बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • इस साल होगा चक्रधर समारोह, आयेंगे बड़े कलाकार, तीन दिवसीय होगा कार्यक्रम, राजा के लिखे ग्रंथ

    05-Aug-2023

    रायगढ़ मुनादी। रायगढ़ के राजा चक्रधर सिंह के संगीत के प्रति अवदानों को याद करने वाला चक्रधर समारोह तीन साल के बाद इस साल फिर से आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय गणमान्य लोगों के साथ  जिला प्रशासन की हुए बैठक के बाद लिया गया। हालांकि इस बार यह समारोह तीन दिवसीय ही होगा।  जिला प्रशासन ने इस समारोह के आयोजन को लेकर आज शहर के गणमान्य लोगों की एक बैठक बुलाई थी जिसमें यह निर्णय लिया गया कि इस साल चक्रधर समारोह का आयोजन निगम ऑडोटोरियम में आयोजित की जायेगी और यह तीन दिनों का होगा। इस बात पर लगभग सभी लोग सहमत थे। जिला प्रशासन का कहना था कि चूंकि यह चुनावी वर्ष है और काम का बोझ भी ज्यादा है इसलिए यह सीमित दिनों के लिए ही आयोजित किया जा सकता है। 

    हालांकि राज परिवार के लोग इस बात पर अड़े थे कि यह आयोजन परंपरानुसार 10 दिनों का ही होना चाहिए। उनका यह भी कहना था कि यह पूरे वर्षों की भांति रामलीला मैदान में ही हो। इसपर खेल से संबंधित लोगों ने आपत्ति जताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद यह निर्णय हुआ कि समारोह का आयोजन नगर निगम ऑडोटेरियम में ही होगा।  इस बार चुनाव के कारण जिला प्रशासन का काम काफी बढ़ गया है। बदली व्यवस्था में अधिकारियों को मतदाता सूची प्रकाशन सहित तमाम जिम्मेदारियां दी जा रही है। अधिकारियों को लगातार ट्रेनिंग के लिए बुलाया जा रहा है। चुनाव संबंधित ड्यूटी में अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि  कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे में  अधिकारी ज्यादा समय इस समारोह के लिए नहीं दे पाएंगे। ऐसे में यह आयोजन तीन दिवसीय करने का निर्णय लिया गया है। 
     
    ग्रंथों की बात नहीं हुई
    राजा चक्रधर सिंह को हम उनके संगीत में दिए  गए योगदान के लिए याद करते हैं साथ ही उनके द्वारा लिखित ग्रंथों के लिए भी हम उन्हें जानते हैं। राजा चक्रधर सिंह ने ताल तोय निधि, राग रत्न मंजूषा, नृतस्य सर्वस्वम आदि बड़े ग्रंथों की भी रचना की है। ताल तोय निधि में जहां तबला वादन के सूत्र हैं वहीं नृत्य सर्वस्वम में कथक की बारीकियों को लिखा गया है। इन सभी ग्रंथों के बारे मेंं कहा जाता है कि यह राजमहल में सुरक्षित हैं लेकिन इसे बहुत कम लोगों ने देखा है। समय समय पर लोगों ने यह मांग की है कि इन धरोहरों को सार्वजनिक किया जाय और इन्हें शासकीय पुरातत्व संग्रहालय या ग्रंथालय में रखा जाय। एक बार तत्कालीन कलेक्टर मुकेश बंसल द्वारा भी यह पहल की गई थी लेकिन वे सफल नहीं हुए। इस बार भी लोग इन ग्रंथों को सार्वजनिक करने और सरकार से उन्हें धरोहर घोषित करने की मांग कर रहे हैं, हालांकि यह बात शनिवार को हुई बैठक में नहीं कही गई लेकिन बाहर आकर इस बारे में भी लोगों ने कहां।  अब जबकि चक्रधर समारोह का आयोजन तय हो गया है और इसे तय समय में किया जाना है तब जिला प्रशासन से यह अपेक्षा लाजिमी है कि वह इन ग्रंथों के बारे में भी अपना नजरिया साफ करे। इन ग्रंथों को जो रायगढ़ की थाती है उन्हें संभालने की जिम्मेदारी उठाए और इन्हें सार्वजनिक करवाने में अपनी भूमिका अदा करे।
  • कॉन्फ्लूएंस महाविद्यालय में वल्र्ड बायड वेब दिवस 1 अगस्त के उपलक्ष्य में सेमिनार का आयोजन संपन्न

    04-Aug-2023

     रायपुर। कॉन्फ्लूएंस कॉलेज हायर एजुकेशन के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा वल्र्ड वाइड वेब दिवस पर विद्यार्थियों के माध्यम से पी पी टी द्वारा सेमिनार कराया गया। जिसमें विद्यार्थियों के प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस सेमिनार के आयोजन कार्यक्रम प्रभारी सहायक प्रोफेसर युक्ता साहू के निर्देशन में कराया गया जिसमें निर्देशक ने बताया कि इसका आविष्कार कब हुआ और उसका महत्व क्या है, कहां उपयोग होता है  और इस से हमें क्या लाभ है।  महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर रचना पांडेय ने इस आयोजन के उपलक्ष में विद्यार्थियों के विभिन्न कौशलों के विकास को ध्यान रखते हुए कहा कि महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न विषयों के सेमिनार एवं प्रेजेंटेशन कराए जाते हैं ताकि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास बढ़ाया जा सके और भविष्य हेतु उन्हें अभीप्रेरित कर सकें।यह सेमिनार महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों के सहयोग से पूर्ण किया गया।

  • राहुल गांधी की सदस्यता बहाली व सजा पर रोक के उपलक्ष्य में कांग्रेसजनों ने की आतिशबाजी ,बांटी मिठाईयां...

    04-Aug-2023

     राहुल गांधी की सदस्यता बहाली का स्वागत

    रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस जनों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और युवा कांग्रेस के विधानसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के नेतृत्व में जयस्तंभ चौक में आतिशबाजी कर मिठाई बाटी । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करने के लिए जो षड्यंत्र रचा गया था उस षडयंत्र का पर्दाफाश हुआ है ,माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्णय से पूरे देश में हर्ष की लहर है राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में इंडिया की सरकार बनेगी विपक्ष की आवाज को दबाने का केंद्र सरकार और भाजपा का प्रयास असफल हुआ है । मोहम्मद सिद्दीक ने कहा कि राहुल जी की सदस्यता की बहाली से यह स्पष्ट हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा षड्यंत्र रचा गया था ,राहुल जी फिर से देश की संसद में देश की जनता की आवाज बनकर दहाड़ेंगे ।
    जयस्तंभ चौक में आतिशबाजी मिठाई वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से जागेश्वर राजपूत, नागेंद्र वोरा, मुकुंद कागदेलवार, राजेश यदु, शरद गुप्ता, महावीर देवांगन, राजेश पाठक, राजेश अग्रवाल, सुरेश बाफना, गोलू साहू ,सचिन गोलछा ,अनिल बजाज ,विनीता नशीने ,बबीता सेन, राजेश त्रिवेदी, सोमेश बघेल, जावेद दद्दा ,आनंद पंचाल ,नदीम खान, विजय बाफना, सोहेल शेख शेख आरिफ संजय चंद्राकर ,सत्यम चंद्राकर, सिकंदर, सागर वाकडे ,मोहम्मद शकील, आकाश रंगा ,मोहम्मद शफी ,करण राय ,पिंटू यादव, लोकेश राजपूत, अयान खान, भरत साहू, रवि यादव, सहित कांग्रेश जन उपस्थित थे ।
  • कलेक्टर बोले- मवेशी सडक़ पर मिले तो मालिक पर जुर्माना

    04-Aug-2023

    चीफ सेक्रेटरी ने प्रदेश में दिए निर्देश

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के आईएएस-आईपीएस अधिकारियों को आवारा गाय,बैल, सांड को पकड़वाने के काम पर लगा दिया गया है। प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने राज्यभर के अधिकारियों को इससे जुड़े निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में बकायदा मवेशी पकडऩे को लेकर खास मीटिंग बुलाई गई। बंद कमरे में तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने इसपर बात की। अपने आईडिया दिए सडक़ पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को कैसे पकड़ा जाए।
    इसके बाद मुख्य सचिव ने सभी जिलों से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं और कुछ टिप्स भी बताई गई है कि कैसे मवेशियों को पकड़ा जाए। मालिकों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। इस घड़ी में रायपुर में आवारा मवेशियों की धर पकड़ शुरू हो गई है। कलेक्टर सर्वेश्वर बुरे ने पुलिस और नगर निगम संबंधित अधिकारियों को बैठक में बुलाया और उसके बाद आवारा मवेशियों के मालिकों पर जुर्माने का फरमान जारी कर दिया।
     
    क्या है कलेक्टर के आदेश में
    मवेशी अगर सडक़ पर पाए गए तो पशुपालकों से 1 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। हाईवे पर आवारा पशुओं को हटाकर गौठानों में शिफ्ट करेगी प्रशासन की टीम। शहर से जुड़े नेशनल हाइवे पर कुछ जगहों को चिन्हित कर वहां नजर रखी जाएगी। आवारा पशुओं को पकडक़र निकटतम कांजी हाउस में भेजा जाएगा। रायपुर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत के सचिव को इस कार्य के लिए अधिकृत किया है। जिम्मेदार पाए जाने वालों पर पशु अतिचार अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे की बैठक में जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी अबिनाश मिश्रा, नगर निगम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
     
    इन जगहों पर मवेशी का होना खतरनाक
    कलेक्टर डॉ भुरे ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने कुछ सडक़ों को दुर्घटना के लिहाज से डेंजर जोन माना है जहां मवेशियों की वजह से हादसे होते हैं। जिसमें सेरीखेड़ी, संतोषी नगर, सिलतरा, सिंघनपुर, पारागांव-आरंग, चरौदा, उरला, फुंडहर, अभनपुर और टाटीबंध जैसी जगहें हैं। मवेशियों को हटाने पुलिस विभाग आवश्यक सहयोग करेगी। कलेक्टर ने आवारा पशुओं में निरंतर रेडियम लगाने तथा टैगिंग करने के निर्देश दिए।
     
    शहर में मवेशियों को लेकर विभाग का दावा
    बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि रेडिय़म बेल्ट और टैगिंग लगाने की कार्रवाई की जा रही है जिसमें रायपुर जिला प्रथम स्थान पर है। जिले में अब तक 1 हजार 769 आवारा पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाया गया है और 1 हजार 406 पशुओं में टैगिंग की गई है। साथ ही 8 हजार 687 पशुओं को गौ-शाला और गौठानों में शिफ्ट किए गए है।
     
    दो शिफ्ट में ड्यूटी छुट्टी के दिन भी पकडऩे होंगे जानवर
    सडक़ पर आवारा मवेशी पकडऩे में नगर निगम का अहम रोल होगा। रायपुर नगर निगम के आयुक्त मयंत चतुर्वेदी ने तो 2 पालियों में ड्यूटी लगाकर छुट्टी के दिन भी जानवर पकडऩे का काम करने कह दिया है। जोन कमिश्नर स्तर के अफसरों को निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम रायपुर के सभी 10 जोनों के जोन कमिश्नरों से कहा गया है कि सडक़ों पर आवारा पशुओं की निगरानी कर उन्हें पकड़ें। ये तय करें कि एक भी मवेशी सडक़ पर न हो।
     
     
    मुख्य सचिव ने कहा था कैमरे से निगरानी करें
    दरअसल पशुओं के कारण सडक़ों पर होने वाले दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हाईकोर्ट ने आदेश दे रखे हैं। इसी से जुड़ी एक बैठक मंत्रालय में हुई। बैठक मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में हुई थी। मुख्य सचिव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है। इसी बैठक में बैठक में सडक़ों पर पशुओं को छोडऩे वाले पशु मालिकों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करने और ऐसे पशु मालिकों पर जुर्माना लगाने की बात तय हुई। इस हाईलेवल मीटिंग में बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के विशेष सचिव डॉ. अयाज तम्बोली, संचालक पंचायत कार्तिकेय गोयल, संचालक नगरीय प्रशासन सारांश मित्तर सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण, पशुपालन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन, विधि एवं विधायी कार्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए थे।
     
    रायपुर में एक्शन शुरू
    रायपुर में काऊ कैचर वाहन के साथ नगर निगम ने आवारा मवेशियों को पकडऩा शुरू कर दिया है। दिनभर में 40 से अधिक आवारा पशुओं को पकड़ा गया। जोन 10 के वार्ड 54 के बोरियाखुर्द सिस्टर भवन के सामने 14 आवारा पशुओं, जोन 6 के संतोषी नगर से तरुण बाजार भाटागांव, आईएसबीटी, चांदनी चौक, सिद्धार्थ चौक, से 8 आवारा पशुओं को धरपकड़ के बाद गौकुल नगर गौठान में भेजा गया,जोन 4 के कैलाशपुरी ढाल वार्ड 64, बूढ़ापारा वार्ड 45, पेंशनबाड़ा वार्ड 57 से कुल 10 मवेशी पकड़े गए। जोन 9 के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सड्डू में सडक़ से 9,सडक़ों को आवारा पशुओं से मुक्त करने का अभियान सतत निरंतरता से जारी है।
  • छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से सभी बांधों में बढ़ा जलस्तर

    04-Aug-2023

    जल संसाधन विभाग ने जारी किया आंकड़ा

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से राज्य के 12 बड़े प्रमुख जलाशय में 78.51 और 34 मध्यम जलाशय में 77.86 प्रतिशत जल भराव हो चुका है। इस तरह राज्य के बड़े और मध्यम जलाशयों में कुल 6360.23 मिलीयन क्यूबिक मीटर के विरुद्ध 4986.93 मिलीयन क्यूबिक मीटर जल भराव हो चुका है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बड़े जलाशयों में शामिल मुंगेली जिले के मनियारी जलाशय में शत प्रतिशत जल भराव हो चुका है। इसी तरह कोरबा जिले के मिनीमाता-बांगो, बालोद के तांदुला, कांकेर के दुधावा, बिलासपुर के खारंग और गरियाबंद के सिकासेर में 80 प्रतिशत से अधिक का जलभराव हो चुका है। धमतरी के रविशंकर जलाशय (गंगरेल) में 75.20 प्रतिशत जल भराव हो चुका है। कैचमेंट एरिया से लगातार पानी की आवक होने के कारण कुछ बांधों से पानी भी छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मध्यम जलाशय में शामिल बालोद के खरखरा, कबीरधाम के छिरपानी, राजनांदगांव के पिपरिया नाला, दुर्ग के खपरी जलाशय में शत प्रतिशत जल भराव हो चुका है। इसी तरह बालोद के गोंदली, कबीरधाम के सुतियापाट और कर्रानाला, राजनांदगांव के मटियामोती और धारा, कोरिया के झुमका तथा सरगुजा के बरनई जलाशय में 90 प्रतिशत से अधिक का जलभराव हो चुका है। इसके अलावा राजनांदगांव के रुसे और घुमरिया, रायपुर के पेंड्रावन, सरगुजा के कुंवरपुर, कबीरधाम के सरोदा, बलौदाबाजार के बलार और रायगढ़ के केदार में 75 प्रतिशत से अधिक का जलभराव हो चुका है।
     
  • नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी, विभागों में कामकाज हुआ प्रभावित

    04-Aug-2023

    कबीरधाम। प्रदेशभर के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए दैनिक वेतनभोगी संघ के लोग समय-समय पर प्रदर्शन भी कर रहे हैं लेकिन फिर भी उनकी मांगे पूरी नहीं हुई है। जिसको लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर कर्मचारी 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कबीरधाम जिले में भी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के हड़ताल से विभागों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।

    नियमितीकरण की मांग को लेकर जिले के अलग-अलग 22 विभागों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये है। जिससे विभागों में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। कवर्धा के राजीव गांधी पार्क में जिले भर के सभी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी रोजाना जुट रहे है और अपने अधिकारों के लिए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे है। आंदोलनरत कर्मचारियों की माने तो चुनाव पूर्व वर्तमान सरकार ने उन्हें नियमित करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब फिर चुनाव आ गया लेकिन आज उनके नियमितीकरण की ओर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। पूर्व में भी आंदोलन किया गया। जिसपर सिर्फ आश्वासनही मिला था लेकिन इस बार सभी दैनिकवेतनभोगी कर्मचारी आरपार की लड़ाई के मुड में है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक अपना काम बंद रखेंगे।
  • विपक्ष का हल्ला बोल, महापौर के खिलाफ भाजपा पार्षद निकालेंगे पोल खोल यात्रा

    04-Aug-2023

    रायपुर। नगर पालिका निगम रायपुर की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने प्रेसवार्ता लेकर महापौर के कामों की अनुपलब्धि गिनवाई। साथ ही उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से भाजपा महापौर की पोल खोल यात्रा की शुरुआत करेगी। इस अभियान में भाजपा के सभी पार्षद शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे के साथ पार्षद प्रमोद साहू, मृत्युंजय दुबे, अमर बंसल ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की, जिसमें महापौर ऐजाज ढेबर के कामों की अनुपलब्धियां गिनाई और बताया कि इसको लेकर भाजपा के सभी पार्षद 5 अगस्त से पोल खोल अभियान शुरू करेंगे। इस अभियान के तहत वे महापौर ढेबर के कामों की पोल खोलेंगे। शनिवार को 11 बजे जय स्तंभ चौक से इस अभियान की यात्रा की शुरुआत होगी। जो 10 तारीख तक जारी रहेगी। मीनल चौबे ने कहा कि 3 साल में महापौर ने कोई भी काम नहीं किया है। शहर में कोई भी स्थान विनाश से अछूता नहीं है। केंद्र सरकार करोड़ों रुपये नगर निगम को दे रही है। उसका कोई भी काम नहीं हो रहा है। महापौर ने पूरे शहर को खोदापुर में तब्दील कर दिया है।

  • जूनियर डॉक्टरो से बृजमोहन अग्रवाल ने की मुलाकात, आंदोलन का समर्थन किया

    04-Aug-2023

    रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर हॉस्पिटल मेकाहारा में आंदोलनरत जूनियर डॉक्टरों से मुलाकात की व उनके आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री पर तीखे हमले किए। श्री अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल जी आपने साढ़े 4 सालों में लाखों लोगों को जीवन देने वाले लगभग 5,000 जूनियर डॉक्टरों के लिए कुछ नहीं किया। उन्हें आश्वासन देते, वादा करते रहे, धोखा देते रहें। श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ने हर पल जूनियर डाक्टरों को आश्वासन देकर उनके साथ विश्वासघात किया है, जूनियर डॉक्टरों के साथ छल किया है। पिछली बार भी जूनियर डॉक्टर के हड़ताल तुड़वाने मंत्री व मुख्यमंत्री ने झूठा आश्वासन दिया था। आज तक एक भी मांग पूरी नहीं हुई।

    साढ़े 4 साल में इंटर्न डॉक्टर, सामान्य क्षेत्र में पदस्थ पोस्ट एमबीबीएस बॉन्डेड डॉक्टर, अनुसूची एवं दुर्गम क्षेत्र में पदस्थ पोस्ट एमबीबीएस बॉन्डेड डॉक्टर, पीजी प्रथम वर्ष के छात्र, पीजी द्वितीय वर्ष के छात्र, पीजी तृतीय वर्ष के छात्र, पोस्ट पीजी बॉन्डेड डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट डाक्टर के मानदेय बढ़ाने कोई काम नहीं किया है। सिर्फ डॉक्टरों के साथ वादाखिलाफी की है। श्री अग्रवाल ने आज आंदोलन स्थल पर जाकर जूनियर डॉक्टर से मुलाकात की उनके द्वारा चलाए जा रहे रहे ओ.पी.डी. का निरीक्षण किया व उनके सभी मांगों के लिए अपनी व अपनी पार्टी की तरफ से समर्थन दिया। साथ ही कहा कि चुनाव के बाद सरकार में आते ही जिस तरह पहले इन छात्रों के मांगों को पूरा किया गया था आगे भी उनकी सभी मांगे पूरी की जाएगी।
  • भाजयुमो सुपेला मंडल की नई कार्यकारिणी का ऐलान

    04-Aug-2023

    भिलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा सुपेला मंडल की नई कार्यकारिणी कि घोषणा हुई है। जिला अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया कि मार्गदर्शन, सहमति व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा व भाजपा सुपेला मण्डल अध्यक्ष रूपराम साहू कि अनुशंसा में युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष मनीष पिपरोल ने युवा मोर्चा सुपेला मण्डल कि नवीन कार्यकारिणी का एलान हुआ है।

  • बीजेपी कार्यकर्ता कलेक्टोरेट का किया घेराव

    04-Aug-2023

    गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में बीजेपी ने शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश में किसानों को नकली खाद और मिट्टी मिली हुई वर्मी कम्पोस्ट देने और बिजली कटौती के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आमसभा भी की। धरना-प्रदर्शन गौरेला के तहसील चौक पर हुआ। आमसभा के बाद बीजेपी कार्यकर्ता कलेक्टोरेट घेरने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प भी हुई।

    इस धरना-प्रदर्शन में मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले, जिला भाजपा प्रभारी डॉ जयप्रकाश शर्मा सहित बीजेपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। विधायक पुन्नू लाल मोहले ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के किसानों के साथ धोखा किया है। उन्हें नकली खाद, मिट्टी, मुरुम मिला हुआ वर्मी कम्पोस्ट दिया जा रहा है। साथ ही लगातार बिजली कटौती भी की जा रही है, जिससे लोग परेशान हैं। इसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने जिले में विशाल आमसभा और कलेक्ट्रेट घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया है।
  • आईएएस रानू साहू को राज्य सरकार ने किया निलंबित

    04-Aug-2023

    रायपुर। कोल लेवी घोटाला केस में गिरफ्तार आईएएस रानू साहू को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है. राज्य सरकार ने 22 जुलाई को निलंबन आदेश जारी किया है. बता दें कि ईडी ने छत्तीसगढ़ में 540 करोड़ रुपए के कोयला घोटाले का पर्दाफाश किया है. मामले में ईडी ने कई कारोबारियों और नौकरशाहों पर भी शिकंजा कसा है. श्वष्ठ ने मामले में आईएएस रानू साहू को भी गिरफ्तार किया है. बताया गया कि कोयले से जुड़ी लेवी का सारा कारोबार कोरबा से संचालित हो रहा था, जब रानू साहू कोरबा कलेक्टर थीं. इस दौरान मामले में आरोपियों से कमीशन में मिली राशि से आईएएस रानू साहू द्वारा खरीदी गई 5.52 करोड़ रुपए की संपत्ति को अटैच किया है. रानू साहू साल 2010 बैच की छत्तीसगढ़ कैडर की आईएएस अफसर हैं. बतौर कोरबा कलेक्टर उनका एक साल का कार्यकाल सबसे ज्यादा विवादित रहा. इस दौरान स्थानीय विधायक और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. इसके बाद उनका ट्रांसफर रायगढ़ किया गया था. रानू साहू के घर पर ईडी की पहले छापेमारी रायगढ़ कलेक्टर रहते की गई थी. ईडी ने रानू साहू के रायपुर निवास पर दोबारा छापा 21 जुलाई को मारा था, जिसके बाद पूछताछ के लिए बुलाने के बाद गिरफ्तार किया था. उस दौरान वे मंत्रालय में पदस्थ थीं। 

  • स्पोर्ट अधिकारी के मकान से लाखों की चोरी, शातिर चोर गिरोह के सदस्य गिरफ्तार

    04-Aug-2023

    बिलासपुर। स्पोर्ट अधिकारी सहित तीन घरों में नगदी, सोनी-चांदी सहित 14 लाख की चोरी करने वाले पांच आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। पांचों आरोपियों ने चोरी के आभूषणों को एक्सिस बैंक में गिरवी रख गोल्ड लोन लिए थे। बैंक से मिले पैसों से आरोपी अय्यासी कर रहे थे। पांचों आरोपी मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले है। तीनों चोरी की घटना बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक,पीडि़त डॉ. सुरेश सिंह पवार निवास अल्का एवेन्यू मकान नंबर सी 22 जो शासकीय बिलासा कन्या महाविद्यालय बिलासपुर में क्रीडा अधिकारी के पद पर पदस्थ है। अधिकारी ने अपनी शिकायत में बताया कि 29 जुलाई को शाम करीब 5 बजे अपने परिवार सहित घर में ताला बंद कर रायपुर गये थे। 31 जुलाई की सुबह 10.30 बजे घर पहुंचे और देखे कि घर के मेन गेट का दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर देखने पर बेडरूम का सामान सब बिखरा हुआ पडा था। आलमारी का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने चांदी के जेवरात, नगदी रकम 50 हजार रूपये गायब थे। इसी तरह घटना वाली रात तीन घरों के ताले एक के बाद एक टूटे हुए थे। एक ही रात में 3 सुने मकानों में चोरी की घटना को गंभीरता से देखते हुये स्क्क संतोष कुमार सिंह एक टीम गठित कर चोरी को पकडऩे के निर्देश दिए।

    पुलिस टीम द्वारा लगातार घटना स्थल एवं आस-पास सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। घटना स्थल से मिले फुटेज में 4 आरोपी का चोरी करते दिखे। फुटेज के आधार पर मनेन्द्रगढ़ जिले के आरक्षक प्रमोद यादव ने शातिर चोर सोनू साहू, लक्की शर्मा, शिवम मानिकपुरी एवं अजय केंवट के रूप में पहचान की। सभी चोरों को कोतमा के एक लॉज में पार्टी करने की सूचना दी। थाना सिविल लाईन, एसीसीयू की संयुक्त टीम तैयार कर तत्काल कोतमा रवाना किया गया और लॉज में पार्टी कर रहे सोनू साहू, लक्की शर्मा, अजय केंवट को पकड़ा गया। लॉज में ही उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी मिले। सभी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ पर आरोपियों ने घटना करने की बात कबूल की। सोनू साहू और लक्की शर्मा का बिलासपुर में पूर्व अपराध में पेशी होने से आरोपी सोनू साहू द्वारा अपने अन्य साथियों को साथ लेकर पेशी में जाने एवं बिलासपुर क्षेत्र में ही चोरी की योजना बनाकर निकले थे। योजना के मुताबिक 31 जुलाई को पेशी के बाद उसलापुर अल्का एवेन्यु जाकर रेकी किये और प्लॉन तैयार कर चारो आरोपी रात को तीन सूने मकानों का ताला तोडकर चोरी की। चोरी के सोने के आभूषणो को एक्सिस बैंक से गोल्ड लोन लेना तथा अपने दो अन्य साथियों मनीष कोल एवं विनोद यादव के नाम पर एक्सिस बैंक से गोल्ड लोन लेना बताये। इसके बाद कुछ रूपये को आपस में बांट लिए। एक्सिस बेैंक से चोरी किये गये सोने के आभूषणों को जब्त किया गया। सभी आरोपियों से नगदी रकम 7 हजार रूपए व एक नग एलईडीटीवी, 2 नग मोटर सायकल बरामद कर जब्त किया गया। आरोपीयो द्वारा यह भी बताया गया कि आरोपीयों ने पुर्व में मध्य प्रदेश के कटनी, शहडोल, अमलई थानो में भी चोरी की घटना को अंजाम दे चुके है। थाना कटनी में अपराध 2023 धारा 457, 380, 34 भा.द.वि. थाना सोहागपुर शहडोल में अपराध 317/2023 धारा 457, 380, 34 भादवि. पंजीबद्ध है। प्रकरण के आरोपी सोनू साहू के विरूद्ध थाना कोतमा बिजुरी मनेन्द्रगण एवं आर.पी.एफ. में चोरी के 15 अपराध तथा लक्की उर्फ सोनू शर्मा के विरूद्ध थाना मनेन्द्रगण, बिजुरी, कोतमा में चोरी के 12 अपराध पंजीबद्ध है, आरोपी सोनू साहू एवं लक्की शर्मा दोनो आरोपी वर्ष 2019 में थाना सिविल लाईन के अपराध 106/19 धारा 457, 380 भा.द.वि. तथा बिलासपुर जिले के अन्य 07 चोरी के मामले में चालान हो चुके है। सभी आरोपीयो को धारा 457, 380, 34 भा.द.वि. के आरोप में गिरफ्तार किया गया है आरोपीयो को न्यायालय पेश किया जायेगा।
  • रायपुर में अवैध शराब लेकर घूमते तस्कर गिरफ्तार

    04-Aug-2023

    रायुपर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा शासन के मंशानुसार समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट को अन्य राज्यों से आने वाले शराब की तस्करी रोकने के साथ ही अवैध रूप से शराब की खरीदी-बिक्री करने वाले लोगों के संबंध में पतासाजी कर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। जिसके तारतम्य में रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं प्रभारी ए.सी.सी.यू. सहित थाना प्रभारियों द्वारा इस संबंध में सूचना संकलन कर मुखबीर लगाने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी जानकारी एकत्रित किए जा रहे है। 

    इसी क्रम में दिनांक 04.08.2023 को थाना खमतराई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति प्रगति चौक रावांभाठा खमतराई में अपने घर पर अवैध रूप से शराब बेच रहे है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में थाना खमतराई पुलिस की टीम द्वारा मुखबीर द्वारा बताए जगह दबिश देकर आरोपी घनश्याम वर्मा पिता स्वर्गीय मनराखन वर्मा के घर में टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखे सफेद रंग के बोरी की तलाशी लेने पर बोरी में 30 पौव्वा अंग्रेजी शराब जम्मू रखा होना पाया गया। शराब रखने के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर आरोपी घनश्याम वर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध रूप से रखे कुल 5.400बल्क लीटर अंग्रेजी शराब जम्मू कीमती 3600/- रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 654/23 धारा 34(2) आबकारी एक्ट आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। 
  • भारी बारिश की वजह से कई गांव का सड़क संपर्क टूटा, मौसम विभाग ने कही ये बात….

    04-Aug-2023

    रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों लगातार बारिश हो रही है. बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. लगातार बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई है. मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से लगातार बारिश का प्रभाव थोड़ा कम होना शुरू होगा. प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरबा जिले में सर्वाधिक वर्षा 110.4 mm दर्ज की गई है और बिलासपुर में 95.7 mm बारिश दर्ज की गई है.

     
    मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक अवदाब उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में स्थित है. यह 17 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, मेरठ, बालासोर और उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है.
     
    बेमेतरा जिले में पिछले 48 घंटे से रुक रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. तो वहीं कुछ सड़कों पर पानी ऊपर आ गया है. जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियां हो रही है. भारी बारिश के चलते जलजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं दूसरी ओर बारिश का पानी अब सरकारी दफ्तर में भी भर गया है. हाफ नदी, सुरही नदी ,फोक नदी और शिवनाथ नदी उफान पर है. वहीं शिवनाथ नदी से लगे गांव में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा बारिश की वजह से मजगांव, लालपुर, सुड़तला गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है.
  • वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी छत्तीसगढ़ पुलिस में बनेंगी एएसआई

    03-Aug-2023

    देश में नंबर वन रैंकिग पर रहीं,मीराबाई चानू को दे चुकी हैं टक्कर

    रायपुर। राजनांदगांव जिले में रहने वाली ज्ञानेश्वरी को सरकार ने पुलिस विभाग में नौकरी दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ज्ञानेश्वरी से वादा किया था कि सरकार उनकी उपलब्धियों को देखते हुए पुलिस विभाग में एएसआई पद पर नियुक्ति दी जाएगी। जिसके बाद पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर ने ज्ञानेश्वरी की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है। जिसे लेकर सीएमओ दफ्तर की ओर से ट्वीट किया गया है कि ज्ञानेश्वरी नहीं एएसआई ज्ञानेश्वरी कहिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ की लाडली बिटिया वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में एएसआई नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। ज्ञानेश्वरी ने ग्रीस में आयोजित आईडब्ल्यूएफ जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में तीन रजत पदक जीता चुकी हैं।
     
    देश में नंबर वन की रैंकिंग तक पहुंच चुकी है ज्ञानेश्वरी
    साल 2022 में हुई वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग 49 किलोग्राम में गोल्ड मेडल जीतकर ज्ञानेश्वरी देश की नंबर वन वेटलिफ्टर का खिताब अपने नाम किया था। इसी प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी ने देश की नंबर वन वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से मुकाबला किया था और सीनियर वर्ग में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया था। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में ज्ञानेश्वरी यादव ने 164 किलोग्राम वजन उठाकर अपने पुराने रिकॉर्ड को ब्रेक करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। ज्ञानेश्वरी ने ग्रीस के हेराक्लिओन शहर में आयोजित जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप की 49 किलो वर्ग के स्नेच, क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में 156 किलोग्राम वजन उठाया था। उन्होंने तीन सिल्वर मेडल जीते और ये कीर्तिमान हासिल करने वाली वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला वेटलिफ्टर बनी।
     
    सीएम भूपेश बघेल ने की नौकरी की घोषणा
    खेलो इंडिया गेम्स के लिए रवाना होने से पहले ज्ञानेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। उसी दौरान मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी की उपलब्धियों की सराहना की थी और छत्तीसगढ़ पुलिस में एएसआई के पद पर नौकरी देने का वादा भी किया था। इसके अलावा उन्होंने खेल की तैयारी के लिए ज्ञानेश्वरी को पांच लाख रुपये की सहायता भी दी थी। इतना ही नहीं ज्ञानेश्वरी के कोच को भी पांच लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया गया था।
     
  • बीजेपी ने लांच की चुनावी घोषणापत्र से जुड़ी सुझाव पेटी

    03-Aug-2023

    90 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी पेटी, वॉट्सएप पर भी लोग बताएंगे सरकार से क्या चाहिए

    रायपुर। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र से जुड़ी सुझाव पेटियां लांच की गई। सुझाव पेटियों को छत्तीसगढ़ के हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचाई जाएंगी। इसमें आम लोग घोषणापत्र से जुड़े सुझाव इसमें दे पाएंगे। भाजपा ने इसी के साथ ही एक व्हाट्सएप नंबर भी लॉन्च किया है जिसमें लोग अपने सुझाव सीधे बीजेपी को भेज पाएंगे।
    छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग जिलों से आए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने यह सुझाव पेटियां सौंपी अब यह पेटियां अलग-अलग क्षेत्रों में जाएंगी। घोषणा पत्र लांच करने के कार्यक्रम में बनाए गए मंच के मुख्य पोस्टर पर छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर भी दिखाई दी।
     
    घोषणा पत्र समिति के प्रमुख विजय बघेल बोले
    घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल ने कहा कि हर वर्ग नाराज रहा। 5 सालों तक धरना स्थल पर उन्होंने वक्त बिताया अपनी मांग रखी, चाहे कर्मचारी आंगनबाड़ी हो, न्यायालय से लेकर मंत्रालय तक के अधिकारी कर्मचारी हर वर्ग लगातार हड़ताल में रहे, उससे मुक्ति दिलाने का काम भाजपा करेगी। इस विश्वास के साथ हम घोषणापत्र बना रहे हैं। हमारे किसान भाई, भुइंया के भगवान किसान को कहा जाता है। विजय बघेल ने कहा, किसान हमारे भगवान हैं। आज वर्तमान में केंद्र सरकार के माध्यम से कई प्रकार की योजना किसान के लिए चल रही हैं। जोकि राज्य सरकार नहीं दे रही हैं। उससे 4 गुना ज्यादा केंद्र सरकार के माध्यम से लाभ मिल रहा है। यह सच्चाई हमें उन्हें बताने की जरूरत है। जन-जन तक हमें जाना है घर-घर तक जाना है। हर किसान भाई के साथ बैठना है। उसके सुख और दुख पूछ कर उसे यह बातें बतानी है।
     
    ओम माथुर ने ये कहा.
    मैं छत्तीसगढ़ में घूमा हूं। ये मेरा नवा प्रांत है। लेकिन जिस प्रकार की छत्तीसगढ़ की रचना है। इसे धान का कटोरा हम कहते हैं। इसे ठीक हाथों में देना हैं। ये हिंदुस्तान के सभी राज्यों में प्रमुख राज्य हैं। घोषणा पत्र में हर छत्तीसगढिय़ा की बात आनी चाहिए। मैं चाहूंगा कि हर कार्यकर्ता के आम जनता इसमें अपना योगदान दें।
     
    भाजपा सरकार जनता के मन के अनुरूप काम करेगी
    भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, आपके सपने के अनुसार छत्तीसगढ़ का निर्माण हो सके इसलिए मैं छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता से आह्वान करता हूं कि हमारे सुझाव पेटी, वॉट्सऐप और ईमेल के जरिए अपने मन की बात बताइए। हमारी सरकार जब बनेगी। तो आपके सुझाव के हिसाब से काम करेगी, उसी हिसाब से योजना बनाकर हम छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
     
    चारों तरफ मन की बात
    गुरुवार को भाजपा कार्यालय में चारों तरफ मन की बात लिखा पोस्टर दिखाई दिया। जिसमें प्रदेश भाजपा के बड़े नेता जिनमें प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह डॉ रमन सिंह नेता प्रतिपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे थे। घोषणा पत्र में भारतीय जनता पार्टी जनता के मन की बात शामिल करना अपना उद्देश्य बता रही है।
    ऐसी है भाजपा की सुझाव पेटी
    भारतीय जनता पार्टी ने इस सुझाव पेटी को छत्तीसगढिय़ा थीम पर बनाया है। इसमें आदिवासी संस्कृति की पेंटिंग है। छत्तीसगढ़ की मन की बात लिखा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर है। छत्तीसगढ़ का नक्शा और प्रदेश के प्रमुख पर्यटन धार्मिक स्थलों की तस्वीर लगाई गई है। 2018 के चुनाव में कांग्रेस की जीत के पीछे घोषणा पत्र की अहम भूमिका थी। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र निर्माण को भी एक अभियान के तौर पर पूरे प्रदेश में ले जाने की तैयारी कर रखी है। असल में स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच माहौल बनाने की यह बड़ी कोशिश है जनता से सुझाव के साथ साथ भाजपा अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश की है। बीजेपी ने तय किया है कि, हर विधानसभा के चौक चौराहों पर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। वहां लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे। इसके अलावा टपरी, हाट बाजार में भी समिति कार्यक्रम करेगी। भाजपा यह बताना चाहती है कि वे कॉमन मैन का घोषणा पत्र तैयार कर रही है।
  • करोड़ों की लागत से तैयार रेलवे अंडर ब्रिज लोगों के लिए बना सिर दर्द, क्षेत्रवासियों में आक्रोश

    03-Aug-2023

    बिलासपुर। करोड़ों की लागत से चुचुहियापारा से शंकर नगर की ओर जाने वाले रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए गए अंडर ब्रिज का बुरा हाल है। दरअसल यहां पानी निकासी के लिए जगह नहीं होने के चलते यहां हल्की सी बारिश में अंडर ब्रिज में घुटने तक का पानी भर जाता है। इसी तरह लगातार 48 घंटे से हो रही बारिश के चलते यहां के अंडर ब्रिज में घुटने तक का पानी भर गया अंडर ब्रिज में जलभराव की स्थिति निर्मित होने के चलते 2 दिनों से यातायात करने वाले राहगीरों का बुरा हाल है। जबकि रेल अफसरों को अच्छे से जानकारी है कि इस अंडर ब्रिज के माध्यम से साइकिल सवार बाइक सवार से लेकर 4 पहिया वाहन सवारों तक का आवागमन होता है। कुल मिलाकर लाइन उस पार क्षेत्र को जोड़ने वाला यही एकमात्र अंडर ब्रिज है। जहां से सिरगिट्टी धूमा सिलपहरी सूचिया पारा गणेश नगर अन्नपूर्णा कॉलोनी नयापारा सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मियों व स्कूली बच्चों का आवागमन होता है।

    जब से यहां पानी भरा है यातायात बाधित हो ही रहा है, साथ ही जो अपने रिस्क में जलमग्न अंडर ब्रिज से यातायात कर रहे हैं, वह हादसे का भी शिकार हो रहे हैं। इसको लेकर रेलवे के प्रति क्षेत्रवासियों में जमकर आक्रोश बना हुआ है। हमारे कैमरे में कैद इस तस्वीर को आप खुद देख सकते हैं कि जिस पम्प को पानी निकासी के लिए रेलवे के गैर जिम्मेदार अफसरों ने देकर रेलकर्मियों को भेजा है वे देर दोपहर तक शुरू नही हो सकी। हालांकि इसके बावजूद कर्मचारी जद्दोजहद करके इसे जैसे तैसे शुरू करने का प्रयास कर रहे है।
  • छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एम्स में भर्ती

    03-Aug-2023

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया है।इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। रमन सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हूँ, आज रूटीन चेकअप के लिए AIIMSजाना हुआ जहाँ चिकित्सकों के परामर्श से एहतियात के तौर पर भर्ती हुआ हूँ। फि़लहाल स्वास्थ्य ठीक है, मानसून के बीच आप सब भी बारिश में पूरी एहतियात बरतें और स्वस्थ रहें।

  • वृक्षारोपण से प्रकृति का संतुलन बना रहता है_ संजय अग्रवाल

    03-Aug-2023

    राजनांदगांव। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई कॉन्फ्लुएंस कॉलेज राजनांदगांव द्वारा मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम एवं नियमित गतिविधि के अंतर्गत प्रकृति में संतुलन बनाए रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पेड़ पौधे लगाना प्रारंभ किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो.विजय मानिकपुरी ने बताया कि वृक्षारोपण से तात्पर्य वृक्षों के विकास के लिए पौधों को लगाना और हरियाली को फैलाना है पेड़ जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे जीवन यापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और आसपास भी प्रोत्साहित करें इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी,प्राध्यापक और महाविद्यालय के डायरेक्टर ने एक पौधा रोपण करना प्रारंभ किया है जिसकी शुरुआत संजय अग्रवाल एवं डॉ.मनीष जैन डायरेक्टर द्वारा जन्म उत्सव पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में एक वृक्ष रोपित करके किया गयाद्य संकल्प भी लिया गया इस प्रकार सैकड़ों पौधे रोकने का अभियान प्रारंभ है। प्राचार्य डॉ.रचना पांडे ने बताया कि हमारे विद्यार्थियों ने अपने घर एवं आसपास पेड़ लगाने अभियान का प्रारंभ मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत किया गया है जिससे मानव जाति को कई लाभ होगाद्यपेड़ पक्षियों के साथ-साथ कई जानवरों के लिए भी आवास के रूप में सहायता करेगा पर्यावरण में जैव विविधता को बनाए रखने के लिए यह महत्वपूर्ण है पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए ही यह अभियान चलाया जा रहा है। 

    महाविद्यालय के डायरेक्टर संजय अग्रवाल एवं डॉ मनीष जैन ने कहा पर्यावरण को बेहतर बनाने में वृक्ष मदद करते हैं यह हवा शुद्ध करते हैं, पानी को संरक्षित करते हैं,जलवायु नियंत्रण में मदद करते हैं, मिट्टी की शक्ति को बरकरार रखते हैं और अन्य तरीकों से समग्र पर्यावरण को लाभ पहुंचाते हैं एक वृक्ष अनेक लाभ प्रदान करता है और यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा संचालित इस अभियान के हम हिस्सेदार बन रहे हैं और वृक्षारोपण करके प्रकृति पूजन में सहभागिता निभा रहे हैं,यह प्रयास वातावरण के लिए बेहद सुखद होगा एक वृक्ष मेरा घर अभियान के अंतर्गत बीएड के विद्यार्थी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक की उपस्थिति में प्रारंभ किया गया। 
  • रायपुर में बाइक चोर गिरफ्तार

    03-Aug-2023

    रायपुर। प्रार्थी सतीश चंद्राकर ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह रामेश्वर नगर भनपुरी में रहता है तथा प्राईवेट नौकरी करता है। प्रार्थी दिनांक 26.07.2023 को अपनी मोटर सायकल क्रमांक सीजी/04/एमटी/2173 से शाम 05.00 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शराब खरीदने गया था। प्रार्थी अपने मोटर सायकल को शराब दुकान के सामने खड़ी कर शराब लेने चला गया था, लगभग 15 मिनट बाद जब वापस आया तो देखा की उसकी मोटर सायकल खड़े किये हुए स्थान पर नही था। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी की दोपहिया वाहन को चोरी कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 649/23 धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में थाना खमतराई पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल तथा उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ-साथ प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु मुखबीर भी लगाये गये। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त अज्ञात आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा खरोरा निवासी पुरूषोत्तम विश्वकर्मा की पतासाजी कर पकड़ा गया। पुरूषोत्तम विश्वकर्मा को पकडक़र घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त दोपहिया वाहन चोरी की घटना को अंजाम देना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी पुरूषोत्तम विश्वकर्मा से दोपहिया वाहन चोरी की अन्य घटनओं के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा नया बस स्टैण्ड बलौदाबजार तथा थाना मंदिर हसौद क्षेत्र से अन्य 02 नग दोपहिया वाहन चोरी करना बताया गया। जिस पर आरोपी पुरूषोत्तम विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कब्जे से कुल 03 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 1,80,000/- रूपये जप्त किया गया है। आरोपी से जप्त अन्य 02 नग दोपहिया वाहनों में आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में पृथक से धारा 41(1+4)जा.फौ./धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है, चोरी की उक्त दोनों वाहनों में आरोपी के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद रायपुर एवं थाना कोतवाली बलौदाबाजार में धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध है।

Top