रायपुर। देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की नेतृत्व वाली सरकार जनता की सेवा के लिए तत्पर होकर काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि पूरे देश और प्रदेश में उत्तरोत्तर विकास हो रहा है। डबल इंजन की सरकार होने की वजह से लोगों को डबल लाभ हो रहा है। आज भारत विश्व की पांचवी बड़ी आर्थिक शक्ति है। अगले पांच सालों में हम दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेंगे। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित जनादेश परब कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कार्यक्रम में 1124 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्याें का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कोंडागांव। कोंडागांव के शिल्पकार राजेन्द्र बघेल द्वारा बनाई गई अयोध्या के राम मंदिर की ढोकरा शिल्पकला को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में आयोजित ‘जनादेश परब’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा को भेंट किया। जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित झिटकू मिटकू समिति के शिल्पकार द्वारा बनाई गई राम मंदिर के इस कलाकृति का लगभग 120 किलो वजन है और लम्बाई 4 फीट, ऊंचाई 30 इंच का है। भगवान श्री राम जी के जीवन से संबंधित राम दरबार एवं राम जी की मूरत के साथ ही माता सीता और लक्ष्मण जी की कलाकृति भी बनाई गई है। यह कलाकृति झिटकू मिटकू समिति बनाई गई है, जिसमें 40 सदस्य जुड़े हुए हैं। राजेन्द्र बघेल ढोकरा शिल्पकला परम्परागत पेशा हैं और परम्परागत पेशा होने के कारण जन्म से ही जुड़े हुए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर भगवान श्री राम के जीवन से संबंधित शिल्पकला कलाकारों को बनाने हेतु निर्देश दिए गए थे। उक्त कलाकृति को बनाने में शिल्पकारों को तीन से चार माह लगे।
रायपुर। दंतेवाड़ा और नारायणपुर की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबल के साथ चल रहे मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने की खबर है. रात तीन बजे से चल रही दोनों तरफ से फायरिंग में नक्सलियों के बड़े कैडर के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है.
रायपुर। प्रॉपर्टी रजिस्ट्री पर राज्य सरकार के नए नियम ने भू-माफिया और संपत्ति की खरीदी-बिक्री करने वालों की नींद उड़ा दी है. दरअसल, अब एक तहसील क्षेत्र की प्रॉपर्टी को अब दूसरे तहसील या ब्लॉक क्षेत्र के पंजीयन दफ्तर में जाकर रजिस्ट्री कराने पर 23,900 रुपए का अतिरिक्त भुगतान करना होगा, जबकि पहले यह काम महज 11 सौ रुपए में हो जाता था.
बिलासपुर। आबकारी विभाग ने कोटा ब्लॉक के गनियारी और सुदनपारा गांव में छापेमारी कर 182 लीटर महुआ शराब और 990 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया। तीन स्थानों पर की गई कार्रवाई में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
रायपुर। मल्टीनेशनल कंपनी ओयो राज्य में 500 करोड़ का निवेश करेगी। इससे लगभग 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। अंतरराज्यीय बस स्टैंड भाठागांव में हुए एक कार्यक्रम के दौरान ओयो के फाउंडर रितेश अग्रवाल ने यह बात कही।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित पीएससी घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। सूत्रों के मुताबिक, CBI ने आज राजनांदगांव में पूर्व परीक्षा नियंत्रक रही आरती वासनिक से जुड़े एक शख्स के घर पर छापा मारा है और उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में आज महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई. इस दौरान आयोग ने कई मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. आयोग के सदस्य सरला कोसरिया, लक्ष्मी वर्मा, ओजस्वी मंडावी, और सुदीपिका शोरी ने भी सुनवाई में भाग लिया.
मुंगेली । जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ाई से रोक लगाने और संलिप्त लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई हेतु राजस्व खनिज एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संयुक्त रूप से जांच-पड़ताल का सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। जांच-पड़ताल टीम ने आज रायपुर रोड बायपास मुंगेली में गिट्टी एवं रेत का अवैध परिवहन करते 13 हाइवा को जब्त किया गया है।
रायपुर । सोशल मीडिया में महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। दोनों ही दुबई में हैं। दरअसल, वहां पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा चल रही है। इस दौरान शूट किए गए वीडियो में दोनों अपने परिवार के साथ दिखे थे, जिसके बाद ये तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगे।
रायपुर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय प्रवास पर 14 दिसंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। रात 11:10 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट से सीधे मेफेयर रिसोर्ट रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री शाह मेंफेयर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
रायपुर । राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला मुख्यालय सारंगढ़ में महिला-बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय सह संसाधन केंद्र भवन का लोकार्पण किया। यह भवन 44 लाख 72 हजार की लागत से निर्मित हुआ है। इस दौरान विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक शमशेर सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण, नोडल अधिकारी मनोज जायसवाल,एसडीएम प्रखर चंद्राकर, सीईओ हरिशंकर चौहान सहित बड़ी संख्या नागरिकगण उपस्थित थे।
कोरबा। तारीख 12-12-2024 कुछ लोगो के लिए भले ही खास हो न हो पर यह दिन दिव्यांग प्रतिभा के लिए न सिर्फ खास बन गया अपितु समाप्ति की ओर अग्रसर इस साल के खास दिन और तारीख में उसके जिंदगी की नई शुरुआत आज से ही हुई। वर्षो से अपने हाथ पीले होने और माथे पर सिंदूर सजाने की ख्वाहिश पाली प्रतिभा को लगता था कि उसके जैसे दिव्यांग का दामन भला कौन थामेगा! लेकिन कहते है जोड़ियां आसमान पर बनती है लेकिन रिश्ते जमीन पर निभाये जाते हैं.. शायद प्रतिभा की जोड़ी भी इन्हीं कहावतों को सच साबित करती हुई जमी पर नजर आई और उन्होंने अपने जीवनसाथी के साथ विवाह के बंधन में बंधते हुए व्हील चेयर पर सात फेरे लिए।
रायपुर। हमारी सरकार के कार्यकाल को 13 दिसम्बर को एक वर्ष पूरे हो जायेंगे। इस अवसर को हम जनादेश परब के रूप में मना रहे हैं। हमने ’’मोदी की गारंटी’’ पर काम करते हुए शपथ लेने के दूसरे ही दिन मंत्रिमंडल में निर्णय लिया और प्रधानमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति दी। हमने आवास से वंचित हमारे प्रदेश के 18 लाख परिवारों को आवास देने के लिए निर्णय लिया। आज भी आवास के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया है। पीएम आवास के हितग्राहियों के पक्के मकान बन रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कोरबा के सीएसईबी पूर्व फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।
महासमुंद। जिले के बाग़बाहरा विकासखण्ड में जनपद पंचायत सभागार में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बाग़बाहरा ब्लॉक की चिन्हित 5 ग्राम पंचायतों के सचिवों, प्राथमिक शालाओं के प्रधानपाठकों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन पिरामल फाउंडेशन (एस्पिरेशनल भारत कोलैबोरेटिव टीम) के सहयोग से किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा में सुधार लाने के लिए ग्राम पंचायतों, समुदायों और शिक्षकों के बीच सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था। कार्यशाला में स्कूल मैनेजमेंट कमिटी (एस.एम.सी.) और बिल्डिंग ऐज लर्निंग ऐड (बाला) जैसे शिक्षण उपकरणों के प्रभावी उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों को एल.एस.डी.जी. की 9 प्रमुख थीमों पर प्रशिक्षण दिया गया, जिससे ग्राम पंचायतों में प्राथमिक शिक्षा सुधार योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। प्रतिभागियों ने शिक्षा सुधार के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और बच्चों के समग्र विकास हेतु सामूहिक योजनाओं की तैयारी पर जोर दिया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने प्राथमिक शिक्षा में सुधार के लिए अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बेहतर समन्वय और ठोस कार्ययोजनाओं को अपनाने पर बल दिया। इस कार्यशाला में पिरामल फाउंडेशन की टीम के सुरेंद्र कुमार, ऋचा साहू प्रोग्राम लीडर, और महेंद्र आर्य डिस्ट्रिक्ट लीड ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
रायपुर। प्रार्थी चुलेश कुमार साहू ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह शक्ति नगर में रहता है तथा पढ़ाई करता है। दिनांक 21.09.2024 को 16ः15 बजे प्रार्थी अपनी वाहन से अपने घर जा रहा था, कि मोहल्ले में उसी समय पीयूष दीप नशे की हालत में मोहल्ले वासियो से लडाई-झगडा विवाद कर उलझ रहा था, जो प्रार्थी को देखकर उसके पास आकर जबरन उससे उलझते हुए तेरे पिता को समझा देना ज्यादा उचकता है कहते हुये प्रार्थी को अश्लील गाली देने लगा। प्रार्थी द्वारा गाली देने से मना करने पर पीयूष दीप बोला कि तू मुझे जानता नहीं है, मेरे से उलझेगा तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा कहकर अपने पास रखें चाकू से प्रार्थी पर वार करने लगा, तो प्रार्थी बचाव करने लगा उसी समय पीयूष दीप का एक अन्य साथी आकर उसका सहयोग करते हुए प्रार्थी को पकड़ने लगा जिससे मौका पाकर पीयूष दीप प्रार्थी के पीठ में बायीं ओर वार कर चोट पहुंचाया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 403/24 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 118 बी.एन.एस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी खम्हारडीह के नेतृत्व में थाना खम्हारडीह पुलिस की टीम द्वारा प्रार्थी, उसके परिवार के सदस्यों सहित मोहल्ले के अन्य लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। चूंकि आरोपियान घटना के बाद से फरार हो गये थे, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों के संबंध में मुखबीर लगाने के साथ ही तकनीकी विश्लेषणों व अन्य माध्यमों से लगातार आरोपियों की पतासाजी की जा रहीं थी। इसी दौरान फरार आरोपियों की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों की पतासाजी करते हुये प्रकरण में दोनों आरोपी पीयूष दीप उर्फ रोहित एवं कुशल जाल को पकड़ा गया। आरोपियों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी 01. पीयूष दीप उर्फ रोहित पिता स्व. कृष्णा दीप कुमार 24 साल निवासी शक्तिनगर मिथलेश किराना दुकान के पास थाना खम्हारडीह जिला रायपुर। 02. कुशल जाल पिता विषम जाल उम्र 22 साल निवासी शक्ति नगर राज नगर थाना खम्हारडीह जिला रायपुर ।
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में आज सड़क सुरक्षा का बैठक संपन्न हुआ। जिसमें बढ़ती सड़क दुर्घटनाओ पर चिंता जाहिर की गयी। जिला परिवहन अधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी एवं अन्य सम्बंधित अधिकारियों को जिले के ब्लैक स्पॉट क़ो चिंहाकित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही दुर्घटना से बचाव सम्बंधित व्यवस्था दुरुस्त करनें कहा गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही हाई वे एवं प्रमुख चौक में दुर्घटना से बचाव सम्बंधित व्यवस्था दुरुस्त करनें रडियम साइनेज लगाने एवं मार्मिक स्लोगन बोर्ड लगाने क़ी भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, जिला परिवहन अधिकारी सी एल देवांगन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी गण उपस्थित रहे।
नई दिल्ली। लोकसभा में आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 पर चर्चा के दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने इस विधेयक को प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ित व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। श्री अग्रवाल ने कहा, "इतिहास गवाह है कि जब भी केंद्र में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार रही है। जनता से जुड़े विषयों पर प्रभावी कदम उठाए गए हैं। यह विधेयक भी प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ित परिवारों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।" उन्होंने इस विधेयक के तहत आपदा पीड़ितों के लिए डेटा बेस तैयार करने के प्रावधान को सराहा। यह डेटा बेस पुर्नवास, पुर्ननिर्माण, जन धन और अधोसंरचना में सुधार के साथ-साथ संभावित जीवन और धन हानि को रोकने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में पहले से तैयारी और आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करना समय की मांग है। विपक्ष पर निशाना श्री अग्रवाल ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा, "यह विधेयक 15वें वित्त आयोग के निर्देशों के आधार पर तैयार किया गया है और इसमें राज्यों और जिलों को अधिक शक्ति दी गई है। विपक्ष द्वारा इस संशोधन विधेयक पर सवाल उठाना निराधार है।" उन्होंने बताया कि यह विधेयक मानव जनित और प्राकृतिक आपदाओं, दंगों और पहाड़ी राज्यों की विशिष्ट समस्याओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों और शहरों की आपदा अलग अलग होती है। शहरों में दंगे, अग्निकांड ज्यादा होते हैं और ग्रामीण इलाकों में बाढ़, ओलावृष्टि और जंगली जानवरों के चलते फसल और जनहानि होती है। इस विधेयक में सभी के बारे में चिंता की गई है। सांसद बृजमोहन ने छत्तीसगढ़ में आपदा प्रबंधन संस्थान खोलने की मांग की श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में एक आपदा प्रबंधन संस्थान स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य खनिज, कोयला और लोहे के खनन के माध्यम से केंद्र को बड़ा राजस्व देता है, लेकिन हाथियों के उत्पात और नक्सलवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में एक आपदा प्रबंधन संस्थान छत्तीसगढ़ के लोगों को राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के आपदा पीड़ित परिवारों की ओर से इस विधेयक के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह विधेयक उनकी समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को 10 आरोपियों की न्यायिक रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी 10 आरोपियों को 1 फरवरी, 2025 तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महादेव घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपी गिरीश तलरेजा, नितिन टिंबरेवाल, सतीश चंद्राकर, चंद्रभूषण वर्मा, भीम सिंह यादव, सूरज चौखानी, नीतीश दीवान, असीम दास, अमित अग्रवाल, सुनील दमानी को ईडी की विशेष कोर्ट में पेश किया गया. महादेव सट्टा ऐप सट्टे के लिए बनाया गया है. इस पर यूजर पोकर, कार्ड गेम, चांस गेम नाम के लाइव गेम खेलते हैं. ऐप के जरिए क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबॉल और चुनाव जैसे खेलों में भी अवैध सट्टा लगाया जाता है. अवैध सट्टे के नेटवर्क के जरिए ऐप का जाल तेजी से फैला. सबसे ज्यादा खाते छत्तीसगढ़ में खोले गए।
धमतरी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, धमतरी द्वारा 19 दिसम्बर को सुबह 11 से शाम चार बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। कम्पोजिट भवन स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में आयोजित इस प्लेसमेंट कैम्प में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा कुल 321 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि दसवीं, बारहवीं और स्नातक उत्तीर्ण शैक्षणिक योग्यताधारी प्लेसमेंट कैम्प में हिस्सा ले सकते हैं। आवेदकों को शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता, जाति, निवास प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साईज फोटो के साथ निर्धारित तिथि को उपस्थित होने कहा गया है।
Adv