धरसींवा। बेमेतरा जिले के चटवा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रायपुर के धरसींवा निवासी एक 50 वर्षीय अधेड़ और 19 वर्षीय युवती की लाश एक ही फंदे से पेड़ पर लटकी हुई मिली है. दोनों के शव एक साथ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है. यह मामला बेरला थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, मृतक रामजी साहू धरसींवा के कूंरा गांव में गिफ्ट सेंटर संचालित करता था. मृतिका भी कुछ वर्षों से उसी गिफ्ट सेंटर में कार्यरत थी. रामजी की पत्नी कूंरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। बेरला थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने चटवा गांव के एक पेड़ पर दो शव लटके हुए देखा। घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया गया. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. आत्महत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है. जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक रामजी साहू और युवती 3 मई को घर से निकले थे. 4 मई को धमधा में उन्हें पेटीएम से पैसे निकालते हुए देखा गया, जिसके बाद उन्होंने एक नई साइकिल भी खरीदी. इसके बाद से दोनों लापता थे. जिसके बाद आज सुबह दोनों के पेड़ पर एक साथ लटके हुए मिले. फिलहाल, पुलिस मामले दर्ज कर इसकी गहराई से जांच कर रही है।
जगदलपुर। देश की सीमाओं पर सालों तक डटकर सेवा करने वाले एक पूर्व फौजी के घर को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। घटना 3 और 4 मई की दरम्यानी रात की है, जब पल्ली नाका क्षेत्र में स्थित रिटायर्ड फौजी सोनू सिंह के सूने मकान में सेंधमारी हुई। चोर घर से करीब 25 तोला सोने के जेवरात और ₹20,000 नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय सोनू सिंह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में नाइट ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी व बच्चे मायके गए हुए थे। अगली सुबह जब वह घर लौटे, तो दरवाजा टूटा हुआ और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित सोनू सिंह ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, लेकिन पुलिस ने करीब 24 घंटे बाद एफआईआर दर्ज की। यही नहीं, एफआईआर में केवल उन्हीं आभूषणों का ज़िक्र किया गया जिनकी रसीदें सोनू सिंह दिखा पाए। बाकी गहनों को “अनवेरिफाइड” बताकर नकार दिया गया। पुलिस का दावा है कि कुल 15 तोला सोना चोरी हुआ है, जबकि पीड़ित सोनू सिंह का कहना है कि चोरी गए गहनों की कुल मात्रा 25 तोला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने पुराने सोने के रेट के अनुसार आभूषणों का मूल्यांकन किया, जबकि वर्तमान कीमत ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब है।
रायगढ़। राज्य सहकारी बैंक अपेक्स बैंक बरमकेला में 10 करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है। 18 सदस्यीय जांच टीम की जांच में मामला प्रमाणित मिलने पर शाखा प्रबंधक सहित आधा दर्जन लोगों पर अपराध दर्ज करवाया गया है। मामला बरमकेला थाना क्षेत्र का है। अपेक्स बैंक के द्वारा हर साल धान खरीदी केंद्रों को लोन के लिए एक राशि प्रदान की जाती है। जिससे समिति प्रबंधक और ऑपरेटर किसानों को लोन बांटने का काम करते है। यह लोन नगद के अलावा खाद और बीज के रूप में बांटी जाती है।
फसल बिक्री के बाद यह रकम समितियों द्वारा बैंक को लौटानी भी होती है। पर समितियों को लोन दिए गए इसी रकम की वापसी में रायगढ़ और सारंगढ़ जिले में धान के सामने आई। अपेक्स बैंक की मनमानी और उनके ऊपर कार्यवाही नहीं होने से यह धांधली बढ़ती गई। धांधली के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित मुख्यालय नवा रायपुर के आदेश के अनुसार शाखा बरमकेला में हुए गबन के संबंध में जांच दल गठित किया गया। रायगढ़ जिले के सात और सारंगढ़ जिले के 9 ब्लाकों में इसकी जांच हुई। अप्रैल 2024 से नवंबर 2024 के मध्य बैंक लेनदेन के संबंध में जांच की गई। जांच में पाया गया कि 1 अप्रैल 2024 से 6 नवंबर 2024 तक समिति बड़े नवापारा,बरमकेला, बोंदा, दुलोपाली, लेंद्रा, लोधियां, लुकापारा, साल्हेओना, सरिया, तौसिर, देवगांव, गोबरसिंघा, कालाखुटा, कंठीपाला,करनपाली,कुम्हारी, एवं पचधारा, केसीसी बिग, केसीसी स्मॉल खातों के नामे कर कुल 887 किसानों के डीएमआर कैश, काईड़ खातों को निरंक किया गया। जिसके चलते बैंक को 9 करोड़ 91 लाख बीस हजार 877 रुपए का नुकसान हुआ।
गठित जांच टीम में रायगढ़ में आरके आयाम, पुसौर में जीपी गुप्ता, खरसिया में रश्मि लाल, घरघोड़ा में राजश्री उपाध्याय, धर्मजयगढ़ में आरके मेहर, तमनार में एसके कंवर, लैलूंगा में सुशीन सूर्यवंशी, बरमकेला में केआर देवांगन, सारंगढ़ में आरपी कुर्रे शामिल थे। इन अधिकारियों को जांच में सहायता के लिए एक-एक सहायक भी प्रदान किया गया था। अभी सिर्फ बरमकेला में जांच पूरी हुई है और धांधली पाए जाने पर एफआईआर हुई है। अन्य ब्लॉकों की भी जांच पूरी होने के बाद कार्यवाही हो सकती है। शाखा प्रबंधक अरविंद शुक्ला (56) पिता स्वर्गीय एसके शुक्ला निवासी राधा स्वामी नगर रायपुर के द्वारा बरमकेला अपेक्स बैंक के तत्कालीन प्रबंधक समेत 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
बैंक मुख्यालय द्वारा कराए गए प्रारम्भिक जांच रिपोर्ट 7.11.2024 के आधार पर गबन में संलिप्त शाखा प्रबंधकडी.आर.बाघमारे, लेखा अधिकारी मीनाक्षी मांझी तथा लिपिक आशीष पटेल को अपेक्स बैंक मुख्यालय द्वारा 8.11.2024 को निलंबित किया गया था। साथ ही विभागीय जांच बिठाया गया। उक्त बैंक कर्मियों द्वारा अपने निजि बैंक आईडी/पासवर्ड का दुरुपयोग करते हुए समिति तथा बैंक के राशि का सुनियोजित तरीके से अन्य 5 आउटसोर्सिंग स्टाफ के साथ मिलकर धोखाघड़ी किया गया। इसके अलावा प्रारम्भिक जांच में संलिप्त शाखा
बरमकेला में आउटसोर्सिंग 5 कर्मी- कम्यूटर आपरेटर लिकेश कुमार बैरागी, कम्प्यूटर आपरेटर रमाकांत श्रीवास, डंडा गार्ड अरुण चंद्राकर, डंडा गार्ड खीरदास महंत तथा डंडा गार्ड बालकृष्ण कर्ष को सेवा से बर्खास्त किया गया। पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। उपरोक्त संलिप्त 8 बैंक कर्मियों द्वारा बैंक की राशि स्वयं, परिजनों तथा अन्य के खातो में ट्रांसफर कर तथा फर्जी वाउचर व बिना वाउचर से कुल 9.91 करोड़ का गबन किया गया। बैंक मुख्यालय द्वारा बरमकेला में हुए गबन प्रकरण की विस्तृत जांच हेतु जांच दल का गठन किया गया। जांच दल द्वारा 1 अप्रेल 2024 से नवंबर 2024 के मध्य किये गए संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच उपरांत प्रस्तुत जांच रिपोर्ट 24.03.2025 में गबन की राशि लगभग 9.91 करोड़ संभावित पाई गई। उक्त प्रकरण की पुलिस जांच के लिए थाना बरमकेला में 4.05.2025 को एफआईआर दर्ज किया गया है। बरमकेला शाखा में संलिप्त बैंक कर्मियों द्वारा गबन की गई राशि की वसूली के लिए बैंक प्रबंधन की ओर से सछम न्यायालय में धारा 64 के अंतर्गत वाद दायर कर सख्त कार्यवाही की जा रही है।
रायपुर। प्रदेश में रफ्तार के कहर देखने को मिला है। कहीं दो ट्रक में भिड़ंत के बाद आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। तो कहीं दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर से सड़क खून से सन गई। अलग-अलग भीषण सड़क दुर्घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। ये एक्सीडेंट्स कोरबा, बलरामपुर और बिलासपुर जिले में हुए हैं। पहली दुर्घटना कोरबा जिले से सामने आया है। जहां दर्री थाना क्षेत्रान्तर्गत गेरवाघाट पुल के आगे एक ट्रक तेज रफ्तार में खड़ी हुई दूसरी ट्रक से जा टकराई। जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय परमेश्वर मांझी, निवासी पथलगांव के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई। हादसे में 2 युवकों की मौत हुई है। घटना कुसमी थाना क्षेत्र के कसमार मोड़ की है। मृतक में एक नाबालिग भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, रातशिली युवक सोनू एक्का सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दूसरा मृतक डिंडो निवासी अयाज घर के कपड़े लेने के लिए करकेली गांव गया था। दोनों वापस लौट रहे थे, गलफुला नदी के पास दोनों की बाइक आमने-सामने से टकरा गई। बिलासपुर के रतनपुर बायपास में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रेलर और माजदा के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। दर्दनाक हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि 2 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद एक वाहन मुख्य मार्ग पर और दूसरी सड़क किनारे पलट गई है। सूचना के बाद रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, कोरबा की ओर से आ रही ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही माजदा को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में 1 की मौत हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीजापुर। जिले में पिछले दो सप्ताह से जारी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आने से रविवार को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ 21 अप्रैल को ‘मिशन संकल्प’ नामक अभियान शुरू किया गया, जिसमें लगभग 24 हजार जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रविवार को प्रेशर बम में विस्फोट होने से एसटीएफ के दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया, ‘‘घायल जवानों का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया तथा बेहतर चिकित्सा के लिए रायपुर के अस्पताल में भेजा गया है।’’ उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से अब तक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान समेत कुल छह जवान घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में शुरू किए गए सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में से एक इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और छत्तीसगढ़ पुलिस के एसटीएफ, सीआरपीएफ और कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन (कोबरा) के जवान समेत विभिन्न इकाइयों के जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान अंतरराज्यीय सीमा पर बीजापुर (छत्तीसगढ़) और मुलुगु तथा भद्राद्री-कोठागुडेम (तेलंगाना) के दोनों ओर लगभग आठ सौ वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैले दुर्गम इलाके और घने जंगल में जारी है। यह स्थान राजधानी रायपुर से 450 किलोमीटर दूर एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अभियान अपने चरम पर पहुंच गया है और अब तक लगभग 75 प्रतिशत क्षेत्र की घेराबंदी और बारूदी सुरंगें हटा दी गई हैं। अभियान का अंतिम चरण इस सप्ताह के अंत तक समाप्त होने की संभावना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नक्सल विरोधी अभियान का नतीजा केवल मारे गए नक्सलियों की संख्या या बरामद हथियारों की संख्या से ही तय नहीं होता। प्रतिबंधित माओवादी संगठन के कब्जे से इलाके को मुक्त कराना और स्थानीय आबादी के लिए फिर से जमीन को सुरक्षित बनाना भी अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।’’
रायपुर। सीएम साय ने PM आवास योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कोरबा के मदनपुर में आयोजित समाधान शिविर में पीएम आवास योजना में किसी प्रकार के लेन-देन (रिश्वतखोरी) होने पर जिले के कलेक्टर पर गाज गिरने की बात कही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी प्रकार की लेन-देन की शिकायत मिलने पर अब सीधे कलेक्टर को सस्पेंड किया जाएगा. हालांकि उन्होंने इस मामले में अब तक उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिलने की भी बात कही. वहीं जल जीवन मिशन को लेकर भी सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना जलस्त्रोत जानें कई जगहों पर पानी की टंकी लगा दी. हमारी सरकार इनका सुधार कर रही है. इसके बाद हर घर पानी पहुंचेगा. बता दें कि सीएम साय ने कोरबा के मदनपुर में लोगों से मुलाकात कर लगभग सभी आवेदनों का निराकरण किया. इससे पहले आज सीएम साय ने सक्ती जिले के करिगांव में सौगातों का पिटारा खोला. यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नया पंचायत भवन के निर्माण से लेकर मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणाएं की. और अब वे जांजगीर पहुंच चुके हैं.
रायगढ़। एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर लैलूंगा थाना क्षेत्र में मवेशियों की तस्करी को लेकर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 नग कृषिधन मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रभारी थाना लैलूंगा के नेतृत्व में यह कार्रवाई शनिवार 4 मई को की गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति जंगल के रास्ते मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांकते-पीटते ओडिशा के बूचड़खाने की ओर पैदल ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मडियाकछार मार्ग के समीप जंगल में घेराबंदी की, जहां दो युवक बड़ी संख्या में मवेशियों को बेरहमी से हांकते हुए मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दिनेश राम सिदार (42 वर्ष) और ओमप्रकाश सिदार (20 वर्ष), निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताए। दोनों आरोपियों ने मवेशियों को भूखे-प्यासे व मारते-पीटते ओडिशा के बूचड़खाने ले जाने की बात कबूल की, लेकिन मवेशियों की खरीद-बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके। 44 नग मवेशियों की अनुमानित कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये है। तस्करों के अमानवीय कृत्य को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 116/2025 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं 6, 10, 11, 12 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के साथ सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप और आरक्षक संतराम केंवट की अहम भूमिका रही।
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार अभियान के तहत जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सख्त रुख अपनाया है। समस्याओं के समय पर समाधान न करने वाले गैरजिम्मेदारों पर एक्शन लेते हुए कलेक्टर ने पांच विभागों के छह अधिकारियों/कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार, पीएचई, स्वास्थ्य, नगरपालिका, क्रेडा और तहसील कार्यालय से संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं कर पाए। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने सभी को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जशपुर। पुलिस ने दिल्ली से एक ऐसे ठग गिरोह को गिरफ्तार कर लाया है जो छत्तीसगढ़ में बड़ी परियोजनाओं के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी की। यह गिरोह कनाट प्लेस दिल्ली में अपना ऑफिस संचालित करता था। इसने अपने वेबसाइट में करोड़ों की निर्माण योजनाओं के टेंडर जारी कर ठेकेदारों से ऑफर मंगाए थे। इसमें छत्तीसगढ़, और पत्थलगांव क्षेत्र के ठेकेदारों ने भी टेंडर जमा किए। इनके द्वारा करीब 15 करोड़ रूपए सुरक्षा निधि के साथ रिश्वत के रूप में भी रकम जमा की गई थी। बाद में जांच के दौरान इनकी वेबसाइट और फर्म दोनों फर्जी होने का खुलासा हुआ। पत्थलगांव के ठेकेदारों ने इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जांच के लिए दिल्ली गई पुलिस टीम ने इस गिरोह को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जिले के वरिष्ठ पुलिस अफसरों ने बताया कि इस पूरे मामले का एक-दो दिन में खुलासा किया जाएगा।
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार "सुशासन तिहार 2025" के तहत नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। प्रथम चरण के अंतर्गत 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक सभी 10 जोनों में आमजन की मांगों एवं शिकायतों से संबंधित ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन प्राप्त किए गए। इसके बाद द्वितीय चरण में प्राप्त शिकायतों और मांगों का गुणवत्तापूर्ण समाधान तेजी से किया जा रहा है। अब सुशासन तिहार 2025 के तृतीय चरण में रायपुर नगर निगम द्वारा 7 मई से सभी 10 जोनों में सार्वजनिक स्थलों पर जोनवार समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में अधिकारीगण आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी देंगे तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेंगे, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त कर सकें। जोनवार समाधान शिविरों की तिथियां एवं स्थल निम्नानुसार हैं: जोन 1: 10 मई – दही हांडी मैदान, गुढ़ियारी जोन 2: 7 मई – शहीद स्मारक भवन, जीई रोड जोन 3: 13 मई – बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर जोन 4: 15 मई – सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम जोन 5: 19 मई – डीडी नगर सामुदायिक भवन, सेक्टर-2 जोन 6: 20 मई – शहीद संजय यादव उच्चतर माध्यमिक शाला, टिकरापारा जोन 7: 23 मई – पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जीई रोड जोन 8: 27 मई – सामुदायिक भवन, भारत माता स्कूल के सामने, टाटीबंध जोन 9: 28 मई – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कम्युनिटी हॉल, जोरा जोन 10: 30 मई – सामुदायिक भवन, गुरुद्वारा, देवपुरी
भानुप्रतापपुर: शादी का झांसा देकर एक युवती के सपनों को चकनाचूर कर दिया गया. प्यार और भरोसे की आड़ में रिश्तों के साथ ऐसा खेल खेला गया कि जब सच्चाई सामने आई, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने पहचानने से ही इनकार कर दिया. टूट चुकी युवती ने जब जीवन खत्म करने का फैसला किया, तब जाकर शोषण का मामला उजागर हुआ. मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है. आरोपी युवक का नाम असलम खान है, जो झारखंड का निवासी बताया जा रहा है और वह पहले से शादीशुदा है. उसने युवती को शादी का झांसा देकर एक साल तक अपने साथ रखा. इस दौरान उसने युवती का लगातार शारीरिक शोषण किया. इस बीच युवती 2 बार गर्भपात भी करा चुकी थी, लेकिन जब वह तीसरी बार गर्भवती हुई और उसने शादी की बात की, तो असलम ने शादी से इनकार कर दिया.
गर्भवती होने और धोखा मिलने के बाद सदमे में आई युवती ने आत्महत्या करने की कोशिश की. जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने युवती को समझाकर आत्मघाती कदम उठाने से रोका. इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी असलम खान की सरेआम जमकर पिटाई की और उसे जूतों की माला पहनाकर घुमाया. इतना ही नहीं, उसकी दुकान में तोड़फोड़ भी की गई. इसके बाद युवती ने भानुप्रतापपुर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. फिलहाल पुलिस युवती का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
रायपुर: मध्यप्रदेश के मंडला में आयोजित 'आदि उत्सव' में सहभागी होने का अवसर मिला। वर्ष 2015 से निरंतर आयोजित यह उत्सव, हमारी जनजातीय संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने का एक अद्भुत प्रयास है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ये बात कही है। CM ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़ कर विकास की मुख्यधारा से जुड़े। अब तक 1300 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है उनके साथ हमारी सरकार न्याय कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 5 मई से शुरू होगा प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार का तीसरा चरण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तीसरे चरण का शुभारम्भ 5 मई से होगा। इसको लेकर शासन-प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सुशासन तिहार का तीसरा चरण 31 मई तक चलेगा।
इस दौरान प्रत्येक जिले की 08 से 15 ग्राम पंचायतों के मध्य समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं अन्य मंत्रीगण कुछ समाधान शिविरों में शामिल होंगे तथा आवेदकों से भेंट कर उनकी समस्याओं के निराकरण के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। तीसरे चरण में मुख्यमंत्री स्वयं हेलीकॉप्टर से औचक रूप से किसी भी गांव में पहुँचकर लोगों से मुलाकात करेंगे और चौपाल लगाकर गांव के विकास और वहां पर पदस्थ मैदानी अमले की कार्यशैली के बारे में लोगों से जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री साय इस दौरान शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण एवं विकास कार्याें की जमीनी हकीकत का भी मुआयना करेंगे। यहां यह उल्लेखनीय है कि राज्य में शासन-प्रशासन को संवेदनशील, जनोन्मुखी और पारदर्शी बनाने के साथ ही जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन तिहार-2025 का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन तिहार के प्रथम चरण का शुभारंभ 08 अप्रैल को हुआ था। इसके तहत 11 अप्रैल तक प्रदेश की जनता से ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डाें में शिविर लगाकर समस्याओं और मांगों के संबंध में आवेदन लिए गए। आम जनता अपने आवेदनों को सहजता से शासन-प्रशासन तक पहुंचा सके, इसके लिए ग्राम पंचायत से लेकर जिला मुख्यालयों तक प्रमुख स्थानों पर समाधान पेटियां रखी गई, जिसमें लोग अपने आवेदन डाल सके। ऑनलाईन आवेदन लेने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। सुशासन तिहार के पहले चरण में प्रदेश की जनता से 40 लाख से अधिक आवेदन-पत्र प्राप्त हुए थे। इनमें मांग, समस्या और शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल थे। जिला प्रशासन द्वारा समर्पित प्रयासों से इन आवेदनों को विभागवार वर्गीकृत कर सुराज अभियान के पोर्टल पर अपलोड किया गया है, और निराकरण की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ जारी है। संबंधित आवेदनों की स्थिति की जानकारी भी हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से दी जा रही है। तीसरे चरण में शासन की प्राथमिकता आम जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। समाधान शिविरों में हितग्राहियों को योजनाओं के आवेदन प्रपत्र प्रदान किए जाएंगे और पात्रता के अनुसार योजना से लाभ दिलाने की कार्यवाही भी की जाएगी। समाधान शिविरों में ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाना है। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है कि राज्य के हर नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। सुशासन तिहार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बन गया है। यह अभियान केवल आवेदन संग्रह या समस्या निराकरण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह राज्य के शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु बन गया है।
रायपुर। विधायक राजेश मूणत से बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षक मिले और सरकार के फैसले पर आभार जताया। x पोस्ट में विधायक ने बताया, आज मेरे निवास कार्यालय में बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए गए समायोजन के ऐतिहासिक फैसले पर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। यह निर्णय प्रदेश के हजारों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा लिया गया यह जनहितकारी कदम छत्तीसगढ़ के शिक्षित युवाओं में आशा की नई किरण जगाता है। प्रदेश के युवा आज इस सरकार से प्रसन्न हैं और बेहतर भविष्य की ओर आशान्वित भी।
रायपुर। CM विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष श्री विकास मरकाम के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्री मरकाम को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने पदभार ग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के माध्यम से बस्तर एवं सरगुजा संभाग में औषधि पादप को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि औषधि पौधों में बहुत से गुण होते हैं, इनके साथ ही बेहतर आमदनी के लिए औषधि पादपों के रोपण को बढ़ावा देने की जरूरत है। बस्तर एवं सरगुजा में इसकी अपार संभावनाएं है। बोर्ड को इस दिशा में और अधिक कार्य करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे बैगा-गुनिया और वैद्य आदिम समय से वन औषधि की पहचान कर लोगों का इलाज करते हैं।
उन्होंने कहा डॉ रमन सिंह जी ने बैगा, वैद्य के बेहतरी एवं मानव स्वास्थ्य सेवा के लिए छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड गठन किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के ओरछा के परंपरागत वैद्य श्री हेमंचद मांझी को औषधि पादप के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ठ कार्य के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया है। आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि जिन उद्देश्यों को लेकर छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड का गठन किया गया है, निश्चित ही श्री मरकाम के नेतृत्व में उन उद्देश्यों को पूरा कर पाएंगे। वैद्यों के ज्ञान एवं वनौषधियों के अनुभव का संग्रहण कर एक डाटाबेस तैयार करने बोर्ड को कार्य करने की जरूरत है ताकि इस डाटा का उपयोग समाज एवं मानव स्वास्थ्य के बेहतरी के लिए किया जा सके। वन एव जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का आक्सीजन जोन है। वनौषधियों के संरक्षण एवं संवर्धन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड की है। हमारी सरकार वन में रहने वाली ग्रामीणों के लिए बेहतर कार्य कर रहे है। छत्तीसगढ़ में 5500 रूपये प्रति मानक बोरा के दर समर्थन मूल्य में वनोपज की खरीदी होती है जिसका फायदा तेंदूपता संग्राहकों को मिलता है। इसके साथ ही 67 प्रकार के वनोपज की भी खरीदी होती है। पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को पूर्व राज्यसभा सांसद श्री समीर उरांव और पादप बोर्ड के नवनिययुक्त अध्यक्ष श्री विकास मरकाम ने भी सम्बोधित किया।
अंबिकापुर। अंबिकापुर में मां काली पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रोफेसर पर आरोप है कि काॅलेज के WhatsApp ग्रुप में उन्होंने एक पोस्ट किया था। पोस्ट में लिखा कि काली माई से बड़ा शैतान कोई नहीं है। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद हिन्दुवादी संगठनों ने विरोध किया था। साथ ही इसकी शिकायत भी थाने में दर्ज कराई थी। जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। पीजी काॅलेज के बॉटनी के सीनियर प्रोफेसर एचडी महार ने बीते शुक्रवार की सुबह काॅलेज के WhatsApp ग्रुप में एक पोस्ट किया। प्रोफेसर ने लिखा कि काली माई से बड़ा शैतान कोई नहीं है। इस पोस्ट को लेकर हिंदुवादी संगठनों ने जमकर विरोध किया। साथ ही गांधीनगर पुलिस थाना में प्रोफेसर के खिलाफ अपराध दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में प्रोफेसर के खिलाफ धारा 298 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस मामले में जांच कर रही थी। इस दौरान प्रोफेसर एचडी महार को शनिवार को गिरफतार किया गया। शनिवार की शाम को ही प्रोफेसर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें सेंट्र्ल जेल भेज दिया गया।
सक्ती। जिले में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाराद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बाराद्वार पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वर्षों से फरार 3 स्थायी वारंटियों सहित कुल 12 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक सक्ती सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर किया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनीष कुंवर द्वारा की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक लखन पटेल ने किया। गिरफ़्तार स्थायी वारंटी: मुन्ना लाल साहू, पिता मनी राम साहू, उम्र 50 वर्ष, निवासी सकरेली जगदीश प्रसाद, पिता रामप्रसाद यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी पेटफारवा, थाना बाराद्वार जयसिंह यादव, पिता मुरारी यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम खोखरी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा। गिरफ़्तार गिरफ्तारी वारंटी: महेत्तर राम, पिता स्व. सिया राम, उम्र 56 वर्ष, निवासी लवसरा शिवकुमार चैहान, पिता दुकालू राम, उम्र 55 वर्ष, निवासी लवसरा श्रीकांत बरेठ, पिता होरी लाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुक्ताराजा आर्यन सिंह नेताम, पिता गोवर्धन सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी सकरेली योगेश सिंह सिदार, पिता परमानंद सिदार, उम्र 20 वर्ष, निवासी सकरेली मनीष कुमार, पिता परस राम सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी सकरेली विजय कुर्रे, पिता चंदुलाल कुर्रे, उम्र 19 वर्ष, निवासी लवसरा महावीर श्रीवास, पिता वंश राम, उम्र 20 वर्ष, निवासी बाराद्वार बस्ती संत राम गोंड़, पिता गोवर्धन गोंड़, उम्र 35 वर्ष, निवासी भुरसीडीह गिरफ्तार सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। विशेष योगदान देने वाली पुलिस टीम: इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल, सउनि उपेन्द्र यादव, प्रआर. मनीष राजपूत, प्रआर. श्रीकांत सेगर, प्रआर. देवनारायण चंद्रा, आर. टकेश्वर कटकवार, आर. योगेश राठौर, आर. नंदगोपाल दिवाकर, आर. बुधेश्वर पटेल, महिला आर. सरिता हरवंश आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस सफलता पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि फरार अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम पसौद में आज शाम को अचानक एक घर में आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई. आग से घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर के लोग धान काटने खेत गए थे. यह घटना शाम करीब 4 बजे की है. घटना की सूचना पर शाम 6 बजे फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक घर जलकर खाक हो गया था. आग लगने का कारण अज्ञात है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकरी के मुताबिक, पसौद गांव के किसान तोरण साहू के मकान में शाम 4 बजे आग लगी. घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग इकट्ठे हुए और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पूरा घर और लाखों का समान जलकर राख हो गया. घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई. जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब तक पूरा घर जलकर खाक हो गया था. हल्दी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है. गनीमत रहा कि घटना के समय घर के लोग धान कटाई करने गए थे वरना जनहानि भी हो सकती थी।
धमतरी। धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंचे पंच पर माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। ग्राम बेलरगांव के भुरसी डूंगरी में लगातार अवैध खनन चल रहा है इसकी शिकायत के बाद पंच गजेंद्र कुमार नेताम बाइक से पहुंचे थे, जहां माफियाओं ने उन्हें कुचलने की कोशिश की। मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है। पंच ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनकी बाइक ट्रैक्टर के नीचे आ गई और अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस घटना में वार्ड पंच घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पंच ने बताया कि जिले की सीता नदी से रेत का अवैध का कारोबार और परिवहन जोरो से जारी है। खनिज विभाग की लापरवाही से रेत माफिया बेखोफ हो गए है। यहां कई बार लड़ाई झगड़ा मारपीट बलवा तक की नौबत आ चुकी है। अब अवैध परिवहन को रोकने की कोशिश करने वाले जनप्रतिनिधि, अधिकारियों पर ही गाड़ी चढ़ाने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, रेत उत्खनन को रोक रहे पंच पर ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी चढ़ा दी। यदि समय रहते वह अपनी गाड़ी से नहीं कूदता तो जान जा सकती थी। वार्ड पंच का पैर में चोट आई है।जिसे उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर इलाज कर नगरी शासकीय अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी लगते ही तहसीलदार ने ट्रैक्टर ड्राइवरों का चालन बनाया है। ऐसा कृत्य करने वाले के खिलाफ ग्रामीण जन काफी आक्रोशित है। तहसीलदार ने ट्रैक्टरों को अवैध रेती परिवहन करने के चलते जब्ती बनाकर सिहावा थाने में खड़े कर दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
कैथलैब में हुई लेजर कट एंजियोप्लास्टी का हुआ देशभर में जीवंत प्रसारण, राष्ट्रीय स्तर पर जुड़े कार्डियोलॉजिस्ट ने देखी प्रक्रिया
रायपुर। पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट के कार्डियोलॉजिस्ट एवं उनकी टीम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास रचा है। निजी अस्पताल में असफल हो चुकी 70 वर्षीय मरीज की एंजियोप्लास्टी लेजर कट यानी एक्साइमर लेजर कोरोनरी एंजियोप्लास्टी (ईएलसीए) तकनीक से की गई। इसका जीवंत प्रदर्शन (लाइव डेमोंस्ट्रेशन) जबलपुर समेत देश के अन्य कार्डियोलॉजिस्ट ने भी देखा। वर्चुअल प्लेटफार्म पर आयोजित हुए इस लाइव कार्यशाला के जरिए एक बार फिर छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त हुई है। कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित हुए इस कार्यशाला को सफल बनाने में डॉ. कुणाल ओस्तवाल, डॉ. एस. के. शर्मा, डॉ. प्रतीक गुप्ता, नर्सिंग स्टाफ नीलिमा, वंदना, निर्मला, पूर्णिमा, टेक्नीशियन जितेंद्र, बद्री, प्रेम तथा मेडिकल सोशल वर्कर खोगेंद्र साहू का विशेष योगदान रहा। मरीज का उपचार मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत हुआ।
क्या है ईएलसीए तकनीक :
एक्साइमर लेजर कोरोनरी एंजियोप्लास्टी कट एक विशेष प्रकार की एंजियोप्लास्टी है, जिसमें लेजर का उपयोग करके कोरोनरी धमनियों में जमी हुई रुकावटों को हटाया जाता है। यह उन मामलों में प्रयोग की जाती है जहां पारंपरिक बैलून एंजियोप्लास्टी या स्टेंटिंग पर्याप्त नहीं होती।
यह है मामला :
डॉ. स्मित श्रीवास्तव के अनुसार, एक 73 वर्षीय व्यक्ति के राइट कोरोनरी आर्टरी में ब्लॉकेज था। निजी अस्पताल में मरीज की एंजियोप्लास्टी की कोशिश की गई लेकिन यह प्रक्रिया असफल रह गई। मरीज के आर्टरी में इतना ज्यादा कैल्शियम जमा था कि कैल्शियम की वजह से एंजियोप्लास्टी करने वाला वायर क्रॉस नहीं हो सकता था(बैलून नॉन क्रॉसेबल)। साथ ही राइट कोरोनरी आर्टरी की उत्पति अपने मूल स्थान से न होकर ऊँचाई पर थी। यह इस केस की दूसरी जटिलता थी। इसके बाद यह मरीज अम्बेडकर अस्पताल स्थित एसीआई आया। मरीज की स्थिति को देखते हुए हमने एक्साइमर लेजर कोरोनरी एंजियोप्लास्टी कट पद्धति से कैल्शियम को तोड़कर एंजियोप्लास्टी करने का सुझाव दिया। मरीज के दाहिने हाथ की धमनी के रास्ते दिल की नस तक कैथेटर को ले जाया गया। अत्यधिक वजनी और कठोर तारों से नस की रुकावट को पार किया गया एवं एक्साइमर लेजर का इस्तेमाल करते हुए जमे हुए कैल्शियम को तोड़कर आगे बढ़ा गया। वहां से बैलून के गुजरने का रास्ता बनाया गया। इसके उपरांत कोरोनरी इंट्रा वैस्कुलर अल्ट्रा सोनोग्राफी (आईवीयूएस) जो कि एंजियोग्राफी की अत्याधुनिक प्रक्रिया है, से हृदय के नस के अंदर की सोनोग्राफी कर बचे हुए कैल्शियम को चिन्हाकित कर धारदार चाकूनुमा विशेष कटिंग बैलून का इस्तेमाल करते हुए कैल्शियम को ऐसे काटा गया जैसे कोई मशीन चट्टान काट कर सुरंग बनाती है। कैल्शियम के पूरी तरह टूट जाने के बाद स्टंट जाने का रास्ता बनाया गया और दो स्टंट लगाकर एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान देशभर के कार्डियोलॉजिस्ट ने इस प्रक्रिया को लाइव देखा तथा प्रश्न पूछ कर अपनी शंकाओं का समाधान भी किया।
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में 10 मई से 8 जून तक समर वेकेशन घोषित कर दिया है। हालांकि इस छुट्टी के दौरान केवल जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए वेकेशन जज की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग दिनों में केस की सुनवाई करेंगे। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ज्यूडिशियल ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अधिसूचना जारी कर दी है। 9 जून सोमवार से हाईकोर्ट खुलेगा और सामान्य दिनों की तरह कामकाज शुरू होगा। अधिसूचना के मुताबिक हाईकोर्ट में 12 मई से समर वेकेशन शुरू होगा। लेकिन 10 मई को शनिवार अवकाश रहेगा। लिहाजा, 9 मई को लास्ट वर्किंग डेट रहेगा। हालांकि, समर वेकेशन के दौरान रजिस्ट्री विभाग खुले रहेंगे और नई याचिकाएं दायर की जा सकेंगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान केस की सुनवाई के अलावा दूसरे कामकाज जारी रहेंगे। जिसके लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इसके तहत सभी सिविल, आपराधिक और रिट मामले दायर किए जाएंगे।
Adv