बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • मोतीबाग इलाके में पानी की पाइप फटी, कल सुबह वार्डों में नहीं आएगा पानी

    09-Aug-2023

    रायपुर। मोतीबाग स्थित पानी टंकी की पाइप लाइन खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई है। पानी सडक़ पर बहकर बर्बाद हो रहा। यह प्रदेश की सबसे बड़ी टंकी है। जहां से शहर के बीच के पूरे इलाके को जलापूर्ति की जाती है । रात में सुधारा नहीं गया तो हजारों लीटर पानी बहेगा और कल सुबह की पाली में इलाकों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। वैसे भी आज अवकाश की वजह से निगम का अमला अनुपलब्ध है। और रात भी हो गई है। ऐसे में सुधार कार्य कल दिन में ही होने के आसार है। 

  • एम्स के सामने से हटे 20 अवैध ठेले, निगम ने की कार्रवाई

    09-Aug-2023

    रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार नगर निगम को प्राप्त जनशिकायत पर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने नगर निगम जोन 8 क्षेत्र के तहत शहर के मुख्य सडक़ जीईरोड पर एम्स परिसर के सामने अवैध कब्जा कर यातायात बाधित कर रहे अवैध ठेलों पर कार्यवाही की। यहां के 20 अवैध ठेलों को सडक़ मार्ग से एम्स अस्पताल परिसर के सामने से हटाया गया। जबकि 4 अवैध ठेलों को जब्त किया गया. इस अभियान से सडक़ यातायात व्यवस्था में सुधार होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत मिलेगी। यह कार्रवाई जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के निर्देश पर नगर निवेश उप अभियन्ता अक्षय भारद्वाज की उपस्थिति में की गई।

  • आदिवासी दिवस रैली में शामिल होकर वापस लौट रही पिकअप बीच सडक़ पर पलटी, कई लोग घायल

    09-Aug-2023

    जगदलपुर। आदिवासी दिवस रैली में शामिल होकर वापस लौट रहे ग्रामीणों का वाहन पलटने से दर्जनभर लोगों के घायल होने की खबर है. आदिवासी ग्रामीण कार्यक्रम के बाद पिकअप वाहन में सवार होकर वापस अपने घर के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया. यह हादसा परपा थाना क्षेत्र के पंडरीपानी में हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही परपा पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को डिमरापाल अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। 

  • आदिवासियों की हक औऱ न्याय के लिए छत्तीसगढ़ सरकार सदैव तैयार: भूपेश बघेल

    09-Aug-2023

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सरगुजा जिले के सीतापुर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज विश्व आदिवासी दिवस की गूंज ईब से इंद्रावती तक सुनाई दे रही है। हमने विश्व आदिवासी दिवस के दिन छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की, उसके बाद से आदिवासी समाज के लोग बढ़-चढक़र विश्व आदिवासी दिवस मनाते हैं। श्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार विगत पौने चार सालों से आदिवासी समुदाय के साथ-साथ सभी वर्गों के हित के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसी ने भी नहीं सोचा था कि गोबर की भी खरीदी होगी, लेकिन हमने यह कर दिखाया औऱ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किया है।

    आदिवासियों के आर्थिक-सामाजिक जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए हमने तेंदूपत्ता संग्रहण की दर को 2500 से बढ़ाकर 4 हजार रूपए प्रति मानक बोरा किया है, वनोपजों की खरीदी की संख्या 7 से बढ़ाकर 65 की है। इसी प्रकार से वन प्रबंधन समिति को 44 करोड़ रुपए लाभांश राशि का अंतरण भी आज उनके खातों में किया गया। कोदो-कुटकी, रागी जैसे लघुधान्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स मिशन का गठन किया और इस तरह अब बड़े शहरों के बड़े-बड़े होटलों में भी मिलेट्स के व्यंजन और भोजन मिलने लगे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आदिवासियों के हित और न्याय के लिए हमारी सरकार सदैव तैयार है। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल हो चाहे बेरोजगारी भत्ता, राजीव युवा मितान क्लब हो या सुपोषण अभियान हमने हर दिशा में दशा सुधारने की पहल की है और उसी का परिणाम रहा है कि आज छत्तीसगढ़ मॉडल को देश में सराहा जा रहा है। 
    आज छत्तीसगढ़ सरकार ने त्यौहार मनाने के लिए ग्राम पंचायतों जिसकी दूसरी किश्त आज जारी हुई है। इससे सभी पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित होगा। पंचायत के द्वारा पर्वों उत्सवों में इस पैसे को खर्च किया जाएगा। हमारी सरकार बनते ही जो सबसे पहला काम किसानों की ऋण माफी का कार्य किया। छत्तीसगढ़ की सरकार पहली सरकार है जिसने भूमि अधिग्रहण बिल पारित होने के बाद सबसे पहले आदिवासियों की जमीन लौटाई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने फैसला लिया कि यदि पिता के पास जाति प्रमाण पत्र है तो नवजात शिशु को भी जाति प्रमाण पत्र तुरंत मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमने जगदलपुर के आसना में बादल नाम की संस्था की स्थापना की। वहां हम आदिवासी संस्कृति, साहित्य और परंपरा को सहेजने का काम कर रहे हैं। बस्तर में बहुत सारी जनजातियां हैं उसी प्रकार से सरगुजा में बहुत सारी जनजातियां रहती हैं। सरगुजा में भी आदिवासियों की संस्कृति को सहजने के लिए एक संस्था का निर्माण की बात उन्होंने कही। कार्यक्रम में हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टे का वितरण किया गया। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री एवं दस्तावेजों का वितरण एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। 
  • आदिवासी रंग में हुआ सराबोर, मांदर की थाप पर थिरके विधायक और कलेक्टर

    09-Aug-2023

    बलरामपुर। आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सामरी विधायक एवं संसदीय सचिव श्री चिंतामणी महाराज के मुख्य आतिथ्य एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह की उपस्थिति में हाई स्कूल ग्राउंड बलरामपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित किया गया। साथ ही क्षेत्र के पंचायतों को ‘‘मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना‘‘ की द्वितीय किस्त की राशि भी जारी की गई। इस दौरान वन अधिकार पत्रों के वितरण के साथ-साथ कृषि व मनरेगा के कार्यों को स्वीकृति मिली।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि चिंतामणि महाराज ने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरा विश्व यह दिवस मना रहा है। उन्होनें आदिवासी संस्कृति और परंपरा के महत्व को उल्लेखित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा आदिवासी पर्व, संस्कृति के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि की शुरुआत की है। उन्होंने छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक की शुरुआत कर छत्तीसगढ़ी खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया है। यह संस्कृति ही आदिवासियों की विशेष पहचान है, इसलिए उन्होंने आदिवासी परंपराओं के संरक्षण के लिए युवाओं से अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
    इस अवसर पर विधायक बृहस्पत सिंह ने भी सभी लोगों को इस दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से प्रकृति पूजक और संरक्षक रही है। सदियों से जल, जंगल और जमीन से अपने जरूरतों को पूरा करने के साथ साथ इसका संरक्षण करने में भी इस समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण संलग्न रहा यह समाज लंबे समय से विकास से दूर रहा है, इसलिए इस समाज के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत पड़ी है। मुख्यमंत्री के इस दिशा में गंभीर प्रयास से ही आज आदिवासी लोग भी विकास की ओर अग्रसर हो रहे हैं। राज्य के गांवो में आत्मानंद स्कूल खुलने से आज आदिवासी समाज के बच्चे भी अंग्रेजी सीख रहे हैं। राज्य में छात्रावासों की सुविधा को उन्नत किया जा रहा है। नदियों में पुलों के निर्माण से गांवों को मुख्यमार्गों से जोड़ा जा रहा है। बिजली बिल हॉफ योजना से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर में हॉर्टिकल्चर कॉलेज शुरू होना जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग द्वारा हितग्राही के बच्चों को नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेज में एडमिशन पर स्टायफंड की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा कई योजनाएं हैं जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
    इस अवसर पर कलेक्टर रिमिजियुस एक्का ने सभा को संबोधित करते हुए सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाए दी। उन्होंने कहा कि यह दिवस सभी आदिवासियों के लिए गौरव का दिन है। आदिवासियों को उनके अधिकार दिलाने और विकास की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए बहुत सी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने सभी लोगों से कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। कार्यक्रम में विधायक द्वय श्री चिंतामणि महाराज एवं श्री बृहस्पत सिंह ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत बलरामपुर के तीसरे मोबाइल मेडिकल यूनिट को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने मोबाइल मेडिकल यूनिट में स्वयं अपने स्वास्थ्य की जांच करायी।
    कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आदिवासी समाज के नर्तक दलों द्वारा आदिवासी सैला और कर्मा नृत्यों की शानदार एवं मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण जिला प्रशासन एवं गणमान्य नागरिक आदिवासी संस्कृति की प्रतीक पीली पगड़ी पहन कर आदिवासी रंग में रंगे नजर आए। इस दौरान विधायक द्वय श्री चिंतामणि महाराज और श्री बृहस्पत सिंह के साथ कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ भी मंदार की थाप पर थिरकते नजर आए। इसके अलावा इस अवसर पर जिले के हितग्राहियों को आदिवासी विकास विभाग द्वारा व्यक्तिगत, सामुदायिक और सामुदायिक वन संसाधन पत्र का वितरण किया गया। अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के स्वीकृत हितग्राहियों को ऋण वितरण, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा स्वीकृत कृषि आदान, बीज, उपकरण का वितरण, मत्स्य पालन विभाग द्वारा आईस बॉक्स और मछली जाल का वितरण, मनरेगा के तहत भूमि समतलीकरण, तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण आदि का स्वीकृति आदेश, 10 वीं और 12वीं के मेधावी आदिवासी विद्यार्थियों का सम्मान, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड का वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण यंत्र का वितरण तथा, वन विभाग द्वारा पौधा वितरण श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन कार्ड का वितरण तथा पशु विभाग द्वार हितग्राहियों को चेक वितरित किया गया। 
  • शहर के व्यस्त रास्ते में किया बाइक से स्टंट, पुलिस ने काटा चालान

    09-Aug-2023

    बलौदाबाजार। मोटरसाइकिल से शहर के भीड़-भाड़ इलाके में स्टंट दिखाना युवक को भारी पड़ गया. पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत 2000 रुपए की चालानी कार्रवाई करने के साथ थाने लाकर उसे कड़ी समझाइश देते हुए उठक-बैठक लगवाई। भाटापारा शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में मेहता नगर निवासी युवक धनरांज जांगडे पिता संतकुमार जांगडे (21 साल) मोटर सायकल क्रमांक ष्टत्र22-ङ्क-9581 को खतरनाक तरीके से लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते स्टंट किया था. जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पितम्बर पटेल के निर्देशन मे लगे सीसीटीएनएस सिस्टम से युवक की पहचान कर युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई. हाल ही में पदस्थ थाना प्रभारी योगिताबाली खापर्डे के निर्देशन यह कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक भूखन वर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार सिंह प्रभारी सिटी सर्विलांस, सिटी सर्विलांस आरक्षक इंद्र कुमार सोनी का विशेष योगदान रहा।

  • नर्मदा एक्सप्रेस में लगी आग, मची भगदड़

    09-Aug-2023

    कोटा। बेलगहना-स्टेशन से छूटने के कुछ समय बाद अचानक से बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस 18234 बोगी क्रमांक एस-3 में धुआं उठने के बाद से अगल-बगल के बोगी में बैठे यात्रियों में हडक़ंप मच गया..टेंगनमाडा-रेलवे स्टेशन में ट्रेन के रुकते ही बोगी के सभी यात्री हड़बड़ाहट में बोगी से उतरने लगे। कुछ देर में ही पूरी बोगी खाली हो गई। ब्रेक सिस्टम से आग लगातार उठ रही थी, धुआं उठ रहा था। ट्रेन के रुकने के बाद त्वरित रूप से मौके में रेलवे का कोई भी कर्मचारी आग बुझाने को पहुंचा न ही ट्रेन की बोगी में आग बुझाने वाले कोई उपकरण दिखाई दिए। अंतत: कुछ देर के बाद रेलवे-कर्मचारी आनन-फानन में पहुचकर ब्रेक सिस्टम का एयर निकाला और ब्रेक-सिस्टम को लूज किया गया। जिसके कुछ समय बाद आग अपने आप ही शांत हो गई, सुधार कार्य करने के कुछ समय बाद रेलवे के टीटी ने सभी यात्रियों को वापस बोगी में बैठने का अनुरोध किया। सुधार कार्य के बाद तुरंत ही ट्रेन को स्टेशन से छोड़ दिया गया। खबर लिखने तक ट्रेन अपनी गति पकड़ते हुए अगली स्टेशन के तरफ बढ़ चुकी है।

  • राज्य सरकार ने आदिवासी समाज के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए: मंत्री डहरिया

    09-Aug-2023

    रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी के शहीद स्मारक भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसके मुख्य अतिथि श्रम एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री शिव डहरिया थे। इस अवसर पर प्रयास विद्यालय के विभिन्न प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों और राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाले ताईकान्डों के खिलाडिय़ों का सम्मान किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम द्वारा हितग्राहियों को 60 हजार रूपये की सहायता राशि दी गई।

    डहरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा की आदिवासी प्रकृति पूजक होते है। उनकी परंपराएं पर्व त्यौहारों विशिष्ट पहचान, मान्यता है। सन् 1993 में संयुक्त संघ द्वारा विश्व आदिवासी दिवस मनाने की शुरूआत आदिवासियों समाज की संस्कृति को व्यापक रूप से मान्यता दी गई। हमारी सरकार ने आदिवासी समाज के कल्याण के लिए कार्य किए। उनके देवगुड़ी निर्माण, विकास के लिए सहायता राशि दी जा रही है जिसमें बढ़ोत्तरी की गई है। आदिवासी समाज के पर्व और त्योहारों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 9 अगस्त को शासकीय अवकाश देने की घोषणा की गई है ताकि आदिवासी समाज पूर्ण रूप से हर्षोउल्लास के साथ आयोजन में सहभागिता निभा सकें।
    मंत्री डहरिया ने कहा कि संविधान में आदिवासी समाज के संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष प्रावधान दिए गए है। इसके तहत तमाम अवसर, शिक्षा, रोजगार के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए अधिकार मिले है, इन अधिकारों और अवसरों का उपयोग करना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा ने अपना संबोधन दिया। इस अवसर पर आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त श्री तारकेश्वर देवांगन, एडीएम श्री एन.आर साहु और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
  • कुमारी शैलजा आज से छत्तीसगढ़ दौरे पर

    09-Aug-2023

    रायपुर। आज पूरा देश विश्व आदिवासी दिवस मना रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी विश्व आदिवासी दिवस बनाया जाएगा। इस अवसर पर आज पीसीसी प्रभारी कुमारी शैलजा 3 दिवसीय दौरे पर आ रही है। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी। जानकारी के अनुसार, कुमारी शैलजा 3 दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रही है। इस दौरान वे आदिवासी गौरव दिवस में शामिल होंगी। इसके अलावा राज्यस्तरीय-आदिवासी गौरव महासभा, बौद्धिक मंच भी शामिल होंगी। सुबह 11 बजे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजन होगा। जिला और ब्लाक मुख्यालयों में भी क्रांति दिवस आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम में मोर्चा प्रकोष्ठ विभाग के पदाधिकारी और कांग्रेसजन भी शामिल होंगे।

  • मात्रात्मक त्रुटि सुधार कर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए माहरा समाज ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

    08-Aug-2023

    रायपुर। जगदलपुर के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज जगदलपुर के सर्किट हाउस में माहरा समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य मुलाकात की। माहरा समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मात्रात्मक त्रुटि में सुधार कर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए बस्तर संभाग के माहरा समाज की ओर से उनके प्रति आभार जताया। 

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर जिला चिकित्सालय में नेत्र रोग विंग ‘अम्बक’ का किया शुभारंभ

    08-Aug-2023

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम जगदलपुर जिला चिकित्सालय (महारानी अस्पताल) में नेत्र रोग विंग ‘अम्बक’ का शुभारंभ किया। जिला चिकित्सालय के नेत्र रोग विभाग के भवन को 35 लाख रुपए की लागत से रिनोवेट कर वहां ऑपरेशन थिएटर में नई मशीनें स्थापित की गई हैं तथा यहां मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। ‘अम्बक’ में दो विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित आंख के विभिन्न तरह के ऑपरेशन की सुविधा है। यहां की आईपीडी में 20 बिस्तर उपलब्ध हैं। उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा भी शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। जगदलपुर जिला चिकित्सालय में नेत्र रोग विंग के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां की आईपीडी में उपचाररत मरीजों से मिले और उनसे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य व आंख की रोशनी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को फल भी भेंट किए। मुख्यमंत्री ने यहां का सर्वसुविधायुक्त आपरेशन थिएटर भी देखा। संसदीय सचिव रेखचंद जैन, बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, विधायक राजमन बेंजाम और विक्रम मंडावी, क्रेडा के अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार, इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव शर्मा और महापौर सफीरा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे।

    जगदलपुर जिला चिकित्सालय में इस साल अब तक 1052 मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन
    जगदलपुर जिला चिकित्सालय के नेत्र रोग विभाग द्वारा राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम (एनपीसीबी) के अंतर्गत मोतियाबिंद मुक्त बस्तर अभियान के तहत प्रतिदिन औसतन 140-160 ओपीडी तथा 25-30 आईपीडी की जा रही है। इस साल अप्रैल से जुलाई तक कुल 5745 ओपीडी मरीजों के इलाज के साथ ही 1052 मोतियाबिंद के मरीजों का नि:शुल्क सफल ऑपरेशन किया गया है। राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम (एनपीसीबी) के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 5439 छात्र-छात्राओं के आंखों की जाँच की गई है। दृष्टि दोष वाले 52 विद्यार्थियों को नि:शुल्क चश्मा भी प्रदान किया गया है। 
  • मुख्यमंत्री से अनुकम्पा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ के सदस्यों ने की सौजन्य मुलाकात

    08-Aug-2023

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहाँ उनके निवास कार्यालय में अनुकम्पा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को संघ की विभिन्न मांगों से अवगत कराया । मुख्यमंत्री श्री बघेल ने उन्हें उचित कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, संघ की प्रांताध्यक्ष माधुरी मृगे, प्रवक्ता प्रमोद चौबे, सचिव गीता साहू एवँ अन्य सदस्य उपस्थित थे। 

  • स्लम एरिया के लोगों के इलाज के लिए शहर को 5 वीं एमएमयू वाहन की सौगात

    08-Aug-2023

    बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में स्लम बस्तियों के लोगों को उनके आवास के नजदीक ही इलाज सुविधा मुहैया कराने के लिए एक और मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन (एमएमयू)मुहैया कराई गई है। इसे मिलाकर नगर में पांच एमएमयू संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत यह वाहन निगम को प्राप्त हुई है। महापौर रामशरण यादव एवं कलेक्टर संजीव कुमार झा ने जिला कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। एसपी संतोष सिंह, निगम आयुक्त कुणाल दुदावत, पार्षद राजेश शुक्ला सहित मेडिकल टीम और निगम के कर्मचारी उपस्थित थे। नगर निगम के महापौर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र के स्लम एरिया में रहने वाले लोगों को उनके घर तक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शुरू की गई। इस योजना के तहत आज बिलासपुर निगम को पांचवा मोबाईल मेडिकल यूनिट मिला है। ज्ञात हो कि नगर निगम में पहले से 4 मोबाईल मेडिकल यूनिट संचालित है। प्रत्येक यूनिट में एक डॉक्टर, एक नर्स, एक फार्मासिस्ट, 1 लैब टैक्निशियन अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस मेडिकल यूनिट में 41 प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है और लगभग 170 प्रकार की दवाईयां उपलब्ध है। योजना के शुरू होने से अब तक नगर निगम क्षेत्र के लगभग ढाई लाख से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। साथ ही प्रतिदिन प्रति यूनिट वाहन लगभग 80 मरीज स्वास्थ्य परामर्श एवं परीक्षण करा रहे हैं।

  • प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के उपाध्यक्ष बने शंकर लाल साहू

    08-Aug-2023

    रायपुर/ अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव के द्वारा श्री शंकर लाल साहू पिता स्व . मेहतर लाल साहू रायपुर को छ.ग. प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त करते हुए जिला सुरजपुर, कोरबा, दुर्ग , राजनांदगांव, एवम कांकेर जिलों का प्रभारी नियुक्त किया गया हैश्री साहू के नियुक्ति से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग को मजबूती मिलेगीइनकी नियुक्ति से प्रदेश में हर्ष व्याप्त है

  • राहुल गांधी एक बार फिर से जनता की आवाज बन संसद में दहाड़ेंगे-कांग्रेस

    08-Aug-2023
    रायपुर 08 अगस्त 2023। लोकसभा द्वारा राहुल गांधी की सदस्यता बहाल किये जाने का कांग्रेस ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश की जनता की मुखर आवाज एक बार फिर से लोकसभा में गूंजेगी। अब मोदी सरकार को अडानी के हिडनबर्ग घोटाले से लेकर मणिपुर मामले में राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना होगा। देश की जनता के सामने आज भी यह सवाल कौंध रहा है कि आखिर अडानी के खिलाफ संसद में आवाज उठाते ही राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने का षड़यंत्र क्यों रचा गया?
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि हिंडनबर्ग खुलासे के लंबा समय बीत जाने के बावजूद अब तक ना कोई एफआईआर, ना किसी भी तरह की जांच का आदेश? आखिर मोदी सरकार मौन क्यों है? हिंडनर्बग के रिपोर्ट में उजागर आर्थिक अनियमितता, मनी लांड्रिंग, ब्लैक मनी और विदेशों में फर्जी सेल कंपनियां बनाकर किए जा रहे हैं फर्जीवाड़े पर भाजपा और मोदी सरकार को भी भागीदार है। अडानी से भाजपा को सपोर्ट मिलता है, चुनाव लड़ने के लिए पैसा मिलता है और इसीलिए अडानी को बचाने उसके फर्जीवाड़े पर मोदी सरकार पर्दा डाल रही है।
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर सरकारी बैंकों से अडानी को अनुपातहीन लोन किस के दबाव में दिया गया? षड्यंत्र उजागर होने के बाद भी एलआईसी का पैसा क्यों दबाव पूर्वक अडानी की कंपनी में लगवाया जा रहा है? एलआईसी और एसबीआई देश की जनता का भरोसा है, जिसे षड्यंत्र पूर्वक व्यक्तिगत लाभ के लिए अपने पूंजीपति मित्र पर लुटाया जा रहा है। लाखों करोड़ के मनी लांड्रिंग, ब्लैकमनी, विदेशों में फर्जी सेल कंपनी बनाकर अडानी की कंपनी में लगाने के तथ्य उजागर हुए हैं। बाजार में निगरानी रखने की जिम्मेदारी “सेबी“ की होती है, लेकिन मोदी सरकार के दबाव में सेबी भी मौन है। अडानी के घोटाले के कारण 120 मिलियन डॉलर अर्थात 10 लाख़ करोड़ से अधिक आम जनता के मेहनत का पैसा डूब गया है।
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी महात्मा गांधी के रास्ते पर चल रहे है। उनकी लड़ाई सत्य की लड़ाई है। सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं, यह सिर्फ राहुल गांधी की व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। यह देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। देश के आम आदमी की लड़ाई है। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करवा कर भाजपा देश में तानाशाही लाना चाह रही थी। कांग्रेस देश के प्रजातंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। मोदी सरकार के अडानी प्रेम रिश्तो को लेकर लगातार राहुल गांधी ने सवाल उठाएं है। इससे घबराई मोदी सरकार राहुल गांधी को चुप कराने का षड्यंत्र रच संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही हैं।
  • फ्रेंडशिप डे पर छोटे बच्चों ने कर दिया बड़ा काम

    07-Aug-2023

    उत्तर बस्तर कांकेर। फ्रेंडशिप दिवस के अवसर पर जिले में संचालित समस्त छात्रावासों में छोटे बच्चों ने 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्रों को ‘मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जुड़वाएं’ लिखा हुआ फ्रेंडशिप बैंड बांधकर उन सभी से वायदा लिया। जिले के पीएमटी छात्रावास, पोस्ट मेट्रिक छात्रावासों में लाइवलीहुड कॉलेज के छात्रों के द्वारा स्विफ्ट मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मितान दिवस अर्थात मित्रता दिवस के अवसर पर अपने सभी सीनियर छात्रों को फ्रेंडशिप बैंड बांधा गया, जिसमें यह लिखा था ‘‘मतदाता सूची में नाम जरूर जुड़वाएं’’ बैंड बांधा गया और उनसे संकल्प करवाया गया कि वे सभी मतदान अवश्य करेंगे और लोगों को मतदान करने हेतु प्रेरित करेंगे। जिले के छात्रों में मित्रता दिवस की उत्सुकता देखी गई जिला प्रशासन के आव्हान पर सभी जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर छात्रों को संकल्प पत्र भरने एवं उन्हें नाम जुड़वाया क्या स्लोगन के तहत मतदान देने हेतु प्रेरित किया गया। 08 अगस्त 2023 को जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय में कक्षा नवमी एवं दसवीं के छात्रों द्वारा स्वीप कार्यक्रम के तहत सीनियर छात्रों को अनुरोध पत्र लिखा जायेगा, जिसमें मतदान करने हेतु प्रेरित किया गया। 10 अगस्त 2023 को सभी छात्रों के द्वारा अपने पेरेंट्स को अनुरोध पत्र लिखकर अनुरोध करेंगे कि 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुडऩे हेतु प्रेरित करेंगे और स्वयं भी मतदान करेंगे ।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त नहीं मिलने के कारण सिविल कांट्रेक्टर ने दी जान

    07-Aug-2023

    रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 44 कौरिनभाठा के निवासी महादेव यादव द्वारा जहर सेवन के कारण इलाज के दौरान एम्स में हुई मृत्यु को लेकर कतिपय लोगों द्वारा यह झूठी अफवाह फैलाई जा रही है कि उसने प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त न मिलने के कारण जहर का सेवन किया है। यह तथ्य पूर्णत: निराधार है। महादेव यादव के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत न तो आवास स्वीकृत किया गया था, न ही उसे किसी तरह की किश्त मिलनी थी। महादेव यादव सिविल कांट्रेक्टर था। वह प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के आवास निर्माण का काम ठेकेदारी में किया करता था। उसके द्वारा जहर का सेवन करने के अन्य व्यक्तिगत कारण हो सकते हैं। इसका प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त से कोई संबंध नहीं है। राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण की पूर्णता के अनुसार किश्तों में राशि का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है।

    पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने अपनी रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उसकी धर्मपत्नी ललिता बाई यादव और उसकी सास श्रीमती जंत्री बाई यादव के नाम पर आवास स्वीकृत एवं निर्माणाधीन है। महादेव यादव की पत्नी ललिता यादव के नाम स्वीकृत आवास नींव स्तर तक पूर्ण हो चुका है। ललिता यादव को कार्य के आधार पर 56 हजार 531 रूपए की राशि का भुगतान पिछले माह 21 जुलाई को उसके बैंक खाते में किया जा चुका है। महादेव यादव की सास श्रीमती जंत्री बाई यादव के नाम स्वीकृत आवास का काम लिंटल स्तर तक हो चुका है। इसके लिए जंत्री यादव को 9 फरवरी 2023 को 53 हजार 593 रूपए की प्रथम किश्त तथा 27 जून 2023 को 75 हजार 31 रूपए की द्वितीय किश्त इस प्रकार कुल 01 लाख 28 हजार 624 रूपए का भुगतान किया जा चुका है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि महादेव यादव कौरिनभाठा राजनांदगांव में अपनी सास के साथ रहता था और वह सिविल ठेकेदारी का काम करता था। महोदव यादव की जहर सेवन से मृत्यु की घटना का प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त भुगतान से कोई संबंध नहीं है। उसकी मृत्यु को किश्त भुगतान के मामले से जोडऩा पूर्णत: भ्रामक एवं तथ्यहीन है।
  • पीएससी भर्ती: सीएम भूपेश बघेल आज युवाओं के लिए करेंगे बड़ा ऐलान?

    07-Aug-2023

    रायपुर। सीएम भूपेश बघेल ने आज सुबह 11 बजे कैबिनेट की बुलाई है। खबर है कि बैठक का एजेंडा जारी नहीं किया गया है। चर्चा यह भी है कि पीएससी भर्ती नियमों में संशोधन पर फैसला हो सकता है। सीएम भूपेश बघेल ने हाल के युवा-संवाद कार्यक्रम में इसकी घोषणा भी की थी। चर्चा है कि विश्वविद्यालयों में दो विषय में पूरक की पात्रता देने का भी फैसला हो सकता है। विश्व विद्यालयों में इस बार स्नातक स्तर के परीक्षाओं के नतीजे खराब आए हैं।

  • कौशल परीक्षा परिषद लोक शिक्षण संचालनालय का गठन, आयुक्त संचालक लोक शिक्षण होंगे अध्यक्ष

    07-Aug-2023

    रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने अब सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं में डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोगामर, सहायक प्रोग्रामर, सहायक ग्रेड-3, शीघ्रलेखक, स्टेनो टायपिस्ट के पदों पर नियुक्ति के लिए कौशल परीक्षा परिषद लोक शिक्षण संचालनालय का गठन किया है। इस परिषद में आयुक्त, संचालक लोक शिक्षण अध्यक्ष होंगे। परिषद का काम परीक्षाएं आयोजित करना और सफल परीक्षार्थियों को प्रमाणपत्र देना होगा। यह परिषद सभी परीक्षआओं के लिए परिषद की बेवसाइट पर ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करेगी। परिषद में पंजीकृत मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा हिंदी, अंग्रेजी शीघ्रलेखन की कंप्यूटर से टंकित उत्तरपुस्तिकाओं की मैन्युअल तरीके से मूल्यांकन किया जाएगा और विभिन्न गतियों की कंप्यूटर, मुद्रलेखन कौशल परीक्षाओं का मूल्यांकन कंप्यूटर द्वारा किया जाएगा। परिषद द्वारा परीक्षाएं प्रत्येक 6 माह में यानी साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। खास बात ये है कि जहां कम से कम 50 परीक्षार्थी होंगे, वहां परीक्षा होगी। परिषद द्वारा निर्धारित केंद्रों पर ही परीक्षाएं ली जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध संसाधन एवं परिषद के निर्णय के बाद परीक्षा संबंधी जानकारी वेबसाइट, शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। ये परीक्षाएं अंग्रेजी शीघ्रलेखन परीक्षा 100 शब्द प्रति मिनट शीघ्रलेखक के लिए, हिंदी शीघ्रलेखन परीक्षा 100 शब्द प्रति मिनट शीघ्रलेखक के लिए, अंग्रेजी कंप्यूटर टायपिंग कौशल परीक्षाएं पांच, आठ और दस हजार की डिप्रेशन प्रतिघंटे की गति के लिए होंगी।

    भारत गणराज्य के राज्य क्षेत्र से हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल होने की पात्रता होगी। परीक्षार्थी को ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करते समय 16 वर्ष की आयु का होना आवश्यक होगा। परिषद द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षा पद्धति भी तय की गई है। साथ ही मूल्यांकन,अभिलेखन का भी नियम बनाया गया है। कौशल परीक्षा परिषद लोक शिक्षण संचालनालय के तहत परिषद का गठन किया जाएगा। इसमें आयुक्त-संचालक लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ अध्यक्ष होंगे। छत्तीसगढ़ शासन मंत्रालय के स्थापना अधिकारी सदस्य, प्रशिक्षण अधिकारी सदस्य, अध्यक्ष द्वारा नामांकित हिंदी-अंग्रेजी के दो शीघ्रलेखक सदस्य, उपसंचालक सहायक संचालक या अक्षीक्षक सदस्य सचिव होंगे। सहायक अधीक्षक, लोक शिक्षण संचालनालय सहायक सचिव होंगे। आयुक्त-संचालक लोक शिक्षण संचालनालय पदेन अध्यक्ष शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कंप्यूटर कौशल परीक्षा को अधिकार होगा कि परिषद की आमसभा में पारित निर्णय के अनुसार मूल्यांकन संबंधी नियम बना सकेगी। नियमों के संबंध में उत्पन्न आपत्तियों पर अध्यक्ष का निर्णय अंतिम होगा। शीघ्रलेखन ए?वं मुद्रलेखन कंप्यूटर कौशल परीक्षा परिषद के अध्यक्ष को परीक्षा के संबंध में नीतिगत निर्णय लेने का पूरा अधिकार होगा। परिषद के सचिव, समिति समय-समय पर परीक्षा के संचालन के संबंध में आवश्यकतानुसार परिवर्तन घोषित, परीक्षा परिणाम में न्यूनतम परिवर्तन कर सकेंगे एवं उसमें सुधार करने के भी अधिकार होंगे। बशर्ते ऐसे निर्देश परिषद के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए हों या अध्यक्ष द्वारा अनुमोदित हों.
  • मादा हिमालयन भालू के लिए नर हिमालयन भालू लाने की तैयारी, जू प्रबंधन से किया गया संपर्क

    07-Aug-2023

    रायपुर। जंगल सफारी में पिछले दो वर्षों से एकाकी जीवन व्यतीत कर रही मादा हिमालयन भालू के लिए नर हिमालयन भालू लाने की तैयारी चल रही है। भालू लाने सफारी प्रबंधन ने दार्जिलिंग स्थित पद्मजा नायडू हिमालयन जूलॉजिकल पार्क तथा नागालैंड, कोहिमा जू प्रबंधन से संपर्क किया है। गौरतलब है, जंगल सफारी में दो वर्ष पूर्व असम, गुवाहाटी स्थित जू से जंगल सफारी ने मादा हिमालयन भालू लाई गई थी। सफारी में मादा भालू लाने के बाद से सफारी प्रबंधन ने उसके लिए नर साथी की तलाश शुरू कर दी थी। दो वर्षों की तलाश के बाद सफारी प्रबंधन को देश के अलग-अलग राज्यों में हिमालयन भालू होने की जानकारी मिली। इसके बाद सफारी प्रबंधन ने उनके साथ पत्राचार किया, लेकिन उन्होंने हिमालयन भालू देने से इनकार कर दिया। नागालैंड स्थित कोहिमा जू में हिमालयन भालू होने की जानकारी मिलने के बाद वन अफसरों ने वहां के जू प्रबंधन से हिमालयन भालू देने की मांग की। कोहिमा जू प्रबंधन ने इसके बदले सफारी प्रबंधन से बाघ देने की मांग की। वन अफसरों के बीच वन्यजीवों की अदला-बदली होने की बात चल ही रही थी कि सफारी प्रबंधन को दार्जिलिंग स्थित जू में हिमालयन भालू होने की जानकारी मिली। तब सफारी प्रबंधन ने वहां के जू प्रबंधन से भी चर्चा की। सफारी प्रबंधन के मुताबिक दार्जिलिंग स्थित पद्मजा नायडू जू ने हिमालयन भालू के बदले में दो जोड़ी चौसिंघा देने की मांग की है। बताया जा रहा है, जंगल सफारी प्रबंधन हिमालयन नर भालू के बदले दो जोड़ी चौसिंघा देने को तैयार हो गया है। वन अफसरों ने हिमालयन भालू लाने सेंट्रल जू अथॉरिटी (सीजेडए) से अनुमति मांगी है। वहां से अनुमति मिलने के बाद हिमालयन भालू लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

    हिमालयन भालू लाने जंगल सफारी प्रबंधन तथा कोहिमा जू प्रबंधन के बीच सहमति बन जाती, लेकिन दूरी को देखते हुए सफारी प्रबंधन आसपास के राज्यों के जू में हिमालयन भालू तलाश कर रही थी। कोहिमा की दूरी रायपुर से ढाई हजार किलोमीटर है, जबकि दार्जलिंग की दूरी कोहिमा से साढ़े नौ सौ किलोमीटर कम 16 सौ किलोमीटर है। सफारी प्रबंधन इसके पूर्व 13 सौ किलोमीटर की दूरी तय कर मैसूर जू से वन्यजीवों को तीन से चार बार अदला-बदली कर चुका है। वन्यजीवों की अदला-बदली करने सीजेडए से अनुमति मिल भी जाती है, इसके बावजूद सफारी प्रबंधन वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद अक्टूबर-नवंबर में वन्यजीवों की अदला-बदली कर सकता है। राज्य में नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में मादा हिमालयन भालू के लिए साथी लाने का काम चुनाव के बाद ही संभव हो पाएगा।
Top