बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • बाइक सवार 3 दोस्त खाई में गिरे, एक की मौत

    11-Jun-2025

    धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी के गंगरेल बांध से जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे तीन दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए। एक ही बाइक पर सवार दो युवक और एक युवती घर लौटते समय खाई में गिर पड़े, जिससे सभी घायल हो गए। घायलों में युवती समेत दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम महादेव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम बारकोन्हा, पंडरीपानी और कोर्रा से करीब नौ दोस्त गंगरेल बांध में बर्थडे पार्टी मनाने आए थे। सभी अलग-अलग तीन बाइकों पर सवार थे। वापसी के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिस पर जन्मजय नेताम, मनेश्वर मरकाम और चूमन सिन्हा सवार थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के राहगीरों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला और रक्तदान एम्बुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों का इलाज जारी है। जिला अस्पताल के डॉक्टर मेहताब अहमद के अनुसार, दो युवक और एक युवती को गंभीर चोटें आई हैं। दो घायलों के सर में गहरी चोट के कारण उन्हें रेफर किया जा सकता है। बाकी दोस्त जो दूसरी बाइक पर सवार थे, वे सुरक्षित हैं। घायल जन्मजय नेताम के जन्मदिन की पार्टी मनाने बारकोन्हा, पंडरीपानी और कोर्रा गांव से दोस्त गंगरेल बांध आए थे। हादसे की खबर से सभी दोस्त सदमे में हैं।

  • नवा रायपुर में हाईवा वाहन लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

    11-Jun-2025

    रायपुर। राजधानी के राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवा रायपुर में एक सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सेक्टर-24 स्थित सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास 9 जून 2025 की रात लगभग 2:30 बजे हुई थी, जब हाईवा वाहन में सवार ड्राइवर व उसके साथियों से लूटपाट की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए तीन पर्स, 600 रुपए नकद, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (CG 04 PF 5907) बरामद कर लिया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।  
     घटना का विवरण प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मुकेश साहू, ग्राम बेंद्री स्थित सिल्के कंपनी में हाईवा वाहन चालक है। घटना वाले दिन वह मंदिर हसौद से पत्थर लोड कर कंपनी के क्रशर प्लांट की ओर जा रहा था। हाईवा वाहन में उसके साथ हेल्पर विष्णु प्रजापति और अन्य दो साथी अभिषेक यादव तथा कृष्णा कुमार यादव भी सवार थे। जब वाहन सेक्टर 24 के पास पहुंचा, तो एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने हाईवा के सामने आकर रास्ता रोक दिया। स्कॉर्पियो से पांच युवक बाहर निकले और हाईवा का शीशा लोहे की रॉड से तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने वाहन का दरवाजा खोलकर ड्राइवर और अन्य यात्रियों पर हमला किया। आरोपियों ने चाकू की नोंक पर डराकर उनसे तीन पर्स, नकद रुपए और दो मोबाइल फोन लूट लिए और उनके साथ मारपीट की, जिससे सभी घायल हो गए।
     त्वरित पुलिस कार्रवाई पीड़ित मुकेश साहू द्वारा राखी थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 91/25 अंतर्गत धारा 126, 324, 309(4), 310(2) बी.एन.एस. तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके एवं थाना प्रभारी  
    अजीत राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच कर संदिग्ध वाहन की पहचान की। गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान कड़ी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान इस प्रकार है: सोनू पटेल पिता हेमराज पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी हीरापुर, थाना कबीरनगर। अजय साहू पिता भोला राम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जरवाय, दुर्गा चौक के पास।  
    आकाश पासवान पिता शत्रुघ्न पासवान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बिहारी मोहल्ला, ग्राम जरवाय। लोकेश साहू पिता पुरुषोत्तम साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी शीतला चौक, ग्राम जरवाय। पूछताछ में इन आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक और साथी के साथ मिलकर यह लूट की वारदात अंजाम दी थी। पुलिस ने इनके पास से लूट का माल, नकदी और एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।

  • कबीरधाम: जमीन मुआवजे के प्रति लालच ने ली जान

    11-Jun-2025

    भतीजे ने पत्नी के साथ मिलकर की चाचा की हत्या
    कबीरधाम पुलिस ने एक संवेदनशील हत्या के मामले में कार्रवाई किया है। पुलिस ने 10 दिन बाद बुजुर्ग की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस चौकी पोंड़ी अंतर्गत ग्राम प्रभाटोला में हुए हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी भतीजे व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। पुलिस चौकी प्रभारी एसआई विमल लावनिया ने बताया कि इसी माह दो जून को साहेबदास कुर्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके चाचा अगमदास कुर्रे की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक मर्ग जांच के बाद पीएम में हत्या की पुष्टि हुई। मामले में धारा 103(1) बीएनएस दर्ज की जांच शुरू किया।
    जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के भतीजे साहेबदास कुर्रे उम्र 45 व उसकी पत्नी सरोज बाई कुर्रे उम्र 42 निवासी प्रभाटोला को पूछताछ के लिए बुलाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने जमीन के मुआवजे की राशि प्राप्त करने के लालच में हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी साहेबदास ने बताया कि उसने टंगिया से हमला कर चाचा अगमदास की हत्या की। आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त धारदार टंगिया व उसकी बाइक उॠ 09 खफ 8364 व सरोज बाई द्वारा घटना के समय पहने वस्त्र भी जब्त किए गए हैं।
     

  • पुलिस ने ढोंगी बाबा को हरियाणा से किया गिरफ्तार किया

    11-Jun-2025

    जाल में फंसा महिला से 36 लाख रुपये ठगने का आरोप
    भिलाई के सुपेला पुलिस ने एक ढोंगी बाबा को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। ढोंगी बाबा ने एक महिला की कुंडली में ग्रह और कुंडली दोष बताकर पूजा पाठ किया फिर उसके साथ 36 लाख से अधिक रकम को धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद ढोंगी बाबा ने महिला से उसके फ्लैट को अपने नाम करने की बात कही लेकिन महिला ने देने से मना कर दी। जिसके बाद महिला को ठगी होने का अहसास हुआ। जिसके बाद महिला ने ढोंगी बाबा के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
    पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि पीड़िता पल्लवी जायसवाल ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वहां नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर आना जाना था जहां मंदिर के पुजारी मिश्रा से परिचय हुआ। उसने अपनी जन्मकुंडली दिखाई और कहा कि उसका सेहत ठीक नही रहती है और आए दिन सेहत खराब रहती है। पुजारी मिश्रा ने उसका कुंडली देखने के बाद उसमें काफी दोष होना बताया। जिसके बाद पीड़िता ने पुजारी से कहा कि पूजा कर उसका ग्रहों को शांत करना पड़ेगा और उसके लिए बाहर से पुजारी बुलाना पड़ेगा। मिश्रा ने कहा कि एक पुजारी उसके परिचय वाला है जब भी भिलाई आएंगे तो उनके द्वारा शांत पूजा पाठ करने से ग्रहों को स्थिति ठीक हो जाएगी। जिसके एवज में पूजा पाठ का खर्च निर्वहन करना होगा पीड़िता ने हरियाणा के कुलदीप महाराज ने पीड़िता से जनवरी 2023 को अपने खाते में पैसे डलवाए। जिसके बाद कुलदीप महाराज महिला को लगातार उसकी जान को खतरा होने के बहाने से जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक 36 लाख 66 हजार रुपए ठगे। उसके बाद कुलदीप महाराज ने उसका जुनवानी स्थित फ्लैट को अपने नाम करने को कहा लेकिन महिला ने इनकार कर दिया और महिला ने कुलदीप महाराज के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
     

  • मैच फिक्सिंग राहुल उवाच,, नाच न जाने आंगन टेढ़ा - राजेश गुप्ता अग्रहरि

    11-Jun-2025

    राजनांदगांव- जिला भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी राजेश गुप्ता अग्रहरि ने कांग्रेस के चिर युवा नेता व लोक सभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के महाराष्ट्र में मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए जाने को नाच न जाने आंगन टेढ़ा कहते हुए उक्त बयान को बचकाना सोच की परिचायक बताया हैं।
       श्री अग्रहरि ने कहा कि राहुल गांधी बताए कि पिछले 40- 50 सालों से प्रादेशिक स्तर की सत्ता से बाहर क्यों है,? सामंत वादी व अधिनायक सोच के राहुल गांधी अपने पार्टी के हर जगह हार से इतना बौखलाए हुए हैं कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को अपने राजनीतिक विरोधी नहीं दुश्मन समझते हैं, मोदी जी के विरोध में वे इतने नीचे उतर जाते हैं कि कई बार उसकी झूठी बयान - बाजी से शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ जाता है। माफी तक मांगनी पड़ती है। इसके बाद में वह नहीं चेत पाया है। रही बात मैच फिक्सिंग की, फर्जी वोट डलाय जाने का यह काम उनकी दादी इंदिरा गांधी बखूबी कर‌ चुकी है, राज नेता राजनारायण को हराने के लिए जो कारस्तानी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने की उस पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई थी, जिससे बचने उन्होंने देश में इमरजेंसी लगा दी थी।
    ऐसे अधिनायक प्रवृत्ति परिवार के राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के हाथों देश की प्रगति - उन्नति व आत्म निर्भरता फूटी आंख सुहा नहीं रही है।
    कांग्रेस के 70 -75 सालों के किए कराए का गड्ढा पाट कर देश को उंचाई पर ले जाना अर्थव्यवस्था को तीसरे स्थान पर पहुंचाना, देश के सैनिकों का सामर्थ्य दुनिया भर को दिखाने की बात दकियानूसी कांग्रेसी कभी सोच भी नहीं सकते। श्री अग्रहरि ने कहा कि आगामी चुनावों में हारने की डर से मैच फिक्सिंग की बयान बाजी कर राहुल गांधी अपनी बेचारगी को  दर्शा रहा है, वह जानता है कि देश की जनता अब उसे सत्ता नहीं सौंपने वाली,, इसलिए इस तरह की बयान बाजी कर अपनी हद पिटवा रहा है-

  • करोड़ों की टैक्स चोरी मामले में लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल गिरफ्तार

    11-Jun-2025

    रायपुर। रायपुर के एक कारोबारी को जीएसटी चोरी मामले में गिरफ्तार किया गया। शहर के लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल को बोगस फर्म के जरिए जीएसटी चोरी करने का आरोप है। यह कार्रवाई स्टेट ॠरळ के अधिकारियों ने की है। आरोपी अमन अग्रवाल के टैक्स चोरी के चलते राज्य सरकार को 26 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है।
    यह कार्रवाई स्टेट ॠरळ के अधिकारियों ने की है। ज्वाइंट कमिश्नर नरेंद्र वर्मा ने बताया कि, 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में 262 करोड़ की खरीदी-बिक्री बोगस फर्मों से की गई। कारोबारी ने 26 करोड़ का इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया और छत्तीसगढ़ के दूसरे फॉर्म को बेचना दिखाया था। जबकि यह फर्म फर्जी निकले। जिसके चलते सरकार को 26 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। अमन अग्रवाल आयरन स्क्रैप, लोहे के कारोबार करता है।
    10 बोगस फर्म बनाकर की हेराफेरी
    जानकारी के मुताबिक, लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल अगस्त्य इंटरप्राइजेज और अग्रवाल इंटरप्राइजेज का मालिक है। जीएसटी के सेक्शन 69, 132 बी के तहत इस पर कार्रवाई की गई है। कारोबारी पर 10 बोगस फर्म से खरीदी करना दिखाकर टैक्स की हेराफेरी करने का आरोप है। वहीं आरोपी को आज बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां इस पूरे मामले की सुनवाई होगी।

  • शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

    11-Jun-2025

    रायपुर। शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ रायपुर पुलिस की साइबर टीम ने किया है। आॅपरेशन साइबर शील्ड के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस ने झारखंड, गुजरात और आंध्रप्रदेश में एक साथ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
    2.66 करोड़ की साइबर ठगी का मामला
    प्रार्थी हेमंत कुमार जैन ने रायपुर के गुढियारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ?2.66 करोड़ की ठगी की गई है। मामले में धारा 318(4), 3(5) भा.न्या.सं. के तहत केस दर्ज कर जांच को रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपा गया।
    तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों की हुई पहचान
    पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर मुख्य आरोपियों की पहचान की। सभी आरोपी ठगी के बाद अलग-अलग राज्यों में स्थान बदलकर रह रहे थे। इसके बाद पुलिस टीमें हजारीबाग (झारखंड), अहमदाबाद और गांधीनगर (गुजरात), ईस्ट गोदावरी (आंध्रप्रदेश) भेजी गईं, जहां एक साथ रेड कार्रवाई की गई।
    गिरफ्तार आरोपी और उनकी पृष्ठभूमि
    अशोक खैराती लाल शर्मा झ्र अहमदाबाद, गुजरात
    नागेंद्र कुमार महतो झ्र हजारीबाग, झारखंड
    शेख बाबा- मन्डापेटा, ईस्ट गोदावरी, आंध्रप्रदेश
    प्रियांक ब्रह्मभट्ट झ्र पाटण, गुजरात
    इनमें से शेख बाबा टइअ कर चुका है और प्रियांक कळ ग्रेजुएट है। नागेंद्र और अशोक ट्रांसपोर्ट और वेयरहाउस से जुड़े रहे हैं। ये सभी एक-दूसरे से जुड़े और जल्दी पैसा कमाने की लालच में साइबर ठगी में संलिप्त हो गए।

    संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई शुरू
    ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज पुलिस ने जब्त कर लिए हैं और अटैचमेंट की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों से आधार कार्ड, कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिंटर और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
    आॅपरेशन साइबर शील्ड की बड़ी सफलता
    रायपुर रेंज पुलिस के लिए यह आपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि साइबर अपराधों के खिलाफ अब पुलिस सिर्फ तकनीकी रूप से नहीं, बल्कि रणनीतिक रूप से भी पूरी तरह तैयार है।  
     

  • 24 घंटे में डबल मर्डर से फैली सनसनी

    10-Jun-2025

    घर में मिली बुजुर्ग महिला की खून से सनी लाश
    शराब दुकान के सामने युवक ने दोस्त के सिर पर रॉड मारकर उतारा मौत के घाट

    बालोद। जिले में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग हत्या की वारदातों ने सनसनी फैला दी है। पहली घटना में ग्राम बघमरा में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की खून से सनी लाश घर में मिली, जबकि दूसरी घटना में डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के सामने एक युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
    घर में मिली बुजुर्ग महिला की लाश, हत्या की आशंका
    बालोद जिले के ग्राम बघमरा में 65 वर्षीय गीता बाई देवांगन की खून से लथपथ लाश उनके घर में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गीता बाई अपने घर में बहू के साथ थीं, जबकि उनके पति अपनी बेटी के घर देवरी गए हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू किए हैं। घटनास्थल से प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस हर संभावित कोण से जांच कर रही है। अभी तक हत्यारे की पहचान नहीं हो पाई है, और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
    शराब दुकान के पास दोस्त ने दोस्त को रॉड से मार डाला
    दूसरी ओर, डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के ठीक सामने एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। टिकरापारा निवासी विजय बघेल अपने दोस्त जालम आमदो के साथ शराब पीने गया था। इस दौरान दोनों के बीच मामूली विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर जालम आमदो ने लोहे की रॉड से विजय बघेल के सिर पर जोरदार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी जालम आमदो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मामूली विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है, लेकिन मामले की गहराई से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इन दोनों घटनाओं ने बालोद जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग इन क्रूर हत्याओं से स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों को सजा देने की मांग कर रहे हैं। बालोद पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है। गीता बाई की हत्या में अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है, जबकि शराब दुकान हत्याकांड में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

  • युक्तियुक्तकरण में अफसरों की मनमानी

    10-Jun-2025

    जहां शिक्षकों की जरूरत वहां के टीचरों को अतिशेष बताकर दूसरे जगह भेजा
    विषय बदलकर कई शिक्षकों का किया ट्रांसफर

    रायपुर। शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण में अधिकारियों की मनमानी सामने आई है. रायपुर में किसी शिक्षक के साथ निकाले गए दुश्मनी तो किसी के साथ रिश्तेदारी निभाई गई है. पैसों की खनक में नियम कानून को ताक में रखकर शिक्षकों की पोस्टिंग की गई है. इसका खुलासा लल्लूराम डॉट कॉम की पड़ताल में हुआ है. वहीं युक्तियुक्तकरण में नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए लगभग 700 शिक्षकों में महज एक तिहाई शिक्षकों ने ही ज्वाइनिंग दी है. पड़ताल में यह बात सामने आई है कि रायपुर के चारों ब्लॉक में विषय बदल कर खेल किया गया है. जहां शिक्षकों की जरूरत वहां भी अतिशेष शिक्षक दिखा दिया गया है. इसे लेकर इएड, ऊएड, कलेक्टर कार्यालय से लेकर ऊढक तक शिकायतों का अंबार लगा हुआ है. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमलीडीह में शिक्षकों की कमी है. दुश्मनी निकालते हुए यहां के तीन शिक्षकों को अतिशेष बताकर टांसफर कर दिया गया है. स्कूल में 547 विद्यार्थी हैं और महज 11 शिक्षक पदस्थ हैं. यहां सात शिक्षकों की आवश्यकता है. 30 बच्चों में 1 शिक्षक के अनुपात अनुसार 18 शिक्षकों की जरूरत है. बावजूद 11 शिक्षकों में से तीन शिक्षकों को अतिशेष बताकर दूसरे जगह भेज दिया गया है. इस पूरे मामले पर स्कूल प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को लेटर लिखा है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. शासकीय पूर्व माध्यमिक अभ्यास शाला शंकरनगर में लगभग 6 शिक्षकों का विषय बदला गया है. जब इन शिक्षकों का ट्रांसफर हुआ तो दूसरे विषय में हुआ. वर्तमान में अंक सूची के आधार पर विषय बदला गया है. लेन-देन कर दूसरे विषय के शिक्षक और दूसरे विषय का बताकर रिश्तेदारी निभाई गई है. आमासिवनी स्कूल रायपुर में एक विषय के दो शिक्षक हैं. बलदाऊ सिंह ठाकुर का पदस्थापना से प्रमोशन किया गया है. पिछले आठ सालों से पदस्थ हैं. शिक्षिका कामिनी अटैचमेंट कराकर सेवा दे रही. अटैच वाले को छोड़ पदस्थापना वाले शिक्षक को अतिशेष बताकर रायपुर से 100 किलोमीटर दूर भेज दिया गया. इस स्कूल के प्राचार्य ने इसका विरोध करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को लेटर लिखा है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. शिक्षिका कामिनी बावनकर स्कूल में अटैच, लेकिन जिला साक्षरता मिशन में है.

  • तेलघानी नाका में लगे पिछले एक घंटे से जाम

    10-Jun-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में भीषण बारिश के चलेते पिछल्ले एक घंटे से रायपुर रेल्वे स्टेशन तेलघानी नाका में जाम लगा है।

  • सहायक विकास विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा 15 जून को, एडमिट कार्ड जारी

    10-Jun-2025

    रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा 15 जून 2025 को सहायक विकास विस्तार अधिकारी की भर्ती परीक्षा प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 12.15 बजे तक जगदलपुर के 21 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। जिसके तहत केन्द्र क्रमांक 17001 शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा नम्बर 02 जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17002 सक्सेस काॅनवेंट हायर सेकण्डरी स्कूल दीनदयाल उपाध्याय वार्ड-19 जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17003 शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय शांति नगर जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17004 शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल जगदलपुर क्रमांक-1, केन्द्र क्रमांक 17005 शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेण्डरी स्कूल जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17006 शासकीय कन्या हायर सेकण्डी स्कूल क्रमांक-02 राजेन्द्र नगर वार्ड गीदम रोड जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17007 स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल धरमपुरा स्पोर्ट्र्स काम्पलेक्स धरमपुरा जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17008 स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल अग्रसेन चैक संजय मार्केट रोड जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17009 स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिन्दी मीडियम शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल रेल्वे काॅलोनी जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17010 धरमु माहरा शासकीय महिला पाॅलिटेक्निक धरमपुरा-2 जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17011 शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल भगत सिंह सिविल लाईन पथरागुड़ा लालबाग के पास जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17012 बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल बालाजी वार्ड जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17013 निर्मल हायर सेकण्डरी स्कूल लालबाग जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17014 शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना तहसील जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17015 श्री वेदमाता गायत्री शिक्षा महाविद्यालय कंगोली सरस्वती शिशु मंदिर परिसर कंगोली जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17016 विद्या ज्योति हायर सेकण्डरी स्कूल दंतेश्वरी वार्ड, गीदम रोड जगदलपुर, 17017 श्री विद्यापती एकेडमी बहादुरगुड़ा जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17018 शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल पोटानार, तहसील तोकापाल, 17019 क्राईस्ट काॅलेज राजेन्द्र नगर गीदम रोड जगदलपुर, केन्द्र क्रमांक 17020 शासकीय हाई स्कूल पनारापारा जगदलपुर और केन्द्र क्रमांक 17021 शहीद गुण्डाधूर काॅलेज कृषि एवं अनुसंधान केंद्र कुम्हरावण्ड जगदलपुर शासकीय पर उक्त भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
    उपरोक्त परीक्षा में समस्त परीक्षार्थियों को वर्तमान वर्ष का प्रवेश पत्र लेकर आना अनिवार्य है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर मायानन्द चन्द्रा मोबाइल नंबर 99267-59295 को नोडल अधिकारी और प्राचार्य शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा जगदलपुर डॉ. अनिल श्रीवास्तव मोबाइल नंबर 98274-91253 को समन्वयक एवं सहायक प्राध्यापक शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा जगदलपुर डॉ. अजय सिंह ठाकुर मोबाइल नंबर 70009-74126 को सहायक समन्वयक नियुक्त किया गया है।

  • रविशंकर विश्वविद्यालय में रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई

    10-Jun-2025

    रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब प्रशासनिक विभाग में कार्यरत क्लर्क दीपक वर्मा को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दीपक वर्मा ने विश्वविद्यालय के एक रिटायर्ड क्लर्क से उसके पेंशन से जुड़े प्रकरण को शीघ्र निपटाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड क्लर्क ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पेंशन प्रकरण लटकाया जा रहा है और उसे बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि क्लर्क दीपक वर्मा ने 50 हजार रुपये की मांग की थी और कहा था कि भुगतान किए बिना पेंशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। शिकायत की पुष्टि के लिए एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और जब आरोपी क्लर्क 30 हजार रुपये की पहली किस्त ले रहा था, उसी समय उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी के कार्यालय में तलाशी ली और रिश्वत की रकम बरामद की। दीपक वर्मा को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आलोक ने जन चौपाल में सुनी आम जनों की समस्याएं इस घटना से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और छात्रों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है। कई लोगों का मानना है कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रणाली में फैले व्यापक भ्रष्टाचार का संकेत है। अउइ रायपुर की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से अन्य भ्रष्ट कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की शिकायतें यदि समय पर दर्ज की जाएं तो भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सकती है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, आरोपी को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

  • मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की तत्परता से ग्राम टुकूपानी में बहाल हुई बिजली आपूर्ति

    10-Jun-2025

    रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय द्वारा स्थापित बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से जशपुर जिले के कुनकुरी तहसील अंतर्गत ग्राम टुकूपानी में बिजली आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई है। ट्रांसफारमर खराब होने के कारण पिछले कुछ समय से गांव में विद्युत सेवा बाधित थी, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामवासियों ने कैंप कार्यालय में आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि गांव हाथी विचरण क्षेत्र में आता है, और रात्रिकालीन अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बना रहता है, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता थी। आवेदन मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तुरंत संज्ञान लिया और विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभावित क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर को बदल कर विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। बिजली लौटने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पहल उनकी सुरक्षा और दैनिक जीवन के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हुई है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय लगातार जनसमस्याओं का त्वरित समाधान कर लोगों का विश्वास हासिल कर रहा है।

  • जिला स्तरीय रोजगार मेला, 5 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

    10-Jun-2025

    बेमेतरा में बीते दिवस 09 जून 2025, दिन सोमवार को सुबह 11ः00 बजे से जिला कौशल विकास प्राधिकरण एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में प्रतिष्ठित कंपनी नुट्रिएंट्री CROP केयर पीवीटी एल्टीडी बिलासपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर पद हेतु 35 पद एवं एग्रीकल्चर एडवाइजर पद हेतु 18 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम में कुल 33 अभ्यर्थियों ने सहभागिता दर्ज की, जिनमें से 05 अभ्यर्थियों का चयन फील्ड ऑफिसर पद हेतु किया गया। रोजगार मेले के सफल आयोजन से युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए एवं स्थानीय स्तर पर ही चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा मिली। आयोजन के दौरान समस्त प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया।

  • NATO की रक्षा योजना पर रूस का विरोध

    09-Jun-2025

    वर्ल्ड: रूस के क्रेमलिन ने सोमवार को NATO की योजना पर कड़ा विरोध जताया, जिसमें हवाई और मिसाइल रक्षा क्षमताओं को चार गुना बढ़ाने की बात कही गई है। क्रेमलिन के अनुसार यह कदम तनाव बढ़ाने वाला है और इसका आर्थिक बोझ यूरोप के आम लोगों पर पड़ेगा, जो ऐसे खतरे को रोकने के लिए भुगतान कर रहे हैं, जो वास्तव में मौजूद नहीं है। NATO के महासचिव ने लंदन में एक भाषण में सदस्य देशों से रक्षा बजट को GDP के 3.5% तक बढ़ाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि गठबंधन को अपनी हवाई और मिसाइल रक्षा क्षमताओं में 400% की वृद्धि करनी होगी।क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, NATO यूरोप में स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह संघर्ष के लिए बनाया गया एक उपकरण है।

  • छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं पर शिकंजा, 25 मेडिकल स्टोरों की लाइसेंस रद्द

    09-Jun-2025

    रायपुर। प्रदेश में नशीली दवाइयों के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से राज्यभर में औषधि निरीक्षकों द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से संदेहास्पद मेडिकल संस्थानों में संयुक्त छापामार कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के तहत नारकोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड, बिलिंग प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. साथ ही, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा  
    विगत दो माह में कुल 2920 मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण किया गया है। इसके अतिरिक्त, ‘नकॉर्ड’ (नेशनल नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन )की राज्य स्तरीय बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में 3610 मेडिकल संस्थानों के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के दौरान नारकोटिक दवाओं की बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर 25 मेडिकल स्टोरों की अनुज्ञप्ति को निलंबित अथवा निरस्त कर दिया गया है. भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 144 ब्लड सेंटर्स को ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत किया जा रहा है. भविष्य में इन केंद्रों से संबंधित समस्त आवेदन एवं प्रक्रियाएं केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी. इस क्रम में सभी ब्लड सेंटर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं और पंजीयन की प्रक्रिया प्रगति पर है।

  • छत्तीसगढ़ में कोरोना के फिर बढ़ने लगे मामले, 6 नए संक्रमित मिले

    09-Jun-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। राज्य के सात जिलों में कोरोना के नए मरीजों की पुष्टि होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। कोरोना कंट्रोल एवं डिमांड सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार आज राज्यभर में कुल 6 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर जिले से सबसे ज्यादा 3 मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि दुर्ग और
    महासमुंद से एक-एक मरीज संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा एक अन्य मरीज की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, हालांकि उसका जिला स्पष्ट नहीं किया गया है। इस तरह अब तक राज्य में कुल 63 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से 44 फिलहाल एक्टिव केस हैं। 40 मरीज होम आइसोलेशन में, 3 अस्पताल में भर्ती प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में एक्टिव 44 मरीजों में से 40 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में ही किया जा रहा है। ये सभी मरीज चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं तीन मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका समुचित इलाज चल रहा है। इस बीच राहत की बात यह है कि अब तक 19 मरीज कोरोना से पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
    सात जिलों में कोरोना की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग सतर्क राज्य के सात जिलों में कोरोना वायरस की उपस्थिति ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है। महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए विभाग द्वारा सैंपल जांच की गति तेज कर दी गई है। सभी जिला अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी स्वास्थ्य इकाइयों को अलर्ट मोड में रखा गया है। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों के कांटेक्ट ट्रेसिंग और टेस्टिंग का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस नए उभार को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लोगों को अब भी मास्क पहनने, हाथों की सफाई और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की आवश्यकता है। इसके अलावा जिन लोगों को अब तक वैक्सीन की बूस्टर डोज नहीं लगी है, उन्हें जल्द से जल्द टीकाकरण कराने की सलाह दी जा रही है।
    प्रशासन ने की अपील, सतर्क रहें लेकिन घबराएं नहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें लेकिन किसी भी प्रकार की घबराहट न पालें। कोरोना के नए मामलों को देखते हुए सभी जिलों के चिकित्सा अधिकारियों को जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड हेल्पलाइन नंबर को भी पुनः सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक संपर्क कर सकें। इस बीच जिला कलेक्टरों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और पब्लिक प्लेसेज में संक्रमण नियंत्रण के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
     

  • मजदूर को घायल करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

    09-Jun-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड क्षेत्र में एक मजदूर पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। घटना 4 जून 2025 की रात करीब 8 बजे की है, जब संतोष कुमार राय नामक मजदूर अपने साथी सलमान कुमार डहरिया के साथ वीआईपी चौक से आगे बढ़ रहा था।  तभी रास्ते में कुछ अज्ञात लड़कों ने उसे रोका और एक लड़के ने उसे जानबूझकर धक्का दे दिया। जब संतोष ने विरोध किया और पूछताछ की, तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पीछे से उसके दाहिने पैर की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल संतोष कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। संतोष की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 338/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस व 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
    जांच में जुटी पुलिस टीम घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके का गहन निरीक्षण किया। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिली। इसके अलावा प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ-साथ पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई गई।
    आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस की मेहनत रंग लाई और आरोपियों की पहचान हो गई। पुलिस ने इस मामले में शुभम करवा (20), राहुल मिश्रा (22), सूरज जाल (19) और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चारों ने अपराध करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से वारदात में उपयोग किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों का विवरण शुभम करवा पिता फकीरा करवा, उम्र 20 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, अमृत होम, पी-ब्लॉक, मकान क्रमांक 32, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।
    राहुल मिश्रा पिता स्व. मनोज मिश्रा, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजीव गांधी नगर, शिव मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर। सूरज जाल पिता लिंगेश्वर जाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी दुर्गा नगर, बूढ़ीमाता मंदिर के पास, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर। विधि से संघर्षरत बालक – नाम गोपनीय रखा गया है, कानून के अनुसार बाल अधिकारों की रक्षा करते हुए। चारों के खिलाफ अब विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की अपील तेलीबांधा थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता और सहयोग आवश्यक है।

  • खाद, बीज की कालाबाजारी के खिलाफ शिवसेना ने खोला मोर्चा

    09-Jun-2025

    राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ प्रदेश भर में किसानों का धान बोआई का कार्य शुरू हो गया है किसानों की आवश्यकता को देखते हुवे जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित शासकीय सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में बीज, खाद उपलब्ध नही कराया जा रहा है। और निजी दुकानदार भी किसानों की खाद आपूर्ति कर नही पा रहे है। ज्ञात हो कि शासकीय सोसायटियो में किसानों को कर्ज में खाद,बीज दिया जाता है। लेकिन बारिश के शुरू होने के बाद भी अभी तक सहकारी सोसायटियों एवं निजी दुकानों से भी यूरिया, डी.ए.पी. जैसे अन्य खाद की आपूर्ति नही हो पा रही है। इससे यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि निजी व्यपारियो द्वारा अधिक लाभ कमाने अवैध भंडारण किया जा रहा है। जिसके कारण किसानों को खाद, बीज के लिए भटकना पड रहा है। यदि सही समय पर किसानों को खाद बीज उपलब्ध नही कराया गया तो किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। किसानों की समस्या को देखते हुवे किसानसेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव एवं शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंप कर किसानों की समस्या से अवगत कराते हुवे।निजी दुकानदारों द्वारा खाद के अवैध भंडारण की जांच एवं कार्यवाही के साथ सहकारी समितियों में खाद, बीज की उपलब्धता कराने हेतु आग्रह किया है।
    बीज निगम में पर्याप्त भंडारण पर सोसायटी में भेजने की व्यवस्था नहीं
    जानकारी के अनुसार बीज निगम के गोदाम में पर्याप्त मात्रा में बीज है पर सोसायटी में बीज पहुंचाने की व्यवस्था अधिकारियों ने नहीं की इससे साफ जाहिर होता है व्यापारी एवं बीज निगम का सांठ गांठ है व्यापारियों को लाभ पहुंचाने समय पर सोसाइटी में बीज उपलब्ध नहीं कराया ज्ञात हो कि सोसायटी पर किसान आश्रित है उन्हें क़र्ज़ में बीज खाद मिल जाता तो किसानों को काफी राहत मिल जाती। और जिलाध्यक्ष सोनी ने प्रशासन द्वारा 7 दिनों के भीतर व्यवस्था नही सुधारने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

  • सुकमा में प्रेशर बम की चपेट में आने के एक एएसपी शहीद, एक पुलिसकर्मी घायल

    09-Jun-2025

    2013 में सिलेक्शन फिर मिला पुलिस मेडल
    रायपुर के रहने वाले थे आकाश राव गिरीपुंजे
    सुकमा में एएसपी शहीद, सीएम ने कहा- व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत

    सुकमा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार सुबह प्रेशर बम की चपेट में आने से कोंटा क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरीपुंजे शहीद हो गए। इस घटना में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। 42 वर्षीय आकाश राव गिरीपुंजे 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी थे। नक्सलियों ने 10 जून को बस्तर बंद आयोजित किया है। जिसके खिलाफ वह कार्रवाई करने के लिए गए थे। बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोंटा क्षेत्र के अंतर्गत कोंटा-एरार्बोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आकर एएसपी गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो ग। उन्होंने बताया कि गिरीपुंजे को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विस्फोट में एएसपी की मौत पर दुख जताया और कहा कि नक्सलियों को इस घटना के परिणाम भुगतने होंगे।
    राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोंटा क्षेत्र) आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गिरीपुंजे 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी थे। शर्मा ने कहा कि नक्सलियों को हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होना चाहिए और समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।

    पैदल गश्त पर गए थे सभी पुलिस अधिकारी :
    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोंटा क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरीपुंजे मंगलवार सुबह कोंटा—एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब प्रेशर बम में हुए विस्फोट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए तथा इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एएसपी आकाश राव, कोंटा के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) भानुप्रताप चंद्राकर और निरीक्षक (थाना प्रभारी कोंटा) सोनल गवला अन्य पुलिस जवानों के साथ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा वाहन जलाने की घटना की जांच तथा गश्त के लिए पैदल गए थे। अधिकारियों ने बताया कि खोजी अभियान के दौरान प्रेशर बम (बारूदी सुरंग) में विस्फोट हुआ, जिससे एएसपी आकाश राव, चंद्राकर और गवला घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी घायलों को प्रारंभिक उपचार के लिए कोंटा अस्पताल लाया गया। आकाश राव गंभीर रूप से घायल हुए थे और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
     
    रायपुर के रहने वाले थे आकाश गिरीपुंजे :
    आकाश राव रायपुर के रहने वाले हैं। उनकी स्कूली शिक्षा रायपुर से ही हुई है। वह पूर्व कांग्रेस पार्षद के भतीजे हैं। 2013 बैच के अधिकारी हैं। आकाश का सिलेक्शन पीएससी में 2013 में हुआ था वे डीएसपी के लिए चुने गए थे। आकाश को 2019-20 में पुलिस मेडल दिया गया था। आकाश राव रायपुर के सीएसपी भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह महासमुंद, दुर्ग के एडिशनल एसपी रहे हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सुकमा जिले में थी।

    शहीदों का सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा :
    बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस सुंदरराज पी ने कहा कि माओवादियों द्वारा किए गए इस कायराना हमले में एक ऐसे वीर योद्धा को खोना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जो हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करता था। यह बलिदान हमें भावुक करता है, और साथ ही हमारे कर्तव्य के प्रति हमारे संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में माओवादी संगठन पूरी तरह से हतोत्साहित और कमजोर हो चुका है, और उसमें अब सीधे सुरक्षा बलों से टकराने की भी हिम्मत नहीं बची है। इसी कारण वे हमारे जांबाज जवानों, वीर योद्धा और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट, ग्रामीणों की हत्या और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसे कायरतापूर्ण षड्यंत्र रच रहे हैं।  सुंदरराज पी. ने स्पष्ट किया कि शहीद आकाश राव गिरीपुंजे का यह सर्वोच्च बलिदान हमें प्रेरित करता है, और यह संदेश देता है कि हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक बस्तर को पूरी तरह नक्सल मुक्त न कर दें। शत शत नमन उस अमर वीर को, जिन्होंने देश और समाज की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी। श्री आकाश राव तथा अन्य शहीदों का बस्तर क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास के उद्देश्य के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, यही हमारा संकल्प है।  

    सीएम ने जाने घायलों के हाल :
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुकमा जिले के कोंटा में हुए नक्सली हमले में घायल हुए जवान का हालचाल जानने मंगलवार को रामकृष्ण अस्पताल पहुँचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार और स्वास्थ्य सुविधा की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायल जवानों के इलाज में कोई कोताही न हो।

Top