बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मिला लाखों रुपए का गांजा, जांच में जुटी पुलिस…

    06-Jul-2024

    दुर्ग :- रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर लावारिस हालत में मिले लाखों रुपए के गांजे को जीआरपी चौकी पुलिस ने जब्त किया है और मामले की जांच में जुटी हुई है। जीआरपी चौकी प्रभारी एस के राठौर ने बताया कि मंगलवार 2 जुलाई की रात को जांच के दौरान आरपीएफ पुलिस को विमल गुटके की थैली में भरा हुआ लावारिस हालत में पड़ा गांजा मिला है। उक्त गांजे को आरपीएफ ने जीआरपी पुलिस के सुपुर्द किया।

     
    श्री राठौर ने बताया कि आरोपी गांजे को छोड़कर फरार हो गया। पकड़े गए गांजे की कीमत 3,10,000 रुपए आंकी जा रही है। गांजा विमल गुटके के थैले में रखा हुआ मिला था। अज्ञात आरोपी की तलाश में जीआरपी जुटी हुई है। स्टेशन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
  • छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ का दो दिवसीय प्रादेशिक अधिवेशन कवर्धा में 27 व 28 जुलाई को आयोजित,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

    06-Jul-2024

    रायपुर. छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ का दो दिवसीय प्रादेशिक अधिवेशन कवर्धा में 27 व 28 जुलाई को आयोजित होने जा रहा है. इस वृहद आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे. उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार भारत के सर्वोच्च सम्मान पद्मश्री से सम्मानित विजय दत्त श्रीधर करेंगे. मुख्य वक्ता के रूप में राज्य सभा टेलीवीजन दिल्ली के पूर्व एक्जक्यूटिव डायरेक्ट राजेश बादल उपस्थित रहेंगे. भारत के विभिन्न प्रांतों के वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार, शिक्षाविद, पत्रकार संघों के अध्यक्ष इस अधिवेशन में शामिल होकर अपने अनुभवों से पत्रकारों को संबोधित कर शिक्षित करेंगे.

     
    मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया. इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राज गोस्वामी ने मुख्यमंत्री को अधिवेशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. लंबी चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आना सहर्ष स्वीकार किया. इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राज गोस्वामी एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह बघेल, महासचिव चंकी तिवारी, संभागीय अध्यक्ष स्वरूप भट्टाचार्यजी, उपाध्यक्ष एसके सिंह, सचिव मनीष शर्मा, देवेन्द चंद्रवंशी, जांजगीर जिलाथ्यक्ष हरि अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे.
     
    कार्यक्रम में लगभग सभी राज्यों के पत्रकार साथी शामिल होंगे, जिसमें प्रमुख रूप से पद्मश्री विजय दत्त श्रीधर, संस्थापक, माधवराव सप्रे समाचार संग्रहालय एवं शोध संस्थान भोपाल, राजेश बादल, पूर्व एक्जक्यूटिव डायरेक्ट राज्य सभा टेलीवीजन दिल्ली, डाॅ. सुधीर सक्सेना, एडीटर इन चीफ, दुनियां इन दिनों दिल्ली, प्रेम शंकर अवस्थी, प्रधान सम्पादक, दैनिक युगांतर प्रवाह लघनऊ उप्र , टी रमेश बाबू, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार, हैदराबाद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार फेडरेशन, सिद्धांत सिंह एडीटर द ओपन दिल्ली, आर आर गोस्वामी, न्यूज एडीटर ,दैनिक इकोनामिक टाइम्स अहमदाबाद ,गुजरात , राधावल्लभ शारदा, प्रदेश अध्यक्ष , एमपी वर्किग जर्नलिस्ट यूनियन भोपाल मप्र , निषांत कांबले, प्रदेश अध्यक्ष ,महाराष्ट्र वर्किग जर्नलिस्ट यूनियन नागपुर महाराष्ट्र, अविनाश मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष ओड़िशा पत्रकार संघ भुवनेश्वर, विनोद पांचाल, अध्यक्ष हरियाणा पत्रकार संघ, पानीपत हरियाणा, लीलाधर शर्मा प्रेस क्लब अध्यक्ष,फजिल्का पंजाब ,अनिल ज्यानी, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पंजाब, रितेश चौरसिया दैनिक भास्कर रांची, झारखंड सहित उनके साथी पत्रकार हैं.
  • सराफा कारोबारी को व्यस्त देख जेवरात ले उड़े बदमाश

    06-Jul-2024

    तखतपुर। ब्लॉक मुख्यालय में ज्वेलरी दुकान से दिनदहाड़े उठाईगिरी का मामला सामने आया है. ताबीज देखने के बहाने में दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है. यह मामला तखतपुर के पुराना पोस्ट ऑफिस के पास नीलम ज्वेलर्स का है. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी गई है. मिली जानकारी के मुताबिक, ज्वेलर्स दुकान के संचालक व्यस्त थे, जिसका फायदा उठाकर दो युवकों ने सोने-चांदी के आभूषण लेकर दुकान से फरार हो गए. इसकी सूचना सराफा कारोबारी जमुना प्रसाद कश्यप ने थाने में दी. तखतपुर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

  • आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने ली स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने बैठक

    06-Jul-2024

    रायपुर। नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को सड़क रोशनी व्यवस्था से संबद्ध जोन इंजीनियर्स व कार्य एजेंसी ई.ई.सी.एल. की टीम की बैठक लेकर व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां पर निरंतर शिकायतें आती है, उसके तारों व कनेक्शन की नए सिरे से जांच करें तथा शिकायतों के निराकरण में देरी न करें। बैठक में कार्यपालन अभियंता  इमरान खान, सहायक अभियंता संदीप शर्मा सहित सभी जोन के प्रभारी अधिकारी व इंजीनियर्स उपस्थित रहें।

  • पिटाई से छात्रा की आंख में आई सूजन, हेड मास्टर पर आरोप

    06-Jul-2024

    मुंगेली। मुंगेली में 5वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ सरकारी स्कूल में बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने स्कूल के हेड मास्टर पर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उचित कार्रवाई की मांग की है. वहीं मामले में युवा कांग्रेस ने मारपीट करने वाले हेडमास्टर पर कार्रवाई ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले में जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

     
    जानकारी के अनुसार, मुंगेली विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला चमारी के प्रधान पाठक टुकराम खांडे ने 29 जून को 5वीं कक्षा की छात्रा गौरी साहू को डंडे से मारपीट कर लहू लुहान कर दिया. टीचर ने पहले छात्रा को डराया, फिर डंडे से मारकर दाहिने आंख के पास चोट पहुंचाई. इस घटना में छात्रा के आंखों के नीचे गंभीर चोट आई है. जिसके छात्रा के परिजनों ने 1 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित आवेदन कर प्रधान पाठक पर उचित कार्रवाई की मांग की. लेकिन शिकायत के बाद भी आरोपी शिक्षक टुकराम खांडे के ऊपर किसी भी प्रकार का विभागीय कार्यवाही नहीं हुई.
     
     
    वहीं अब मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रधान पाठक के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है. युवा कांग्रेस ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर प्रधान पाठक पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की है और उचित कार्रवाई नहीं होने पर शिक्षा विभाग के घेराव कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
  • बिना पंजीयन क्लीनिक चलाने वाले 8 क्लीनिकों को किया सील,10 को जारी किया नोटिस

    06-Jul-2024

    जगदलपुर. बस्तर में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम की तरफ से झोलाछाप डॉक्टरों और बिना पंजीयन क्लीनिक चलाने वालों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की गई है. औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से संचालित 8 क्लीनिकों को जिला प्रशासन की टीम ने सील कर दिया है. बिना पंजीयन क्लीनिक का संचालन करने वाले 10 क्लीनिक संचालकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है.

     
    बता दें, जिला प्रशासन की तरफ से यह कार्रवाई बस्तर जिले में झोलाछाप डॉक्टरों अवैधानिक तरीके से क्लीनिक का संचालन और गांव-गांव घूमकर मरीजों का इलाज करने के संबंध में मिल रही शिकायतों को देखते हुए की जा रही है. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम जिला मुख्यालय से लेकर विकासखण्ड मुख्यालयों व गांवों में संचालित दवाखानों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर्स में लगातार दबिश देकर उनकी वैधानिकता की जांच-पड़ताल कर रही है. दरअसल झोला छाप डॉक्टर ग्रामीणों का इलाज कर स्वास्थ्य और खराब कर देते हैं. कई ग्रामीण भी इन झोलाछाप डॉक्टरों के दवाओं से प्रभावित हो चुके हैं.
     
    नर्सिंग होम एक्ट जगदलपुर के नोडल अधिकारी डॉ. टी.एस. नाग, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी नानगुर जयंतीलाल दरियो, नायब तहसीलदार अंकुर रात्रे, पुलिस थाना नगरनार की संयुक्त टीम ने ओम साहू की लिखित शिकायत के आधार पर नगरनार में जांच कार्रवाई की और सेमरा, कलचा, मगडु, कचोरा गांव में दौरा कर झोलाछाप डॉक्टरों के बारे में लोगों से पूछताछ की.
     
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बस्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नर्सिंग होम एक्ट के तहत अवैध दवाखानों व अपंजीकृत चिकित्सकों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित आशा क्लीनिक, जगन्नाथ क्लीनिक, दुर्गा क्लीनिक, एपेक्स डेंटल क्लीनिक, डॉ. के.के. राय, नेहा डेंटल क्लीनिक और मेडिकेयर पैथालॉजी लैब के संचालकों और लोहाण्डीगुडा ब्लॉक अंतर्गत साहू मेडिकल स्टोर के संचालक घनाराम साहू, डॉ. हरीश मरकाम, तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत ए.के. विश्वास सड़क पारा को नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन न होने के कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
     
    जगदलपुर में संचालित सागर दवाखाना को जिला प्रशासन ने बिना योग्यता के क्लीनिक का संचालन करने के मामले में सील बंद कर दिया गया है. इसी तरह बिना चिकित्सकीय योग्यता के बकावण्ड में क्लीनिक का संचालन करने वाले चन्द्रशेखर मौर्य, नानगुर में संदीपदास, लोहाण्डीगुडा में डॉक्टर पिताम्बर साहू, बकावण्ड के ग्राम सतोषा करपावंड में संचालित मंडल प्रायमरी हेल्थ केयर सेंटर, तोकापाल में दीनानाथ तिवारी, दरभा ब्लॉक के चिंगपाल में गिरीश कुमार कश्यप, बस्तर में लिजा मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया गया है.
  • ACB ने की बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार 50 हजार तो थानेदार 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

    06-Jul-2024

    धमतरी। ACB की टीम ने शुक्रवार को भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टिम प्रदेश की राजधानी रायपुर में एक थानेदार को 20 हजार रुपए और धमतरी में तहसीलदार को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

     
    मिली जानकारी के मुताबिक दिलीप पुरी गोस्वामी ने जमीन पर कब्जा को लेकर चल रहे मामले में तहसीलदार क्षीरसागर बघेल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी कार्यालय में किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी की टीम ने पांच जुलाई को विशेष रणनीति के तहत धमतरी पहुंचकर कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि संबंधित जमीन 85 डिसमिल है, जिस पर कब्जा को लेकर विवाद चल रहा था। धमतरी राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के कारनामा को पकड़ने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुक्रवार को देर शाम तहसील दफ्तर में दबिश दी है।
    तहसील कार्यालय परिसर के कमरा नंबर 14 में पदस्थ नायब तहसीलदार क्षीरसागर बघेल को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथ 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया है। ACB की टीम ने आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो के एडिशनल एसपी सीडी तिर्की के नेतृत्व में किया गया। टीम में करीब आठ से 10 एसीबी के अधिकारी और जवान तैनात है। देर शाम तक एसीबी की कार्रवाई जारी थी।
    इससे पहले एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुये राजधानी रायपुर की महिला थाना टीआई देववती डरियो को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हुए हाथों गिरफ्तार किया। 498 के मामले में प्रार्थिया प्रीति बंजारे से उसके पति के खिलाफ एफ़ाइआर दर्ज करने के नाम पर महिला थाना प्रभारी ने 50 हजार रूपये की मांग की थी। जिसके बाद 35 हजार हजार में सौदा हुआ। चूँकि पीड़िता पैसा नहीं देना चाहती थी, इसलिए उसने इसकी शिकायत एसीबी में की और एसीबी ने आज देर शाम जाल बिछाकर महिला टीआई को ट्रेप कर लिया।
  • तेलीबांधा इलाके में ​स्थित स्काई ऑटोमोबाइल्स के सर्विस सेंटर में लगी आग

    05-Jul-2024

    रायपुर। तेलीबांधा स्थित स्काई ऑटोमोबाइल्स में भीषण आग लगने की खबर समाने आ रही है. राजधानी के तेलीबांधा इलाके में ​स्थित स्काई ऑटोमोबाइल्स के सर्विस सेंटर में आग लग गई है. मौके पर दमकल की तीन गाड़ी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है. सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है.

     
    आग लगने के कारण कर्मचारियों में अफरा तफरी का माहौल है. सूचना पर तेलीबांधा पुलिस के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे हैं और आग बुझाने के प्रयास में लगे है. आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है. भीषण आग लगने से इलाके में दूर-दूर तक आसमान में धुएं का गुबार दिखाई पड़ रहा है.
  • तेज रफ्तार दो बाइक आपस में भिड़ गए,हादसे में पांच लोग हुए गंभीर रूप से घायल उपचार जारी

    05-Jul-2024

    गरियाबंद. नेशनल हाइवे 130 सी पर देवभोग थाना क्षेत्र के झराबहाल पुल के पास आज तेज रफ्तार दो बाइक आपस में भिड़ गए. दोनों के बीच टक्कर इतनी जोर से थी कि दोनों बाइक के चालक और सवार 20 फीट दूर जा गिरे. इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संजीवनी 108 से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

     
    जानकारी के मुताबिक, एक बाइक में गंगराजपुर निवासी महेश 18 वर्ष, किसना 17 वर्ष, धूपकोट निवासी जोहन 24 वर्ष सवार थे. वहीं दूसरी बाइक में देवभोग निवासी 20 वर्षीय विशाल एक युवती के साथ सवार था. हादसे के बाद पांचों को गंभीर हालत में देवभोग अस्पताल में भर्ती कराया गया. बीएमओ डॉक्टर प्रकाश साहू ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है.
    एक घायल को बाइक में लेकर अस्पताल पहुंची पुलिस
     
    घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस प्रधान आरक्षक विजय मिश्रा और दिप्तनाथ प्रधान मौके पर पहुंचे. 108 भी पहुंची हुई थी, पर लोग घायलों को मदद करने के बजाए वीडियो बनाते रहे. पुलिस के दोनों जवान चार घायलों को 108 में सुलाया, एक को अपने बाइक में लेकर अस्पताल पहुंचे. थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने कहा कि घायलों का उपचार जारी है. मामले की जांच की जाएगी.
  • अपने स्कूल पहुंचकर पुराने दिनों को याद किया मुख्यमंत्री ने,कहा शिक्षा से बहुत कुछ बदलता है

    05-Jul-2024

    रायपुर राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ग्राम बगिया के उसी स्कूल कैंपस में पहुंचे जहां कई बरस पहले उन्होंने अपनी पांचवी कक्षा की पढ़ाई की थी। उन्होंने बताया कि स्कूल को साफसुथरा रखने हम लोग घर से गोबर लाकर लिपाई करते थे। स्कूल के रखरखाव की पूरा गांव चिंता करता था और छत की मरम्मत गांव वाले मिलकर करते थे। टाटपट्टी भी नहीं थी, घर से बोरी लेकर आते थे, सीसी रोड भी नहीं था। पांचवी बोर्ड का सेंटर भी नहीं था और सेरामोंगरा जाना पड़ता था। अब शिक्षा के लिए इतनी सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं तो अच्छा लगता है। चूंकि शिक्षा हमारे विकास का मूलमंत्र है अतएव इसकी बेहतरी के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जशपुर में दिव्यांग आदर्श आवासीय विद्यालय की घोषणा के साथ ही ग्राम बगिया और बंदरचुआ के स्कूल को आदर्श विद्यालय बनाने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने फरसाबहार में हायरसेकेंडरी स्कूल की घोषणा भी की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन मेरे और बगिया वासियों के लिए ऐतिहासिक दिन है। मैंने बगिया में पांचवीं तक की पढ़ाई की है। शिक्षा मात्र डिग्री या नौकरी हासिल करने के लिए नहीं है। यह जीवन बदलता है। आप शिक्षित और अशिक्षित व्यक्ति के जीवन स्तर को देखकर स्वयं भी अंदाजा लगा सकते हैं कि शिक्षा का जीवन में कितना महत्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन काल से ही हमारा देश शिक्षा के  क्षेत्र में विश्वगुरु रहा है। नालंदा और तक्षशिला से शिक्षा प्राप्त कर बहुत से लोग आगे बढ़े।

     
    उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा के विकास को आगे बढ़ाया है। इससे अब साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी दक्षता सुधारने का बेहतर अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों की समझ और ज्ञान को विकसित करने किताबों में उनकी स्थानीय भाषाओं का समावेश किया गया है। शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने राज्य में 211 पीएमश्री विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। समर कैंप का आयोजन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने मंच से सभी को बताया कि 6 अगस्त को सभी स्कूलों में पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बच्चों के अभिभावकों को शिक्षक बताएंगे कि उनके बच्चे कैसे पढ़ाई करते हैं।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में न्योता भोज का आयोजन भी किया जा रहा है। कोई भी अपने जन्मदिन और अन्य विशेष दिन में स्कूली विद्यार्थियों को न्यौता भोज दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के पदमश्री श्री जागेश्वर यादव को मंच पर अपने पास बुलाकर कहा कि इन्होंने हॉफ पेंट पहनकर और बिना चप्पल पहने विशेष पिछड़ी जनजाति के पहाड़ी कोरवा, बिरहोर जनजाति समाज की निरंतर सेवा की। उनकी सेवा के बदौलत उन्हें राष्ट्रपति ने पद्मश्री से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक व्यक्ति चाहे तो दूसरों की भलाई करके भी बहुत आगे बढ़ सकता है। आप भी इनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं।
     
    शाला प्रवेशोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर ही ध्यान दें, अन्य बच्चों से तुलना न करें। हर बच्चे की अपनी क्षमता और विशिष्टता होती है। इसे ध्यान देकर बच्चों की पढ़ाई पर फोकस करें।
     
    इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सच्चे संकल्प के साथ किये गये प्रयत्न से मुख्यमंत्री जी ने निश्चित ही सफलता मिलती है। आज जिस स्कूल में खड़े हैं इसी स्कूल से अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी की है और प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे समय भी संसाधन कम थे लेकिन मेरी मां ने मुझे हमेशा पढ़ने के लिए प्रेरित किया। समाज को बदलने का एकमात्र माध्यम शिक्षा है। इस मौके पर सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए सभी सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। आप खूब पढ़े और आगे बढ़ें। विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि शिक्षकों के साथ अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई के लिए मेहनत करें, इससे निश्चित रूप से शिक्षा का स्तर बढ़ेगा। विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय ने कहा कि सबसे बड़ा धन विद्या धन है। हमें शिक्षा को बेहतर करने के लिए लगातार काम करना है। इस मौके पर विधायक आरंग श्री गुरु खुशवंत साहेब, जिला पंचायत अध्यक्ष जशपुर श्रीमती शांति भगत, उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। साथ ही स्कूल शिक्षा सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेसी, संचालक समग्र शिक्षा श्री संजीव झा, संचालक डीपीआई श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, संभागायुक्त श्री जीआर चुरेंद्र, आईजी श्री अंकित गर्ग, कलेक्टर श्री रवि मित्तल एसपी श्री शशिमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
  • क्रेडा विभाग के कर्मचारियों ने अनुबंध के विरोध में मुंडन करा कर जताया विरोध

    05-Jul-2024

    रायपुर. छत्तीसगढ़ के क्रेडा विभाग के टेक्नीशियन कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर हैं. हड़ताल के बीच कर्मचारियों ने आज शुक्रवार को मुंडन करा कर अनोखा प्रदर्शन किया. बता दें, क्रेडा के कुल 540 कर्मचारियों को संविदा अनुबंध के बजाय ठेकेदारी में बदल दिया गया है, जिसके विरोध में वे तूता नया रायपुर में प्रदर्शन कर रहे हैं.

     
    कर्मचारियों के संविदा अनुबंध को ठेकेदारी में बदलने से उन्हें कई सुविधाएं नहीं मिलेंगी. स्वयं अपने व्यय से दुर्घटना बीमा का कराना होगा, जिससे किसी भी दुर्घटना के मामले में विभाग की जिम्मेदारी खत्म हो जाएगी.
     
    अनुबंध के तहत, कर्मचारियों को किसी भी प्रकार के अन्य भत्तों जैसे नक्सल भत्ता, ईपीएफ, ईएसआईसी, और मेडिकल सुविधाओं की सुविधा नहीं मिलेगी.इसके अलावा, उन्हें यात्रा भत्ता और मानदेय भुगतान के संबंध में भी चिंता है.
     
    क्रेडा विभाग के इन कर्मचारियों ने अपने मुद्दों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा करने की मांग की है. वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हड़ताल जारी रखेंगे जब तक कि उनकी मांगों पर समाधान नहीं हो जाता.
     
    बता दें, विभाग के अधिकारियों की मनमानी और बार-बार नियम कानून बदलने के चक्कर में 120 संविदा कर्मचारियों को 2014 से 2016 तक संविदा में कार्य पर रखा गया. इसके बाद फिर नियम में संशोधन करते हुए इनको फिर कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया. बार-बार अधिकारी नियम कानून मनमाने ढंग से बदल रहे हैं, जिसकी वजह से विभाग में जो कार्यरत 560 कर्मचारी हैं वह बहुत मानसिक रूप से परेशान हैं. जबरदस्ती दबाव बनाया जा रहा है कि अगर आप अनुबंध नहीं करेंगे, तो आपको नौकरी से निकाल दिया जायेगा. 
    हड़तालियों की प्रमुख मांगें
     
     तकनीशियनों से अनुबंध कराने प्रथा तत्काल बंद किया जाए.
     पूर्व में जिनकी नियुक्ति संविदा में हुआ था उसी को आधार मानते हुए सभी तकनीशियनों को संविदा दर पर वेतन भुगतान करें.
     विभाग में 2012 में अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया गया उसी अनुरूप में तकनीशियनों को भी नियमित किया जाए.
    अन्य संविदा प्लेसमेंट कर्मचारियों के अनुरूप शासकीय अवकाश का लाभ दिया जाए.
       
     क्रेड़ा विभाग इंश्योरेंस स्वयं कराएं जो वर्तमान में कर्मचारियों से कराया जा रहा है.
        वर्तमान स्थिति में प्रतिमाह 3000 यात्रा भत्ता दिया जाय।इसमें प्रतिवर्ष 20% वृद्धि किया जाए.
  • प्रदेश में 11 जुलाई से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत ,छत्तीसगढ़ में लगभग 4 करोड़ पौधे इस बार रोपे जाएंगे.

    05-Jul-2024

    रायपुर। भाजपा की ओर से एक पेड़ मां के नाम से पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री भी अपनी मां के नाम से पौधरोपण कर रहे हैं. वहीं प्रदेश में 11 जुलाई से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत भी सरकार की ओर से की जाएगी. इस अभियान को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से आव्हान किया है कि एक वृक्ष मां के नाम लगाएं. हरित आवरण को बढ़ाने की दृष्टि से अभियान चलाया जाएगा. वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा. पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग 4 करोड़ पौधे इस बार रोपे जाएंगे.

     
    सरकार वृक्षों का रखरखाव कैसे करेगी, इसपर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रति वर्ष 10 प्रतिशत वृक्ष उच्च स्तर तक नहीं आ पाते हैं. यह केवल सरकार की ही नहीं लोगों की भी जिम्मेदारी है कि सभी मिलकर वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का काम करें. प्रकृति के साथ जुड़कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
     
    मुस्लिम महासभा सम्मेलन में गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग पर बन मंत्री केदार कश्यप ने कहा, मुस्लिम समुदाय के विकास के लिए छत्तीसगढ़ और केंद्र सरकार ने बेहतर काम किया है. छग सहित पूरे देश के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है. पूरी जानकारी होने के पश्चात ही इसमें आगे कुछ कह पाऊंगा.
  • कटघोरा हादसे पर मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त किया, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा

    05-Jul-2024

    रायपुर कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम जुराली के डिपरा पारा में कुएं में गिरे ग्रामीण को बचाने की जद्दोजहद में एक ही परिवार के 4 लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदना व्यक्त की है। श्री साय ने कोरबा कलेक्टर को मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने के निर्देश दिए हैं।

     
    सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ग् पर लिखा है कि - कटघोरा के ग्राम जुराली में कुएं में गिरे ग्रामीण को बचाने की जद्दोजहद में एक ही परिवार के 4 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है।
     
    मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश कोरबा कलेक्टर को दिए हैं।
     
    ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
     
    गौरतलब है कि कटघोरा थानांतर्गत ग्राम जुराली के डिपरा पारा में चार लोगों की कुएं में डूबने से मृत्यु हो गयी। बताया जा रहा है कि कुएं में जहरू नामक ग्रामीण के गिरने के बाद उसे बचाने के लिए उसकी बेटी भी कुएं में कूद गयी। इसके बाद परिवार के ही दो अन्य लोग कुएं में नीचे उतरे। लेकिन एक के बाद एक सभी की कुएं में उतरने के बाद मृत्यु हो गयी। जिस पर मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त किया है।
     
  • लखपति दीदी बनने के सपने को कर रही साकार

    05-Jul-2024

    रायपुर महिलाएं अपनी मेहनत और लगन से आगे बढ़ रही है और कामयाबी का परचम लहरा रही है। मेहनत करने वालों की  राह स्वयं ही खुल जाती है। इस बात को दूरस्थ अंचल जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा के गीदम विकासखंड अंतर्गत 30 से 35 किलोमीटर दूरी पर स्थित हिड़पाल ग्राम पंचायत में माँ गौरी स्व-सहायता समूह की महिलाएं चरितार्थ कर रहीं हैं। सुदूर वनक्षेत्र में निवासरत ये ग्रामीण महिलाएं आज सीमेंट ईट बनाने जैसा श्रम साध्य कार्य को अंजाम देने में जुटी हैं। ईंट बनाने के काम में 5 पुरूष मिस्त्रियों ने महिलाओं को इस काम में सहयोग करते हुए तैयारी के संबंध में समझाया फिर उन्हें ईट बनाने की मशीन संचालन करना, रेत, डस्ट में सीमेंट की मात्रा की मिलावट के बारे में जानकारी दी। इस तरह 10 महिलाओं ने शुरूआती दौर में  500 ईंट निर्माण की तैयारी की।

     ईंट निर्माण की प्राथमिक जानकारी मिलने से महिलाओं को सबसे बड़ा लाभ यह हुआ कि  आने वाले समय पर वे स्वयं मशीन ऑपरेट कर रही हैं। इस संबंध में मॉ गौरी स्व सहायता समूह की महिलाओं ने इसे अब अपनी आजीविका का साधन बनाने का मन बना लिया हैं। ज्ञात है कि राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास निर्माण को प्राथमिकता दिए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में ईंट की मांग बढ़ गई है। ईंट निर्माण से जुड़ी मॉ गौरी स्व-सहायता समूह की श्रीमती कमला कोर्राम का इस संबंध मे कहना है कि ईंट निर्माण कार्य से जुड़ कर उन्हें बहुत अच्छी लग रही है और काफी खुशी भी हो रही है क्योंकि हमें कुछ नया सीखने को मिल रहा है।
     
    अन्य सदस्य श्रीमती तुलसी कश्यप ने बताया कि शुरूआत में निःशुल्क डस्ट एवं सीमेंट जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया। ईंट बनाने के सांचे भी उन्हे राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत प्राप्त हुए हैं। साथ ही ईंट बनाने के लिए प्रशासन की ओर से उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति अभार व्यक्त किया।
     
     आने वाले समय पर रेती, डस्ट एवं सीमेंट की खरीदी का पूरा दारोमदार समूह पर रहेगा। समूह की अन्य महिला श्रीमती मंगलदई ने आगे और जानकारी देते हुए कहा कि मॉ गौरी स्व सहायता समूह के द्वारा बैंक से 3 लाख रूपये का ऋण भी लिया गया है। पहले हम सभी महिलाएं लाल ईंट निर्माण कार्य से जुड़ी हुई थी जिसमें मिट्टी को अच्छे से मिलाकर ईंट बनाया जाता था। अभी इसमें फर्क इतना ही है कि मशीन के रेती, डस्ट, सीमेंट तीनों  पदार्थों  को एक साथ मिक्सर मशीन में डाल कर घुमाया जाता है और जिससे मिक्स होने के बाद उसे ईंट बनाने वाले मशीन में डाला जाता है। जिससे एक बार में 10 ईंट बन कर निकलती है। ईंट निर्माण के माध्यम से महिलाओं के लिए स्वरोजगार की एक और राह खुल गई है। इस प्रकार अब जिले की हर एक ग्रामीण महिला शासन की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना के तहत लखपति दीदी बनने का सपना साकार कर सकती है।
  • शहर के बड़े निजी School में कर्मचारी ने की ख़ुदकुशी

    05-Jul-2024

    छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के निजी स्कूल के कर्मचारी ने देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने विद्यालय परिसर में कर्मचारियों के लिए बने कमरे में सुसाइड कर लिया। मृतक के जीजा ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया गया है। दरअसल खुनाझिर स्थिति निजी स्कूल में मेस के मैनेजर सौरभ श्रीवास्तव ने देर रात स्कूल परिसर में बने कर्मचारियों के रूम में फांसी लगा ली। मोहखेड़ थाना के जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की उम्र 23 साल है। उसने 2 बजे रात में आत्महत्या कर ली। गार्ड ने तक के जीजा प्रमोद श्रीवास्तव को फोन कर इसकी सूचना दी। मृतक का रिश्तेदार भी निजी स्कूल में ही कार्यरत है। इसके बाद उसने थाने में पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा किया। इसके बाद पीएम के लिए भेज दिया। आज सुबह मोहखेड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंपा गया। हालांकि उसने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह अब तक सामने नहीं आई है। फ़िलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। 

  • Korba-Sakti में हुआ बड़ा हादसा, CM ने किया 9 लाख मुआवजे का ऐलान

    05-Jul-2024

    रायपुर। प्रदेश में कोरबा जिले में कुएं में जहरीली गैस से 4 लोगों की और सक्ती जिले में 5 लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है तथा पीड़ित परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 9-9 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये हैं। इसमें से 4-4 लाख रुपए आरबीसी छह-चार के अंतर्गत तथा मुख्यमंत्री की ओर से 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि शामिल है। उल्लेखनीय है कि सक्ती जिले में कुएं में हुए रिसाव में पिता और दो पुत्रों सहित पांच लोगों की मौत हुई जबकि कोरबा में पिता और बेटी समेत चार लोगों की मृत्यु हुई। 

  • बदमाश के ढाबे पर चला बुलडोजर

    05-Jul-2024

    भिलाई। दुर्ग में बदमाशों के ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है। अपराधी मुकुल सोना के घर भी टीम पहुंची है। रिसाली भाठा में अवैध कब्जे के मकान पर तोड़ फोड़ शुरू है। भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद। BSP के तोडू दस्ता की कार्रवाई जारी है। बदमाश पिंकी राय के ढाबे पर BSP का बुलडोजर चल गया है। पिंकी राय के ढाबे को जमींदोज कर दिया गया है। बता दें कि पिंकी राय का ढाबा दुर्ग उतई पाटन रोड पर है। जिसे छत्तीसगढ़ ढाबा के नाम से संचालित किया जाता है। ढाबा की संचालक बृजेश उर्फ पिंकी राय पर कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। ढाबे पर बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान BSP इनफ़ोर्समेंट की टीम और नेवई थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। बता दें कि हिस्ट्रीशीटर पिंकी राय दुर्ग जिले का एक एक नामचीन बदमाश है। इस वक्त पिंकी राय जेल में बंद है। जो कि बीएसपी के अवैध कब्जे पर कई सालों से कब्जा कर ढाबा संचालित कर रहा था। पिंकी राय को नोटिस देने के बाद पुलिस और बीएसपी की टीम ने उसके ढाबा और दुकान पर कार्रवाई के पहुंची। पिंकी राय के खिलाफ नेवई थाने में 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ नेवई सहित अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट जैसे कई केस दर्ज है। 

  • डिजिटल सचिवालय के लिए राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

    05-Jul-2024

    रायपुर। डिजिटल सचिवालय परियोजना के क्रियान्वयन हेतु आज राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को चिप्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। चिप्स द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग के मार्गदर्शन में एचआरएमएस सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है। जिसमें अवकाश के लिए आवेदन, अचल संपत्ति विवरण और गोपनीय प्रतिवेदन ऑनलाइन भरा जा सकेगा। राजभवन में भी डिजिटल एचआरएमएस सॉफ्टवेयर के संचालन हेतु आवश्यक तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित चिप्स के प्रशिक्षणकर्ताओं ने सभी शंकाओं का उचित समाधान किया। प्रशिक्षण में उप सचिव हिना अनिमेष नेताम, अवर सचिव सुश्री अर्चना पाण्डेय, नियत्रक संजय विश्वकर्मा सहित राजभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

  • ट्रकों के बीच हुई टक्कर, रायपुर-जबलपुर NH में जाम से परेशान हुए राहगीर

    05-Jul-2024

    कबीरधाम। आज सुबह तीन ट्रकों में टक्कर होने से कबीरधाम जिले की चिल्फी घाटी में 10 किमी जाम लग गया। सडक़ के दोनों ओर सैकड़ों गाडिय़ों की लाइनें लग गई। काफी मशक्कत के बाद 6 घंटे बाद पुलिस ने दोपहर 3 बजे जाम खुला और आवागमन शुरू हुआ। जिले से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे 30 चिल्फी घाटी में अकलघरिया के पास आज सवेरे 8 से 9 बजे के दरमियान तीव्र मोड़ में तीन ट्रकों की आपस में टक्कर हो जाने गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे में गाडिय़ों की लंबी कतारे लग गई हैं। दोनों ओर से छोटी बड़ी सभी वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे मार्ग में जाम के चलते जंगलों में लोग भूख प्यास में फंसे रहे। सडक़ के दोनों सैकड़ो गाडिय़ों की लाइनें लग गई हैं। हालांकि, चिल्फी पुलिस की टीम दुर्घटना के तुरंत बाद ही घटनास्थल पर पहुंच गई है और उनके द्वारा नेशनल हाईवे में आवागमन दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए गए, लेकिन घंटों आवागमन शुरू नहीं हो पाया। road accident जाम के चलते सडक़ में दोनों किनारों पर 10 किलोमीटर से अधिक गाडिय़ों की लंबी लाइन लग गई। जबलपुर की ओर बॉर्डर में स्थित ग्राम धवई पानी तक और इधर चिल्फी घाटी के नीचे पालक बंजारी तक गाडिय़ों की लाइन लगी रही। दोपहर करीब 3 बजे आवागमन को दुरुस्त करने काफी मशक्कत के बाद जाम खुला और आवाजाही शुरु हुई। 

  • बस स्टैंड के दुकान में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से हुई घटना

    05-Jul-2024

    रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ बस स्टैंड में शुक्रवार की सुबह एक दुकान में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सुबह का समय होने के कारण जनरल स्टोर में ज्यादा लोग नहीं थे। दुकान के संचालक ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि दुकान के बगल में मोबाइल दुकान भी है। ऐसे में आग इतनी भयंकर हो चुकी थी कि बाजू के दुकान तक आग की लपटें पहुंच गई। हालांकि, समय पर दुकान से मोबाइल और अन्य सामान को निकाल लिया गया। सुबह का वक्त होने के कारण दुकानें बंद थी और बड़ी अनहोनी टल गई। बस स्टैंड के करीब यह दुकान है और ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक यहां लोगों का आना-जाना लगा होता है। गर्मी का समय होता तो लपटें और बढ़ सकती थी। सुबह सूचना मिलते ही आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया।

Top