दुर्ग। दुर्ग जिले के उरला क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय घटना पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कृत्य मानवता को कलंकित करने वाला और सभ्य समाज को गहरा आघात पहुंचाने वाला है। राज्यमंत्री साहू ने कहा, “ऐसे घिनौने अपराधों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को समय-सीमा के भीतर कड़ी से कड़ी सजा मिले।” उन्होंने दिवंगत बालिका के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्राप्त हो। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है और आमजन से लेकर जनप्रतिनिधि तक, सभी आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और शीघ्र कार्रवाई की संभावना जताई गई है।
रायपुर- पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के पूर्व सचिव एवं वर्तमान छत्तिसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र एवं सचिव तीर्थ राम यादव नेता द्वय के साथ प्रतिनिधि मंडल में शिरिष त्रिवेदी, अलख राम साहू और गणेश राम यादव जी आदि ने बताया कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री गृह मंत्री आदरणीय विजय शर्मा जी और उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी को सातवें वेतन मान के आधार पर पेंशन देने हेतू पत्र देते हुए निवेदन किया गया दोनों उप मुख्यमंत्री द्वय ने सेवानिवृत कर्मचारियों की समस्यायों को ध्यान से सुना और मुख्य मंत्री जी से चर्चा कर मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया l
उप मुख्यमंत्री द्वय जी से सीधे रूबरू होकर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत ने बताया कि भाजपा के डा रमन सिंह जी के शासन काल में ही छठवें और सातवें वेतन मान का आदेश जारी हुआ था और उनके सभी एरीयस आदि कर्मचारियों को मिले थे नौ वर्षो से अधिक हो गए के वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के आधार पर पेंशन के लाभ से विश्वविद्यालय के कर्मचारीगण वंचित हैं आप से कर्मचारीहित में सकरात्मक पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए पेंशन आदेश शीघ्र जारी कराने के लिए आपसे निवेदन करने आयें हैं l
विदित हों कि विगत 1 जनवरी 2016 से वि वि के शिक्षकों और कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के आधार पर शासन के आदेशानुसार वेतन और उसके सभी लाभ के साथ एरियर्स लेते हुए वि वि से सेवानिवृत्त हो रहे हैं किंतु इन सेवानिवृत कर्मचारियों का पेंशन निर्धारण शासन द्वारा छठवें वेतन मान के आधार पर किया जा रहा है l
गौरतलब है कि 31/12/2015 तक वि वि से सेवानिवृत हुये कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के आधार पर पेंशन देने हेतु शासन ने आदेश जारी करते हुए उसका लाभ सेवानिवृत कर्मचारियों को दे रहा है , जबकि ये कर्मचारीगण अपने सेवा काल में कभी भी सातवें वेतनमान के आधार पर अपना वेतन नहीं लिए हैं l
प्रदीप मिश्र ने मांग की कि बिना भेद भाव किये एक प्रदेश एक पेंशन नीति सभी प्रदेश के शासकीय और अर्ध शासकीय, निगम, मंडल आदि के कर्मचारियों के लिए लागू किया जाना चाहिए छत्तीसगढ़ शासन के हमारे मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी स्वम ही माननीय उच्च शिक्षामंत्री भी हैं और आज 8 अप्रेल से सुशासन तिहार का पहला दिन है प्रदेश का सबसे बड़ा विश्वविद्याकाय पंडित रवि शंकर शुक्ल के साथ साथ प्रदेश के सभी सेवा निवृत कर्मचारियों के लिए शीघ्र ही पेंशन आदेश जारी करा कर समानता और एकरूपता की मिशाल प्रस्तुत करते हुए छत्तीसगढ़ के सुशासन तिहार में चार चाँद लगेगा l ज्ञातब्य हो कि नगर निगम रायपुर और कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को भी सातवें वेतन मान के आधार पर पेंशन मिल रहा है तो प्रदेश के सबसे पुराने रवि शंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को सातवें वेतन मान के आधार पर पेंशन देने से वंचित रखा गया है जो कि कहीं से भी न्याय संगत नही है l विदित हो कि गुरु घासी दास बाबा जी ने कहा है कि मनखे मनखे एक समान सबके लहू के रंग हे एक समान केंद्र और प्रदेश के शासकीय और अर्धशासकीय विश्वविद्यालयीन कर्मचारियों के बीच कोई अंतर नहीं होना चाहिए प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है हम सभी सेवानिवृत कर्मचारियों ने भी शासन के साथ कंधे से कंधे मिलाते हुए सरकार के लिए काम कर रहे हैं एक प्रदेश एक समान पेंशन नीति के तहत पेंशन आदेश जारी किया जाए l
रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनगर में चाकू मारकर युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रार्थिया कमलेश्वरी निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पुत्र गोपी निषाद 8 अप्रैल को सुबह टहलने निकला था। इसी दौरान मंगलम भवन चौक के पास स्थित मुरारकर कॉम्प्लेक्स के पास पुरानी रंजिश के चलते शुभम साहू नामक युवक ने गोपी निषाद पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गोपी निषाद थाना आजाद चौक का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर. पोर्ते, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा, डीएसपी क्राइम संजय सिंह, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना आजाद चौक की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। अंततः आरोपी शुभम साहू उर्फ हेमंत पिता पुनीत राम साहू (उम्र 18 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, अन्नपूर्णा मंदिर के सामने, थाना आजाद चौक, रायपुर को हिरासत में लिया गया। उससे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना आजाद चौक के निरीक्षक जितेन्द्र ताम्रकार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, सउनि प्रेमराज बारिक, प्र.आर. विजय पटेल, दीपक बघेल, आरक्षक राकेश पाण्डेय, टीकम साहू, अभिषेक सिंह, शिवम द्विवेदी तथा थाना आजाद चौक के उनि. लिखन वर्मा, मेंजस लकड़ा, आरक्षक सचित शर्मा एवं मुकेश कुमार पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 89/25, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पहल पर आयोजित सुशासन तिहार 2025 का जिले के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शासकीय कार्याे में पारदर्शिता लाने एवं शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने राज्य में आज 8 अप्रैल से सुशासन तिहार का शुभारंभ हो गया है। बीजापुर जिले में पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक समाधान पेटी के माध्यम से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके लिए कलेक्टर संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों, तहसील, जनपद, नगर पंचायत, एसडीएम कार्यालय सहित जिला मुख्यालय में कलेक्टर कार्यालय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत सहित नगरपालिका नगर पंचायतोें मे भी समाधान पेटी के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे है। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के आयोजन के लिए अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही जिले के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ग्रामीण एवं शहरी जनमानस में सुशासन तिहार एवं समाधान पेटी के प्रति काफी उत्साह देखने को मिल रहा है वहीं आम जनता को सुगमतापूर्वक आवेदन लिखने हेतु समाधान पेटी में आवेदन करने हेतु सहयोगी के रूप में जिला प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को संलग्न किया गया है। कलेक्टर ने सभी पंचायतों में ग्रामीणों के द्वारा अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने हेतु आवेदन की उपलब्धता सहित ग्रामीणों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करने, सुदूर क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए है।
महासमुंद। प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालयों के सत्र 2025-26 अंतर्गत कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा रविवार 20 अप्रैल 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक आयोजित होगी। प्रवेश पत्र विभाग की वेबसाइट http://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail पर 20 अप्रैल 2025 तक डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षा दिवस को प्रत्येक परीक्षार्थी को 01 घंटे पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र मे उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश पत्र के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज दो फोटो लेकर जाएं। साथ ही आधार कार्ड व विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र अथवा प्रवेश पत्र डाउनलोड के संबंध में समस्या होने पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग महासमुंद से प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः30 बजे तक संपर्क कर सकते है। उक्त संबंध में आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in/ eklavya.cg.nic.inएवं जिले के सहायक, आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय महासमुंद से प्राप्त कर सकते है।
बलौदाबाजार। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन करने वाले एक बड़े अंतरराजयीय क्रिकेट सट्टा गिरोह का बलौदाबाजार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपए के आईपीएल क्रिकेट सट्टे का खुलासा हुआ है। पुलिस टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन करने वाले गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह ऑनलाइन क्रिकेट लोगिन आईडी से क्रिकेट सट्टा खिला रहा था। पुलिस ने गिरोह के सभी सदस्यों को दिल्ली से बलौदाबाजार लाया। बताया जा रहा कि भाटापारा शहर के आईपीएल बुकी दिल्ली में बैठकर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा का कारोबार करते थे। आरोपियों से 08 लैपटॉप, 52 एण्ड्रायड मोबाइल फोन, 01 इंटरनेट राउटर, 42 एटीएम कार्ड, 64 विभिन्न बैंक अकाउंट, 22 विभिन्न बैंक के चेकबुक, 10 नग मोबाइल चार्जर, 03 इथर बाक्स, 01 लेन केबल एवं 03 एक्सटेंशन केबल एवं नगदी रकम 38,000 रुपए जब्त किया गया है। पुलिस ने दो पैनल/बुक के ब्रांच ऑफिस में कार्यरत अभियुक्तों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 03 अप्रैल 2025 को थाना भाटापारा शहर की पुलिस टीम द्वारा संत रविदास वार्ड भाटापारा में घेराबंदी कर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों द्वारा आईपीएल क्रिकेट मैच में मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन लोगिन आईडी लेकर पैसे का दांव लगाकर क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा था। आरोपियों से 02 नग मोबाइल जब्त किया गया। इसी क्रम में 03 अप्रैल को ही ग्राम सुहेला तिगड्डा में आईपीएल क्रिकेट मैंचो पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगाए जाने के संबंध में पता चला। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरूद्ध 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिशेध अधिनियम 2022 एवं 66 आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच कार्रवाई की गई। दोनों प्रकरणों की जांच एवं विवेचना कार्यवाही तथा तकनीकी विश्लेषण में यह ज्ञात हुआ कि आरोपियों द्वारा विभिन्न ऑनलाइन सट्टा एप का लॉगिन आईडी के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैंचो पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन किया जा रहा है। साथ ही सभी आरोपियों का मुख्यालय नई दिल्ली में है, जहां से इस पूरे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन किया जा रहा है, की सूचना पर थाना भाटापारा शहर एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा योजना बनाकर नई दिल्ली में घेराबंदी कर छापा मारा गया। इस दौरान 10 आरोपियों को आईपीएल क्रिकेट मैंचो पर मोबाइल, टीवी, लैपटॉप आदि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। छापेमारी के दौरान आरोपियों से विभिन्न बैंक खाता भी जब्त किया गया। इन खातों की जांच ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के संचालन पर करोड़ों रुपए के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने का पता चला है। प्रकरण की जांच एवं पूछताछ पर पता चला कि आरोपी ऑनलाईन आईपीएल क्रिकेट सट्टा का संचालन देश के विभिन्न स्थानों में वितरित किये गये लागिन आईडी के माध्यम से कर रहे थे। रेड कार्यवाही के दौरान रायपुर, भाटापारा, राजनांदगांव, जांजगीर, छत्तीगसढ रींवा मध्यप्रदेश के कुल 10 अभियुक्तो की संलिप्तता पायी गई, जिन्हें हिरासत में लिया गया। आरोपियों से पृथक पृथक 08 लैपटॉप, 52 एण्ड्रायड मोबाइल फोन, 01 इंटरनेट राउटर, 42 एटीएम कार्ड, 64 विभिन्न बैंक अकाउंट, 22 विभिन्न बैंक के चेकबुक, 10 नग मोबाइल चार्जर, 03 इथर बाक्स, 01 लेन केबल एवं 03 एक्सटेंशन केबल एवं ₹38,000 नगदी रकम जप्त किया गया है। रेड कार्रवाई के दौरान दो पैनल/बुक का संचालन आरोपियो द्वारा किया जा रहा था, जो दिल्ली शहर में किराये के दो फ्लैट में पृथक-पृथक रहकर संचालित कर रहे थे। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता तथा अन्य अधिनियमों की धाराएं भी लगाई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के नाम कपिल होतवानी उम्र 36 वर्ष निवासी हनुमान नगर कालीबाड़ी रायपुर जिला रायपुर पवन कुमार मुंजार उम्र 40 साल निवासी पंडरी मोवा रायपुर जिला रायपुर अंकित चौबे उम्र 24 वर्ष निवासी नैला जिला जांजगीर चांपा आशीष धरमपाल उम्र 31 साल निवासी उसलापुर सांई आनंदम रोड बिलासपुर जिला बिलासपुर आर्यन गुण्डाने उम्र 20 साल निवासी पंचशील नगर भाटापारा थाना भाटापारा शहर अभय साहू उम्र 21 वर्ष निवासी घोरदा थाना डोंगरगांव जिला राजनांदगांव सत्यम सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी चित्रकूट धाम करवी सीतापुर बांधवालाल उत्तर प्रदेश शिवम मिश्रा उम्र 24 साल निवासी केवटे सिरमौर रीवा मध्य प्रदेश हरिओम वलेचा उम्र 25 साल निवासी प्रेम प्रकाश नगर भाटापारा थाना भाटापारा शहर महेश कल्याणी उम्र 40 साल निवासी लक्ष्मी अपार्टमेंट भाटापारा थाना भाटापारा
महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 पर एक बड़ा हादसा हो गया. तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडार के पास एक ट्रेलर पुलिया से टकराकर अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थी कि ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. वहीं हादसे में ट्रेलर चालक की जलकर मौत हो गई है, जबकि सह चालक की स्थिति का अब तक पता नहीं चल पाया है. जानकारी के अनुसार, ट्रेलर ओडिशा से रायपुर की ओर जा रहा था और उस पर दो जेसीबी मशीन लदी हुई थी. हादसा इतना भयानक था कि ट्रेलर पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गया. आग इतनी भीषण थी कि किसी को ट्रेलर के पास जाने का भी साहस नहीं हुआ. हादसे के आधे घंटे बाद तक भी मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाई थी, जिससे आग पर काबू नहीं पाया जा सका. हालांकि पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच चुका है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।
महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने स्वेच्छानुदान मद से जिले के 26 जरूरतमंदों के लिए स्वेच्छानुदान राशि स्वीकृत की है। इनमें बसना विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बंसुला के रविलाल चौहान, प्रताप साव, ग्राम देवरी की मीरा साव, केंवटापाली के लोकनाथ साव, चोरभट्ठी के हेमचंद साव, बरोली के कमलेश साव, मेदनीपुर के योगेश साव, बिछिया के राजेश गढ़तिया, बोहारपार के चमरा स्वर्णकार, बानीपाली के बसंत पटेल, सिंघनपुर के गिरजाशंकर स्वर्णकार, दिलीप साव, भदरपाली के मोहन पटेल एवं गिधली के शोभित मांझी शामिल हैं। वहीं पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम परसवानी के प्रमोद प्रधान, धरमपुर के कमल साहू, रिखादादर के प्रधान, तिलंजनपुर की किरण पटेल, त्रिलोचन ध्रुव, भगतदेवरी केमुकेश प्रधान, ढाबाखार के श्री किशोर कानूनगो, जामजुड़ा के टीकेशालाल साहू, शंकरपुर के संतोष मांझी, ब्रजेन्द्र प्रधान, पिरदा के उत्तर पटेल एवं ग्राम बैतारी के श्री बसंत साहू के लिए स्वेच्छानुदान राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को मतदाता परिचय पत्र, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वयं के दो फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे। इसके बाद स्वीकृत राशि का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा।
बिलासपुर। सीएमएचओ ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर डा नरेंद्र विक्रमादित्य की डिग्री सहित अन्य दस्तावेज पेश करने कहा है। डा विक्रमादित्य को अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने बतौर विशेषज्ञ चिकित्सक नौकरी पर रखा था। कार्डियोलाजिस्ट के रूप में उन्होंने आपरेशन किया। जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। डा. विक्रमादित्य ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ला का भी आपरेशन किया था। आपरेशन के बाद शुक्ला की तबितय बिगड़ी और कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत हो गई। दमोह के मिशन अस्पताल की घटना सामने आने के बाद पूर्व स्पीकर शुक्ला के पुत्र प्रोफेसर प्रदीप शुक्ला ने बताया कि कार्डियोलाजिस्ट डा विक्रमादित्य ने ही उनके पिता का आपरेशन किया था। आपरेशन के कुछ ही घंटों पर उनकी तबियत बिगड़ी और उनको वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनकी तबियत बिगड़ती ही गई और फिर चल बसे। गलत इलाज को लेकर अपोलो प्रबंधन ने शिकायत भी दर्ज कराई थी। कारपोरेट अस्पताल होने के कारण पूरा मामला दबा दिया गया। दमोह के मिशन अस्पताल में आधा दर्जन लोगों की मौत के बाद अपोलो अस्पताल प्रबंधन और डा विक्रमादित्य के फर्जीवाड़ा से पर्दा उठने लगा है। सीएमएचओ ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर डा विक्रमादित्य के कार्डियोलाजिस्ट की डिग्री, नौकरी पर रखने के आधार सहित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
रायपुर। CM विष्णुदेव साय विशाल बंजारा महाकुंभ में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से निगम-मंडल के नवनियुक्त अध्यक्षों ने की सौजन्य भेंट सीएम विष्णुदेव साय से आज राजधानी स्थित उनके निवास कार्यालय में निगम-मंडलों के नवनियुक्त अध्यक्षों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने सभी अध्यक्षों को नवीन दायित्व की बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति संकल्पबद्ध है। निगम-मंडलों के माध्यम से शासन की अनेक योजनाएँ और हितग्राहीमूलक कार्यक्रम ज़मीनी स्तर तक पहुँचते हैं। उन्होंने सभी अध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ करें तथा छत्तीसगढ़ की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
रायगढ़। पुष्पा फिल्म की तर्ज पर रात के अंधेरे में अवैध लकड़ी की तस्करी होने जा रही थी। 18 वाहन लोड हो चुका था, लेकिन तभी मामले की भनक वन अमला को लग गई। ऐसे में वन अमला ने मौके पर जांच किया, तो 18 चक्का में लोड सराई लकड़ी गोला के अलावा काफी संख्या में बिखरे अवैध लकड़ी मिले। जिसे वन अमला ने जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात तकरीबन 10 बजे घरघोड़ा वन अमला को मुखबिर से सूचना मिली कि भेंड्रा रोड पर जहां कई ट्रके खड़ी होती है। उसी स्थान पर 18 चक्का ट्रक में अवैध लकड़ी लोड है। जिसके बाद वनकर्मियों ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और वन अमला ने मौके पर दबिश दी। जहां जांच में पाया कि ट्रक में सराई का गोला लोड है और उसके आसपास काफी संख्या में सराई व खैर का गोला बिखेरा पड़ा है। इसके बाद वन अमला ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्रायवर को पकड़ा गया।
रायपुर। दुकान में लूट की कोशिश मामले में दो लड़के गिरफ्तार किए गए है, दिनेश वर्मा ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कराया कि दिनाक 06.04. 2025 को रात्रि 09.00 बजे अपनी दुकान शक्ति पारा उरकुरा में बैठा था उसी समय रोशन सिंह एवं विशेष सिंह दुकान आकर सामान एवं पानी पाउच मांगे प्रार्थी द्वारा मना करने पर दुकान के अंदर जबरन घुस कर मारपीट कर धमकी देते हुए दुकान के गल्ले से पैसा लुटने का प्रयास किये प्रार्थी द्वारा चिल्लाने पर प्रार्थी का भांजा आदित्य वर्मा व मोहल्ले का जुगल वर्मा आवाज सुनकर दुकान पर आये तो दोनो आरोपी बिना लुटे वहां से फरार हो गये प्रार्थी कि रिपोर्ट पर अपराध कमांक 329/25 ण्रीर 309(5),331(4),3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया प्रकरण के दोनो आरोपी रोशन सिंह पिता हरिकिशोर सिंह उम्र 24 वर्ष एवं विशेष सिंह पिता विकास सिंह उम्र 19 वर्ष साकिनान अल्का बिहार महतारी चौक उरकुरा थाना खमतराई को दिनांक 08.04.2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी 01. रोशन सिंह पिता हरिकिशोर सिंह उम्र 24 वर्ष सा. अल्का बिहार महतारी चौक उरकुरा थाना खमतराई रायपुर। 02. विशेष सिंह पिता विकास सिंह उम्र 19 वर्ष सा. अल्का बिहार महतारी चौक उरकुरा थाना खमतराई रायपुर
कवर्धा। राज्य में भाजपा सरकार को अभी महज 14 माह ही हुए हैं. इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार ने मिलकर प्रदेश भर में नक्सलियों के खिलाफ एक व्यापक मुहिम छेड़ी है, जिसका परिणाम है कि कबीरधाम, खैरागढ़ और राजनांदगांव जिलों को नक्सल मुक्त जिला घोषित किया गया है. जिले में नक्सलियों को नेस्तनाबूत करने 9 सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं. इसका नतीजा है कि पिछले एक-दो वर्षों में जिले में कोई बड़ी नक्सली घटना सामने नहीं आई है. कबीरधाम जिला नक्सलियों के एमएमसी (मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़) जोन में आता है. प्रदेश की सीमाएं मध्यप्रदेश के बालाघाट और मंडला जिलों से लगती हैं, जहां आज भी नक्सली सक्रिय हैं. हाल ही में सीमावर्ती क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो इनामी महिला नक्सली मारी गई थीं. कबीरधाम पुलिस ने जिले के बेंदा, कोयलारझोरी, खेलाही, कबीरपथरा समेत कुल 9 स्थानों पर सुरक्षा कैंप स्थापित किए हैं, जहां जवान चौबीसों घंटे गश्त और सर्च ऑपरेशन में लगे रहते हैं. कई बार मुठभेड़ भी हो चुकी है, जिसमें नक्सली मारे गए हैं. अब तक दर्जनों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज सेवा की राह अपनाई है. इसके अलावा पुलिस की मौजूदगी ने ग्रामीणों के बीच विश्वास भी बढ़ाया है. गांव-गांव में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस सक्रिय नक्सलियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है. यदि सरकार इन सुरक्षा कैंपों को बंद कर जवानों को वापस बुलाती है, तो यह फैसला नक्सलियों की गतिविधियों को फिर से बढ़ावा दे सकता है, और ग्रामीणों में डर का माहौल बना सकता है.
मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने बारात में हुई एक युवक की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 3 अप्रैल का है, जब रावणभाठा में एक शादी समारोह के दौरान 17 वर्षीय टिकेंद्र साहू की चाकू से हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी देते हुए प्रार्थी घनश्याम साहू ने बताया कि उनके चाचा सालिक राम साहू के बेटे की शादी में बारात मुंगेली आई थी। रात करीब 11:30 बजे टिकेंद्र साहू अपने दोस्तों के साथ डांस कर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों में झगड़ा शुरू हो गया। टिकेंद्र जब बीचबचाव करने गया, तो किसी ने उसके पेट में चाकू मार दिया। घायल टिकेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन शाम 6:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर करन साहू, राहुल सोनकर, शुभम साहू, नरोत्तम भास्कर और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपियों ने मिलकर टिकेंद्र और उसके दोस्त धमेन्द्र साहू पर चाकू और मुक्कों से हमला किया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 238 और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोरबा। कोरबा में मां सर्वमंगला मंदिर जा रहे एक युवक की बाइक में अचानक आग लग गई। युवक ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। घटना मंदिर से कुछ दूर मुख्य मार्ग पर हुई। बाइक में आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए रेत-मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया। सर्वमंगला मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले एक दुकानदार ने बताया कि युवक कोरबा की तरफ से आ रहा था। बाइक से धुआं निकलता देख वह तुरंत कूद गया। स्थानीय लोगों ने वाहन को मेन स्टैंड पर खड़ा किया। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अगर ऐसा नहीं होता तो बाइक का पेट्रोल टैंक फट सकता था और आसपास खड़े लोग भी हादसे का शिकार हो सकते थे। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और यातायात को तुरंत बहाल करवाया।
कवर्धा। जिले में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों का उल्लंघन कर आम जनजीवन को परेशान करने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कबीरधाम जिला मुख्यालय में दोपहिया वाहनों में लगे अवैध 27 मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कवर्धा कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कवर्धा निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं यातायात प्रभारी उप। निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई। इन मोडिफाइड साइलेंसरों का प्रयोग कर कुछ शरारती तत्व जानबूझकर तेज आवाज करके आम नागरिकों विशेषकर बुजुर्गों, विद्यार्थियों, मरीजों और महिलाओं को परेशान कर रहे थे। ये साइलेंसर न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं बल्कि ध्वनि प्रदूषण के बड़े स्रोत भी हैं।
बिलासपुर। सराफा दुकान में खरीदारी के बहाने लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 26 लाख रुपये से अधिक कीमती माल बरामद किया है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक उमेश कुमार साहू, एसीसीयू निरीक्षक अजहर, और उनकी टीम के बलराम विश्वकर्मा, संतोष मरकाम, सुमन कश्यप, अविनाश कश्यप, बोधू कुम्हार, महिला आरक्षक जिवंती भगत और सुनीता पाटले ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई. बिल्हा स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स के संचालक मनोहर जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान से लगातार कीमती आभूषण गायब हो रहे हैं. संदेह के आधार पर जब CCTV फुटेज खंगाले गए, तो पता चला कि कुछ महिलाएं, जो पिछले 2-3 वर्षों से दुकान में खरीदारी के बहाने आती थीं, चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही थीं. मुखबिर की सूचना पर जब यह गिरोह दोबारा चोरी की नीयत से दुकान के पास आया, तो पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा.
पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात कबूल की.
सोने के आभूषण – करीब 23 तोला चांदी के आभूषण – करीब 1.6 किलो नकद राशि – ₹4,47,000 कुल जब्ती – ₹26,83,230 प्रयुक्त वाहन – 2 कारें गिरफ्तार आरोपी संजना साहू उर्फ रेखा तिवारी (36 वर्ष), पति संजू तिवारी सीमा साहू (30 वर्ष), पति गोलू साहू अनिता साहू (25 वर्ष), पति कोमल साहू कोमल साहू (26 वर्ष), पिता सुखराम साहू
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 5 महिला नक्सलियों ने हथियार के साथ सरेंडर किया है। सभी माओवादियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित है। साल 2025 में अब तक 87 बड़े-छोटे कैडर के माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। जानकारी के मुताबिक, यह सभी महिला नक्सली माड़ डिवीजन कुतुल-नेलनार-परलकोट एरिया कमेटी के हैं। आत्मसमर्पण करने पर सभी को प्रोत्साहन राशि 25 हजार रुपए का चेक दिया गया। उन्हें नक्सल उन्मूलन नीति के तहत मिलने वाली सभी तरह की सुविधाएं दी जाएगी।
इन नक्सलियों ने किया सरेंडर
सभी 1-1 लाख इनामी लक्ष्मी वंजामी (19) नारायणपुर के ओरछा निवासी। पद- नेलनार एलओएस सदस्य। सन्नी उर्फ जमली पोड़ियाम (30) धनोरा निवासी। पद- नेलनार एलओएस सदस्य। कुम्मे पोड़ियाम (19) निवासी ओरछा, पद- परलकोट जन मिलिशिया सदस्य। सुकाय पोड़ियाम (20) ओरछा निवासी। पद- कुतुल एलओएस सदस्य। अनिता उसेंडी (23) ओरछा निवासी। पद- नेलनार एरिया कमेटी रिकरूट।
रायपुर। आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद, उसके क्रियान्वयन को लेकर अहम चर्चा की गई। बैठक में रायपुर लोकसभा क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, अतिरिक्त ठहराव तथा यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के उन्नयन पर विस्तृत चर्चा की गई। रायपुर से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ट्रेनों की संख्या में वृद्धि की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री रामविचार नेताम, विधायक गुरु खुसवंत साय, रायपुर डीआरएम सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामनवमीं पर्व के दिन प्रार्थना सभा के बहाने चंगाई सभा कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। जिसके विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा मचाया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में पास्टर सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि बहतराई स्थित अटल आवास सहित अलग-अलग इलाकों में प्रत्येक रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता है। इसी तरह रविवार को बहतराई में प्रार्थना सभा के बहाने हिंदू वर्ग के लोगों को बुलाया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता विरोध करने पहुंच गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया, जिसके बाद उन्होंने सरकंडा थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूछताछ की, तब पता चला कि दीपा गोटेल अपने निवास में प्रार्थना सभा आयोजित करा रही थीं। इससे पहले भी 31 मार्च को आयोजित सभा में यदुनंदन नगर निवासी पास्टर दीपक सिंह सिदार और उनकी पत्नी पूजा सिदार द्वारा धार्मिक उपदेश दिया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू धर्म के लोग मौजूद थे। पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई। टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि जांच के बाद मामले में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्रय अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, दीपा गोटेल, पास्टर दीपक सिदार, पूजा सिदार, गुरुविंदर सिंह, शिवकुमार धीवर और मधु कुमार केंवट के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इधर, हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता राम सिंह ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर धर्मांतरण का हब बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसका वो लगातार विरोध कर रहे हैं। कोनी, सकरी, सिविल लाइन और मस्तूरी क्षेत्र के बाद अब सरकंडा के बहतराई में भोले-भाले हिंदुओं को लालच देकर फंसाने और धर्मांतरण कराने का खेल चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हिंदुओं को प्रार्थना सभा के बहाने बुलाया जाता है, जहां प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है।
Adv