के संयुक्त सचिव का एडिश्नल चार्ज दिया गया है। अभी केडी कुंजाम जीएडी के ज्वाइंट सेक्रेट्री के साथ-साथ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

  • सस्ते में स्कॉर्पियो और बोलेरो दिलाने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी

    15-Oct-2020

    रायपुर : बीएस-4 मॉडल की चार पहिया गाड़ियां सस्ते में दिलाने का झांसा देकर वाराणसी के प्रॉपर्टी डीलर को 10 लाख रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। 4 माह से गाड़ी के लिए चक्कर लगा रहे प्रॉपर्टी डीलर ने अपने ठगे जाने का अहसास होने पर धमतरी के भूपेंद्र उईके के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जाता है कि वाराणसी के चौबेपुर निवासी हनुमान यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। इसके चलते उसका रायपुर भी आना-जाना है। पड़ोसी गांव निवासी पप्पू यादव ने अपने घर में हनुमान का परिचय धमतरी निवासी भूपेंद्र उईके से कराया। बताया कि भूपेंद्र चार पहिया गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता है। इस दौरान भूपेंद्र ने बताया कि बीएस-4 की चार पहिया गाड़ियों पर ऑफर चल रहा है। इस पर हनुमान ने दो स्कार्पियो और एक बोलेरो खरीदने की इच्छा जताई। आरोप है कि भूपेंद्र ने उसे रुपए लेकर रायपुर बुलाया और कहा कि वह गाड़ी दिला देगा। जनवरी में भूपेंद्र ने उसे मैग्नेटो मॉल के पास एक रेस्टोरेंट में पैसा लेकर आने को कहा। जब हनुमान पहुंचा तो वहां गाड़ी दिलाने के नाम पर एडवांस में 4.5 लाख रुपए नगद ले लिए और कहा कि 15 दिन में गाड़ी मिल जाएगी। 15 दिन बाद जब उसने भूपेंद्र से संपर्क किया तो मुंबई मिलने के लिए बुलाया। वहां कांदीवली में मुलाकात की और कहा कि और पैसा लगेगा। हनुमान का कहना है कि इसके बाद मार्च, अप्रैल और मई में किश्तों नगद, पेटीएम और खाते से 5.5 लाख रुपए भूपेंद्र को दिए। 10 लाख रुपए लेने के बाद भी अभी तक गाड़ी नहीं मिली और ना ही आरोपी रुपए लौटा रहा है।

  • विधायक छन्नी साहू कोरोना की चपेट में

    15-Oct-2020

     राजनांदगांव : खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू और उनके परिजन कोरोना की चपेट में आ गए हैं। श्रीमती साहू की आरटीपीसीआर जांच कराने के बाद सैम्पल भेजा गया था, जिसमें वे बुधवार को कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। उन्हें इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बीते कुछ दिनों से उनमें सामान्य फ्लू के लक्षण थे, जिसके बाद उन्होंने रैपिड एन्टीजन टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव थी। बाद में सर्दी-खांसी जैसे लक्षण होने के कारण उनका आरटीपीसीआर जांच के लिए सैम्पल भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है।

     

    विधायक छन्नी साहू ने बताया कि उनके परिजन और सुरक्षाकर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। इसकी पुष्टि उन्होंने खुद की है।

  • 3 लड़कियों के लापता मामले में 3 युवक गए जेल

    14-Oct-2020

     अम्बागढ़ चौकी : चौकी इलाके के ग्राम अरजकुंड से लापता 3 नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने जहां 12 घंटे में खोज निकाला वही तीनों लड़कियों के कलमबंद बयान के बाद 3 आरोपित युवकों को जेल का रास्ता दिखा दिया गया है। पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर को अरजकुंड से 3 नाबालिगों के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला जब पुलिस के पास आई तो पुलिस चौकस हो गई।लड़कियों का पता लगाने पुलिस की अलग अलग टीमें गठित की गई। अम्बागढ़ चौकी के थानेदार आशीर्वाद और आस पास के कई थानों की पुलिस लड़कियों की पता साजी में जुट गई। चौकी पुलिस की टीम ने 12 घंटे के भीतर तीनों लड़कियों को खोज निकाला।तीनों नाबालिग लड़कियां मोहला के ग्राम खुर्सीपार में मिली।उन्हें सकुशल बरामद कर परिवार वालो के सुपूर्द किया गया। मंगलवार को महिला अधिकारी के सामने तीनों का कलमबंद बयान हुआ जिसमें तीनों लड़कियों ने आरोपित दर्राभाटा चिचोला के समारू कुंजाम, खुर्सीपार मोहला के राजेन्द्र नेताम व चिंताराम नेताम द्वारा बरगलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। इस आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपित युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

  • पीएससी सीजे के मुख्य परीक्षा के नतीजे घोषित

    13-Oct-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने व्यवहार न्यायाधीश (मुख्य) परीक्षा 2019 के लिखित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कुल 39 पदों की भर्ती के लिए 127 अभ्यर्थियों का चयन  साक्षात्कार के लिए हुआ है। लिखित परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत व्यवहार न्यायाधीश (प्रवेश स्तर) के 39 पद विज्ञापित किए गए थे। व्यवहार न्यायाधीश (प्रवेश स्तर) परीक्षा 2019 का आयोजन 7 मई 2019 को किया गया। परीक्षा के परिणाम के आधार पर आयोग द्वारा कुल 427 अभ्यर्थियों का व्यवहार न्यायाधीश (मुख्य) परीक्षा 2019 के लिए प्रावधिक आधार पर चिन्हांकन किया गया था। आयोग द्वारा 21 सितंबर 2020 को व्यवहार न्यायाधीश (मुख्य) परीक्षा 2020 का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के विज्ञापित पदों का तीन गुणा अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकन किया जाना था, परंतु वर्गवार/उप वर्गवार चिन्हांकित अंतिम अभ्यर्थी के समान प्राप्त अंकों की पुनरावृत्ति होने के कारण कुल 127 अभ्यर्थी साक्षात्कार हेतु चिन्हांकित हुए हैं। व्यवहार न्यायाधीश परीक्षा 2019 के लिए साक्षात्कार की तिथि पृथक से घोषित की जाएगी।

  • ड्रग्स सप्लायर भिलाई की युवती गिरफ्तार

    13-Oct-2020

      रायपुर :  राजधानी की पुलिस ने ड्रग्स मामले में भिलाई की युवती को पकड़ा है। पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि यह लड़की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में जाकर नौजवानों को कोकीन की सप्लाई करती थी। रायपुर शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया है कि गिरफ्तार हुई लड़की का नाम निकिता पंचाल है, वह भिलाई के रिसाली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। निकिता पचाल, श्रेयांश झाबक, विकास बंछोर, गौरव शुक्ला और मिन्हाज के साथ मिलकर कई पार्टियों और होटलों में पिछले दो साल से कोकीन की सप्लाई करने में मुख्य भूमिका निभा रही थी। 

  • चाकूबाजी में घायल कोंडागांव के व्यापारी की मौत

    13-Oct-2020

    रायपुर : शहर के जय स्तम्भ चौक पर फुटपाथ में चश्मे के रेट को लेकर हुये विवाद पर कल जिस व्यापारी को चाकू मारकर घायल किया गया था उसकी मंगलवार की सुबह मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों ने मंगलवार सुबह गोलबाजार थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि कोंडागांव निवासी इसरार अहमद अपने साथियों के साथ सोमवार देर शाम मालवीय रोड से खरीदारी करने के बाद कार से जयराम कॉॅम्प्लेक्स जा रहा था। इस दौरान सिग्नल नहीं होने के कारण रवि भवन की ओर रुक गया। सड़क किनारे फुटपाथ पर चश्मे की दुकान लगी हुई थी। इसमें गॉगल (धूप के चश्मे) भी बिक रहे थे। इसरार ने दुकान पर खड़े युवक से गॉगल का रेट पूछा तो उसने 700 रुपए बताया। इस पर इसरार ने कहा कि रोड छाप चश्मे का ज्यादा रेट लगा रहे हो। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बीच दुकान पर खड़े अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और इसरार को कार से बाहर निकाल लिया और एक युवक ने चाकू से पेट में दो बार हमला कर दिया। इसके बाद चारों युवक बांस टाल की ओर भाग निकले। इसरार को घायल देख उसके साथी मेकाहारा लेकर पहुंचे। वहां देर रात इसरार का ऑपरेशन किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। दो युवक शफीक अली (20) और मोहसिन अली (25) ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया जो चाकूबाजी में शामिल थे।

  • मरवाही में डॉ के के ध्रुव कांग्रेस के उम्मीदवार

    12-Oct-2020

     रायपुर : प्रदेश कांग्रेस ने मरवाही उपचुनाव के लिए डॉक्टर केके ध्रुव पर दांव खेला है। डॉक्टर केके ध्रुव जो की बीएमओ के पद पर सेवाए दे रहे थे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के समक्ष हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में केंद्र को भेजे पैनल में उनका नाम प्रमुखता से भेजा गया था । पैनल में नाम जाने के बाद से ही कयास लगाया जा रहा था कि डॉक्टर ध्रुव को ही कांग्रेस से प्रत्याशी बनाया जाएगा। सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के सहमति के बाद दिल्ली से के के ध्रुव के नाम की घोषणा कर दी गई ।

  • प्रो. द्विवेदी को रिफैसिमेन्टो शिक्षाविद सम्मान

    12-Oct-2020
    राजनांदगांव : रिफैसिमेन्टो अंतर्राष्ट्रीय संस्थान नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2019 में शिक्षा क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान के लिए देश भर के चयनित शिक्षाविदों ने नगर के विचारप्रज्ञ प्राध्यापक कृष्ण कुमार द्विवेदी को भी वर्ष - 2019 शिक्षाविद सम्मान प्रदान किया गया है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यरत प्राध्यापक द्विवेदी विशिष्ट विचार चिंतन टीप, प्रबोधन एवं विचार आलेखन के लिए प्रतिबद्ध व्यक्तित्व है। प्रतिवर्ष विभिन्न प्रमुख दिवसों, विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित जनजागरूकता शिविरों, विशेष व्याख्यानों तथा क्षेत्रीय राष्ट्रीय संगोष्ठीयों में वैचारिक सहभागिता के साथ-साथ प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में सतत् विचार आलेखन द्वारा शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान सतत् रूप से कर क्रियाशील रहते हैं। शिक्षा क्षेत्र में इसी उल्लेखनीय योगदान के लिये प्राध्यापक द्विवेदी को नई दिल्ली के रिफैसिमेन्टो अंतर्राष्ट्रीय संस्थान द्वारा प्रमाण पत्र युक्त सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली में विगत मार्च 2020 में जारी किया गया था किंतु कोविड - 19 महामारी के कारण इस माह कोरियर के माध्यम से प्राप्त हुआ है। इस उल्लेखनीय शिक्षाविद् सम्मान वर्ष 2019 के लिए संस्था प्राचार्य एवं सहकर्मियों प्राध्याक साथियों, मित्रों तथा परिजनों द्वारा प्रो. द्विवेदी को बधाई के साथ असीम शुभकामनाएं प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना की है। 
     
  • छानबीन समिति के फैसले के खिलाफ ऋचा जोगी हाईकोर्ट गई

    12-Oct-2020

     बिलासपुर : जोगी कांग्रेस की नेत्री ऋचा जोगी ने जिला स्तरीय जाति छानबीन समिति के फैसले को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। कांग्रेस नेता संत कुमार नेताम ने ऋचा जोगी द्वारा मुंगेली तहसीलदार के कोर्ट से हासिल अनुसूचित जनजाति की प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए कलेक्टर मुंगेली को पत्र लिखकर जांच की मांग की थी। कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय छानबीन समिति ने ऋचा जोगी को नोटिस जारी कर दस्तावेज पेश करने कहा था। छानबीन समिति द्वारा जारी नोटिस को ऋचा ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है । याचिका में ऋचा ने बताया कि उनके पूर्वज 1950 के पूर्व से ही मुंगेली के पास रहते आ रहे हैं और सारे दस्तावेज में गोंड जाति का उल्लेख है। उनके पति अमित जोगी और ससुर स्व अजित जोगी मरवाही से विधायक रहे है। ससुर के निधन के कारण मरवाही सीट में उप चुनाव होने जा रहा है। विरोधी सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी के नेता राजनीतिक दुर्भावना रखते हैं।

     मरवाही चुनाव से लड़ने की सम्भावनाओ के चलते सरकार के इशारे पर जिला छानबीन समिति ने नोटिस जारी की है। आज उसने सात दिन का समय मांगा है। क्योंकि कुछ दस्तावेज जो पंजीयक ऑफिस में जमा है। आफिस के स्टाफ कोरोना पीड़ित होने के कारण जिला पंजीयक कार्यालय बंद है। ऋचा ने अपनी याचिका में कहा है कि ऐसा लग रहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी उनकी जाति प्रमाण पत्र रद्द कर चुनाव लड़ने से रोकना चाहती है।
  • ढाबा संचालक के अपहृत बेटे को पुलिस ला रही

    12-Oct-2020

     राजनांदगांव : जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में 2 दिनों पूर्व ढ़ाबा संचालक के अपहृत बेटे को राजनांदगांव पुलिस नागपुर से राजनांदगांव लेकर आ रही है। जानकारी के मुताबिक नाबालिक गुरप्रीत को अगवा कर नागपुर ले जाया गया था। इधर छत्तीसगढ़ पुलिस भी हरकत में आ गई थी और जिस पर संदेह व्यक्त किया जा रहा था, उसने राजनांदगांव साइबर थाना में सरेंडर कर दिया था। अब खबर मिल रही है कि अपहरणकर्ताओं ने ढ़ाबा संचालक के बेटे गुरप्रीत को नागपुर में छोड़कर भाग खड़े हुए। गुरप्रीत को सकुशल घर लाया जा रहा है। विदित है कि दो दिन पहले देर शाम अज्ञात लोगों ने राजनांदगांव के उड़ता पंजाब ढ़ाबा के संचालक के नाबालिग बेटे को अगवा कर लिया। इसके बाद खबर मिली थी कि देर रात बेटे के बदले परिजनों से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। इसकी सूचना पुलिस को जब दी गई, तो तत्काल हरकत में आई पुलिस ने प्रदेश के अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचित कर दिया। इसके बाद भिलाई के ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ लल्लू पर संदेह की सुई अटक गई थी, लेकिन रविवार को उसने राजनांदगांव के साइबर सेल में खुद को सरेंडर कर दिया, जिसके बाद चिंता बढ़ गई थी। लेकिन पुलिस ने अंतर्राज्यीय पुलिस से संपर्क स्थापित कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया। अंततः आज सुबह नागपुर पुलिस ने राजनांदगांव पुलिस को सूचित किया कि नाबालिग गुरप्रीत उनके कब्जे में है और सुरक्षित है। अब उसे राजनांदगांव लाया जा रहा है। 

  • मरवाही में भाजपा ने डॉ. गंभीर सिंह पर खेला दांव

    11-Oct-2020

     रायपुर : मरवाही उपचुनाव के लिए भाजपा ने डॉ गंभीर सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यहां 3 नवंबर को मतदान होगा और 10 नवंबर को परिणाम की घोषणा की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक जेपी नड्‌डा की अध्यक्षता में बीते शनिवार को संपन्न हुई थी। इस बैठक में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों का चयन हुआ। जहां छत्तीसगढ़ मरवाही विधानसभा उपचुनाव के लिए अजजा से डॉ. गंभीर सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। अगले महीने होने वाले चुनाव को लेकर मरवाही में सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस, भाजपा व जोगी कांग्रेस इस सीट को फतह करने पूरी ताकत झोंकने में लगी है। बता दे कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन के बाद मरवाही की यह सीट खाली हो गई थी।

     

  • बेरोजगारी से परेशान बुनकर ने लगाई फांसी

    11-Oct-2020

     चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक बुनकर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कुरदा गांव का रहने वाला था । हुनमान धारा नर्सरी के पास पेड़ पर उसकी लाश लटकी हुई मिली। मृतक सुरारी लाल देवांगन के परिवार वालों के मुताबिक कोरोना  काल की वजह से बुनकरों का व्यवसाय पूरी तरह बंद है। यही वजह था कि लम्बे समय से उन्हें काम भी नहीं मिल रहा था। बेरोजगारी की वजह से उन्होंने ये रास्ता चुन होगा। पुलिस का कहना है कि पंचनामा कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। मामले की जांच के बाद ही आत्महत्या के असल कारणों का पता चलेगा।

  • पुनिया कोरोना की चपेट में, हड़कंप

    11-Oct-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी और वरिष्ठ सांसद पीएल पुनिया की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पाॅजिटिव आने की खबर के बाद कांग्रेसी खेमा सकते में है। यहां वे दो दिनों के प्रवास पर आए थे । इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरण दास महंत से लेकर तमाम मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के मुखिया मोहन मरकाम सहित कई दिग्गज उनके संपर्क में आए थे। यहां चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद वर्चुअल सम्मेलन में जब वे मंचासीन हुए, तब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित तमाम दिग्गज नेतागण मंच पर मौजूद थे। दिल्ली से रायपुर आने और दिल्ली वापस लौटने के दौरान भी बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने पर आमदा थे, जिसके चलते सभी उनके संपर्क में आए हैं। बहरहाल प्रदेश का पूरा कांग्रेस खेमा इस वक्त सकते में है कि कहीं उनके संपर्क में आने की वजह से वे भी कोरोन की चपेट में ना आ जाएं।

  • कार्यपालन अभियंता की लाश मिली

    11-Oct-2020

     अंबिकापुर : मैनपाट के टाइगर प्वाइंट पर शनिवार की शाम जिस व्यक्ति की लाश लावारिश हालत में मिली थी उसकी पहचान हो गई है। मृतक विजय मिंज कोरिया जिले के पीएचई में कार्यपालन अभियंता के तौर पर पदस्थ थे। जानकारी के मुताबिक श्री मिंज जशपुर से रायगढ़ के लिए निकले थे। इस बीच मैनपाट के टाइगर प्वाइंट पर वे रूक गए और अपने ड्रायवर को जाने के लिए कह दिया। ड्रायवर को भेजने और लाश के मिलने से पहला अंदेशा आत्महत्या का लगाया जा रहा है, हालांकि इस पर अधिकारिक तौर पर कोई भी बयान सामने नहीं आया है। पुलिस इस मामले में दोनों पहलुओं पर ध्यान रखकर जांच कर रही है।

  • पत्रकार पर हुए हमले की जांच के लिए बनी समिति ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी

    10-Oct-2020

     रायपुर : कांकेर के पत्रकार कमल शुक्ला के ऊपर किए गए हमले को लेकर बनी जांच टीम ने आज अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंप दी है। समिति के सदस्य राजेश जोशी, सुरेश महापात्र, रुपेश गुप्ता, अनिल द्विवेदी और शगुफ्ता शरीन ने अपनी रिपोर्ट में हमले की घटना के लिए कई कारणों को जिम्मेदार मानकर कांकेर थाने के समूचे स्टाफ और पुलिस अधीक्षक पर कार्रवाई की अनुशंसा की है । समिति ने माना है कि इस तरह की घटना को रोकने के लिए किसी भी सूरत में पत्रकार सुरक्षा कानून का लागू होना बेहद अनिवार्य है । समिति ने मामले में कई गंभीर धाराओं को जोड़ने की सिफारिश भी की है, लेकिन कई बिन्दुओं में पत्रकार कमल शुक्ला और उनके साथ जुड़े लोगों के आचार-व्यवहार को भी जिम्मेदार माना है। समिति ने घटना की पृष्ठभूमि, सभी पक्षों की संलिप्तता, भूमिका, पुलिस प्रशासन की भूमिका, पब्लिक डोमन में उपलब्ध आरोपों की पड़ताल जैसे बिन्दुओं पर अपनी जांच केंद्रित रखी थीं।

  • दुष्कर्म के मामलों को लेकर गरमाई राजनीति, भाजपा का धरना जारी

    10-Oct-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भाजपा का यहां धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। उधर कोंडागांव में आदिवासी किशोरी से गैंगरेप के मामले का 7वां और आखिरी आरोपी शनिवार सुबह बेमेतरा से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में राजनीति भी गरमा गई है। बताया जाता है कि पुलिस को आरोपी के भागने की सूचना मिली थी। इस आधार पर बेमेतरा में छत्तीसगढ़ बॉर्डर से आरोपी को पकड़ा गया। वह एक बोर गाड़ी में छिपकर भाग रहा था। इससे पहले शुक्रवार को एक नाबालिग को भी इसमें पकड़ा गया था। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इस मामले में थाना प्रभारी को भी सस्पेंड किया जा चुका है। इधर राजधानी में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भाजपा का रायपुर में धरना शुरू हो गया है। भाजपा महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से दिए जा रहे इस धरने में कई पूर्व मंत्री भी मौजूद हैं। पूर्व सांसद सोहन पोटाई किशोरी के परिवार से मिलने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी शाम करीब 5 बजे तक पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जाएंगे। 

    बता दें कि आदिवासी किशोरी दो माह पहले एक शादी समारोह में गई थी। सातों आरोपी उसे वहां से उठाकर जंगल में ले गए और गैंगरेप किया। इसके बाद किशोरी ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं होने पर किशोरी के पिता ने भी खुदकुशी कर ली। इसके बाद किशोरी की एक सहेली से इस मामले का खुलासा हुआ। खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।
Top