बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • धर्मांतरण का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा, नया मामला सुर्खियों में आया

    07-Apr-2025

    बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामनवमीं पर्व के दिन प्रार्थना सभा के बहाने चंगाई सभा कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। जिसके विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा मचाया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में पास्टर सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि बहतराई स्थित अटल आवास सहित अलग-अलग इलाकों में प्रत्येक रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता है। इसी तरह रविवार को बहतराई में प्रार्थना सभा के बहाने हिंदू वर्ग के लोगों को बुलाया गया था।  इसकी जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता विरोध करने पहुंच गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया, जिसके बाद उन्होंने सरकंडा थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूछताछ की, तब पता चला कि दीपा गोटेल अपने निवास में प्रार्थना सभा आयोजित करा रही थीं। इससे पहले भी 31 मार्च को आयोजित सभा में यदुनंदन नगर निवासी पास्टर दीपक सिंह सिदार और उनकी पत्नी पूजा सिदार द्वारा धार्मिक उपदेश दिया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू धर्म के लोग मौजूद थे। पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई। टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि जांच के बाद मामले में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्रय अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, दीपा गोटेल, पास्टर दीपक सिदार, पूजा सिदार, गुरुविंदर सिंह, शिवकुमार धीवर और मधु कुमार केंवट के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इधर, हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता राम सिंह ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर धर्मांतरण का हब बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसका वो लगातार विरोध कर रहे हैं। कोनी, सकरी, सिविल लाइन और मस्तूरी क्षेत्र के बाद अब सरकंडा के बहतराई में भोले-भाले हिंदुओं को लालच देकर फंसाने और धर्मांतरण कराने का खेल चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हिंदुओं को प्रार्थना सभा के बहाने बुलाया जाता है, जहां प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है।
     

  • पूर्व आबकारी मंत्री लखमा की आज पेशी, जानें पूरा अपडेट

    07-Apr-2025

    रायपुर: ​छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में EOW की रिमांड पर चल रहे पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को आज स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। 5 दिन EOW ने के अधिकारियों ने लखमा से पूछताछ की है। वहा इस मामले में आज कोर्ट में सुनवाई के दौरान EOW फिर से रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है। बता दे की जेल में बंद लखमा को प्रोडक्शन वारंट पर लेने EOW ने आवेदन लगाया था। 2 अप्रैल के बाद सुनवाई के बाद कोर्ट ने कवासी लखमा को 7 अप्रैल तक कस्टोडियल रिमांड पर EOW को सौपा था। पिछली सुनवाई के दौरान कवासी लखमा ने कोर्ट के बाहर मीडिया से कहा था कि मैं गरीब आदमी हूं। बस्तर की आवाज विधानसभा में उठाता हूं। जनता की आवाज और बस्तर की आवाज उठाने पर सरकार मुझे परेशान कर रही है। मैं निर्दोष हूं। गरीब आदमी हूं। बता दे की लखमा 16 जनवरी 2025 से जेल में बंद हैं। छत्तीसगढ़ के 2161 करोड़ के शराब घोटाले में पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बाद ED ने 10 मार्च को पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उनके करीबी नेताओं और कारोबारियों के 14 ठिकानों पर छापेमारी की थी। सुबह 7 बजे से शुरू हुई जांच शाम 6 बजे तक 11 घंटे चली।   करीब 20 ईडी अफसरों की टीम CRPF के जवानों के साथ सीधे पदुम नगर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के निवास में कार्रवाई चली और टीम शाम 6 बजे टीम लौट गई थी। ED का आरोप- लखमा सिंडिकेट का अहम हिस्सा थे ED का आरोप है कि, पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक कवासी लखमा सिंडिकेट के अहम हिस्सा थे। लखमा के निर्देश पर ही सिंडिकेट काम करता था। इनसे शराब सिंडिकेट को मदद मिलती थी। वहीं, शराब नीति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे छत्तीसगढ़ में FL-10 लाइसेंस की शुरुआत हुई।  ED का दावा है कि लखमा को आबकारी विभाग में हो रही गड़बड़ियों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने उसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया। कमीशन के पैसे से बेटे का घर बना, कांग्रेस भवन निर्माण भी ED के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि, 3 साल शराब घोटाला चला। लखमा को हर महीने 2 करोड़ रुपए मिलते थे। इस दौरान 36 महीने में लखमा को 72 करोड़ रुपये मिले। ये राशि उनके बेटे हरीश कवासी के घर के निर्माण और कांग्रेस भवन सुकमा के निर्माण में लगे।  ED ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है। शराब सिंडिकेट के लोगों की जेबों में 2,100 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध कमाई भरी गई। घोटाले की रकम 2161 करोड़ निदेशालय की ओर से लखमा के खिलाफ एक्शन को लेकर कहा गया कि, ED की जांच में पहले पता चला था कि अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और अन्य लोगों का शराब सिंडिकेट छत्तीसगढ़ राज्य में काम कर रहा था। इस घोटाले की रकम 2161 करोड़ रुपए है। जांच में पता चला है कि कवासी लखमा को शराब घोटाले से पीओसी से हर महीने कमिशन मिला है। 2019 से 2022 के बीच चले शराब घोटाले में ED के मुताबिक ऐसे होती थी अवैध कमाई।

  • अहमदाबाद में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन, प्रदेश के 55 नेता शामिल होंगे

    07-Apr-2025

    रायपुर: लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम सामने आने के बाद संसद में राहुल गांधी ने बीजेपी से कहा था कि हमने आपको अयोध्या में हराया है और 2027 में हम आपको गुजरात में हराकर दिखाएंगे। राहुल गांधी के इस बयान ने जाहिर कर दिया था कि वह गुजरात मॉडल की धारणा को तोड़ना चाहते हैं। पॉलिटिकल एनालिस्ट्स का साफ मानना है कि शायद यही वजह है कि कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन अहमदाबाद में 8-9 अप्रैल को होने जा रहा है। इस अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस अधिवेशन में प्रमुख राजनीतिक चुनौतियों और भारतीय राजनीति की भविष्य की दिशा पर चर्चा होने की उम्मीद है।  Previous Next अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल मेमोरियल में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक आयोजित करने से लेकर महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम में सभा करने तक, 8 और 9 अप्रैल को दो दिवसीय अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) का सत्र गुजरात में पटेल की विरासत को रेखांकित करता है। 8 अप्रैल की शाम को कांग्रेस के शीर्ष नेता साबरमती आश्रम में मिलेंगे, जो गांधीजी का घर था और 1917 और 1930 के बीच भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र था। दिन भर चलने वाला AICC सत्र 9 अप्रैल, 2025 को साबरमती नदी के किनारे होगा।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कैंसर डिटेक्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    07-Apr-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिला प्रशासन और बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 07 एवं 08 अप्रैल 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी में निःशुल्क रक्त एवं कैंसर रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सीएम कैंप कार्यालय बगिया से मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कैंसर डिटेक्शन वैन के माध्यम से जशपुर जिले में कैंसर सम्भावित मरीजों का जाँच एवं उपचार 7 एवं 8 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी में नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को शुरुआती स्तर पर ही पकड़ना है जिसे इसका प्रभावी एवं सुगम इलाज हो सके । शिविर में स्तन कैंसर, बच्चेदानी का कैंसर, मुंह का कैंसर, रक्त संबंधी कैंसर व रक्त विकारो की नि:शुल्क जांच की जाएगी।
     

  • 31 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

    07-Apr-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय 26 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है। इन नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव रॉय के सामने आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वालों में कई नक्सली कई वर्षों से संगठन से जुड़े थे और विभिन्न हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं। सबसे खास बात यह रही कि आत्मसमर्पण करने वालों में तीन नक्सलियों पर कुल 4 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनका नाम सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल था।   पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आवश्यक सहायता और सुविधा प्रदान की जाएगी। SP गौरव रॉय ने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा बलों और प्रशासन की संयुक्त रणनीति का परिणाम है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने भी स्वीकार किया कि वे हिंसा और भटकाव से तंग आकर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं। पुलिस और प्रशासन ने सभी का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य का आश्वासन दिया है। इधर नारायणपुर में भी 5 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, सभी नक्सलियों पर 1-1 लाख का इनाम था। जो कि कुतुल और परलकोट एरिया कमेटी के सदस्य रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। वहीं एक अन्य घटना में नारायणपुर में IED की चपेट में आने से टिपर ड्राइवर घायल हो गया है। नारायणपुर- कुतुल मार्ग पर IED लगाया था। जोकि जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह IED लगाया गया था। आपको बत दें कि तीन दिन पहले IED की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत हुई थी।

  • इलेक्ट्रानिक दुकान की आड़ में अवैध गैस रिफलिंग, मामलें में बड़ा खुलासा

    07-Apr-2025

    रायपुर। इलेक्ट्रानिक दुकान की आड़ में घरेलू और कर्मशियल गैस सिलेंडर की अवैध रिफलिंग करने वाले दुकानदार अनिल चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 23700 रूपए के छोटे-बड़े गैस सिलेंडर और अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक रविवार को मुखबीर से सूचना मिली कि सांकरा लक्षमीनगर धरसीवा में आरोपी इलेक्ट्रानिक दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग कर रहा है। और उसे ब्लैक में बेंच रहा है। इस पर धरसीवां पुलिस ने मुखबीर के बताए दुकान पर जाकर  पूछताछ किया। जिसमें आरोपी ने अपना नाम अनिल चौधरी पलामु झारखंड निवासी होना बताया। वर्तमान में ग्राम सांकरा में इलेक्ट्रानिक दुकान का संचालन करता है। दुकान की जांच करने पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कॉमर्शियल भरा और खाली गैस सिलेंडर , 5 किलो ग्राम 10, भारत गैस कंपनी का घरेलू 15.8 कि.ग्रा., इलेक्ट्रॉनिक तराजू , लोहे का बासूरी , रेगुलेटर कुल 23,700 जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 3,7 और 288 का अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

  • नवीकरणीय ऊर्जा से बदलेगा प्रदेश का भविष्य: CM साय

    06-Apr-2025

    रायपुर। अक्षय ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग स्वच्छ, सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाएगा। बिजली आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नए लक्ष्य तय किए गए हैं और इसे पूरा करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के क्रेडा कार्यालय परिसर में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में 50 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन कर कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सौर ऊर्जा संचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन और सामान्य से सौर ऊर्जा में परिवर्तित ई रिक्शा का लोकार्पण भी किया।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी को रामनवमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज के इस शुभ घड़ी में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े कामों की शुरुआत हुई है। परंपरागत ईंधन के स्रोतों से पर्यावरण को हो रही क्षति को देखते हुए सौर और नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के आमजनों और किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में भी नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से बिजली पहुंचाने का काम पूरा हो रहा है और सुदूर अंचल के गांव इससे रोशन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से संचालित ई रिक्शा का आज लोकार्पण किया गया है और इस पहल से ई रिक्शा का संचालन किफायती हो जाएगा और ई रिक्शा चालकों के आय में वृद्धि होगी।  साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हॉफ बिजली नहीं बल्कि मुफ्त बिजली मिले और इस दिशा में सरकार प्रयासरत है। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताया और कहा कि प्रदेश में अधिक से अधिक गरीब परिवारों को इससे लाभान्वित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा भी सब्सिडी दिए जाने का प्रावधान बजट में किया गया है। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने की जानकारी दी और कहा कि इससे ऊर्जा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा और हम भविष्य की जरूरतों को आसानी से पूरा कर पाएंगे।  विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया स्वच्छ पर्यावरण के लिए अक्षय ऊर्जा को अपना रही है।

    उन्होंने कहा कि अब फॉसिल फ्यूल का उपयोग धीरे धीरे कम होगा और आने वाले समय में नवीकरणीय ऊर्जा से यह रिप्लेस हो जाएगा। डॉ. सिंह ने अक्षय ऊर्जा से जुड़े 50 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी और इसे स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ी पहल बताया। अक्षय ऊर्जा से जुड़े 50 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में अक्षय ऊर्जा से जुड़े 50 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्य किया। लोकार्पण किए गए कार्यों में रायपुर में 29 लाख की लागत से सौर ऊर्जा संचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, सामान्य ई रिक्शा को सोलर ई रिक्शा में परिवर्तित करने तथा नियद नेल्लानार योजना अंतर्गत स्थापित 54 नग सोलर हाई मास्ट, 152 नग सोलर ड्यूल पंप एवं दो नग सोलर पावर प्लांट स्थापना कार्य शामिल है। इसी तरह भूमिपूजन किए गए कार्यों में बिलासपुर, राजनांदगांव एवं जगदलपुर के ऊर्जा शिक्षा उद्यानों में सौर ऊर्जा से संचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापना कार्य, प्रदेश के समस्त ऊर्जा शिक्षा उद्यानों को नेट जीरो करने, ऊर्जा शिक्षा उद्यान राजनांदगांव का जीणोद्धार का कार्य शामिल है। साथ ही जिला बालोद में मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप दो नग सोलर हाई मास्ट एवं एक नग सामुदायिक बायोगैस संयंत्र की स्थापना कार्य, जिला बलौदा बाजार में मुख्यमंत्री के घोषणा अनुरूप 23 ग्रामों के पर्यटन स्थलों में 50 नग सोलर हाई मास्ट संयंत्र का स्थापना कार्य, जिला कोरबा अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्रों का सौर ऊर्जीकरण का कार्य, हिर्री डोलोमाइट खदान जिला बिलासपुर में 500 किलो वाट क्षमता के ऑन ग्रिड सोलर पावर प्लांट का स्थापना कार्य, जिला कोरबा अंतर्गत आश्रम/ छात्रावासों का सौर ऊर्जीकरण कार्य, ग्राम कुंजारा जिला जशपुर में 280 किलो वाट क्षमता के ऑन ग्रिड एवं 2.4 किलो वाट क्षमता के ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना कार्य का भूमिपूजन किया गया। क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने बताया कि सौर संचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन क्रेडा द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बैटरी ऑपरेटेड इलेक्ट्रिक रिक्शा के लिए विकसित किया गया है। बैटरी स्वैपिंग के मदद से ई-रिक्शा चालक कम समय में सस्ते दर पर डिस्चार्ज बैटरी को चार्ज बैटरी से बदल सकते हैं। इससे ई-रिक्शा चालक प्रतिदिन अधिक दूरी तय कर पाएंगे तथा इससे उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। इसी तरह सोलर पैनल आधारित ई-रिक्शा साधारण ई-रिक्शा के मुकाबले एक ऊर्जा दक्ष ई-रिक्शा के रूप में क्रेडा द्वारा विकसित किया गया है। इससे रिक्शा चालक को बार-बार बैटरी चार्ज करने की समस्या से राहत मिलती है। साधारणतः रिक्शा चालक प्रतिदिन बैटरी चार्जिंग समस्या से अधिक दूरी तय नहीं कर पाते हैं। ई-रिक्शा में सौर पैनल स्थापित कर इस समस्या को क्रेडा द्वारा काफी हद तक दूर किया गया है। श्री राणा ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में सौर ऊर्जा से मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराने में क्रेडा द्वारा अनेकों प्रयास किये जा रहे हैं, जिसमें आश्रम-छात्रावासों, स्वास्थ्य केन्द्रों, ऊर्जा शिक्षा उद्यान में सौर संयत्रों की स्थापना, पथ प्रकाश व्यवस्था हेतु सौर संयंत्रों से सामुदायिक स्ट्रीट लाईट का संचालन, सोलर हाई मास्ट लाईट की स्थापना एवं सामुदायिक बायोगैस संयंत्रों की स्थापना जैसे कार्य सम्मिलित है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, क्रेडा के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नव नियुक्त निगम मंडलों के अध्यक्षगण, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

  • अवैध शराब पर पुलिस की दबिश, 65 लीटर महुआ जब्त

    06-Apr-2025

    रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही सख्त मुहिम के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने 5 अप्रैल, शनिवार को भेलवाटिकरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 65 लीटर महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी के घर से शराब बनाने की सामग्री और अवैध रूप से रखी शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार में कीमत करीब 6,500 रुपये है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भेलवाटिकरा निवासी चित्रसेन चौहान अपने घर में कच्ची महुआ शराब बनाकर बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के लिए प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान आरोपी चित्रसेन चौहान घर पर मिला और पूछताछ में पहले टालमटोल करता रहा। लेकिन कड़ाई से पूछने पर उसने स्वीकार किया कि वह घर के एक कमरे में आग जलाकर सिल्वर के बर्तनों में शराब बनाकर रखना स्वीकार किया। दबिश में एक बड़े नीले प्लास्टिक जरीकेन में 50 लीटर और तीन अन्य जरीकेनों में 5-5 लीटर महुआ शराब मिली, जिसे टीम ने मौके पर जब्त कर लिया। 38 वर्षीय आरोपी चित्रसेन चौहान, पिता धजाराम चौहान, निवासी ग्राम भेलवाटिकरा के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू के साथ आरक्षक चन्द्रकुमार बंजारे, शांति मिरी, सुशील मिंज, मिनकेतन पटेल एवं महिला आरक्षक अनिता बेक की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

  • शादी से पहले युवती ने खुदकुशी, परिजनों में मचा कोहराम

    06-Apr-2025

    जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुटूंगा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी के कुछ दिन पहले ही एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ग्राम बुटूंगा के सरपंच नकुल राम की बेटी प्रतिमा थी, जिसकी शादी की तैयारियां पूरे परिवार द्वारा जोर-शोर से की जा रही थीं। लेकिन आज सुबह प्रतिमा ने अपने घर के पास लगे एक पेड़ में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। प्रतिमा की आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। बेटी की इस अप्रत्याशित और दुखद कदम से पूरा परिवार सदमे में है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।

  • धर्मातरण का मामला फिर गर्माया, दो पादरी समेत 6 गिरफ्तार

    06-Apr-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धर्मांतरण का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर से धर्मांतरण का मामला सामने आया है. सरकंडा थाना क्षेत्र के अटल आवास में धर्मांतरण की शिकायत मिलने के बाद हिंदूवादी संगठन की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है. मामले में दो पास्टर समेत करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है. जानकारी के अनुसार, अटल आवास में दो अलग-अलग स्थानों पर धर्मांतरण की गतिविधियों की शिकायत मिली थी. हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि भोले-भाले लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है. फिलहाल, सरकंडा पुलिस ने पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। सरकंडा थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि हिंदू संगठन की ओर से एक टेलीफोनिक सूचना दी गई थी कि अटल आवास के पास एक ऊपरी माले के कमरे में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है, जिसमें हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई प्रार्थना कराई जा रही है. प्रथम दृष्टया जाकर कुछ पास्टर लोगों को पूछताछ की गई है जिनके द्वारा प्रार्थना करना स्वीकार किया है और अभी पूछताछ की जा रही है. बाद तस्दीक के रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. हाल ही में मोपका क्षेत्र में भी इसी तरह की हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की थी. तब पुलिस ने दो घरों में दबिश देकर प्रार्थना सभा की आड़ में चल रहे धर्मांतरण के प्रयास को रोका था. इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया था और धर्म विशेष से जुड़ी किताबें व साहित्य जब्त किए थे. सरकंडा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गुप्त रूप से प्रार्थना सभाओं के जरिए लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रेरित कर रहे थे। 

  • पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाला पति गिरफ्तार

    06-Apr-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम प्रिंस सिंह है, जिसकी हाल ही में शादी हुई थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद उसने अपनी 22 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी की पत्नी को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कबीर नगर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

  • CM विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म सुहाग का ट्रेलर किया लॉन्च

    06-Apr-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रामनवमी के शुभ अवसर पर अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म सुहाग का ट्रेलर लॉन्च किया। उन्होंने फिल्म के अभिनेता, विधायक और पद्मश्री से सम्मानित अनुज शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लंबे समय बाद छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक पारिवारिक फिल्म दर्शकों के बीच आ रही है, जो परिवार, संस्कृति, परंपरा और रिश्तों की भावनात्मक गहराइयों को अभिव्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म हमारी पारंपरिक जीवनशैली और मूल्यों को सजीव रूप से प्रस्तुत करती है, जो दर्शकों को न केवल भावनात्मक रूप से जोड़ती है, बल्कि उन्हें अपने सामाजिक परिवेश से भी जोड़ती है।  श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। यहाँ लगातार फिल्में और वेब सीरीज़ बन रही हैं। प्रदेश सरकार फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने हेतु कृतसंकल्पित है, जिससे इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को नए अवसर मिल सकें। विधायक व अभिनेता अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री साय को फिल्म की थीम और संदेश के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि फिल्म 18 अप्रैल से प्रदेशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को फिल्म देखने के लिए आमंत्रित भी किया। फिल्म के निर्माता चंद्रशेखर तिवारी, वत्सला सौरभ शर्मा, सह-निर्माता लोकनाथ दीवान, लेखक व निर्देशक राहुल थवाईत तथा सिद्धांत भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।  उल्लेखनीय है कि फिल्म सुहाग – “वचन में बंधे मया के कहानी” – एक संवेदनशील पारिवारिक कथा है, जिसमें छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार अनुज शर्मा और अभिनेत्री अनिकृति चौहान पहली बार साथ नज़र आएँगे। अनुज शर्मा का अभिनय इस फिल्म में भी अपनी सहजता, गहराई और भावनात्मक प्रभाव के लिए सराहा जा रहा है। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, उपाध्यक्ष चंद्रकांति वर्मा तथा छत्तीसगढ़ राज्य तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू भी उपस्थित थे।

  • भाजपा स्थापना दिवस पर रायपुर के एकात्म परिसर में ध्वजारोहण

    06-Apr-2025

    रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित जिला कार्यालय एकात्म परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक राजेश मूणत और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्टी की गौरवशाली परंपराओं को स्मरण करते हुए संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया गया। भाजपा स्थापना दिवस पर यह आयोजन पार्टी की एकता, सेवा और संगठन के मूल सिद्धांतों को प्रतिबिंबित करता है।

  • सुशासन तिहार-2025 - जनसमस्याओं के समाधान का महाअभियान

    06-Apr-2025

    दुर्ग। जिले में सुशासन तिहार-2025 अंतर्गत 8 अप्रैल 2025 से नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों में नागरिकों की समस्याओं से संबंधित आवेदन लिये जाएंगे। सुशासन तिहार-2025 का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार-2025 का आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 05 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सुशासन तिहार को जिले में सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासन की मार्गदर्शी निर्देशों से अधिकारियों को अवगत करते हुए बताया कि सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 05 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, नगर निगमों, तहसील व एसडीएम कार्यालय और ग्राम पंचायतों में भी एक-एक समाधान पेटी रखने के निर्देश दिए है, ताकि जो आवेदक प्रत्यक्ष रूप से अपना आवेदन न दे सके वे समाधान पेटी के माध्यम से अपनी समस्या बता सके। उन्होंने कहा कि जनपद, जिला पंचायत एवं कलेक्ट्रेट में इस अभियान के तहत् ऑपरेटर की भी ड्यूटी लगाई जाए एवं अभियान के बारे में उन्हे प्रशिक्षण दिया जाए। इसी प्रकार कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत हेतु एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाए, जो प्राप्त आवेदनों को अवलोकन पश्चात् संबंधित विभागों को निराकरण हेतु मार्क करेंगे। प्राप्त आवेदनों का निराकरण एक माह के भीतर सुनिश्चित कर समाधान शिविरों में सभी विभागों द्वारा निराकृत आवेदनों की ग्राम पंचायतवार स्थिति बताई जा सके। उन्होंने राजस्व पटवारियों को भी ग्राम पंचायतवार जिम्मेदारी सौंपने की बात कही। यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदकों से प्राप्त उनका मोबाइल नंबर उल्लेखित हो।  कलेक्टर श्री सिंह ने जन दर्शन के दौरान विभागों को पूर्व में प्राप्त पत्रों का पहले निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार राजस्व के लंबित प्रकरण, आंगनबाड़ी केंन्द्रों में भर्ती प्रक्रिया, पेंशन प्रकरण, निर्माण कार्योें के लंबित मजदूरी भुगतान का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। अभियान के पहले चरण में 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों में सभी विभाग से संबंधित आवेदन जमा लिये जाएंगे। ग्राम पंचायत मुख्यालयों और नगरीय निकाय कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जनता से उनकी समस्याओं के संबंध में आवेदन लिए जाएंगे। आवेदकों को आवेदन पत्र में मोबाइल नंबर का आवश्यक रूप से उल्लेख करना होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने हेतु कॉमन सर्विस सेंटर का भी उपयोग किया जा सकता है। प्रत्येक आवेदन को एक कोड देने की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। निर्धारित प्रारूप में खाली आवेदन पत्र (ग्रामवार/नगरीय निकायवार कोड सहित) प्रिन्ट कराकर ग्रामीणों को उपलब्ध कराये जा सकते हैं। प्रत्येक आवेदन को पोर्टल में पंजीकृत कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। साथ ही, आवेदनकर्ता को पावती दी जाएगी। सभी प्राप्त आवेदनों को स्कैन कर सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा और संबंधित जिला/जनपद/नगरीय निकाय के अधिकारियों को ऑनलाइन व भौतिक रूप से भेजा जाएगा। संबंधित विभाग/अधिकारी लगभग एक माह में इन आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे।   05 मई से 31 मई 2025 के दौरान प्रत्येक 08 से 15 पंचायतों के मध्य समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। नगरीय निकायों में भी आवश्यकतानुसार समाधान शिविर आयोजित होंगे। शिविरों के आयोजन की तिथि की जानकारी आवेदकों को एस.एम.एस. के माध्यम से तथा आवेदन की पावती के माध्यम से दी जाएगी। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि भी पोर्टल में की जाएगी तथा जिन आवेदनों का निराकरण शिविर में ही करना सम्भव हो, किया जाएगा। शेष आवेदनों का समाधान एक माह में कर आवेदकों को सूचित किया जाएगा। इसके अलावा शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और हितग्राहीमूलक योजनाओं के आवेदन पत्र/प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक शिविर के लिए एक खंडस्तरीय अधिकारी को प्रभारी बनाया जाएगा, जो शिविर के समुचित संचालन को सुनिश्चित करेंगे। समाधान शिविरों में विकासखंड एवं अनुभाग स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिला स्तर से भी कुछ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह की व्यवस्था नगरीय निकायों के शिविरों में भी की जाएगी। इनमें से कुछ शिविरों में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं राज्य शासन के अधिकारी भी शामिल होंगे तथा आवेदकों से भेंटकर उनकी समस्याओं और निराकरण के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, जिला पंचायत के सीईओ बी.के. दुबे, दुर्ग नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पाण्डेय, चरोदा नगर निगम आयुक्त डी. राजपूत, अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम एवं समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

  • बलौदाबाजार पहली बार रेल नेटवर्क से होगा जुड़ा, बृजमोहन अग्रवाल ने PM मोदी का जताया आभार

    05-Apr-2025

    रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार की विकास परक नीतियों का एक और सकारात्मक परिणाम सामने आया है। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी है कि बलौदा बाजार पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है। साथ ही खरसिया–नवा रायपुर–परमालकसा रेल परियोजना को भी स्वीकृति मिल गई है। यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी और एक नवचेतना का संचार करेगी। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है। रेल परियोजना से न केवल परिवहन सुविधा में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।

  • पुलिस कार्यालय में एससी/एसटी प्रकरणों की विवेचना पर कार्यशाला आयोजित

    05-Apr-2025

    रायगढ़। आज पुलिस कार्यालय में एससी/एसटी प्रकरणों की विवेचना से संबंधित एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य गंभीर प्रकरणों की विवेचना में त्रुटियों को पहचानना और विवेचकों को न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुति हेतु सक्षम बनाना जिससे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सकें। कार्यशाला में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) उत्तम प्रताप सिंह, निरीक्षक राकेश मिश्रा (थाना प्रभारी पूंजीपथरा), और निरीक्षक रामकिंकर यादव (थाना प्रभारी पुसौर) ने वक्ता के रूप में भाग लिया गया। उन्होंने एससी/एसटी से जुड़े महत्वपूर्ण न्यायालयीन निर्णयों के माध्यम से विवेचना में आमतौर पर होने वाली त्रुटियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेष लोक अभियोजक (एससी/एसटी केस) राजीव बेरीवाल और दीपक शर्मा ने गंभीर प्रकरणों में गवाहों के कथन, साक्ष्य संकलन की बारीकियों और विवेचना में सावधानी बरतने की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए केस स्टडी के माध्यम से विवेचना त्रुटियों पर उदाहरण प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल तथा अन्य राजपत्रित अधिकारियों ने सभी उपस्थित विवेचकों को दिशा-निर्देश दिए और उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु मार्गदर्शन किया। कार्यशाला के अंत में विशेष लोक अभियोजकों को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कार्यशाला में सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी, शहर के थाना प्रभारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि अन्य थाना क्षेत्रों के विवेचक वर्चुअल माध्यम से कार्यशाला से जुड़े। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में प्रत्येक शनिवार को विभिन्न विषयों पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिससे पुलिस विवेचना की गुणवत्ता में सुधार हो और न्यायालय में आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

  • 8 ग्राम चिट्टा के साथ तरुण बजाज गिरफ्तार

    05-Apr-2025

    रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ चिट्टा की तस्करी करते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सरोना स्थित श्मशान घाट मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी तरूण बजाज पिता नरेश बजाज को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से सफेद पॉलीथीन में करीब 8 ग्राम चिट्टा (कीमत लगभग 80,000 रुपये), एक स्कूटी एक्टिवा (क्रमांक CG04/ML/1911) और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है। डीडी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सउनि महेन्द्र मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा की गई। टीम में आरक्षक भूपेन्द्र सिन्हा, कृष्ण कुमार सिंह एवं परमेश्वर कर्ष शामिल थे। त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस की इस सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की जा रही है।

  • सुंदरनगर में जादू-टोने से इलाके में फैली दहशत

    05-Apr-2025

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित छावनी थाना क्षेत्र के सुंदर नगर इलाके में शनिवार तड़के टोना-टोटका और आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं से दहशत फैल गई। अज्ञात दो बदमाशों ने पहले एक घर में जादू-टोना से जुड़ी वस्तुएं फेंकीं और फिर पास ही स्थित एक अन्य मकान में पेट्रोल छिड़ककर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। पहली घटना एस नरेश के घर की है, जहां बदमाशों ने नींबू, सुई, सिंदूर, चूड़ी और मरे हुए मुर्गे जैसी टोना-टोटका से जुड़ी वस्तुएं घर के बाहर फेंकीं। यह देख नरेश ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और डर के कारण अपनी पत्नी को भी बाहर नहीं निकलने दिया। जानकारी मिलते ही उनका बेटा एस बाला राजू मौके पर पहुंचा।  छावनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। दूसरी घटना में नन्दकुमार यादव के घर के दरवाजे पर बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से पलंग, साड़ी और प्लास्टिक के सामान जलकर खाक हो गए। घरवालों की नींद टूटी और उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई। छावनी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर टोना-टोटका का सामान हटाया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। एक फुटेज में दोनों आरोपी स्कूटी पर नजर आए, जिनके चेहरे कपड़े से ढके थे। वीडियो में वे मुर्गा काटते और टोना-टोटका का सामान फेंकते नजर आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।

  • रायपुर के शहरभर में हटाए जा रहे विज्ञापन के होर्डिंग्स

    05-Apr-2025

    रायपुर। निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने शहर के सभी चौक - चौराहों और महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों से विज्ञापन फ्लैक्स पोस्टर को अभियान चलाकर निकालने नगर निवेशक आभाष मिश्रा, उड़न दस्ता और सभी जोनों के प्रभारी अभियंताओं को दिए है‌। सभापति ने कहा कि चौक - चौराहों पर लगाए गए ये विज्ञापन बैनर पोस्टर शहर की सुंदरता को प्रभावित करते है। इन्हें अभियान चलाकर पूरी तरह निकाला जाना सुनिश्चित हो। साथ ही महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों से सभी विज्ञापन फोटो बैरन पोस्टर हटाए जाएँ, जिससे  महापुरुषों की प्रतिमाएँ स्पष्ट दिखें और वहां सफाई भी रहे। सभी नगरवासी महापुरुषों से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा शक्ति प्राप्त करते है। नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उड़न दस्ता और जोन 2 नगर निवेश विभाग की टीम द्वारा आज तेलघानीनाका चौक सहित अन्य चौक चौराहों, विभिन्न मुख्य मार्गो और राजधानी शहर के जीईमार्ग स्थित शारदा चौक स्थित डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रतिमा स्थल पर लगाए गए सभी विज्ञापन हटाए गए ।

  • नक्सलवाद के खात्मे के साथ लौटेंगे बस्तर के सुनहरे दिन : CM विष्णुदेव साय

    05-Apr-2025

    रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर अब बदल रहा है, और यह बदलाव स्थायी होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर के लोग अब नक्सलवाद से मुक्ति चाहते हैं और विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस जनभावना के प्रतीक हैं। नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई: केंद्र और राज्य की प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल के जवानों की मजबूत कार्रवाई के कारण निरंतर सफलता मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने आशा जताई कि मां दंतेश्वरी की कृपा से यह संकल्प अवश्य पूरा होगा।   बस्तर: प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत का संगम मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर एक प्राकृतिक स्वर्ग है – यहां अनेक जलप्रपात और अबूझमाड़ के घने जंगल हैं। यहां फिर से देश-दुनिया के पर्यटक आएँगे और बस्तर को उसका गौरवमय स्थान मिलेगा। बस्तर पंडुम में 47 हजार कलाकारों और बस्तर ओलंपिक में 1.65 लाख युवाओं की भागीदारी इस परिवर्तन की सबसे बड़ी गवाही है। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का प्रतीक बना बस्तर पंडुम  मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर पंडुम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के सपने को साकार किया है। इस आयोजन में ओड़िशा, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे 6 पड़ोसी राज्यों के 47 हजार कलाकारों ने भाग लिया। इस उत्सव में आदिवासी संस्कृति, वेशभूषा, खानपान और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन हुआ। डबल इंजन सरकार की योजनाएँ बदल रही हैं ज़िंदगी मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले 15 महीनों से राज्य में डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से जुड़ी योजनाएँ, और 70 लाख माताओं और बहनों को हर महीने 1000 रुपए देने वाली महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से मोदी की गारंटी को पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना से आदिवासी समुदायों को नया जीवन मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम जनमन योजना के माध्यम से अबुझमाड़िया, कोरवा, बिरहोर, पंडो जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं पहुँचाई जा रही हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना: 80,000 करोड़ की ऐतिहासिक पहल मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6,500 जनजातीय गांवों में सर्वांगीण विकास होगा। यह योजना ग्रामीण समृद्धि और सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम है नियद नेल्लानार योजना: सुरक्षा से सेवा तक का सफर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 100 से अधिक गांवों में सुरक्षा कैंप खोले जा चुके हैं। इन कैंपों के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, और स्कूल-अस्पताल जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां पहले गोलियों की आवाज आती थी, अब वहां स्कूल की घंटी बज रही है। छत्तीसगढ़ का भविष्य: समृद्धि, शिक्षा और शांति मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि जल्द ही छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त होगा और एक विकसित, खुशहाल राज्य के रूप में प्रतिष्ठित होगा। हर घर में खुशहाली और समृद्धि आएगी। बस्तर पंडुम: सांस्कृतिक समरसता का महोत्सव मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर पंडुम आयोजन 45 दिन चला और ब्लॉक से लेकर संभाग स्तर तक इसका आयोजन हुआ है। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस आयोजन में शामिल सभी कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर बदल रहा है, और यह बदलाव सरकार के प्रयासों के साथ ही जनता के विश्वास का परिणाम है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह केवल दिल्ली से नीतियाँ नहीं बनाते, वे बस्तर की पीड़ा को महसूस करने स्वयं यहां आते हैं, पीड़ितों से मिलते हैं, उनके साथ भोजन करते हैं। यह बस्तर के प्रति सच्ची संवेदना और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने मुख्यमंत्री साय को छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री के रूप में बस्तर की मिट्टी से जुड़ा हुआ बताया और कहा कि उनके नेतृत्व में आज सड़क, बिजली, पानी, मोबाइल टावर, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, सिंचाई जैसी सुविधाएं तीव्र गति से गांव-गांव पहुँच रही हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर पंडुम में जनजातीय समाज की वस्त्र, वाद्ययंत्र, भोजन, लोकगीत, पारंपरिक जीवनशैली की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान भी प्राप्त हुआ है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। कृषि मंत्री नेताम ने कहा कि यह दिन बस्तर के लिए इतिहास रचने का दिन है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में ही जनघोषणा पत्र के वादों को वास्तविकता में बदला जा रहा है और जनजातीय समाज को मुख्यधारा में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Top