रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रबंधकों और कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई। मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर समिति कर्मचारियों की 6 वर्षों से लंबित वेतन वृद्धि की मांग को पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा 24 घंटे के भीतर पूर्ण करते हुए समिति कर्मचारियों के वेतन और भत्ते में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गयी। इसके साथ ही अन्य 2 मांगों के संबंध में शासन स्तर पर अंतर्विभागीय समिति का गठन कर उचित कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री साय के पहल पर वर्ष 2018 के बाद पहली बार सहकारी समितियों के लगभग 13 हजार कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्मचारियों की मांगों पर स्वयं संज्ञान लेकर इनके निराकरण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये थे, इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री साय के समक्ष 10 नवम्बर को विभागीय अधिकारियों के साथ सहकारी समितियों के कर्मचारियों की मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों के शीघ्र निराकरण के संबंध में निर्देश दिये समिति के कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में आयुक्त सहकारिता विभाग द्वारा सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम में संशोधन किये जाने के आदेश 11 नवम्बर 2024 को जारी कर दिये गए। इसमें समिति के कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि स्वीकृत कर दी गई है, जिसमें सभी कर्मचारियों में हर्ष एवं उल्लास व्याप्त है। खाद्य विभाग द्वारा इस आशय का पत्र भी जारी कर दिया गया है कि धान उपार्जन समाप्त होने के एक माह के अंदर धान का उठाव राइस मिलर्स एवं विपणन संघ द्वारा किया जाएगा, यदि इसके पश्चात् भी उपार्जन केन्द्रों में धान शेष रहता है तो खाद्य विभाग द्वारा सहकारी समितियों को धान की सूखत दिये जाने संबंधी प्रस्ताव वित्त विभाग को प्रेषित किया जाएगा। कर्मचारियों की अन्य मांग के निराकरण के संबंध में खाद्य विभाग, वित्त विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग एवं विपणन संघ को शामिल करते हुए एक अंर्तविभागीय समिति का गठन किया गया है, जो कर्मचारी संघ की मांग पर विचार कर निराकरण हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा संवेदनशीलता के साथ सहकारी समितियों के कर्मचारियों की मांगों के निराकरण करने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है। कर्मचारी अपनी-अपनी समितियों में कार्य में वापस लौटे सभी कर्मचारी अपनी-अपनी समितियों में कार्य में वापस आ गए हैं तथा 14 नवम्बर 2024 से प्रारंभ हो रही धान खरीदी की समुचित व्यवस्था में लग गए हैं। कर्मचारियों द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया है कि किसानों को धान उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की कोई कठिनाई नही होगी। धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक तैयारी 13 नवम्बर 2024 तक पूर्ण कर ली जाएगी। आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री कुलदीप शर्मा द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ धान उपार्जन सुगमतापूर्वक किये जाने के निर्देश सभी विभागीय कर्मचारियों-अधिकारियों को दिये गये हैं। धान उपार्जन के दौरान उपार्जन केन्द्रों का सतत् निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिये हैं। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ द्वारा 4 नवम्बर 2024 से की जा रही हड़ताल आज समाप्त घोषित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष नरेन्द्र साहू ने समिति कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त घोषित करते हुए कहा है कि समस्त समिति कर्मचारी शासन की समस्त योजनाओं का समिति स्तर से क्रियान्वयन किए जाने हेतु प्रतिबद्ध हैं। कर्मचारी महासंघ द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव बसव राजू एस, सचिव सहकारिता डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ कुलदीप शर्मा, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक के.एन काण्डेय सहित अन्य अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 14 एवं 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस पर राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित 17 राज्यों के आदिवासी नर्तक दल मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। जनजातीय गौरव दिवस पर अपने नृत्य की प्रस्तुति देने नर्तक दलों छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। आज अरूणाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, तेलंगाना, राजस्थान और सिक्किम के आदिवासी नर्तक दल रायपुर पहुंच चुके हैं। अरूणाचल प्रदेश के नर्तक दल आदिलोक नृत्य नाटिका, उत्तराखंड के नर्तक दल झींझी, होली, हन्ना और दिया नृत्य, तेलंगाना के नर्तक दल माथुरी जनजाति नृत्य, राजस्थान के नर्तक दल वालर गरासिया गैर नृत्य और सिक्किम के नृतक दल सुब्बा लोक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगे। उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर एवं 15 नवंबर को साइंस कॉलेज मैदान में संध्या 3 बजे से अंतर्राज्यीय लोक नर्तक दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ-साथ जनजातीय गौरव से संबंधित विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन तथा जनजातीय जीवन शैली पर चित्रकला का प्रदर्शन भी होगा।
हेमेन्द्र क्षीरसागर
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के सीईओ द्वारा विगत दिवस 11 नवम्बर को विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने मनरेगा एवं एसबीएम की समीक्षा की। सीईओ ने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत भारत सरकार के स्पष्ट निर्देश के तहत मनरेगा के नाडेप, वर्मी कम्पोस्ट टैंक, मछली पालन तालाब एवं डबरी निर्माण, कच्ची- पक्की नाली, नाला निर्माण, कुआं, पशु आश्रय शेड, बायो गैस प्लांट, वृक्षारोपण कार्य किया जाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कचरा कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। कचरा कलेक्शन कर वसूली आवश्यक है क्योंकि स्वच्छताग्राही बहनों द्वारा कचरा कलेक्शन सप्ताह में 3 दिन किया जाना है जिसके लिए पंचायत के सरपंच, सचिव एवं कर निगरानी की टीम बनाई जाए तथा कर वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाए। शौचालयों के रख-रखाव के लिए रिपोर्ट एवं फोटोग्राफ के माध्यम से लगातार जानकारी देने कहा। त्रिस्तरीय जल शुद्धिकरण तालाबों में किए गए कार्यों की जांच कर तालाबों में शुद्ध जल के स्तर की जांच करने तथा गंदे पानी को तालाबों में जाने से रोकने के लिए किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी लेने कहा। बैठक में कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत दुर्ग/धमधा/पाटन, समस्त तकनीकी सहायक एवं स्वच्छता भारत मिशन के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपनिर्वाचन 2024 के तहत सामान्य प्रेक्षक जी रेखा रानी और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गौरव सिंह ने फूलों की माला पहनाकर स्वागत कर सेजबहार स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कालेज से मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया और साथ ही स्ट्रॉग रूम से सामाग्री को गाडी तक पहुंचाने के लिए मतदान दल को ट्रॉली उपलब्ध कराया गया. मतदान दलों के साथ सुरक्षा बल के जवान और अन्य सहायक कर्मचारियों को रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि सोमवार की रात जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गौरव सिंह ने मतदान केंद्रो का निरीक्षण किया था। साथ ही सभी मतदान केंद्रो पर मतदान की व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया । साथ ही उपचुनाव के मद्देनजर यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधा उपलब्ध हो और मतदाता स्वतंत्र रूप से अपने मत का प्रयोग कर सकें। बता दें कि बुधवार 13 नंवबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। उप निर्वाचन के लिए 266 मतदान केंद्र बनाए गए है। जिसमें 253 सामान्य व 13 सहायक बूथ बनाए गए हैं। इनमें 10 पिंक बूथ और 5 युवा और 1 दिव्यांग बूथ शामिल है। मतदान के लिए ईवीएम मशीन में बीयू 532, सीयू 266 व वीवीपीएटी 266 शामिल हैं, वहीं रिजर्व में बीयू 182, सीयू 112 व वीवीपीएटी 146 है।
रायपुर। जनजातीय युवाओं को जनजातीय संस्कृति से परिचित कराते हुए युवाओं को जागरूक करने एवं उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने हेतु भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 13 नवम्बर को जनजातीय गौरव यात्रा 'माटी के वीर पदयात्रा' का आयोजन किया गया है। इस पदयात्रा में केंद्रीय युवा कार्यक्रम, खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ 10 हज़ार से अधिक माई भारत यूथ वालंटियर्स पदयात्रा करेंगे। पदयात्रा 13 नवंबर को सवेरे 10 बजे से शुरू होगी। इस पदयात्रा के लिए पूरे जशपुर जिले में तैयारियां तीव्र गति से की जा रहीं हैं। इस पदयात्रा में पूरे संभाग की जनजातीय संस्कृति, नृत्यों, आभूषण, व्यंजन एवं परम्पराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें पुरनानगर पेट्रोल पंप के निकट बस्तर के आये गौर सिंग नाचा दल द्वारा स्वागत के साथ संभाग के सभी जिलों के हस्तशिल्प से बने आभूषणों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें जशपुर के बांस के पीढ़ा, छिन्द की चटाई, छोपी माहुल पत्ती की टोपी, छिन्द एवं कांसा की टोकरी, खोमरा (गुंगु), अम्बिकापुर की काष्टकला, बांसशिल्प कला, गोदना कला, सूरजपुर की बांस कला, बलरामपुर की वाद्ययंत्र, देवगुड़ी, जनजातीय आभूषण, मनेन्द्रगढ़ कोरिया की लकड़ी की बनी वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिलों के बने जनजातीय व्यंजनों का भी प्रदर्शन होगा। बालाछापर में पदयात्रा का स्वागत मुंडा नृत्य द्वारा किया जाएगा। वहीं गम्हरिया स्थित काष्ठागार के समीप काष्ठ कला के लाइव प्रदर्शन के साथ माई भारत कियोस्क पंजीयन, एवं जनजातीय खेलों का आयोजन होगा। इसके साथ ही करमा नृत्य द्वारा पदयात्रा का स्वागत किया जाएगा। गम्हरिया में दिया, खप्पर एवं हवनकुंड के निर्माण का प्रदर्शन किया जाएगा। अघोर पीठ के निकट गहिरा गुरु के भक्तों द्वारा गहिरा भजनों का पाठ किया जाएगा।
महासमुंद. बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में नशीली दवाई रखने के आरोप में दो व्यक्तियों को एनडीपीएस की विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास और 30-30 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 1-1 वर्ष का सश्रम कारावास अतिरिक्त भुगतना होगा।
नई दिल्ली: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद इंडस्ट्री और फैन्स शॉक रह गए थे. पुलिस ने इस मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी और रायपुर के एक व्यक्ति फैजल खान से इस मामले में पूछताछ की जा रही थी. अब इस मामले में एक नया अपडेट सामने आया है. पुलिस ने कथित रूप से मंगलवार सुबह फैजल खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है.
राजनांदगांव में बसे एक परिवार के सपने अधूरे ही रह गए। एक महिला डॉक्टर के माता-पिता का दिल तब चूर-चूर हो गया जब उनकी बेटी का हार्ट अटैक से मौत हो गया।
कोरबा: विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल द्वारा प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जो कि न केवल हिंदू समाज बल्कि समस्त समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार को धान खरीदी मामले पर पहले से विपक्षी पार्टी कांग्रेस के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकार की धान खरीदी नीति का विरोध करते हुए समिति के सदस्य आज महासमुंद जिला कलेक्टर के कार्यालय पहुंच कर त्यागपत्र की पेशकश की है।
रायपुर। सामाजिक जीवन में अधिवक्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए सर्व समाज समन्वय महासभा छत्तीसगढ़ ने एक कार्यक्रम का आयोजन वृंदावन हाल में किया। साथ ही विधि के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले अधिवक्ताओं को विधि रत्न से सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण देते हुए सर्व समाज समन्वय महासभा के प्रमुख डॉ. उदयभान सिंह चौहान ने कहा, “हमारी संस्था समाज के हर वर्ग को जोड़ने और उनके बीच समन्वय करने का काम कर रही है ।
रायपुर। कोरिया जिले में एक बाघ की मौत की खबर ने वन विभाग को सतर्क कर दिया है। आज गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के संचालक एवं वनमण्डलाधिकारी बैकुंठपुर ने इस सम्बंध में जानकारी दी है कि 8 नवम्बर 2024 को दोपहर एक बजे ग्रामीणों से परिसर रक्षक गरनई को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कटवार के पास खनखोपड़ नाला के किनारे एक बाघ की मृत्यु हुई है। घटना स्थल बीट गरनई, सर्किल रामगढ़, परिक्षेत्र सोनहत, कोरिया वनमण्डल के असीमांकित वनक्षेत्र के समीप है। संबंधित वनरक्षक के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। तत्काल वन मण्डलाधिकारी कोरिया, संचालक गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान बैकुन्ठपुर, उप वनमण्डलाधिकारी उत्तर बैकुन्ठपुर, मुख्य वन संरक्षक सरगुजा वन वृत्त अंबिकापुर, वन संरक्षक (वन्यप्राणी) सरगुजा मौके पर पहुंचे। वन विभाग के कर्मचारियों की टीम के द्वारा घटना स्थल के आसपास डेढ़ से दो किलोमीटर परिधि में तलाशी की गई। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि बाघ का शव दो-तीन दिन पुराना था। 9 नवम्बर को वन विभाग, पुलिस, एनटीसीए प्रतिनिधि और ग्रामीणों की उपस्थिति में चार सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा बाघ का पोस्टमार्टम किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि बाघ के स्किन, नाखून, दांत और अन्य सभी अंग सुरक्षित थे, किसी भी प्रकार का अंग-भंग नहीं हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद बाघ का दाह संस्कार कर दिया गया और उसके महत्वपूर्ण अंगों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए संरक्षित किया गया। इस मामले में गोमर्दा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई।सम्पूर्ण कार्यवाही के दौरान अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) रायपुर उपस्थित रहे एवं समस्त वन अधिकारियों/कर्मचारियों को अपराधियों की पतासाजी करने एवं वाइल्ड लाइफ क्राइम की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
सारंगढ़ बिलाईगढ़। रायगढ़ एवं सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीणों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशन में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) टीवी टावर रोड छोटे अतरमुड़ा रायगढ़ में मोटरसाइकल वाहन मरम्मत का 30 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण 11 नवंबर से आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिये मोबाइल नम्बर 7974942078 पर संपर्क कर और दस्तावेज वाट्सअप करके या संस्थान पहुंच कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान रहना,खाना एवं सीखना पूर्णतः निःशुल्क हैं।
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में सांसद राधेश्याम राठिया लोकसभा क्षेत्र रायगढ़ की अध्यक्षता में सोमवार 11 नवंबर को दोपहर 12 बजे जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन (दिशा) समिति की बैठक निर्धारित है। इस बैठक में लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े, रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, विधायक सारंगढ़ उत्तरी जांगड़े, विधायक बिलाईगढ़ कविता लहरे, जिला पंचायत रायगढ़ एवं बलौदाबाजार के अध्यक्ष, सभी जनपद पंचायत के अध्यक्ष, सभी नगरपालिका एवं नगरपंचायत के अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। सभी विभाग के योजनाओं की भौतिक और अद्यतन रिपोर्ट इस बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर जिले के अधिकारीगण उपस्थित होंगे।
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित सांईस कॉलेज ग्राउण्ड में आयोजित इंडियन रोड कांग्रेस के 83वें वार्षिक अधिवेशन के तीसरे दिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से सड़क निर्माण, अनुसंधान और गुणवत्ता नियंत्रण पर चर्चा की गई है। आज के तकनीकी सत्र में आयोजित बैठक में ‘भारत में किए गए सड़क अनुसंधान कार्य’ पर विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके उपरांत राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग, स्थानीय निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण से संबंधित नवीनतम तकनीकों के सम्बन्ध में चर्चा की गई। इसके पश्चात राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुतियां साझा की गई। जिसमें वार्षिक कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भले ही गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, लेकिन रायपुर दक्षिण सीट पर हो रहे उपचुनाव ने सूबे का राजनीतिक तापमान बढ़ा रखा है। उपचुनाव से 2 दिन पहले बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा है कि रायपुर दक्षिण कांग्रेस के लिए एक पर्यटन स्थल है, यहां पिछले 35 साल से पूरी कांग्रेस पार्टी घूमने के लिए आती है। चुनाव के 15 दिन पहले पूरी कांग्रेस पार्टी आती है और 15 दिन बाद गायब हो जाती है। बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलेट पर भी हमला किया….उन्होने कहा कि जिनका प्लेन राजस्थान में उड़ान नही भर पाया, वो यहां की कांग्रेस पार्टी से इस बात की उम्मींद छोड़ दे कि उनका प्लेन टेक ऑफ हो पायेगा। गौरतलब है कि रायपुर दक्षिण की सीट से लगातार जीत दर्ज करने वाले बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद से ये सीट खाली थी। इस सीट पर अब दो दिन बाद उप चुनाव होना है। रायपुर दक्षिण इस हाई प्रोफाईल सीट पर कब्जे को लेकर सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस ऐढ़ी-चोटी का जोर लगाये हुए है। यहीं वजह है कि चुनावी रण में दोनों पार्टी के नेता एक-दूसरे पर तीखे वार-पलटवार कर रहे है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के जिला भाजपा कार्यालय एकात्मक परिसर में आज एक बार फिर मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा कि…मुझे तो आश्चर्य होता है कि कांग्रेस किस मुंह से वहां वोट मांगने जाती है। सचिन पायलट आए यहां, भूपेश बघेल हैं, चरण दास महंत हैं, टीएस सिंहदेव, दीपक बैज सभी घूम रहे हैं, पर्यटन करने आए हैं । पर्यटकों को जनता थोड़ी देर के लिए स्वीकार करती है। उसके बाद उनको नकार देती है, इनका हाल भी वही होगा। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान में जिनका प्लेन उड़ान नहीं भर पाया, ऐसे पायलट छत्तीसगढ़ में टेक ऑफ की कोशिश कर रहे हैं। मगर उनका प्लेन छत्तीसगढ़ कांग्रेस में टेक ऑफ कर नहीं पाएगा। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए दक्षिण विधानसभा में आते हैं। उसके बाद कोई पता ठिकाना उनके चिट्ठी का एड्रेस भी नहीं होता है कि किसी को मिलना भी हो तो कहा मिले ? ऐसे लोगों को दक्षिण विधानसभा की जनता क्यों स्वीकार करेगी और क्यों वोट देगी। बृजमोहन अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा में बताया कि कांग्रेस ने इस बार आकाश शर्मा कांग्रेस को रायपुर दक्षिण से प्रत्याशी बनाया हैं ।कांग्रेस इस कोशिश में है कि इस इलाके में रहने वाले हजारों ब्राम्हण वोटर को अपनी ओर करने की जुगत मेें है।
दुर्ग। पूरे 10 साल बाद दुर्ग संभाग में 16 नंवबर से होने जा रही आरक्षकों की भर्ती को लेकर दुर्ग पुलिस ने तैयारी कर ली है। वहीं भर्ती में शामिल होने वाले 76 हजार से ज्यादा अभ्यार्थियों के दस्तावेज जांच, फिजिकल टेस्ट और नापजोप के लिए भी भिलाई के फर्स्ट बटालियन में तैयारी पूरी हो चुकी है। इधर दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि भर्ती को लेकर जहां पुलिस विभाग की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। वहीं नौकरी के नाम पर ठगी और पैसे ऐठने वालों पर भी नकेल कसने हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जिसमें आईजी रामगोपाल गर्ग सहित तीनों जिले के एसपी, सीएसपी के नंबर शामिल हैं। एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि अगर कोई नौकरी के नाम पर पैसे मांगता है या नौकरी दिलाने की बात करता है तो उम्मीदवार सीधे इन हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी ने लेनदेन किया भी है तो न सिर्फ पैसे लेने वाले बल्कि पैसे देने वाले उम्मीदवार पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पैसे देने वाले उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई तो होगी ही साथ ही भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए वह पात्र नहीं होगा। बता दें कि दुर्ग बालोद और बेमेतरा जिला बल की कमी से जूझ रहा है। 5 सौ से ज्यादा पदों पर आरक्षक, ट्रेड और ड्राइवर की भर्ती होने से तीनों जिले की पुलिस और मजबूत होगी।
रायपुर। पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने राजीव लोचन महाराज पर की गई टिप्पणी पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा है कि मेरा मकसद किसी धर्म या संत को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने बताया कि मैं आदिवासी समाज से आता हूं उसे संदर्भ में बात कही। उन्होंने कहा कि देश में आदिवासी समाज में तीन-तीन शादियां होती है। इससे पहले आज बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के समर्थक सिविल लाइन थाने पहुंचकर कवासी लखमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। दरअसल छठ पूजा के दिन राजीव लोचन महाराज ने सनातनियों को चार-चार बच्चे पैदा करने की बात कही थी। इस पर कवासी लखमा ने राजीव लोचन महाराज को पहले शादी कर बच्चा पैदा करने का बयान दिया था। राजीव लोचन महाराज द्वारा हिंदुओं को चार-चार बच्चे पैदा करने की अपील किए जाने के बाद राजनीतिक बयान बाजी शुरू हो गई । पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने राजीव लोचन महाराज के बयान पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जिसके विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता लगातार रायपुर के अलग-अलग थाने में जाकर कवासी लखमा के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग कर रहे थे। हिंदू परिषद के सदस्यों ने कहा कि संतो का अपमान वे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल रायगढ़ के दिशा निर्देष एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धरमजयगढ़ सिद्धांंत तिवारी के मार्ग दर्शन पर कृषक मवेशीयों को दिगर प्रांत ले जाने वाले पशु तस्करों पर पुलिस निगाह रखे हुये थे इसी तारतम्य में दिनांक 09.11.2024 को चौकी प्रभारी रैरुमाखुर्द उप निरीक्षक मनीष कांत को मुखबीर से सूचना मिलि थी कि अज्ञात ब्यक्तियों द्वारा बैल को 02-02 के जोड़ो में बांधकर मारते पीटते धुतकारते हुये बगैर चारा पानी के पैदल क्रुरर्ता पुर्वक हांकते हुये बुचड़खाना लेजाने के लिये रैरुमाखुर्द जंगल रास्ते से झारखण्ड ले जा रहे हैं कि मुखबीर सूचना की तस्दीकी कार्यवाही के लिये चौकी प्रभारी अपने स्टाप के साथ रैरुमाखुर्द जंगल रोड में अपने स्टाप के साथ घेराबंदी कर 02 लोगों को पकड़ा गया। जिनका नाम पता पुछने पर अपना नाम 1. नारायण कुजूर पिता ओदर कुजूर उम्र 30 वर्ष निवासी पाराघाटी 2. सोमरा एक्का पिता स्व. चोट्टा एक्का उम्र 59 वर्ष निवासी पाराघाटी दोनों थाना कापू जिला रायगढ़ (छ0ग0) को पकड़ा गया जिनके कब्जे से 08 नग बैल जप्त किया गया। आरोपीगंणों के द्वारा मवेशीयों के खरिदी बिक्री एवं लाने लेजाने का पशु के मालिकाना हक के संबंध में कोई कागजात पेश नहीं करने पर आरोपीगंण के विरुद्ध अप.क्रं. 259/2024 धारा- 4,6,10 छ0ग0 कृषक पशु परिरक्षण अधि. 2004 का पाया जाने से आरोपीगणों को विधिवत गिरफतार कर मामला अजमानतीय होने से न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मनीष कांत प्र.आर. 148 लक्ष्मीनारायण कैवर्त आर. 410 भेखलाल सिदार आर. 846 तुलसी नाग, आर. 863 प्रमोद भगत जयचंद भगत का विशेष योगदान रहा।
Adv