बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • नशीली दवाओं की तस्करी करने वाला तस्कर गिरफ्तार

    18-Feb-2024

    गरियाबंद। पहली बार नशे की टेबलेट बेचते एक आरोपी को पकड़ने में कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने शनिवार को पारागाव रोड में टेबलेट के लिए ग्राहक देख रहे आरोपी सद्दाम खान उम्र 35 साल को 300 नग एनाजोलम और एप्राजोलम नामक टेबलेट के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. थाना प्रभारी कृष्णा जांगड़े ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि डाक बंगला पारा निवासी आरोपी आदतन बदमाश है. मुखबिर की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों के निर्देश में स्पेशल टीम और आबकारी विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की गई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 22(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।  नशीली दवाओं का कारोबार पहले राजिम तक सिमीत था. अब जिला मूख्यालय के अलावा छुरा और मैनपुर में भी पांव पसार गया है. नशीली दवा की एक टेबलेट 20 से 24 घंटे तक अपना असर दिखता है. इसकी एक पत्ते की एमआरपी 34 से 40 रुपये तक है, जिसे ब्लैक में 100 रुपये में खरीदी कर अधिकतम 300 रुपये प्रति पत्ते तक आसानी से बेचा जाता है. नशे के अन्य समाग्री से इसकी कीमत काफी सस्ता है, साथ ही इसके सेवन से बदबू नहीं आती, ऐसे में इसे समान्य नशेड़ी के अलावा स्कूली कॉलेज छात्र भी इस्तेमाल करना शुरू कर दिए हैं।  सूत्र बताते हैं जिले में रोजाना 100 से भी ज्यादा पत्ते की खपत है। नियम के मुताबिक इस दवा का सेवन करने वालों को डॉक्टर के पर्ची के बगैर नहीं बेचना है. पर्ची संलग्न कर बिल के साथ ही दवा विक्रय का प्रावधान है. राजधानी रायपुर में मौजूद होल सेल कारोबारियों से लाने के लिए मेडिकल लाइसेंस नंबर दर्ज कराना होता है. विक्रय के कड़े नियम के बावजूद प्रतिबंधित सशर्त बेची जाने वाली दवा खुलेआम आपराधिक किस्म के लोगों के द्वारा बेचा जाना कहीं न कहीं ड्रग डिपार्ट के कार्य शैली पर भी सवाल उठाता है. मेडिकल स्टोर की नियमित परीक्षण, स्टॉक वेरिफिकेशन जैसे नियमों का कितना पालन हो रहा है? आसानी से भारी मात्रा में यह दवा अपराधिक तत्वों के पास कैसे उपलब्ध हो रहा है यह भी जांच का विषय है। 

  • विद्यासागर महाराज के अंतिम दर्शन में शामिल होने वालों की सड़क हादसे में मौत

    18-Feb-2024

    राजनांदगांव। विद्यासागर महाराज के अंतिम दर्शन के लिए सतना से आ रहे 3 लोग भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं. मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, ये हादसा सालेकसा महाराष्ट्र के पास हुआ है. पानगांव मुंडीपार के बीच गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में जा घुसी. घटना में आशीष जैन, जितेंद्र जैन और एक अन्य की मौत होने की जानकारी है। बता दें कि आचार्य प्रवर श्री विद्यासागर जी महामुनिराज माघ शुक्ल अष्टमी (17 फरवरी) को पर्वराज के अंतर्गत उत्तम सत्य धर्म के दिन ब्रह्मलीन हो गए. शनिवार रात 2:35 बजे उनकी समाधि हुई. आचार्यश्री ने विधिवत सल्लेखना बुद्धिपूर्वक धारण करली थी. पूर्ण जागृतावस्था में उन्होंने आचार्य पद का त्याग करते हुए 3 दिन के उपवास गृहण करते हुए आहार और संघ का प्रत्याख्यान कर दिया था. वहीं प्रत्याख्यान और प्रायश्चित देना बंद कर दिया था. साथ ही उन्होंने अखंड मौन धारण कर लिया था। 

  • कलयुगी बेटे ने बाप को कुल्हाड़ी से काट डाला, आरोपी गिरफ्तार

    18-Feb-2024

    कोंडागांव। जिले से हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी पुत्र ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की है. मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को 17 फरवरी को कांकेर से मर्ग डायरी प्राप्त हुआ. जिसमें मृतक बज्जू परचापी की मृत्यु सिर पर आई चोट से होना और डॉक्टर का शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर मृत्यु की प्रकृति हत्या बताया गया. जिसके बात मामले की जांच में पुलिस जुट गई। इस दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे मानकू परचापी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें उसने बताया की बीते 16 फरवरी की रात उसकी और उसकी पत्नी असमोतीन के बीच वाद विवाद हो रहा था कि तभी उसके पिता बज्जू वहां पर आ गए और उसकी पत्नी की तरफदारी किया. जिससे नाराज होकर बेटे ने घर में रखे कुल्हाड़ी से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया और पिता की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया है. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। 

  • लहसुन चोर को पकड़ने किसान ने खेत में लगवाया CCTV कैमरे

    18-Feb-2024

    एमपी। लहसुन की बढ़ती कीमतों ने किसानों को अतिरिक्त तौर पर सतर्क कर दिया है। आलम यह है कि अब CCTV कैमरे लगाकर लहसुन के खेतों की देखरेख की जा रही है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से इस तरह का मामला सामने आया है जिसकी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। मालूम हो कि बाजार में इन दिनों लहसुन 400 से 500 रुपये किलोग्राम के बीच मिल रहा है। इस तरह लहसुन के दाम आसमान छूए हुए हैं और इसे लेकर कुछ किसान खुश हैं तो कुछ परेशान भी हैं।

    दरअसल, हाल के दिनों में लहसुन चोरी के मामले सामने आए हैं और इसे लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। छिंदवाड़ा के बद्नूर गांव में किसान अब अपनी लहसुन की फसल की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। लहसुन के खेतों की सिक्योरिटी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लहसुन की खेती करने वाले राहुल देशमुख ने इसे लेकर अधिक जानकारी दी। वह इसी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों लहसुन की चोरी की जो घटनाएं हुई हैं उन्हें देखते हुए ही हमने खेतों में CCTV कैमरा लगाने का फैसला किया।
    रमेश देशमुख ने कहा, 'एक चोर ने खेत से 8 से 10 किलो लहसुन चुरा लिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस घटना के बाद मैंने खेत में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया।' उन्होंने बताया कि मैंने 13 एकड़ जमीन पर लहसुन लगाया, जिसमें मेरे 25 लाख रुपये खर्च हुए। अब तक मैं 1 करोड़ रुपये का लहसुन बेच चुका हूं और फसल अभी भी पूरी तरह कटनी बाकी है। देशमुख ने कहा कि मैंने खेत में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया। फसलों की सुरक्षा के लिए मोविंग सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। 
  • क्रेन ऑपरेटर की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई बाइक

    18-Feb-2024

    गरियाबंद। नेशनल हाइवे में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है. युवक सड़क किनारे औंधे मूंह पड़ा था. ये मामला गरियाबंद सिटी कोतवाली क्षेत्र का है. नेशनल हाइवे 130 C पर सड़क किनारे एक बाइक सवार पेड़ से टकराया हुआ दिखा. लोगों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी. जिसके बाद पुलिस रविवार सुबह मौके पर पहुंची. तब तक युवक की जान जा चुकी थी. मृतक की पहचान जैतपुरी निवासी संजय विश्वकर्मा के रूप में की गई है.

     
    सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि मृतक क्रेन ऑपरेटर था जो काम खत्म होने के बाद गरियाबंद से अक्सर रात को ही घर के लिए बाइक से निकलता था. अंदेशा जाहिर किया जा रहा है की सामने से आ रही किसी बड़े वाहन के टकराने या साइड देते वक्त लाइट अपर डिपर के कारण सड़क से उतर कर बाइक पेड़ से टकरा गई होगी. फिलहाल कोतवाली पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा कर मामले की जांच में जुट गई है.
  • अधिकारी-कर्मचारी यातायात नियमों का कड़ाई से करें पालन: कलेक्टर

    18-Feb-2024

    दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु जिले अंतर्गत पदस्थ जिला प्रशासन एवं पुलिस के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को अपनी दो पहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने कहा गया हैं। उपरोक्त नियमों का उल्लंघन करने पर यातायात नियमों के अधीन चलानी कार्यवाही, साथ ही उनके विरूद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

  • लापता युवती इंदौर में मिली, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

    17-Feb-2024

    रायगढ़। थाना चक्रधर नगर क्षेत्र से लापता हुई 19 वर्षीय युवती की पता तलाश में चक्रधरनगर पुलिस को सफलता मिली है । बेटी के बिना बताये घर से चले जाने से परेशान पिता ने थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक प्रशांत राव आहेर से मिलकर अपनी व्यथा बताये । युवती के पिता ने बताया कि 12 दिसंबर को बिना बताए उसकी बेटी घर से कहीं चली गई है । अपने स्तर पर लड़की को पता कर रहे थे, नहीं मिलने पर थाना रिपोर्ट किये । थाना प्रभारी द्वारा परेशान लड़की के पिता को जल्द लड़की को ढूंढ निकालने का आश्वासन दिये। युवती के पिता के रिपोर्ट पर थाना में गुम इंसान दर्ज कर जांच में लिया गया। गुम इंसान की जांच सहायक उप निरीक्षक नंदकुमार सारथी द्वारा की जा रही थी। जांच अधिकारी द्वारा युवती के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ किया गया। मोबाइल डिटेल निकाले जिसमें युवती के इंदौर के एक युवक से संपर्क में होने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी चक्रधरनगर द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल को जानकारी से अवगत करा कर उनके दिशा निर्देशन पर गुम इंसान पतासाजी के लिए सहायक उपनिरीक्षक नंदकुमार सारथी, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू को युवती के परिजनों के साथ इंदौर रवाना किया गया । चक्रधरनगर पुलिस द्वारा इंदौर (देहात) के थाना हातोद क्षेत्र में गुम युवती की पतासाजी कर खोज निकाले और हातोद थाना लाकर युवती का काउंसलिंग कराया गया। युवती बताई की ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलते हुए इंदौर के एक युवक के संपर्क में आई । युवक से मोबाइल पर बातचीत होता था जिससे मिलने दिसंबर 2023 में रायगढ़ से बिलासपुर और बिलासपुर से भोपाल होते इंदौर पहुंची। युवती बताई कि वह बालिक है और उस युवक से शादी कर ली है और दोनों साथ रहना चाहते हैं । चक्रधरनगर पुलिस द्वारा काउंसलिंग पश्चात थाने में युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। 

  • नगर निगम ने 2 होटलों को दिया नोटिस, जानिए क्या है वजह

    17-Feb-2024

    रायगढ़। शहर के बड़े होटल, अस्पताल जैसे बड़े संस्थान का राजस्व सर्वेक्षण के लिए टीम गठित की गई है। इसमें श्रेष्ठा एवं अंश होटल को नए सर्वेक्षण अनुसार राजस्व तय कर नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह जारी वित्तीय वर्ष में तय लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली करने के निर्देश निगम कमिश्नर सुनील कुमार चंद्रवंशी ने दिए हैं। शुक्रवार को कमिश्नर सुनील कुमार चंद्रवंशी ने राजस्व की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने बड़े संस्थानों के पुन: सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। शहर के बड़े होटल, हॉस्पिटल एवं अन्य संस्थाओं जो स्व निर्धारण पत्र के अनुसार अपना टैक्स जमा कर रहे हैं, ऐसे संस्थाओं के लिए का पुन: राजस्व तय किया जाएगा। इसके लिए निगम प्रशासन ने धारा 168 के तहत टीम गठित की है। जिसका नेतृत्व राजस्व अधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसमें टीम द्वारा शहर के बड़े संस्थानों का पुन: राजस्व निर्धारित की जाएगी। इसमें ट्रस्ट आदि के भी आय व्यय की जांच और ट्रस्टों द्वारा भवन अथवा आश्रम आदि का कमर्शियल उपयोग की जांच भी की जाएगी, यदि ट्रस्टों द्वारा अपने संपत्तियों का कमर्शियल उपयोग किया जा रहा है तो उन पर भी राजस्व अधिरोपित करने के निर्देश कमिश्नर श्री चंद्रवंशी ने दी है। इसी तरह कमिश्नर श्री चंद्रवंशी ने लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली करने और बड़े बकायदारों को लगातार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसमें नल कनेक्शन काटने की भी कार्रवाई तेज करने की बात कही गई है। सभी सहायक कर निरीक्षकों के महतारी वंदन योजना में व्यस्त होने के बाद भी टैक्स वसूली का काम किया जा रहा है। पिछले 10 दिनों में एक करोड़ 9 लाख रुपए राजस्व वसूली किया गया है। कमिश्नर श्री चंद्रवंशी ने इसी तरह राजस्व वसूली के तहत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करने की बात कही है। 

  • टीएस सिंहदेव ने कल ही कमलनाथ से की थी बात, बोले कांग्रेस के पूर्व मंत्री

    17-Feb-2024

    रायपुर। किसी के जाने से फर्क तो जरुर पड़ेगा। संयोग से कमलनाथ से कल ही मेरी बात हुई है। कमलनाथ पर मेरा टिप्पणी करना उचित नहीं है। यह बात छग के वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कही। 

    पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव से जब सवाल किया गया कि क्या TS सिंहदेव तो कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे? इस सवाल पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि ‘ मैं कांग्रेस पार्टी को कभी नहीं छोडूंगा। साथ ही अपनी राजनीति के अंतिम समय तक कांग्रेस में रहूंगा। हालांकि बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पूर्व भी टीएस सिंहदेव के बीजेपी में जाने की काफी खबरें वायरल हो रही थी। ये खबरें तब वायरल हो रही थी जब टीएस सिंहदेव डिप्टी सीएम नहीं बने थे। Also Read - युवक को भालुओं ने नोंचा, बाल-बाल बची जान बता दें कि लोकसभा चुनाव में कुछ ही दिनों का समय बचा है. इससे पहले विपक्ष को लगातार झटके लग रहे हैं। ताजा झटका कांग्रेस को मध्य प्रदेश में लग सकता है. कारण, कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इतना ही नहीं, इनके साथ कांग्रेस के करीब एक दर्जन विधायक और पूर्व विधायक भी बीजेपी की सदस्यता ले सकते हैं। इस बीच कमलनाथ अपने बेटे नकुल के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। 
  • शिव-सती प्रसंग सुनकर भाव विभोर हुए श्रोता

    17-Feb-2024

    बलौदा। हरदी महामाया में जारी नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा के चौथे दिवस पर शनिवार को व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पंडित उपेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कामदेव चरित्र, सति चरित्र व उत्सव का कथा प्रसंग सुनाया। उन्होंने कामदेव चरित्र पर उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि कामदेव प्रेम व कामेच्छा के देवता है। वह मनुष्य को अपने कामवेग से अपनी ओर खींचते है, लेकिन भगवान का सच्चा भक्त काम को भी अपने दृढ़ विश्वास और आस्था से पराजय कर सकता है। शिव सती प्रसंग पर भाव विभोर कथा कहते हुए पाण्डेय ने कहा कि भगवान शिव की अनुमति लिए बिना उमा अपने पिता दक्ष के यहां आयोजित यज्ञ में पहुंच गई। यज्ञ में भगवान शिव को निमंत्रण नहीं दिए जाने से कुपित होकर सती ने यज्ञ कुंड में आहुति देकर शरीर त्याग दी। इससे नाराज शिव के गणों ने राजा दक्ष का यज्ञ विध्वंस कर दिया। इसलिए जहां सम्मान नहीं मिले, वहां कदापि नहीं जाना चाहिए। किसी भी स्थान पर बिना निमंत्रण जाने से पहले इस बात का ध्यान जरूर रखना चाहिए कि जहां आप जा रहे हैं, वहां आपका, अपने इष्ट या अपने गुरु का अपमान न हो, यदि ऐसा होने की आशंका हो तो उस स्थान पर जाना नहीं चाहिए। चाहे वह स्थान अपने जन्मदाता पिता का ही घर क्यों न हो। पाण्डेय ने कहा कि भगवान भोलेनाथ संसार के सभी पशुओं के नाथ थे। इसलिए उन्हें पशुपतिनाथ भी कहा जाता है। उनकी शादी में तरह-तरह के पशु सम्मिलित हुए थे। भगवान भोलेनाथ की विवाह में सम्मिलित होने का सुख हमारा पुण्य कर्म को दर्शाता है,  ज्ञात हो कि महिला समूह द्वारा आयोजित यह शिव महापुराण कथा प्रतिदिन दोपहर २ बजे से ८ बजे तक चल रहा है। वहीं, रोज सुबह 8 से ११.30 बजे तक महारुद्राभिषेक का आयोजन भी हो रहा है। कथा को सुनने बड़ी संख्या में नगर सहित मोहल्ले से शिवभक्त जुट रहे हैं। 

  • ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी के चक्कर में युवक ने गवाए लाखों रुपए

    17-Feb-2024

    राजनांदगांव। शहर के रहने वाले एक युवक ने ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी के जरिये लाखों रुपए कमाने के चक्कर में हाथ रखे मोटी रकम को गंवा दिया। बसंतपुर पुलिस से पीडि़त युवक ने कंपनी के विरूद्ध शिकायत की है। ऑनलाइन ठगी के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक खंडेलवाल कॉलोनी के रहने वाले योगराज साहू को 2 जनवरी 2024 को बीट क्वाईन ऑप्शन ट्रेडिंग कंपनी की ओर से एक कॉल आया। जिसमें कंपनी द्वारा निवेश करने पर फायदा होने का झांसा दिया गया। बातचीत के दौरान पीडि़त कंपनी के झांसे में आ गया। इस दौरान पीडि़त ने अलग-अलग किस्तों में 11 लाख 30 हजार रुपए निवेश कर दिए। निवेश से पहले कंपनी की एक महिला योगराज साहू से निरंतर संपर्क में थी। निवेश से पूर्व पीडि़त को इस बात के लिए आश्वस्त किया गया कि 5 दिन के भीतर टैक्स और मूलधन समेत वापस रकम निकाल सकते हैं। पांच दिन बाद जैसे ही पीडि़त ने रकम निकालने की कोशिश, उसी दौरान कंपनी से फिर कॉल किया गया कि ऐसा करने पर टैक्स में भारी कटौती होगी। इस तरह योगराज साहू को लगातार कंपनी द्वारा छला गया। इस मामले में अब पीडि़त ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। 

  • सफाईकर्मी के घर में घुसकर मारा चाकू, पुलिस कर रही मामलें की जांच

    17-Feb-2024

    बिलासपुर। बिलासपुर में सरेराह युवक की हत्या और ढाबा संचालक पर हमले के बाद बदमाश बेलगाम हो गए हैं। अब मोहल्ले में हंगामा करने से मना करने पर एक बदमाश ने सफाईकर्मी के घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सफाईकर्मी घायल हो गया है। घटना शहर से लगे चकरभाठा कैंप की है। जानकारी के मुताबिक, नितेश राठौर बोदरी नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी है। गुरुवार की देर शाम वह अपने घर पर था। उसी समय मोहल्ले का युवक मोनू राठौर उसके घर के पास आ गया और गालीगलौज करने लगा। जब नितेश ने मोनू को गाली देने से मना किया, तो उसने उसके घर में घुसकर उस पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। हमले में सफाईकर्मी नितेश राठौर घायल हो गया है। वहीं मोहल्लेवालों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है। 

    पिछले कुछ समय से बिलासपुर में पुलिस का रवैया काफी सुस्त है। इसके चलते बदमाश बेलगाम हो गए हैं। इससे पहले सरकंडा क्षेत्र में दिल दहला देने वाले हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसमें 5 आरोपियों ने बाइक सवार दो युवकों पर जानलेवा हमला किया था। इसमें एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद शुक्रवार को कोनी क्षेत्र में बदमाशों ने ढाबा संचालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना का भी सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस तरह के वीडियो देखकर अब लोगों के मन में अपराधियों का डर समा गया है। वहीं, पुलिस सामान्य और गैरजमानतीय केस दर्ज कर अपराधियों को संरक्षण देने में लगी हुई है। इस हमले में घायल सफाईकर्मी नितेश राठौर ने भी चकरभाठा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उसने कहा कि हमलावर युवक नशे में उसके घर में घुसकर चाकू से हमला किया, जिसमें उसकी जान भी जा सकती थी। इसके बाद भी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साधारण मारपीट का केस दर्ज कर खानापूर्ति कर ली है, जिससे आरोपी का हौसला बढ़ गया है। उसने कहा कि वो पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। 
  • तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो युवकों को कुचला, ऑन द स्पॉट डेथ

    17-Feb-2024

    बिलासपुर। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में 2 लोगों की जान चली गई। 2 युवक बाइक से जा रहे थे, जिन्हें तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रतनपुर कोरबा मार्ग पर अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलतरा रैनपुर के पास एनएच में शनिवार सुबह 10:30 बजे के करीब यह हादसा हुआ। किसी अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। रतनपुर पुलिस मृतकों की शिनाख्ती और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। 

  • रेंजर और बाबू के बीच हुआ विवाद, यूनियन ने की जांच की मांग

    17-Feb-2024

    कांकेर। कांकेर वन मंडल में बाबू और रेंजर के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेंजर एसोसिएशन के बाद अब वन लिपिक कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोलते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। कर्मचारी संघ ने भी हड़ताल पर जाने की बात कहते हुए सीसीएफ को ज्ञापन सौंपा है। एक दिन पहले रेंजर संगठन ने कांकेर वन मंडल में पदस्थ बाबू के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। शुक्रवार को लिपिक संघ ने बाबू के खिलाफ कार्रवाई होने पर हड़ताल पर जाने की बात कही है। इसी बीच छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने रेंजरों का समर्थन किया है। पिछले 10 दिनों से कांकेर वन मंडल के चार रेंजों के रेंजर मेडिकल लगाकर छुट्टी लेकर बैठ गए है। बाबू पर कार्रवाई नहीं होने पर सामूहिक अवकाश पर जाने 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। जिसके चलते रेंज अंतर्गत होने वाले काम ठप्प पड़ गए है। रेंजर विवाद एसोसिएशन और वन लिपिक कर्मचारी संघ के बीच चल रहे विवाद को लेकर निखिल मसीह ने बताया कि ये वर्चस्व की लड़ाई नहीं है। हम लोग वन विभाग के हित में काम करने वाले लोग है। हम टेबल में बैठकर काम करते है। हमकों सड़क पर आने की जरूरत कभी नहीं पड़ती। लेकिन कुछ लोग ऐसा कृत्य और षड्यंत्र रच रहे हैं। इसलिए हम यहां उपस्थित हुए है और सीसीएफ को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हमें आश्वस्त किया है इस बारे में वो न्याय करेंगे। चेक बाउचर निरस्त करने के आरोप पर कहा कि ये हमारा ड्यूटी और हमारा कर्तव्य है। सही गलत क्या चीज है, उसको चेक किया जाए, ताकि भविष्य में जो ऑडिट आपत्ति कोई जांच का विषय न बन सके। कभी-कभी बाउचरों में त्रुटियां रह जाती है, तो हम उसको वापस करते है। प्रांतीय सचिव तरुण देवघर ने बताया कि हमारी मांग पर सीसीएफ ने एक सप्ताह का समय मांगा है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि निष्पक्ष जांच होगी। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। अगर रेंजर एसोसिएशन आंदोलन करती है, तो हमें भी आंदोलन का रुख अपनाना पड़ेगा। 

  • सीएम विष्णुदेव साय आज दिल्ली में बीजेपी नेताओं से करेंगे मुलाकात

    17-Feb-2024

     रायपुर/दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में आज से बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। इस अधिवेशन में शामिल होने के लिए CM विष्णुदेव साय दिल्ली पहुंच चुके है। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय बीजेपी नेताओं से मुलाकात करेंगे। मंत्री OP चौधरी, धरम लाल कौशिक भी कल देर शाम दिल्ली रवाना हुए। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस दो दिवसीय अधिवेशन में लोकसभा चुनाव के लेकर चर्चा होगी।

    बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आज 17 और 18 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। छग से मंत्री, सांसद, MLA, समेत 300 पदाधिकारी भी शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार पिछले अधिवेशन में तय किए दिशा निर्देशों की समीक्षा की जाएगी।
  • बंगाली होटल के पास गांजा बेचने वाला तस्कर गिरफ्तार

    17-Feb-2024

    रायपुर। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा निजात अभियान के तहत नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समस्त थाना एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रहीं है। नारकोटिक्स एक्ट पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया है साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को नशे की सामाग्री बिक्री करने वालों एवं सप्लाई करने वालों पर कठोर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। इसी तारतम्य में थाना कबीर नगर पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि हीरापुर बंगाली होटल के पास दलवीर सिंग नामक व्यक्ति अपने पास गांजा रखा है। ब्रिकी करने की फिराक में है।

    जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम जय प्रकाश बढ़ई, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) द्वारा प्रभारी कबीर नगर को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कबीर नगर पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति की पतासाजी कर उन्हें चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम दलबीर सिंग निवासी वीरसावरकर नगर हीरापुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर थैले में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी दलबीर सिंग को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 05 किलो 150 ग्राम गांजा कीमती लगभग 52,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 53/2024 धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
    गिरफ्तार आरोपी- दलबीर सिंग पिता अमरीक सिंग उम्र 25 वर्ष निवासी वीरसावरकर नगर मेयास STD के पास हीरापुर थाना कबीर नगर रायपुर।
  • ढाबा संचालक पर 10 बदमाशों ने किया हमला, सिर पर आई गंभीर चोटें

    17-Feb-2024

    बिलासपुर। बिलासपुर में ढाबा संचालक से मारपीट का वीडियो सामने आया है। जिसमें 8-10 बदमाश ढाबा में घुसकर संचालक पर लात-घूंसे और लाठी से हमला कर दिया। बिना किसी पूछताछ और विवाद के सत्यप्रकाश को पकड़ लिया। गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की गई। इससे सत्यप्रकाश के सिर पर गंभीर चोटें आई है।

    गुरुवार रात की घटना के बाद घायल सत्यप्रकाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में पुलिस ने हमलावरों पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे में गतौरी-मोहतराई के पास बॉबी ढाबा संचालित है, जिसे गतौरी निवासी सत्यप्रकाश शुक्ला चलाता है। ढाबा में CCTV कैमरा लगा है, जिसमें मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। ढाबा के कर्मचारियों ने सीसीटीवी वीडियो पुलिस को भी दिया है। वहीं सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल हो गया है।
    बताया जा रहा है कि ढाबा संचालक से मारपीट करने से पहले बदमाश लड़कों का नेशनल हाईवे पर किसी दूसरे लड़कों से विवाद हो गया था। इस दौरान भी मारपीट हुई। मारपीट का बदला लेने के लिए लड़कों ने अपने दोस्तों को बुला लिया। उन्हें लगा कि उनके साथ मारपीट करने वालों में ढाबा संचालक सत्यप्रकाश भी शामिल था। यही वजह है कि बिना किसी कारण के गुंडागर्दी करते हुए युवक ढाबा में घुस गए और संचालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एक दिन पहले ही बुधवार की रात सरकंडा क्षेत्र में दिल दहला देने वाला हत्याकांड हुआ था, जिसका सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। हमलावर युवक बेखौफ होकर बीच सड़क पर बाइक सवारों पर हमला करते नजर आए थे।
  • रायपुर प्रेस क्लब चुनाव के लिए मतदान शुरू

    17-Feb-2024

    रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े प्रेस क्लब के लिए शनिवार को मधुकर खेर स्मृति भवन में निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर बीसी साहू के नेतृत्व में मतदान शुरू हो गया है। बीसी साहू ने बताया कि सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गया है।

     
    जिसका परिणाम शाम 4 बजे के बाद आएगा। अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों में अनिल पुसदकर, दामु आंबेडारे, संदीप पुराणिक, प्रफुल्ल ठाकुर, सुकांत राजपूत सहित 29 प्रत्याशी मैदान में हैं जो प्रेसक्लब की नई पारी के लिए भाग्य आजमा रहे हैं। अब तक कोई खास रूझान देखने को नहीं मिला है। जानकारों को कहना है कि दोपहर तक भीड़ बढ़ सकती है। 900 सदस्यों वाली प्रेसक्लब में चुनाव के लिए पिछले एक सप्ताह से नामांकन के बाद से प्रत्याशी लगातार प्रेस के दफ्तरों में जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर समर्थन मांग रहे थे।
  • कुटुंब न्यायालय में पति ने पत्नी को पीटा, दी जान से मारने की धमकी

    16-Feb-2024

    रायपुर। पहले ही विवाह बाद प्रताडऩा तलाक का मामला चल रहा है और अब भरण पोषण भत्ते को लेकर मारपीट, जान से मारने की धमकी। वह भी कोर्ट परिसर में ही। पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति पर एक और मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस पुलिस के मुताबिक विद्या नगर कालीबाड़ी निवासी ज़ीनत जहां (31) का उसके पति जुबैर अहमद (33) के साथ विवाद का मामला कुटुंब न्यायालय में चल रहा है। कल गुरूवार को दोनों की कोर्ट में सुनवाई थी। जुबैर, ज़ीनत को भरण पोषण का पैसा हर माह देने से परेशान चल रहा था। इसी बात को लेकर कल जुबैर ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। जीनत की रिपोर्ट पर पुलिस ने जुबैर, जमशेद अहमद पर धारा 294, 506, 34 का मामला दर्ज किया। इधर पंचशील नगर निवासी चंदन कुमार सोनी (32) ने रवि गढ़पाले और उसके दो साथियों पर मारपीट जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराया।  इनके बीच 1 फरवरी की रात 9.30 बजे कटोरा तालाब चौक पर हाथापाई हुई। जिसमें रवि साथियों ने चंदन पर डंडे से हमला किया । इसकी रिपोर्ट चंदन ने कल शाम लिखाई। इसी तरह से गांधी नगर पंडरी स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले आर्यन और उसके दो साथियों ने कृष्ण कुमार पिंजारा( 30) के साथ बुधवार देर रात 11.30 बजे पुरानी रंजिश पर मारपीट की ।इन लोगों ने हाथ मुक्के, हॉकी स्टिक और नुकीली चीज से कृष्ण कुमार पर हमला कर फरार हो गए। कल शाम कृष्ण कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 294, 506, 323, 34 का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर छतौना पेट्रोल पंप के पास स्थित कॉफी हाउस में मारपीट हुई। सागर नाम का युवक बीती रात 10 बजे कॉफी हाउस पहुंचा और संचालक जितेंद्र टंडन (34) से पहले कॉफी देने कहा। इसी बात पर दोनो में विवाद हुआ और सागर ने हाथापाई कर जितेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। जितेंद्र ने रात मंदिर हसौद थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई। 

  • केनाल रोड़ पर चाकू लेकर घूमने वाला बदमाश गिरफ्तार

    16-Feb-2024

    रायपुर। सरस्वती नगर थाना पुलिस की टीम द्वारा थाना सरस्वती नगर राम दरबार के पास केनाल रोड में एक व्यक्ति अपने हाथ में धादार चाकू लेकर आने जाने वाले लोगों को डरा धमका कर आतंकित करते हुये आरोपी अमित गुप्ता पिता कमलेश गुप्ता उम्र 20 साल निवासी कृष्णा नगर थाना सरस्वती नगर रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखे 1 स्टील का धारदार चाकू जप्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में अप. क्र. 50 / 24 धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। नाम आरोपी - अमित गुप्ता पिता कमलेश गुप्ता उम्र 20 साल निवासी कृष्णा नगर थाना सरस्वती नगर रायपुर जप्ती:- स्टील का धारदार चाकू 1 नग 

Top